फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   World ›   World Updates of 23 April: World News, gates Foundation Epstein Case, Brazil, UK, China, Srilanka, Hindi news

World: पाकिस्तान में कांगो वायरस की चपेट में आने से 17 वर्षीय किशोर की मौत, स्वास्थ्य विभाग की बढ़ी चिंता

Thu, 23 Apr 2026 03:49 PM IST
Pavan वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली Published by: Pavan Updated Thu, 23 Apr 2026 03:49 PM IST
विज्ञापन
World Updates of 23 April: World News, gates Foundation Epstein Case, Brazil, UK, China, Srilanka, Hindi news
दुनिया की बड़ी खबरें - फोटो : amar ujala graphics
पाकिस्तान के सबसे बड़े शहर कराची से एक डराने वाली खबर सामने आई है। यहां कांगो वायरस के संक्रमण के कारण एक 17 वर्षीय किशोर की मौत हो गई है। स्वास्थ्य अधिकारियों ने पुष्टि की है कि यह इस साल इस जानलेवा बीमारी से होने वाली पहली मौत है। इस घटना के बाद से ही पूरे शहर के स्वास्थ्य महकमे में हड़कंप मच गया है, क्योंकि आने वाले महीने में ईद-उल-अजहा का त्योहार है और शहर में बड़े पैमाने पर पशु मंडियां सजने वाली हैं।
विज्ञापन


सिंध संक्रामक रोग अस्पताल और अनुसंधान केंद्र के निदेशक डॉक्टर अब्दुल वाहिद राजपूत ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि किशोर को सोमवार को अस्पताल लाया गया था। उस समय उसे बहुत तेज बुखार था। डॉक्टरों ने तुरंत उसकी स्थिति को भांपते हुए उसके खून के नमूने लिए और उन्हें जांच के लिए आगा खान यूनिवर्सिटी अस्पताल भेजा। मंगलवार को जब रिपोर्ट आई, तो उसमें कांगो वायरस की पुष्टि हुई। रिपोर्ट पॉजिटिव आने के तुरंत बाद किशोर को विशेष उपचार के लिए संक्रामक रोग अस्पताल के आइसोलेशन यूनिट में स्थानांतरित कर दिया गया था, लेकिन डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद गुरुवार को उसकी मृत्यु हो गई।
विज्ञापन


मृतक किशोर के बारे में जानकारी मिली है कि वह एक पशु फार्म में काम करता था। विशेषज्ञों का मानना है कि उसे क्रीमियन-कांगो हेमोरेजिक फीवर का संक्रमण वहीं से लगा होगा। कांगो वायरस मुख्य रूप से किलनियों के माध्यम से फैलता है, विशेष रूप से हयालोमा प्रजाति की किलनियां इसकी मुख्य वाहक होती हैं। यह वायरस तब मनुष्यों में फैलता है जब उन्हें संक्रमित किलनी काट ले या फिर वे संक्रमित जानवरों के खून या अंगों के सीधे संपर्क में आ जाएं।
विज्ञापन
विज्ञापन

अफगानिस्तान में कुदरत का कहर: भीषण बाढ़ और बारिश से मची तबाही, पांच लोगों की मौत और सैकड़ों घर जमींदोज
अफगानिस्तान के पश्चिमी प्रांतों में कुदरत ने एक बार फिर अपना रौद्र रूप दिखाया है। पश्चिमी प्रांत घोर और बदगीस में अचानक आई भीषण बाढ़ ने भारी तबाही मचाई है। जानकारी के अनुसार, इस आपदा में अब तक कम से कम पांच लोगों की जान जा चुकी है, जबकि सैकड़ों परिवार बेघर हो गए हैं।

