गुरुग्राम शहर की सड़कों पर सफर अब मंजिल से ज्यादा गड्ढों को पार करने की चुनौती बन गया है। बारिश के बाद सड़कें बदहाल हैं और कई प्रमुख मार्गों पर अभी तक पैचवर्क नहीं हो पाया है। कहीं सड़क पर गहरे गड्ढे हैं तो कहीं उखड़ी हुई परत वाहन चालकों की रफ्तार रोक रही है। कई स्थानों पर अधूरे काम और सड़क किनारे पड़ी मिट्टी से धूल का गुबार उठ रहा है। शुक्रवार को अमर उजाला की टीम ने ओल्ड दिल्ली रोड से कापसहेडा, ओल्ड दिल्ली रोड से रेजांगला चौक, सेक्टर-3 और 5, डाकखाना चौक और एमजी रोड तक सड़क की स्थिति देखी गई। प्रमुख सड़कों पर ही जगह-जगह खामियां सामने आईं। सबसे ज्यादा परेशानी उन स्थानों पर दिखी, जहां ठीक सड़क के बीच अचानक गड्ढे और टूटा हिस्सा शुरू हो जाता है।