फरीदाबाद में लावारिस पशु शहर में यमदूत बनकर घूम रहे हैं। यह हर शहरी के लिए चिंता का विषय बना हुआ है । अगस्त माह से लेकर अब तक पांच लोगों की मौत हो चुकी है। इनमें चार लोग दोपहिया वाहनों पर सवार थे। मौतों का यह आंकड़ा और भी ज्यादा हो सकता है, क्योंकि कुछ मामले सामने ही नहीं आ पाते हैं। शहर में लावारिस पशुओं का आंकड़ा 10 हजार होने का अनुमान है। इसके बावजूद इनके लिए न पर्याप्त गौशाला हैं और न लावारिस पशुओं को पकड़ने के लिए जिम्मेदार विभाग नगर निगम के पास कोई ठोस योजना है। प्रदेश के स्थानीय शहरी निकाय मंत्री विपुल गोयल फरीदाबाद सीट से विधायक हैं सबसे बड़ी चिंता की बात यह है कि यमदूत बनते जा रहे लावारिस पशुओं को गौशाला भेजने के लिए लोग सड़कों पर उतरकर विरोध तक नहीं जता पा रहे है। लगता है लोगों ने इसे ही अपनी नियति मान लिया है।