World Updates: मच्छर काटने से अमेरिका में एक व्यक्ति की मौत; ट्रैफिक के विवाद में व्यक्ति की गोली मारकर हत्या
अमेरिका में एक लड़ाकू विमान नियमित प्रशिक्षण उड़ान के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। विमान में दो लोग सवार थे। व्हिडबे आइलैंड नेवल एयर स्टेशन के अनुसार इलेक्ट्रॉनिक अटैक स्क्वाड्रन का ईए-18जी ग्रोलर जेट मंगलवार दोपहर करीब 3:23 बजे माउंट रेनियर के पूर्व में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। चालक दल को खोजने के लिए व्हिडबे आइलैंड से खोज दल रवाना हो चुका है। इसमें अमेरिकी नौसेना का एमएच-60एस हेलिकॉप्टर भी शामिल है। दुर्घटना के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है।
ऑक्सफोर्ड विवि के चांसलर की दौड़ में तीन भारतवंशी
ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय ने नए चांसलर चुने जाने की दौड़ में बुधवार को 38 फाइनलिस्टों की घोषणा की। इस सूची में भारतीय मूल के उम्मीदवार तो शामिल हैं लेकिन पूर्व पाकिस्तानी प्रधानमंत्री इमरान खान को बाहर रखा गया है। बर्क शायर में ब्रैकनेल फॉरेस्ट के पहले भारतवंशी मेयर अंकुर शिव भंडारी, अंतरराष्ट्रीय उद्यमिता के प्रोफेसर निरपाल सिंह पॉल भंगल और चिकित्सा पेशेवर प्रतीक तरवाडी शिक्षाविदों, राजनेताओं, परोपकारियों और उद्यमियों के साथ आमने-सामने होंगे। पूर्व कंजर्वेटिव पार्टी नेता लॉर्ड विलियम हेग और पूर्व लेबर राजनेता लॉर्ड पीटर मैंडेलसन चयनित वरिष्ठ राजनेताओं में से हैं, जबकि चयन प्रक्रिया के बाद इमरान खान को अयोग्य माना गया है।
सेना प्रमुख की जापान में शहीदों को श्रद्धांजलि, रक्षा संबंध बढ़ाने पर वार्ता
सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने अपनी आधिकारिक यात्रा के दौरान जापान आत्मरक्षा बल के शहीदों की याद में बने इचिगाया स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित की। सेना प्रमुख ने स्मारक पर गार्ड ऑफ ऑनर का निरीक्षण किया और बाद में जापान ग्राउंड सेल्फ डिफेंस फोर्स के चीफ ऑफ स्टाफ जनरल यासुनोरी मोरीशिता, संयुक्त सेल्फ डिफेंस फोर्स के चीफ ऑफ स्टाफ जनरल योशीहिदे योशिदा और अन्य वरिष्ठ सैन्य नेताओं के साथ उच्चस्तरीय बैठक की। चर्चा के दौरान दोनों देशों ने द्विपक्षीय रक्षा सहयोग के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की। साथ ही दोनों सेनाओं के बीच सैन्य संबंधों को और मजबूत करने तथा वैश्विक शांति एवं सुरक्षा के प्रति आपसी प्रतिबद्धता जताई। इसके बाद सेनाध्यक्ष ने राष्ट्रीय रक्षा अध्ययन संस्थान और इचिगया संग्रहालय का दौरा किया तथा ग्राउंड सिस्टम, अधिग्रहण, प्रौद्योगिकी और रसद एजेंसी के महानिदेशक के साथ बातचीत की। दोनों सैन्य अधिकारियों ने जापान और भारत के बीच द्विपक्षीय और बहुपक्षीय रक्षा सहयोग और आदान-प्रदान पर बातचीत की।
बांग्लादेश में हाईकोर्टों के जजों पर लगी रोक
बांग्लादेश के सुप्रीम कोर्ट ने बुधवार को 12 हाईकोर्ट के जजों को किसी भी प्रकार की न्यायिक गतिविधियों में शामिल होने पर रोक लगा दी है। मुख्य न्यायाधीश सैयद रेफात अहमद ने यह निर्णय तब लिया, जब बुधवार को सैकड़ों प्रदर्शनकारी छात्रों ने हाईकोर्ट परिसर को घेर लिया और अवामी लीग समर्थक फासीवादी जजों को हटाने की मांग की। 12 हाईकोर्ट जजों बेंच आवंटित नहीं की जाएंगी।
ऑस्ट्रेलियाई विवि में मित्तर उप-कुलपति
भारतीय मूल की प्रोफेसर नीना मित्तर चार्ल्स स्टर्ट विश्वविद्यालय में एसोसिएट उप-कुलपति (वैश्विक अनुसंधान) के रूप में शामिल हुई हैं। प्रो. मित्तर ने अपनी नियुक्ति पर खुशी जाहिर की और सीमाहीन नवाचार के लिए वैश्विक अनुसंधान साझेदारी को आगे बढ़ाने पर उत्सुकता जताई।
पाकिस्तान: कल देशव्यापी प्रदर्शन करेगी इमरान खान की पार्टी
पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) की राजनीतिक समिति ने पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की गिरफ्तारी और प्रस्तावित सांविधानिक संशोधनों के खिलाफ शुक्रवार को देशभर में प्रदर्शन करने का आह्वान किया है। पार्टी ने अपने सभी क्षेत्रीय और स्थानीय संगठनों को निर्देश दिया है कि वे शुक्रवार की नमाज के बाद जिला मुख्यालयों पर शांति प्रदर्शन करें। पीटीआई ने कहा कि वह सरकार के संविधान में बदलाव करने के किसी भी प्रयास के खिलाफ एकजुट है। इस बीच, पीटीआई के उपाध्यक्ष शाह महमूद कुरैशी की बेटी मेहर बानो कुरैशी ने एक्स पर कहा कि उनकी भाभी जैन कुरैशी को नकाबपोश लोग जबरदस्ती उनके घर से उठाकर ले गए हैं। जैन कुरैशी विधायक हैं।