फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   World ›   World Updates Of 19 March, Nepal Election, France,Israel, UN, Texas Train Accident, News in Hindi

World: आज नेपाली राष्ट्रपति को सौंपे जाएंगे चुनाव के अंतिम नतीजे; सेनेगल में समलैंगिकता पर बढ़ी सख्ती

Thu, 19 Mar 2026 03:47 PM IST
Pavan वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली Published by: Pavan Updated Thu, 19 Mar 2026 03:47 PM IST
विज्ञापन
World Updates Of 19 March, Nepal Election, France,Israel, UN, Texas Train Accident, News in Hindi
दुनिया की बड़ी खबरें - फोटो : amar ujala graphics
नेपाल के चुनाव आयोग ने घोषणा की है कि 5 मार्च 2026 को हुए आम चुनाव के अंतिम नतीजे शुक्रवार को राष्ट्रपति रामचंद्र पौडेल को सौंपे जाएंगे। इस चुनाव में प्रतिनिधि सभा की 275 सीटों के लिए मतदान हुआ था, जिसमें 165 सीटें सीधे चुनाव से और 110 सीटें अनुपातिक प्रणाली से भरी गईं। रास्ट्रिय स्वतन्त्र पार्टी (RSP) ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 182 सीटें जीती हैं, जो बहुमत के आंकड़े 138 से काफी ज्यादा है। नेपाली कांग्रेस को 38 सीटें, सीपीएन-यूएमएल को 25 सीटें और अन्य पार्टियों को कम सीटें मिली हैं। अब राष्ट्रपति नई सरकार बनाने की प्रक्रिया शुरू करेंगे और RSP के नेता बालेन शाह को प्रधानमंत्री बनने का मौका मिल सकता है।
विज्ञापन

सेनेगल में समलैंगिकता पर सख्ती बढ़ी, डर के साये में जी रहे लोग
सेनेगल की राजधानी डकार में एक युवा अपनी पहचान छिपाकर रहने को मजबूर है। उसे डर है कि पुलिस उसे पकड़ लेगी। उसके परिवार ने उसे घर से निकाल दिया है और उसके एक दोस्त से पुलिस पूछताछ भी कर चुकी है। यह युवा टूबा शहर का रहने वाला है, जो सूफी मुस्लिम आस्था का बड़ा केंद्र है। वह अभी एक ऐसे दोस्त के साथ रह रहा है, जिसे उसकी सच्चाई का पता नहीं है।

विज्ञापन
सेनेगल में समलैंगिकता पहले से ही गैरकानूनी है। अब वहां की सरकार इसके लिए जेल की सजा को और बढ़ाने की तैयारी कर रही है। इस वजह से वहां के लोगों में बहुत ज्यादा खौफ है। अफ्रीका के आधे से ज्यादा देशों में समलैंगिकता के खिलाफ कड़े कानून लागू हैं। हाल के वर्षों में युगांडा ने तो इसके लिए मौत की सजा तक का प्रावधान कर दिया है, जिसकी पूरी दुनिया में आलोचना हुई थी। अब सेनेगल भी सजा को और सख्त बनाने वाले देशों की सूची में शामिल हो गया है। वहां के लोग अपनी सुरक्षा को लेकर काफी चिंतित हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन


विक्रम के. दोरईस्वामी चीन में भारत के नए राजदूत नियुक्त
भारत सरकार ने विक्रम के. दोरईस्वामी को चीन में भारत का नया राजदूत नियुक्त किया है। वह 1992 बैच के भारतीय विदेश सेवा (आईएफएस) अधिकारी हैं। वर्तमान में वह ब्रिटेन में भारत के उच्चायुक्त के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। विदेश मंत्रालय ने उनकी इस नई जिम्मेदारी की घोषणा की है। वह जल्द ही अपना नया पद संभालेंगे।

अनुतिन चर्नविराकुल बने रहेंगे थाईलैंड के प्रधानमंत्री, संसद में जीता विश्वास मत
थाईलैंड की संसद में हुए मतदान में प्रधानमंत्री अनुतिन चर्नविराकुल ने जीत हासिल की है। अब वह अपने पद पर बने रहेंगे। गुरुवार को हुए इस मतदान में उन्हें 498 में से 293 वोट मिले। जो कि बहुमत के लिए जरूरी आंकड़े से यह कहीं ज्यादा है। राजा महा वजिरालोंगकोर्न से औपचारिक नियुक्ति मिलने के कुछ दिनों बाद वह अपना कार्यभार संभालेंगे। अनुतिन की 'भूमजईथाई पार्टी' ने फरवरी के चुनावों में 191 सीटें जीती थीं। उन्होंने 'फेउ थाई पार्टी' (74 सीटें) और अन्य दलों के साथ मिलकर गठबंधन सरकार बनाई है। दूसरी ओर, 120 सीटें जीतने वाली 'पीपुल्स पार्टी' विपक्ष में रहेगी। ।

