गाजियाबाद के वैशाली सेक्टर-5 में दुर्गापूजा धूमधाम से मनाई गई। वैशाली बंगीय परिषद प्रत्येक वर्ष इसका आयोजन करता है। दुर्गापूजा के अंतिम दिन पंडाल में नवमी को कुंवारी पूजा की गई और शाम को रंगारंग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस साल वैशाली की ये दुर्गा पूजा खास रही। दावा है कि इस बार यहां की मूर्ति को गाजियाबाद की सर्वश्रेष्ठ दुर्गा मूर्ति का पुरस्कार मिला। वैशाली बंगीय परिषद के सदस्य सत्यजीत घोष ने बताया कि दुर्गापूजा की शुरुआत से ही प्रत्येक दिन सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। उधर, वेव सिटी के ड्रीम होम्स सोसाइटी में रविवार को देर रात डांडिया नाइट प्रोग्राम का आयोजन हुआ। वहीं, मुरादनगर में गंगनहर घाट पर बनाए गए अस्थायी तालाब में बुधवार को दूसरे दिन भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा की प्रतिमाओं का विसर्जन किया।