गुरुग्राम। सेक्टर-102 स्थित श्री शीतला माता देवी मेडिकल कॉलेज एवं टीचिंग अस्पताल में आयुष्मान भारत योजना के लाभार्थियों और पांच लाख रुपये से कम वार्षिक आय वाले परिवारों के पात्र मरीजों को इलाज में सब्सिडी मिलेगी। इससे आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को किफायती दरों पर बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने अस्पताल में मरीजों को सस्ती दरों पर दवाइयां उपलब्ध कराने के लिए अमृत फार्मेसी खोलने के निर्देश भी दिए हैं। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में पिछले सप्ताह चंडीगढ़ में मेडिकल कॉलेज और टीचिंग अस्पताल के संचालन एवं रखरखाव को लेकर बैठक हुई थी। इसमें मरीजों को मिलने वाली स्वास्थ्य सुविधाओं और आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के लिए उपचार संबंधी प्रावधानों पर चर्चा की गई। इस मेडिकल कॉलेज में 150 सीटें निर्धारित हैं, जबकि इससे जुड़े टीचिंग अस्पताल में 883 बेड की व्यवस्था है।