दिवाली का त्योहार नजदीक आते ही शहर में घरों से निकलने वाले कूड़े की मात्रा बढ़ गई है, लेकिन नगर निगम क्षेत्र में कूड़ा उठान की व्यवस्था पटरी पर नहीं लौट पा रही है। कई इलाकों में घरों से नियमित रूप से कूड़ा नहीं उठाया जा रहा है। कहीं दो तो कहीं तीन दिन बाद कूड़ा उठाने वाली गाड़ी पहुंच रही है। ऐसे में घरों के बाहर और आसपास कूड़ा जमा होने से गंदगी फैल रही है। त्योहार पर घरों की सफाई और खरीदारी के चलते पहले से अधिक कूड़ा निकल रहा है, लेकिन उसके निस्तारण की व्यवस्था नाकाफी साबित हो रही है। शहर के कई रिहायशी इलाकों में लोगों को कूड़ा उठाने वाली गाड़ी का इंतजार करना पड़ रहा है। निर्धारित समय पर गाड़ी नहीं पहुंचने के कारण लोग मजबूरी में घरों का कूड़ा बाहर रख रहे हैं। इससे सड़कों और गलियों के किनारे कूड़े के ढेर लग रहे हैं। कई जगह कूड़ा बिखरने से दुर्गंध भी फैल रही है। त्योहार के समय घरों की सफाई के साथ पुराने सामान और अन्य अपशिष्ट भी बड़ी मात्रा में बाहर निकल रहे हैं। ऐसे में नियमित उठान नहीं होने से समस्या और बढ़ गई है। नगर निगम की ओर से नए ठेकेदार के माध्यम से कूड़ा उठान व्यवस्था शुरू कराने की तैयारी है। फिलहाल निगम को नए ठेकेदार के काम शुरू करने का इंतजार है। इस बीच मौजूदा व्यवस्था में आ रही दिक्कतों का खामियाजा शहर के लोगों को भुगतना पड़ रहा है। दीवाली से पहले सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने की चुनौती निगम के सामने है। यदि समय रहते घरों से कूड़े का नियमित उठान शुरू नहीं हुआ तो त्योहार के दौरान शहर की सफाई व्यवस्था और बिगड़ सकती है।