59 वर्षीय अनुतिन पिछले साल सितंबर में प्रधानमंत्री बने थे। उनसे पहले पैतोंगतार्न शिनावात्रा इस पद पर थीं, जिन्हें नैतिकता के उल्लंघन के कारण हटना पड़ा था। अनुतिन ने कंबोडिया के साथ सीमा विवाद के दौरान खुद को देश के रक्षक के रूप में पेश किया, जिससे उनकी लोकप्रियता बढ़ी। हालांकि, नई सरकार के सामने कई चुनौतियां हैं। मध्य पूर्व में चल रहे युद्ध के कारण बढ़ती तेल की कीमतें और महंगाई बड़ी समस्या है। इसके अलावा, संवैधानिक अदालत इस बात पर भी फैसला सुनाएगी कि क्या पिछले महीने हुए चुनाव वैध हैं या नहीं। मामले में चुनाव आयोग पर गुप्त मतदान के नियमों के उल्लंघन का आरोप लगा है।

फ्रांस लिब्रे- फ्रांस का नया परमाणु चलित युद्धपोत
फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने देश के नए परमाणु ऊर्जा से चलने वाले विमानवाहक पोत का नाम “फ्रांस लिब्रे” रखा है। यह जहाज 2038 तक तैयार होगा और इसमें लगभग 30 राफेल लड़ाकू विमान और 2000 सैनिक रहेंगे। इसकी लागत करीब 10 अरब यूरो बताई गई है। मैक्रों ने कहा कि यह नाम फ्रांस की आजादी और ताकत का प्रतीक है। यह जहाज फ्रांस की सैन्य शक्ति को और मजबूत करेगा और खासकर मध्य-पूर्व क्षेत्र में उसकी मौजूदगी बढ़ाएगा।
 

इस्राइल के आरोप पर गाजा में सहायता सामग्री की होगी जांच
यूनीसेफ ने कहा है कि वह इस आरोप की जांच करेगा कि गाजा भेजी गई राहत सामग्री में तंबाकू छिपाकर भेजा गया था। इस्राइल की एजेंसी ने दावा किया कि हाइजीन किट में निकोटिन से जुड़ी चीजें मिली हैं, जिसके बाद सहायता रोक दी गई। यूनीसेफ ने कहा कि वह इस मामले को गंभीरता से ले रहा है और जांच शुरू कर दी गई है। गाजा में पहले से ही हालात खराब हैं और इस तरह की रुकावट से लोगों की मुश्किलें और बढ़ सकती हैं।
 

टेक्सास में मालगाड़ी के कई डिब्बे पटरी से उतरे 
अमेरिका के टेक्सास राज्य में एक मालगाड़ी के कई डिब्बे पटरी से उतर गए, जिससे इथेनॉल का रिसाव हुआ। यह घटना रिचमंड शहर के पास हुई, लेकिन राहत की बात है कि इसमें कोई घायल नहीं हुआ। अधिकारियों ने बताया कि रिसाव को जल्दी ही नियंत्रित कर लिया गया और लोगों के लिए कोई बड़ा खतरा नहीं है। हादसे के कारण कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित हुआ, लेकिन बाद में स्थिति सामान्य हो गई।
 

ब्राजील में पुलिस कार्रवाई, ड्रग माफिया समेत आठ मारे गए
ब्राजील के रियो डी जेनेरियो में पुलिस ने एक बड़े ऑपरेशन में 8 लोगों की मौत हो गई, जिनमें एक कुख्यात ड्रग माफिया भी शामिल था। पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई अपराधियों के खिलाफ की गई थी। इसके बाद बदमाशों ने एक बस में आग लगा दी और सड़कों को जाम कर दिया। पुलिस ने कई लोगों को गिरफ्तार किया है और इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। इस घटना ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर फिर से सवाल खड़े कर दिए हैं।

अमेरिका में कोविड मौतों पर नई रिपोर्ट
एक नई स्टडी में सामने आया है कि कोरोना महामारी के शुरुआती दौर में अमेरिका में वास्तविक मौतें आधिकारिक आंकड़ों से कहीं ज्यादा थीं। रिपोर्ट के अनुसार 2020 और 2021 में करीब 8.4 लाख मौतें दर्ज की गईं, लेकिन लगभग 1.55 लाख मौतें ऐसी थीं जो रिकॉर्ड में शामिल नहीं हो पाईं। यानी करीब 16 प्रतिशत मौतें गिनी ही नहीं गईं। शोधकर्ताओं ने बताया कि ज्यादातर अनगिनी मौतें अस्पताल के बाहर हुईं, जहां लोगों का टेस्ट नहीं हो पाया। खासकर हिस्पैनिक और अन्य गरीब समुदाय ज्यादा प्रभावित हुए। शुरुआती समय में टेस्टिंग की सुविधा कम थी और कई जगह मौत की जांच सही तरीके से नहीं हुई। इससे सही आंकड़े सामने नहीं आ पाए।