बदगीस प्रांत के आपदा प्रबंधन विभाग के प्रमुख, बरीदाद साबेर ने बताया कि बाढ़ की चपेट में आने से पांच लोगों की मौत हुई है। मृतकों में एक महिला भी शामिल है। दिल दहला देने वाली बात यह है कि जान गंवाने वालों में से तीन लोग एक ही परिवार के सदस्य थे। साबेर के अनुसार, बाढ़ ने न केवल इंसानी जानों को निशाना बनाया, बल्कि करीब 30 घरों को पूरी तरह तबाह कर दिया है। इसके अलावा उपजाऊ कृषि भूमि को भी भारी नुकसान पहुंचा है। प्रशासन ने आशंका जताई है कि हताहतों और नुकसान के ये आंकड़े अभी शुरुआती हैं और आने वाले समय में इनमें इजाफा हो सकता है।

तबाही का मंजर सिर्फ बदगीस तक सीमित नहीं है। पड़ोसी घोर प्रांत के गवर्नर कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार, मुर्ग़ाब जिले के जेह गांव में बुधवार को आई बाढ़ ने भारी तबाही मचाई। यहां करीब 100 घर ढह गए हैं और दर्जनों जरीब खेती योग्य भूमि पानी में समा गई है। इसके साथ ही फल देने वाले और छायादार पेड़ों को भी बड़े पैमाने पर नुकसान पहुंचा है। स्थानीय प्रशासन का कहना है कि बाढ़ ने निवासियों के जीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है और वे इस समय दाने-दाने को मोहताज हैं। प्रभावित क्षेत्रों में तत्काल मानवीय सहायता की आवश्यकता है।

खतरा अभी टला नहीं है। परिवहन और नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने आने वाले दिनों के लिए बेहद गंभीर पूर्वानुमान जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार, नूरिस्तान, कुनार, नंगरहार, लग़मान, कापिसा, पंजशीर, परवन, बगलान, समंगन, बदख्शां, कुंदुज, तखार, बल्ख, सर-ए-पुल, फरयाब, घोर, बदगीस, दाइकुंडी, बामियान, गजनी, मैदान वर्दक, लोगर और पकतिया सहित दर्जनों प्रांतों में भारी बारिश, बिजली गिरने और भीषण बाढ़ की चेतावनी दी गई है। अफगानिस्तान के लिए अप्रैल का महीना आपदाओं का केंद्र बन गया है। खामा प्रेस की एक रिपोर्ट के अनुसार, अप्रैल के शुरुआती हफ्तों में ही भारी बारिश, बाढ़, भूस्खलन, भूकंप और आकाशीय बिजली गिरने से कम से कम 148 लोगों की मौत हो चुकी है और 216 लोग घायल हुए हैं। 

ब्रिटेन में आने वाली पीढ़ी के लिए सिगरेट पर रोक की तैयारी
ब्रिटेन की संसद ने एक नया बिल पास किया है, जिसके तहत 31 दिसंबर 2008 के बाद जन्मे लोग कभी भी सिगरेट नहीं खरीद पाएंगे। यह कानून लागू होने के बाद देश में धूम्रपान को कम करने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है। स्वास्थ्य मंत्री वेस स्ट्रीटिंग ने इसे ऐतिहासिक फैसला बताया और कहा कि इससे लोगों की जान बचेगी और स्वास्थ्य सेवाओं पर दबाव कम होगा। इस बिल के तहत वेपिंग (ई-सिगरेट) पर भी कई जगहों पर रोक लगाई जाएगी, जैसे स्कूल, पार्क और अस्पताल। हालांकि, लोग अपने घरों में धूम्रपान कर सकेंगे और कुछ खुले स्थानों पर भी इसकी अनुमति होगी। यह कदम ब्रिटेन को दुनिया के सबसे सख्त एंटी-स्मोकिंग देशों में शामिल कर सकता है।

