छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में जंगली हाथियों की मौजूदगी से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। करतला वन मंडल के जंगलों में करीब 9 हाथियों का दल विचरण कर रहा है। चचिया और चिकनीपाली के बाद हाथियों का झुंड लबेद के आसपास देखा जा रहा है। हाथियों की लगातार बदलती लोकेशन को देखते हुए वन विभाग अलर्ट मोड पर है। विभाग की टीम ड्रोन कैमरे की मदद से हाथियों की गतिविधियों पर नजर रख रही है, वहीं गांव-गांव मुनादी कराकर लोगों को सतर्क किया जा रहा है।
गांव-गांव मुनादी, जंगल की ओर नहीं जाने की अपील
हाथियों की मौजूदगी की सूचना मिलते ही वन विभाग ने आसपास के गांवों में सतर्कता बढ़ा दी है। विभाग का वाहन गांव की गलियों में घूमकर लाउडस्पीकर के जरिए ग्रामीणों को सावधान कर रहा है। लोगों को बताया जा रहा है कि गांव के नजदीकी जंगल में जंगली हाथियों का दल मौजूद है, इसलिए वे जंगल की ओर न जाएं और दूसरे लोगों को भी वहां जाने से रोकें।
वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि शाम होने के बाद जंगल की ओर जाने से बचें। खेतों में अकेले न रहें और बच्चों को जंगल व आसपास के संवेदनशील इलाकों से दूर रखें। हाथियों के करीब जाने, उन्हें छेड़ने या किसी तरह परेशान करने की कोशिश न करें।
ड्रोन से हाथियों की लोकेशन पर नजर
हाथियों के मूवमेंट पर नजर रखने और संभावित खतरे को समय रहते पहचानने के लिए वन विभाग ड्रोन कैमरे का इस्तेमाल कर रहा है। टीम लगातार हाथियों की लोकेशन ट्रैक करने में जुटी है, ताकि ग्रामीणों को समय पर सतर्क किया जा सके और किसी अप्रिय घटना की आशंका को कम किया जा सके। इस अभियान में डिप्टी रेंजर केशव सिदार के नेतृत्व में बीएफओ प्रतीक तिवारी, शेखर कंवर, दीपक कुजूर, कपिल कंवर, परमेश्वर बंजारे और मिलाप कंवर सहित वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी जुटे हुए हैं। हाथी मित्र दल को भी सक्रिय किया गया है, जो ग्रामीणों को हाथियों से बचाव के उपायों की जानकारी दे रहा है।
फसलों को नुकसान पहुंचने की ग्रामीणों की शिकायत
ग्रामीणों का कहना है कि हाथियों का झुंड गांवों के आसपास विचरण कर रहा है और खेतों में लगी फसलों को नुकसान पहुंचा रहा है। शाम होते ही लोगों में डर बना रहता है। ग्रामीणों के मुताबिक, वन विभाग की ओर से लगातार मुनादी कराई जा रही है, लेकिन हाथियों के अचानक अलग-अलग जगह पहुंच जाने से खतरा बना हुआ है।
वन विभाग ने की सतर्क रहने की अपील
वन विभाग के अनुसार, हाथियों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है। विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि हाथियों को देखकर उनके पास जाने या तस्वीरें लेने की कोशिश न करें। हाथियों की मौजूदगी की सूचना तुरंत वन विभाग को दें और जारी की जा रही चेतावनियों का पालन करें। हाथियों के लगातार मूवमेंट के बीच ग्रामीणों की सतर्कता और वन विभाग की निगरानी बेहद महत्वपूर्ण है, ताकि जान-माल और फसलों को होने वाले नुकसान से बचाया जा सके।