फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बलरामपुर: 22 हजार रुपये की रिश्वत लेते नागरिक आपूर्ति निगम का जिला प्रबंधक गिरफ्तार, एसीबी ने रंगे हाथ पकड़ा

Tue, 29 Sep 2026 09:04 PM IST
अंबिकापुर ब्यूरो अमर उजाला नेटवर्क, अंबिकापुर

बलरामपुर जिले में एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) अंबिकापुर की टीम ने बलरामपुर के संयुक्त जिला कार्यालय में कार्रवाई करते हुए नागरिक आपूर्ति निगम के जिला प्रबंधक विद्यासागर गोपाल को 22 हजार रुपये की कथित रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। एसीबी के मुताबिक, शिकायत के सत्यापन के बाद योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप की कार्रवाई की गई। बताया जा रहा है कि संयुक्त जिला कार्यालय परिसर में किसी अधिकारी के खिलाफ रिश्वत के मामले में यह पहली बड़ी एसीबी कार्रवाई है। कार्रवाई के बाद कार्यालय परिसर में दिनभर हड़कंप की स्थिति बनी रही।

शिकायत के सत्यापन के बाद बनाया ट्रैप
एसीबी अधिकारी शरद सिंह के अनुसार, अंबिकापुर निवासी शिकायतकर्ता शिवराज सिंह ने ब्यूरो में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि नागरिक आपूर्ति निगम के जिला प्रबंधक विद्यासागर गोपाल द्वारा काम के एवज में रिश्वत की मांग की जा रही है। एसीबी ने शिकायत का गोपनीय सत्यापन कराया। अधिकारियों के मुताबिक, सत्यापन के दौरान शिकायत में लगाए गए आरोप प्रथमदृष्टया सही पाए गए। इसके बाद टीम ने आरोपी को पकड़ने के लिए ट्रैप की योजना तैयार की।

22 हजार रुपये लेते ही दबोचा
तय योजना के अनुसार शिकायतकर्ता शिवराज सिंह 22 हजार रुपये लेकर संयुक्त जिला कार्यालय स्थित जिला प्रबंधक के कक्ष में पहुंचे। जैसे ही कथित रिश्वत की रकम विद्यासागर गोपाल ने अपने हाथ में ली, वहां पहले से तैनात एसीबी टीम ने उन्हें पकड़ लिया। टीम ने मौके से रिश्वत की रकम बरामद करने के साथ आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू की।

देर शाम तक चली पूछताछ
गिरफ्तारी के बाद एसीबी की टीम आरोपी जिला प्रबंधक को अपने साथ लेकर गई और बंद कमरे में पूछताछ के साथ दस्तावेजों की जांच की। अधिकारियों के अनुसार, मामले में आवश्यक कागजी और कानूनी औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं। एसीबी के मुताबिक, सभी प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें