ग्रेटर नोएडा में सम्राट मिहिर भोज सिटी पार्क स्थित द रॉयल हैबिटेट सेंटर (टिबोली) में रविवार को ब्राह्मण सभा (पंजीकृत), उत्तर प्रदेश की ओर से 11वां स्थापना दिवस समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान आठवीं पत्रिका का विमोचन और सम्मान समारोह भी हुआ। कार्यक्रम में मशहूर गीतकार संतोष आनंद समेत जनप्रतिनिधियों और ब्राह्मण समाज के गणमान्य लोगों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम में ब्राह्मण समाज के लोगों ने आपसी एकजुटता और सामाजिक सहभागिता को मजबूत करने पर जोर दिया। भारत के एक प्रसिद्ध कवि और हिंदी सिनेमा के दिग्गज गीतकार संतोष आनंद ने अपना लोकप्रिय गीत ‘एक प्यार का नगमा है’ सुनाकर उपस्थित लोगों का उत्साह बढ़ाया। कवि मुकेश कुमार शर्मा ने अपनी कविताओं और मंच संचालन से समारोह को रोचक बनाया। वहीं, कवि शिखा ने भी कविताओं की प्रस्तुति दी। सभा के अध्यक्ष पंडित सुरेश चंद्र पचौरी ने संगठन के कार्यों और गतिविधियों की जानकारी साझा की।