अमेरिका में प्रदर्शन के दौरान अधिकारी पर हमला करने का आरोप
अमेरिका के कोलोराडो में एक इमिग्रेशन अधिकारी पर एक महिला प्रदर्शनकारी के साथ मारपीट करने का आरोप लगा है। अधिकारी पर तीसरे दर्जे के हमले और संपत्ति को नुकसान पहुंचाने का मामला दर्ज किया गया है। घटना तब हुई जब लोग एक आईसीई केंद्र के बाहर विरोध प्रदर्शन कर रहे थे। महिला ने आरोप लगाया कि अधिकारी ने उसे पकड़कर गला दबाया और सड़क के दूसरी ओर फेंक दिया। इस घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिससे मामला और गंभीर हो गया है। इस मामले की जांच कोलोराडो जांच ब्यूरो कर रही है। पुलिस ने इसे गंभीर मामला बताया है और आगे की कार्रवाई जारी है। यह घटना अमेरिका में पुलिस और जनता के बीच बढ़ते तनाव को भी दिखाती है।

श्रीलंका: अवैध रूप से रह रहे एक भारतीय समेत 51 विदेशी गिरफ्तार
श्रीलंका के नेगोम्बो शहर में वीजा अवधि समाप्त होने के बाद भी अवैध रूप से रह रहे 50 विदेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें एक भारतीय नागरिक भी शामिल है। आव्रजन और आप्रवासन विभाग  ने मंगलवार को एक आवास पर छापा मारकर यह कार्रवाई की। गिरफ्तार किए गए लोगों में 47 चीनी, 2 मलयेशियाई और एक भारतीय नागरिक है। अधिकारियों के अनुसार ये सभी व्यापार वीजा पर श्रीलंका आए थे। 

इंडोनेशिया: 16 वर्ष से कम के बच्चों के लिए सोशल मीडिया पर रोक
इंडोनेशिया की संचार मंत्री मेउत्या हाफिद ने बुधवार को बताया कि वीडियो प्लेटफॉर्म यूट्यूब ने बच्चों के लिए लागू सोशल मीडिया प्रतिबंधों का पालन करने पर सहमति दे दी है। गूगल के स्वामित्व वाले यूट्यूब ने इस संबंध में अनुपालन पत्र सौंप दिया है। नए नियमों के तहत, इंडोनेशिया ने उच्च जोखिम वाले प्लेटफार्मों को 16 साल से कम उम्र के बच्चों के अकाउंट निष्क्रिय करने का निर्देश दिया है। कंपनी भविष्य में बच्चों और किशोरों को लक्षित करने वाले विज्ञापनों को भी हटाएगी। यूट्यूब ने बाल सुरक्षा के प्रति प्रतिबद्धता जताई। 
 

ट्रंप की मीडिया कंपनी टीएमटीजी ने ट्रुथ सोशल के सीईओ को हटाया
सोशल मीडिया मंच ट्रुथ सोशल की मूल कंपनी ट्रंप मीडिया एंड टेक्नोलॉजी ने पूर्व कांग्रेसी डेविन नुनेस को सीईओ पद से हटा दिया है। उनकी जगह डिजिटल मीडिया कार्यकारी केविन मैकगर्न को जिम्मेदारी सौंपी गई है। यह बदलाव कंपनी के शेयरों में 67 फीसदी की भारी गिरावट के बाद हुआ है, जिससे निवेशकों के 6 अरब डॉलर से अधिक डूब गए। नए सीईओ मैकगर्न ने कहा कि कंपनी अब ऊंची उड़ान भरने के लिए तैयार है। ट्रंप ने इस प्लेटफॉर्म को ट्विटर के विकल्प के रूप में बनाया था। 
 

