नोएडा सेक्टर-39 स्थित जिला अस्पताल में दीपावली का पर्व कई परिवारों के लिए दोहरी खुशियां लेकर आया। छोटी दीपावली के दिन अस्पताल में आठ बच्चियों ने जन्म लिया, जबकि बड़ी दीपावली पर सात बच्चियों की किलकारी गूंजी। इस तरह दोनों दिन कुल 15 परिवारों में बेटियों का आगमन हुआ। परिजनों ने नन्ही बच्चियों का स्वागत घर में लक्ष्मी के आगमन के रूप में किया। अस्पताल की महिला ओपीडी वार्ड में तैनात नर्स नीरज ने बताया कि छोटी और बड़ी दीपावली के दिन कई परिवारों में बेटियों का जन्म हुआ। त्योहार के मौके पर बच्चियों के जन्म से परिजनों की खुशियां दोगुनी हो गईं। परिवारों ने इसे दीपावली का यादगार उपहार बताया। बेटियों के आगमन से अस्पताल में भी खुशी का माहौल रहा।