जिले में बढ़ते वायु प्रदूषण का असर अब लोगों की त्वचा पर भी दिखाई देने लगा है। अभी तक सांस लेने में परेशानी, गले में खराश और आंखों में जलन की शिकायत लेकर मरीज अस्पताल पहुंच रहे थे, लेकिन अब त्वचा संबंधी समस्याएं भी बढ़ने लगी हैं। जिला अस्पताल में खुजली, त्वचा पर लाल चकत्ते और संक्रमण की शिकायत लेकर मरीज पहुंच रहे हैं। जिला अस्पताल के त्वचा रोग विशेषज्ञ डॉ. अभिषेक दुबे ने बताया कि प्रदूषण बढ़ने के साथ त्वचा संबंधी समस्याओं के मरीज भी सामने आ रहे हैं। प्रतिदिन करीब 20 से 25 मरीज त्वचा में संक्रमण और अन्य समस्याओं की शिकायत लेकर पहुंच रहे हैं। प्रदूषण में मौजूद धूल और सूक्ष्म कण त्वचा के संपर्क में आने से जलन, खुजली और एलर्जी जैसी परेशानियां हो सकती हैं।