यशोदा जी ने जायो लल्ला मोहल्ला में हल्ला सो मच गयो... महिलाओं ने देसी लहजे लड्डू गोपाल की छठी और जन्म के गीत से माहौल में ग्रामीण परिवेश जीवंत किया। मंदिरों में ढोलक की थाप पर शिशु जन्म पर गाए जाने वाले सोहर गाए गए। महिलाएं अपने घरों से कढ़ी, चावल, गुलगुले, साग, सब्जियां आदि छठी के मौके पर खाये जाने वाले व्यंजन लेकर आईं। शहर के मंदिरों में बुधवार की शाम कृष्ण भक्ति के गीत संगीत से सराबोर रही। प्राचीन घंटेश्वर मंदिर, सेक्टर 4 स्थित श्री कृष्ण मंदिर, सेक्टर 15 स्थित श्री कृष्ण मंदिर, भूतेश्वर मंदिर, सिद्धेश्वर मंदिर समेत शहर के सभी मंदिरों में काफी संख्या में उपस्थित होकर भक्तों ने छठी समारोह में हिस्सा लिया। कृष्ण भक्ति के गीतों की धूम रही। रात श्याम सपने में आए.. खा गए दहिया अरर..,मनिहारी का भेष बनाया श्याम चूड़ी बेचने आया से लेकर छोटी-छोटी गइया छोटे -छोटे ग्वाल समेत लोगों ने भजन मंडलियों के साथ भक्तों ने भी सुर में सुर मिलाया।