गुरुग्राम में बसई-गढ़ी रोड स्थित एलसी-29 रेलवे क्रॉसिंग (सेक्टर-37डी) पर प्रस्तावित रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) के निर्माण की प्रक्रिया तेज हो गई है। रेलवे विभाग की विभिन्न शाखाओं के इंजीनियरों की टीम ने मौके का मुआयना कर लिया है। जीएमडीए पहले ही आरओबी का डिजाइन रेलवे विभाग को सौंप चुका है। आरओबी बनने से सेक्टर-37सी, सेक्टर-37डी, बसई और द्वारका एक्सप्रेसवे से जुड़े अन्य क्षेत्रों के बीच आवागमन आसान होगा। स्थानीय लोग लंबे समय से यहां आरओबी या रेलवे अंडरब्रिज (आरयूबी) बनाने की मांग कर रहे हैं। करीब 59 करोड़ रुपये की लागत वाली इस परियोजना में रेलवे 50 प्रतिशत खर्च वहन करेगा। यहां दो लेन का आरओबी बनाने का प्रस्ताव है।