जांजगीर-चांपा जिले के बलौदा थाना क्षेत्र के ग्राम देवरी में शुक्रवार दोपहर पिकनिक मनाने पहुंचे चौकसे कॉलेज के 8 छात्र-छात्राओं के साथ बड़ा हादसा हो गया। हसदेव नदी के किनारे सेल्फी लेने के दौरान एक छात्र का पैर फिसल गया और वह तेज बहाव में बहने लगा। उसे बचाने के लिए नदी में कूदे दो अन्य छात्र भी तेज धार में बह गए। हादसे के बाद तीनों बी फार्मेसी के छात्र लापता हैं। पुलिस और नगर सैनिक गोताखोरों की टीम उनकी तलाश में जुटी हुई है।
सीएसपी योगिता बाली खापर्डे के अनुसार, बिलासपुर जिले के चौकसे कॉलेज के आठ छात्र-छात्राएं शुक्रवार दोपहर करीब दो से ढाई बजे पिकनिक मनाने के लिए ग्राम देवरी पहुंचे थे। इनमें चार छात्र और चार छात्राएं शामिल थीं।
पैर फिसलने से बहे तेज बहाव में
पुलिस के मुताबिक, मुरारी साहू, पवन लाल और सचिन सिंह हसदेव नदी के किनारे सेल्फी लेने के लिए खड़े थे। इसी दौरान एक छात्र का पैर फिसल गया और वह नदी के तेज बहाव में जा गिरा। उसे बचाने के प्रयास में उसके साथ मौजूद दो अन्य छात्र भी नदी में कूद गए। तेज बहाव के कारण तीनों नदी में बह गए और बाहर नहीं निकल सके।
पुलिस और गोताखोरों ने शुरू किया रेस्क्यू
घटना की सूचना मिलते ही बलौदा थाना प्रभारी मनोहर सिन्हा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। नगर सैनिक गोताखोरों की टीम को भी तत्काल घटनास्थल पर बुलाया गया। गोताखोरों ने नदी में लापता तीनों छात्रों की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस मौके पर मौजूद अन्य छात्र-छात्राओं से भी घटना की जानकारी जुटा रही है। नदी में तेज बहाव होने के कारण रेस्क्यू टीम को सावधानी के साथ अभियान चलाना पड़ रहा है। फिलहाल तीनों छात्रों का कोई सुराग नहीं मिल सका है और उनकी तलाश जारी है।