शहर में बढ़ते वायु प्रदूषण पर अंकुश लगाने के लिए नगर निगम ने पानी के छिड़काव की व्यवस्था को मजबूत करने की तैयारी शुरू कर दी है। इसके तहत नगर निगम के बेड़े में नौ नई सीएनजी गाड़ियां शामिल की गई हैं। इन गाड़ियों के सड़कों पर उतरने के बाद धूल नियंत्रण के लिए पानी के छिड़काव की क्षमता करीब दोगुनी हो जाएगी। फिलहाल नगर निगम के पास पानी का छिड़काव करने वाली 10 गाड़ियां हैं। नई गाड़ियों के शामिल होने से इनकी संख्या बढ़कर 19 हो जाएगी। नगर निगम अधिकारियों के अनुसार, नई गाड़ियों की फिटनेस जांच कराई जा रही है। जांच प्रक्रिया पूरी होने के बाद इन्हें 18 नवंबर से शहर की सड़कों पर उतारने की योजना है। इन गाड़ियों के माध्यम से प्रमुख सड़कों, धूल प्रभावित इलाकों और उन स्थानों पर पानी का छिड़काव किया जाएगा, जहां वाहनों की आवाजाही और निर्माण गतिविधियों के कारण धूल उड़ने की आशंका अधिक रहती है।