आईएनएस निरीक्षक पहुंचा श्रीलंका...और बढ़ेगा समुद्री सहयोग
भारतीय नौसेना पोत (आईएनएस) निरीक्षक ऑपरेशनल टर्नअराउंड यानी संक्षिप्त पड़ाव और प्रशिक्षण यात्रा के लिए श्रीलंका पहुंच गया हैं। इस दौरे का मकसद दोनों पड़ोसी देशों के बीच समुद्री सहयोग को और मजबूती देना है। भारतीय उच्चायोग ने बताया, श्रीलंकाई नौसेना ने मंगलवार को पुरानी नौसैन्य परंपराओं के मुताबिक कोलंबो बंदरगाह पर आईएनएस निरीक्षक का स्वागत किया। यह कमांडर शैलेश कुमार त्यागी के नेतृत्व में श्रीलंकाई गोताखोरों को प्रशिक्षण देगा व अन्य गतिविधियों में भाग लेगा। 

डेनमार्क में दो ट्रेनों की जोरदार टक्कर, 4 लोग गंभीर रूप से घायल 
डेनमार्क की राजधानी कोपेनहेगन में एक बड़ा रेल हादसा हुआ है। यहां दो ट्रेनों के बीच भीषण टक्कर हो गई। इस हादसे की जानकारी ग्रेटर कोपेनहेगन फायर डिपार्टमेंट ने दी है। विभाग के मुताबिक, टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि 4 लोग बहुत गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिनकी हालत फिलहाल नाजुक बनी हुई है।हादसे में 12 अन्य लोगों को मामूली चोटें आई है। 

वॉशिंगटन में लेबनान और इस्राइल के बीच सीधी बातचीत, युद्धविराम बढ़ाने पर होगी चर्चा
वॉशिंगटन में गुरुवार को लेबनान और इस्राइल के बीच सीधी बातचीत का दूसरा दौर शुरू हो रहा है। इस बैठक में इस्राइल और हिजबुल्लाह के बीच चल रहे युद्धविराम को आगे बढ़ाने पर चर्चा होगी। अमेरिका में लेबनान की राजदूत नादा हमादेह मोआवाद और इस्राइली राजदूत येचिएल लीटर इस मुलाकात में शामिल होंगे। पिछले तीन दशकों में यह पहली बार है जब दोनों देशों के बीच ऐसी सीधी बातचीत हो रही है।

लेबनान के राष्ट्रपति जोसेफ औन ने बताया कि शुक्रवार से लागू हुए 10 दिनों के युद्धविराम को बढ़ाने के लिए संपर्क जारी है। लेबनान इस बैठक में युद्धविराम बढ़ाने के साथ-साथ इस्राइली सेना से गांवों में घरों को गिराना बंद करने की मांग करेगा। भविष्य की बातचीत के लिए लेबनान ने कुछ मुख्य शर्तें रखी हैं। इनमें इस्राइली हमलों को पूरी तरह रोकना, लेबनान से इस्राइली सैनिकों की वापसी, कैदियों की रिहाई और सीमा पर लेबनानी सेना की तैनाती शामिल है। दूसरी तरफ, इस्राइल के विदेश मंत्री गिदोन सार ने लेबनान से एक बड़ी मांग की है। उन्होंने कहा कि बातचीत से पहले लेबनान को हिजबुल्लाह को निहत्था करने की दिशा में काम करना चाहिए। दोनों देशों के बीच यह बातचीत भविष्य में शांति और पुनर्निर्माण की दिशा में एक बड़ा कदम मानी जा रही है।

तुर्किये में 15 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए सोशल मीडिया पर पाबंदी, संसद ने पास किया बिल
तुर्किये की संसद ने बुधवार देर रात एक नया बिल पास किया है। इसके तहत 15 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए सोशल मीडिया का इस्तेमाल सीमित कर दिया गया है। यह फैसला बच्चों को इंटरनेट पर मौजूद खतरों से बचाने के लिए लिया गया है। यह कानून पिछले हफ्ते कहरामनमारस शहर के एक स्कूल में हुई गोलीबारी के बाद आया है। वहां एक 14 साल के लड़के ने 10 लोगों की हत्या कर दी थी। पुलिस अब उस लड़के की ऑनलाइन गतिविधियों की जांच कर रही है ताकि हमले की वजह पता चल सके।

