गुरुग्राम सेक्टर-90 स्थित सफायर 90 मॉल में चल रहे 18 स्पा सेंटरों पर गुरुग्राम पुलिस और हरियाणा राज्य महिला आयोग की संयुक्त टीम ने शुक्रवार रात बड़ी कार्रवाई की। रात करीब 10 बजे शुरू हुई छापेमारी सुबह करीब तीन बजे तक चली। करीब छह घंटे चले इस अभियान में लगभग 100 पुलिसकर्मी शामिल रहे। इनमें करीब 20 इंस्पेक्टर और सब-इंस्पेक्टर स्तर के अधिकारी थे। पुलिस के अनुसार, 18 में से आठ स्पा सेंटरों में प्रथम दृष्टया संदिग्ध गैर-कानूनी गतिविधियों के साक्ष्य मिले हैं। कार्रवाई के दौरान इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल उपकरणों के अलावा भौतिक व दस्तावेजी साक्ष्य भी जब्त किए गए हैं। पुलिस अब स्पा सेंटरों के मालिकों, संचालकों, मैनेजरों और अन्य सहयोगियों की भूमिका की जांच कर रही है।