गुरुग्राम जिले में अब तक 11,649 किसानों से 28,394.15 मीट्रिक टन बाजरे की खरीद की जा चुकी है। गुरुवार को जिले की प्रशासकीय सचिव एवं आबकारी एवं कराधान विभाग की आयुक्त आशिमा बराड़ ने जटौली अनाज मंडी पहुंचकर खरीद व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने किसानों की सुविधा के लिए बनाए गए हेल्प डेस्क, गेट पास और बायोमीट्रिक सत्यापन व्यवस्था का निरीक्षण किया। साथ ही किसानों और आढ़तियों से बातचीत कर खरीद प्रक्रिया का फीडबैक लिया। निरीक्षण के दौरान आशिमा बराड़ ने अधिकारियों को खरीद प्रक्रिया पारदर्शी और सुचारू बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसानों की उपज की खरीद सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकता है। बाजरा उत्पादक किसानों को भावांतर भरपाई योजना का लाभ भी दिया जाएगा, ताकि उन्हें उपज का उचित मूल्य मिल सके।