ग्रेनो वेस्ट में चार मूर्ति चौक पर बन रहे गौड़ अंडरपास को दिवाली से पहले शुरू करने की तैयारी है। संभावना है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ खुद इसका लोकार्पण करें। ग्रेनो प्राधिकरण ने इस परियोजना को समय पर पूरा करने के लिए अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। अधिकारियों का दावा है कि नवंबर के पहले सप्ताह में अंडरपास से वाहनों की आवाजाही शुरू हो जाएगी। अंडरपास के अंदर सड़क बनाने का काम शुरू हो गया है। इसके साथ ही अंडरपास के ऊपर शेड लगाने का काम भी कमोबेश पूरा हो गया है। सीईओ रवि कुमार एनजी के निर्देश पर वरिष्ठ अधिकारी इस काम की खुद निगरानी कर रहे हैं। इस अंडपास से नोएडा, ग्रेटर नोएडा, गाजियाबाद और गौड़ सिटी-1 या बिसरख की तरफ से आने वाला ट्रैफिक बिना बाधा के गुजर सकेगा।