सेक्टर स्थित विश्व भारती पब्लिक स्कूल में सोमवार को संस्थान की स्थापना के 75 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में प्लेटिनम जुबली समारोह का आयोजन किया गया। इस ऐतिहासिक अवसर पर वार्षिक एस. एन. गंजू मेमोरियल अंतर-विद्यालय अंग्रेजी वाद-विवाद प्रतियोगिता' का मंच सजा, जिसमें नोएडा के 16 विद्यालयों के विद्यार्थियों ने अपनी वाक्पटुता का लोहा मनवाया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रख्यात राजनयिक और पूर्व राजदूत डॉ. दीपक वोहरा रहे, जिन्होंने दीप प्रज्वलन कर समारोह का विधिवत शुभारंभ किया। उनके साथ संस्थान के महासचिव डॉ. विजय कुमार गंजू, प्रबंधन समिति के सदस्य वीरेंद्र सहगल, डॉ. सरोज कौल और प्रधानाचार्या अमिता गंजू भी उपस्थित रहीं। इस वर्ष वाद-विवाद का विषय 'मानवता कृत्रिम बुद्धिमत्ता के माध्यम से अपना उत्तराधिकारी स्वयं बना ' रखा गया था। इस समसामयिक विषय पर युवा वक्ताओं ने पक्ष और विपक्ष में बेहद तार्किक और प्रभावशाली विचार साझा किए। मुख्य अतिथि डॉ. दीपक वोहरा ने अपने संबोधन में विद्यालय को 75 वर्षों की सफल यात्रा पर बधाई दी और विद्यार्थियों से जिज्ञासा, साहस और राष्ट्र निर्माण के लिए दृढ़ विश्वास अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि तकनीक के दौर में सार्थक संवाद ही प्रगति का आधार है। प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में जुगनू कौल और भारत गोयल शामिल रहे। कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच विश्व भारती पब्लिक स्कूल, ग्रेटर नोएडा ने प्रथम स्थान प्राप्त कर प्रतिष्ठित 'रोलिंग ट्रॉफी' पर कब्जा जमाया, जबकि समरविले स्कूल, नोएडा उपविजेता रहा। व्यक्तिगत पुरस्कारों में विश्व भारती ग्रेटर नोएडा की वंदिता निगम को सर्वश्रेष्ठ वक्ता (पक्ष) और इंडस वैली स्कूल की अस्मिता बिष्ट को सर्वश्रेष्ठ वक्ता (विपक्ष) चुना गया। वहीं, मानवी सिंह को सांत्वना पुरस्कार से नवाजा गया।