गुरुग्राम में सेक्टर-72 वाटर बूस्टिंग स्टेशन के दायरे में आने वाले सेक्टरों में पेयजल आपूर्ति बेहतर करने के लिए अलमेडा चौक के पास मास्टर पेयजल लाइन से तीन स्थानों पर कनेक्शन किए जाएंगे। इसके लिए गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) ने 10.90 लाख रुपये का टेंडर जारी किया है। इस कार्य के तहत 1200 और 1500 एमएम की पाइप लाइनों को जोड़ा जाएगा। इससे जोन-4 और जोन-6 की जलापूर्ति व्यवस्था में सुधार होगा। जीएमडीए ने करीब एक माह पहले सेक्टर-72 वाटर बूस्टिंग स्टेशन शुरू किया था। इसके माध्यम से सेक्टर-58 से 80 तक पेयजल आपूर्ति की जा रही है। हालांकि, सेक्टर-70, 71, 72, 73, 74, 75, 76, 77 और 80 में अभी पूरी क्षमता से पानी नहीं पहुंच पा रहा है। इन क्षेत्रों में पहले सेक्टर-51 से पानी की आपूर्ति होती थी। अब जीएमडीए इन क्षेत्रों की पाइप लाइनों को सेक्टर-72 बूस्टिंग स्टेशन से जोड़ने की तैयारी कर रहा है।