प्रत्यर्पण से बचने के लिए नीरव की याचिका पर सुनवाई पूरी
फरार हीरा कारोबारी नीरव मोदी की उस अर्जी पर सुनवाई लंदन के हाईकोर्ट में पूरी हो गई जिसमें उसने अपनी प्रत्यर्पण याचिका पर फिर से विचार करने का अनुरोध किया था। उसने दावा किया कि भारत में जांच एजेंसियों द्वारा पूछताछ करने के दौरान उसे यातना दिए जाने का खतरा है। ‘रॉयल कोर्ट्स ऑफ जस्टिस’ में अपील की सुनवाई कर रहे लॉर्ड जेरेमी स्टुअर्ट-स्मिथ और जस्टिस रॉबर्ट जे ने दिनभर चली सुनवाई के अंत में अपना फैसला सुरक्षित रख लिया है। स्टुअर्ट-स्मिथ ने कहा, यह मामला मोदी और भारत से आए भारतीय अधिकारियों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। हम यथाशीघ्र फैसला सुनाएंगे। इसके साथ ही दो दिन के लिए सूचीबद्ध सुनवाई तय समय से पहले समाप्त हो गई। भारत में करीब दो अरब डॉलर के पंजाब नेशनल बैंक ऋण घोटाला मामले में धोखाधड़ी और धनशोधन के आरोपों में मुकदमे का सामना करने के लिए वांछित कारोबारी नीरव (54) उत्तरी लंदन की पेंटनविल जेल से वीडियो लिंक के जरिये पेश हुआ।

नाइजीरिया में बड़ा हमला नाकाम
नाइजीरिया के उत्तर-पूर्वी इलाके में सेना ने आतंकियों के एक बड़े हमले को नाकाम कर दिया। सेना के मुताबिक इस कार्रवाई में करीब 80 आतंकी मारे गए। ये हमलावर बोको हराम या इस्लामिक स्टेट से जुड़े हो सकते हैं। हमला रात के समय एक सैन्य बेस पर किया गया था, लेकिन सेना पहले से तैयार थी और उसने जवाबी कार्रवाई की। इस दौरान चार सैनिक घायल भी हुए। हाल ही में इलाके में आत्मघाती हमलों में 23 लोगों की मौत हुई थी, जिससे सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
 

रूसी टैंकर से खतरा- यूरोपीय देशों ने जताई चिंता
यूरोप के पांच देशों ने एक रूसी टैंकर को लेकर चिंता जताई है, जो भूमध्य सागर में बिना चालक के बह रहा है। यह जहाज तरलीकृत गैस लेकर जा रहा था और हाल ही में हमले में क्षतिग्रस्त हो गया। नेताओं ने चेतावनी दी है कि इससे बड़ा पर्यावरणीय खतरा पैदा हो सकता है और विस्फोट का भी डर है। इसलिए यूरोपीय संघ से तुरंत कार्रवाई की मांग की गई है।
 

न्यूयॉर्क के जेल में ड्रोन से तस्करी
अमेरिका के न्यूयॉर्क की एक जेल में ड्रोन के जरिए हथियार और अन्य सामान गिराने का मामला सामने आया है। अधिकारियों के अनुसार ड्रोन ने रात में चाकू, मोबाइल फोन, नशीला पदार्थ और अन्य चीजें जेल परिसर में गिराईं। हालांकि कर्मचारियों ने तुरंत सामान बरामद कर लिया। इस घटना के बाद सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है और जांच शुरू कर दी गई है।

अमेरिका के भीषण जंगल की आग
अमेरिका के नेब्रास्का राज्य में लगी जंगल की आग पर काबू पाने की कोशिशें सातवें दिन भी जारी हैं। इस आग में अब तक एक व्यक्ति की मौत हो चुकी है और हजारों वर्ग किलोमीटर जमीन जल चुकी है। तेज हवाओं के कारण आग तेजी से फैली, लेकिन अब मौसम थोड़ा शांत होने से राहत मिली है। फिर भी खतरा अभी पूरी तरह टला नहीं है और अधिकारियों ने लोगों को सतर्क रहने को कहा है।
 

