दिल्ली बाल अधिकार संरक्षण आयोग (डीसीपीसीआर) की ओर से 24 सितंबर को कश्मीरी गेट स्थित आईएसबीटी में प्रेसवार्ता का आयोजन किया गया। इसमें आयोग की अध्यक्ष स्वाति गुप्ता और अन्य सदस्यों ने बच्चों के अधिकारों की सुरक्षा, उनके कल्याण और आयोग की ओर से किए जा रहे कार्यों व नई पहलों की जानकारी साझा की। प्रेसवार्ता में बच्चों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई। दिल्ली बाल अधिकार संरक्षण आयोग की अध्यक्ष ने प्रेसवार्ता में बताया कि तीन साल बाद आयोग का दोबारा गठन हुआ है और बच्चों की देखभाल के लिए आफ्टर केयर व्यवस्था को मॉडल स्टेट के रूप में विकसित करने की दिशा में काम किया जा रहा है। इसके तहत बाल गृहों से बाहर आने वाले बच्चों को भी विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होने का अवसर मिलेगा। आयोग ने 8 जुलाई से अब तक 377 मामलों में संज्ञान लेते हुए नोटिस जारी किए हैं। बच्चों की सुरक्षा, शिक्षा और अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए स्कूलों में अभियान चलाया जा रहा है।