फर्स्टवन रिहैब फाउंडेशन द्वारा सेक्टर 70 में शनिवार को बाल दिवस और स्पीच थेरेपी दिवस पर कार्यक्रम आयोजन किया गया जिसमें मुख्य अतिथि बीजीएम की डॉ. भावना आनंद रहीं। उनके साथ फाउंडेशन की प्रबंध निदेशक डॉ. दीक्षा श्रीवास्तव, चेयरमैन डॉ. महिपाल सिंह और स्पेशल एजुकेटर इलिका रावत ने बच्चों का उत्साह बढ़ाया। स्पीच थेरेपिस्ट कृष्णा यादव ने लगभग 80 बच्चों का परामर्श किया। माता-पिता को होम प्रोग्राम के लिए विस्तार से काउंसलिंग दी गई, ताकि घर पर भी बच्चों की स्पीच थेरेपी न रुके। कार्यक्रम में अभिभावकों की आंखें नम थीं। उन्होंने कहा -हम सिर्फ यही चाहते हैं कि हमारा बच्चा भी दूसरों की तरह बोले, खेले और स्कूल जाए। विशेषज्ञों ने चेताया कि बढ़ता हुआ स्क्रीन टाइम बच्चों में स्पीच डिले (देरी से बोलना) का सबसे बड़ा कारण बन रहा है। बच्चे को मोबाइल नहीं, मां की गोद और पिता की बातचीत चाहिए। दिन में थोड़ी-सी बात ही बच्चे की सबसे बड़ी थेरेपी है। विशेषज्ञों ने अभिभावकों को सलाह दी कि स्क्रीन टाइम सीमित करें और बच्चों से ज्यादा बात करें।अंत मे बाल दिवस का केक काटा गया। बच्चों, अभिभावकों और फाउंडेशन के सदस्यों ने मिलकर उत्सव मनाया।फाउंडेशन का संकल्प है कोई भी बच्चा बोलने, समझने और सीखने में पीछे न रहे।