नए नियमों के अनुसार, यूट्यूब, टिकटॉक और इंस्टाग्राम जैसे प्लेटफॉर्म को उम्र की जांच करने वाला सिस्टम लगाना होगा। कंपनियों को माता-पिता के लिए कंट्रोल टूल देने होंगे और गलत कंटेंट को तुरंत हटाना होगा। राष्ट्रपति रेसेप तैयप एर्दोगन को 15 दिनों के भीतर इस बिल को मंजूरी देनी होगी। एर्दोगन ने सोशल मीडिया को गंदगी का ढेर बताया है जो बच्चों के दिमाग को खराब कर रहा है। हालांकि, विपक्षी दल ने इस पाबंदी का विरोध किया है। उनका कहना है कि बच्चों को पाबंदी के बजाय सही नीतियों से सुरक्षा मिलनी चाहिए।
 

गेट्स फाउंडेशन ने शुरू की जांच, जेफरी एप्सटीन से जुड़ा है मामला

गेट्स फाउंडेशन ने कारोबारी जेफरी एप्सटीन से जुड़े अपने पुराने संबंधों की जांच शुरू कर दी है। हाल ही में सामने आए ईमेल और दस्तावेजों में यह सामने आया कि फाउंडेशन के कुछ लोगों ने एपस्टीन से मुलाकात की थी। फाउंडेशन के संस्थापक बिल गेट्स ने कहा है कि उन्होंने एपस्टीन से सिर्फ समाजसेवा से जुड़े कामों पर बात की थी और उन्हें उसके अपराधों की जानकारी नहीं थी। फाउंडेशन ने साफ किया कि उन्होंने एपस्टीन को कोई पैसा नहीं दिया और न ही कोई संयुक्त फंड बनाया। निवेशक वॉरेन बफेट ने भी कहा है कि वह इस मामले को देख रहे हैं। फाउंडेशन की यह जांच उसकी छवि को साफ करने के लिए अहम मानी जा रही है।

फिटनेस से जीतना चाहते हैं चुनाव लूला दा सिल्वा
ब्राजील के राष्ट्रपति लूला दा सिल्वा 80 साल की उम्र में भी चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे हैं। उम्र को लेकर उठ रहे सवालों के बीच वह रोज जिम में वर्कआउट कर रहे हैं और खुद को फिट दिखाने की कोशिश कर रहे हैं। उनका कहना है कि वह 120 साल तक जीना चाहते हैं। उनके प्रतिद्वंदी फ्लेवियो बोल्सोनारो उनसे लगभग आधी उम्र के हैं और वह भी फिटनेस दिखाकर लोगों को प्रभावित करने की कोशिश कर रहे हैं। दोनों के बीच अब चुनाव सिर्फ नीतियों का नहीं बल्कि छवि का भी बन गया है। कुछ लोग लूला की उम्र को लेकर चिंतित हैं, जबकि कई लोग उनकी फिटनेस से प्रेरित भी हो रहे हैं। ब्राजील में 60 साल से ऊपर के मतदाताओं की संख्या तेजी से बढ़ रही है, जिससे यह चुनाव और दिलचस्प हो गया है। इस बार मुकाबला काफी कड़ा माना जा रहा है।

 

अमेरिका के वरिष्ठ सांसद डेविड स्कॉट का निधन
अमेरिका के जॉर्जिया राज्य से 13वीं बार चुनाव लड़ रहे डेमोक्रेट नेता डेविड स्कॉट का 80 साल की उम्र में निधन हो गया। वह अमेरिकी संसद की कृषि समिति के पहले अश्वेत अध्यक्ष रहे थे और लंबे समय तक किसानों और खाद्य सहायता से जुड़े मुद्दों पर सक्रिय आवाज बने रहे। स्कॉट को उनकी पार्टी में एक संतुलित और मध्यमार्गी नेता माना जाता था।

