अंकिता भंडारी हत्याकांड में कथित वीआईपी के नाम को उजागर करने और सीबीआई जांच की मांग को लेकर महिला कांग्रेस ने सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। ऋषिकेश में महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला के नेतृत्व में महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने यमकेश्वर विधायक रेणु बिष्ट के आवास का घेराव किया। साथ ही नुक्कड़ नाटक के माध्यम से विरोध दर्ज कराया। शनिवार को प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में महिला कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहीं। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला ने कहा कि अंकिता भंडारी हत्याकांड में शामिल वीआईपी के नाम को लेकर प्रदेश सरकार की चुप्पी कई सवाल खड़े करती है। उन्होंने कहा कि भाजपा को यह बताना चाहिए कि आखिर वह वीआईपी कौन है, जिसे बचाने का प्रयास किया जा रहा है।