फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बाइक सवारों पर काल बनकर टूटी सड़क: धमतरी में दो अलग-अलग हादसे, पिता पुत्र समेत एक अन्य की हुई मौत; दो घायल

Wed, 26 Aug 2026 08:18 PM IST
धमतरी ब्यूरो अमर उजाला नेटवर्क, धमतरी

धमतरी जिले में अलग-अलग जगह हुए दो सड़क हादसों ने तीन परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया। दोनों दुर्घटनाओं में मोटरसाइकिल सवार तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है। पुलिस ने दोनों मामलों में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

पहला हादसा बोरई क्षेत्र में हुआ। जानकारी के मुताबिक ओडिशा के नवरंगपुर जिले के रायघर निवासी अभय सतनामी, गुरबारू सतनामी और मन्नू सतनामी एक कार्यक्रम में शामिल होने नगरी आए थे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद तीनों 25 अगस्त की रात बाइक से वापस लौट रहे थे।

बताया जा रहा है कि बोरई के पास उनकी मोटरसाइकिल सामने से आ रही दूसरी बाइक से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि गुरबारू सतनामी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं उसके पिता अभय सतनामी गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें पहले बोरई स्वास्थ्य केंद्र, फिर नगरी और बाद में धमतरी के ब्लू हिल्स अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान बुधवार सुबह उनकी मौत हो गई। दूसरी बाइक पर सवार लोगों में से दो को भी गंभीर चोटें आई हैं, जबकि एक व्यक्ति को मामूली चोट लगी है। सभी का उपचार चल रहा है।

वहीं दूसरा हादसा सिहावा थाना क्षेत्र के मल्हारा गांव के पास हुआ। यहां सुमंत शांडिल्य किसी काम से बाहर गए थे। लौटते समय वह सड़क किनारे घायल अवस्था में मिले। आसपास के ग्रामीणों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

दोनों घटनाओं की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अब हादसों के कारणों और परिस्थितियों की जांच कर रही है। लगातार हो रहे सड़क हादसों ने एक बार फिर वाहन चालकों से सावधानी और यातायात नियमों का पालन करने की जरूरत को सामने ला दिया है।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें