कोंडली बांगर स्थित लोकमंच द्वारा संचालित आदर्श संस्कार पब्लिक स्कूल में शनिवार को बाल दिवस पर ऐसा नजारा था, जिसे देखकर हर किसी की आंखें नम हो गईं। नन्हें बच्चों की खिलखिलाहट, उनकी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और चेहरे पर बड़ी सपने... यही नोएडा लोकमंच की असली पूंजी है। नोएडा लोकमंच के शिक्षा प्रकल्प के तहत संचालित इस विद्यालय में बाल दिवस समारोह हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इसी समारोह में विद्यालय को उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (यूपी बोर्ड) से मान्यता मिलने की घोषणा हुई, जो समाज सेवा के क्षेत्र में लोकमंच की एक और बड़ी पहल है। यह मान्यता सिर्फ एक कागज नहीं है। यह उन सैकड़ों बच्चों के भविष्य की चाबी है, जो संसाधनों की कमी के कारण कभी पीछे रह जाते थे। अब उन्हें भी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, संस्कार और सम्मान मिलेगा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। विशेष अतिथि मुक्ता गुप्ता ने बच्चों को आशीर्वाद दिया एनआईओएस के पूर्व निदेशक एनके अंबष्ठ, नोएडा लोकमंच के महासचिव महेश सक्सेना, शिक्षा समिति की सचिव लीका सक्सेना, प्रधानाचार्या सीमा लक्ष्मी नेगी और संस्कार अध्ययन केंद्र की पुष्पा सिंह मौजूद रहीं। इसके अलावा लोकमंच से रेनू छिब्बर, रंजू माथुर, आशु सक्सेना, राजेश श्रीवास्तव और गिरजा सिंह समेत अन्य सदस्य भी शामिल हुए। बच्चों ने दो सुंदर सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। मासूम बच्चों की प्रस्तुति पर अतिथियों ने जमकर तालियां बजाईं। सभी अतिथियों का सम्मान किया गया। एनके अंबष्ठ और महेश सक्सेना ने अपने उद्बोधन में कहा - बच्चा सिर्फ किताबों से नहीं, संस्कार, अनुशासन और प्यार से बड़ा होता है। हमारा संकल्प है कि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे। महेश सक्सेना ने बच्चों के सर्वांगीण विकास में शिक्षा और नैतिक मूल्यों के महत्व पर प्रकाश डाला कहा कि नोएडा लोकमंच का मानना है कि समाज की असली सेवा, बच्चों की सेवा है। शिक्षा, संस्कार और सहयोग - इन्हीं तीन स्तंभों पर लोकमंच काम कर रहा है। यूपी बोर्ड की मान्यता इसी संकल्प की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम है।