गुरुग्राम में इंटक हरियाणा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक अग्रवाल धर्मशाला सदर बाजार में हुई। इसमें श्रमिकों के सम्मान, रोजगार सुरक्षा, सामाजिक सुरक्षा, सुरक्षित कार्यस्थल और ट्रेड यूनियनों के अधिकारों को लेकर चर्चा की गई। बैठक में नए श्रम कानूनों के प्रावधानों और उनके श्रमिकों व ट्रेड यूनियनों पर पड़ने वाले प्रभाव को लेकर भी चिंता जताई गई। कांग्रेस के हरियाणा प्रभारी संजय दत्त ने ट्रेड यूनियन बनाने, पंजीकरण कराने और स्वतंत्र रूप से काम करने के अधिकार को सुरक्षित रखने की जरूरत बताई। उन्होंने हड़ताल के अधिकार पर लगाए गए प्रतिबंधों की समीक्षा और श्रम कानूनों में बदलाव से पहले ट्रेड यूनियनों से प्रभावी परामर्श की मांग की। वहीं, हरियाणा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने श्रमिकों को उचित न्यूनतम वेतन और समय पर भुगतान सुनिश्चित करने पर जोर दिया। पूर्व सांसद राज बब्बर ने श्रमिकों की एकजुटता और अधिकारों की रक्षा के लिए निरंतर प्रयास की जरूरत बताई।