हाल के वर्षों में उनकी सेहत को लेकर सवाल उठ रहे थे और पार्टी के अंदर से भी उन्हें चुनौती मिल रही थी। 2024 में भी उन्हें कड़ा मुकाबला झेलना पड़ा था और 2026 में भी चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे थे। हालांकि, उन्होंने रिटायर होने के दबाव को नकार दिया था। हाउस के नेता हकीम जेफ्रीज ने उन्हें 'जनता के लिए काम करने वाला सच्चा नेता' बताया। उनके निधन से अमेरिकी राजनीति में एक बड़ा खालीपन आ गया है। इससे रिपब्लिकन पार्टी की संसद में बढ़त थोड़ी और मजबूत हो सकती है।

गाजा में तनाव, इस्राइली हवाई हमले में पांच फलस्तीनियों की मौत, 15 वर्षीय किशोर भी शामिल
इस्राइल की ओर से गाजा पट्टी और वेस्ट बैंक में किए गए ताजा हमलों में पांच फिलिस्तीनियों की जान चली गई है, जिनमें 15 वर्षीय एक किशोर भी शामिल है। फलस्तीनी स्वास्थ्य अधिकारियों के अनुसार, दक्षिण गाजा के खान यूनिस और मध्य गाजा के मघाजी शरणार्थी शिविर को निशाना बनाकर किए गए हवाई हमलों में दो लोगों की मौत हुई और कई घायल हो गए, जबकि दीर अल बलाह में एक बचावकर्मी सहित तीन अन्य लोग मारे गए। वहीं, वेस्ट बैंक में इस्राइली सेना की छापेमारी के दौरान हुई गोलीबारी में एक किशोर की मौत का दावा किया गया है। हालांकि, इस्राइल सेना ने इन कार्रवाइयों को आतंकवादियों के खिलाफ आत्मरक्षार्थ की गई लक्षित कार्रवाई करार दिया है।

रणनीतिक मतभेदों के चलते नौसेना प्रमुख जॉन फेलन बर्खास्त; हंग काओ ने संभाला कार्यभार
ईरान के साथ जारी सैन्य तनाव के बीच राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने नौसेना प्रमुख जॉन फेलन को पद से हटाकर सैन्य गलियारों में हलचल पैदा कर दी है। यह एक महीने के भीतर दूसरे बड़े सैन्य अधिकारी पर कार्रवाई है। इससे पहले सेना प्रमुख जनरल रैंडी जॉर्ज को हटाया गया था। फेलन की बर्खास्तगी के पीछे रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ और उप रक्षा मंत्री के साथ गहरे रणनीतिक मतभेद और जहाज निर्माण कार्यक्रमों की लागत को लेकर आंतरिक कलह को मुख्य कारण माना जा रहा है। अब ट्रंप के वफादार हंग काओ को कार्यवाहक नौसेना प्रमुख नियुक्त किया गया है।

नेपाल में गहराया राजनीतिक संकट: राष्ट्रपति ने सत्र शुरू होने से पहले ही संसद के दोनों सदनों को किया निलंबित
नेपाल के राष्ट्रपति रामचंद्र पौडेल ने एक अप्रत्याशित संवैधानिक कदम उठाते हुए संघीय संसद के दोनों सदनों को बिना बैठक आयोजित किए निलंबित कर दिया है, जिससे देश में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। मंत्रिपरिषद की सिफारिश पर लिया गया यह फैसला ऐसे समय में आया है जब बालेन्द्र शाह के नेतृत्व वाली आरएसपी सरकार आंतरिक कलह से जूझ रही है। विपक्षी दलों ने इस कदम को लोकतांत्रिक परंपराओं के विरुद्ध और आश्चर्यजनक बताया है।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get latest World News headlines in Hindi related political news, sports news, Business news all breaking news and live updates. Stay updated with us for all latest Hindi news.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed