नॉर्थ जोन सीबीएसई बॉक्सिंग चैंपियनशिप में गुरुग्राम के मुक्केबाजों का शानदार प्रदर्शन, दो स्वर्ण समेत पांच पदक जीते गुरुग्राम। झज्जर स्थित संस्कारम पब्लिक स्कूल में 28 अगस्त से 2 सितंबर तक आयोजित नॉर्थ जोन सीबीएसई बॉक्सिंग चैंपियनशिप में गुरुग्राम के मुक्केबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पांच पदक अपने नाम किए। प्रतियोगिता में गुरुग्राम की खिलाड़ियों ने दो स्वर्ण, एक रजत और दो कांस्य पदक जीतकर जिले का नाम रोशन किया। अंडर-14 आयु वर्ग के 30 किलोग्राम भारवर्ग में प्रिशा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया। इसी आयु वर्ग में सिया पटेल ने 30 से 32 किलोग्राम भारवर्ग में मुकाबलों में दमदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीता। अंडर-19 आयु वर्ग के 57 किलोग्राम भारवर्ग में कंचन शर्मा ने रजत पदक अपने नाम किया। वहीं 69 किलोग्राम भारवर्ग में कोमल ने कांस्य पदक हासिल किया। अंडर-17 आयु वर्ग के 46 किलोग्राम भारवर्ग में अवनीत ने कांस्य पदक जीतकर गुरुग्राम के पदकों की संख्या पांच कर दी।