बृहस्पतिवार सुबह हुई तेज बारिश के बाद वसुंधरा, इंदिरापुरम, वैशाली स्थित रामलीला मैदानों में जलभराव हो गया। मैदान में पानी भरने से रामलीला के मंचन पर असर पड़ने की आशंका है। ऐसे में रामलीला समिति की ओर से मैदान से पानी निकालने का काम शुरू कराया गया है। इसके लिए पंप और जेसीबी की मदद ली जा रही है। वैशाली सेक्टर -2 स्थित मां दुर्गा रामलीला समिति के अध्यक्ष दिनेश लखेरा ने बताया कि मैदान के चारों तरफ पानी भर गया है। सोमवार को हुई बारिश के बाद आज भी स्थिति बिगड़ गई। बारिश का पानी जल्दी से निकल जाए तो रामलीला का मंचन किया जाएगा। वहीं वसुंधरा सेक्टर -7 स्थित रामलीला मैदान में प्राचीन संकट मोचन हनुमान मंदिर धार्मिक रामलीला समिति के अध्यक्ष नरेंद्र भारद्वाज ने बताया कि बारिश के कारण मैदान में काफी पानी जमा हो गया है। पानी निकालने के लिए अपने स्तर पर प्रयास किए जा रहे हैं, लेकिन नगर निगम की ओर से कोई सहयोग नहीं मिल रहा है। मैदान से पानी निकालने के बाद ही रामलीला का मंचन शुरू किया जाएगा। ऐसे में मंचन के लिए आने वाले कलाकारों और दर्शकों को भी इंतजार करना पड़ सकता है।