ईरान: मोसाद के लिए जासूसी के आरोप में एक व्यक्ति को फांसी
ईरानी न्यायपालिका ने बुधवार को घोषणा की कि इस्राइली खुफिया एजेंसी मोसाद के लिए कथित रूप से जासूसी करने के आरोप में एक व्यक्ति को फांसी दे दी गई है। आरोपी की पहचान कौरोश केवानी के रूप में की गई है। केवानी पर आरोप था कि उसने मोसाद को ईरान के संवेदनशील स्थानों की तस्वीरें और महत्वपूर्ण जानकारियां उपलब्ध कराई थीं। बता दें कि ईरान दुनिया में सबसे ज्यादा मृत्युदंड देने वाले देशों में से एक है। यह घटनाक्रम ऐसे समय में सामने आया है जब ईरान और इस्राइल के बीच युद्ध के कारण तनाव चरम पर है।

पार्टी ‘मैं’ केंद्रित राजनीति से ऊपर नहीं उठी तो पुराने दलों से भी बदतर हाल होगा- लामिछाने
राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी (आरएसपी) के सभापति रवि लामिछाने ने चेतावनी दी है कि यदि पार्टी ‘मैं’ केंद्रित राजनीति से ऊपर नहीं उठ सकी, तो उसका हाल पुराने राजनीतिक दलों से भी खराब हो सकता है। बुधवार को ग्वार्को में आयोजित पार्टी के दो दिवसीय अभिमुखीकरण कार्यक्रम के समापन के दौरान उन्होंने यह बात कही। हाल में लगभग दो तिहाई बहुमत के करीब पहुंची पार्टी के संदर्भ में उन्होंने सांसदों को संयमित और जिम्मेदार रहने की सलाह दी। सांसदों से उन्होंने जनता का शासक नहीं, बल्कि सेवक बनकर काम करने का आग्रह किया। लामिछाने ने कहा, जनता ने सोच समझकर पार्टी को समर्थन दिया है, इसलिए इसे चुनौती के रूप में लिया जाना चाहिए। पुराने दलों को जनता ने 36 साल तक इंतजार किया, हमें 36 दिन भी नहीं मिलेंगे। उन्होंने चेताया, मंत्रिपरिषद गठन को लेकर उन्होंने कहा कि अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं हुआ है। मंत्रिपरिषद का कोई अंतिम निर्णय नहीं हुआ है।

‘राइट टू रिकॉल’ व्यवस्था को लागू करने पर जोर
उन्होंने ‘राइट टू रिकॉल’ व्यवस्था को सख्ती से लागू करने की बात कही। लामिछाने ने कहा कि नेपाली जनता ने पार्टी पर अभूतपूर्व भरोसा जताया है, इसलिए उसकी जिम्मेदारी को समझना जरूरी है। इस कार्यक्रम में पार्टी के वरिष्ठ नेता बालेन शाह शामिल नहीं हुए। लामिछाने ने उनका नाम भी नहीं लिया।

पाकिस्तान की अफगानिस्तान को चेतावनी, आतंकी गतिविधियों के अफगान जमीन का इस्तेमाल कतई बर्दाश्त नहीं
पाकिस्तान के सेना प्रमुख जनरल असीम मुनीर ने अफगानिस्तान को सख्त चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान अपनी जनता के खिलाफ आतंकी गतिविधियों के लिए अफगान जमीन का इस्तेमाल कतई बर्दाश्त नहीं करेगा। मुनीर ने रावलपिंडी में शिया समुदाय के धर्मगुरुओं (उलेमा) के साथ बातचीत में यह बात कही। मुनीर ने 'ऑपरेशन गजब लिल हक' का जिक्र करते हुए आतंकियों और उनके ठिकानों को पूरी तरह खत्म करने का संकल्प दोहराया। पाकिस्तान ने यह सैन्य अभियान 26 फरवरी को सीमा पर अफगान तालिबान के हमलों के जवाब में शुरू किया था। मुनीर ने कहा कि अफगान तालिबान को अपनी जमीन से पाकिस्तान के खिलाफ होने वाले आतंकवाद को हर हाल में रोकना चाहिए।

पाकिस्तानी सेना प्रमुख ने क्षेत्रीय तनाव कम करने के लिए पाकिस्तान की कूटनीतिक कोशिशों के बारे में भी बताया। उन्होंने धर्मगुरुओं से एकता बनाए रखने और कट्टरपंथ को रोकने की अपील की। मुनीर ने साफ किया कि किसी दूसरे देश की घटनाओं के आधार पर पाकिस्तान में हिंसा फैलाना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस बीच, सऊदी अरब, तुर्की और कतर की अपील पर पाकिस्तान और अफगानिस्तान ने ईद-उल-फितर के लिए युद्धविराम का एलान किया है। यह फैसला तब आया जब अफगानिस्तान ने पाकिस्तान पर काबुल के एक अस्पताल पर हमला कर 400 लोगों को मारने का गंभीर आरोप लगाया था।

पाकिस्तान में तूफान व बारिश से 19 मरे
पाकिस्तान के कराची में भारी बारिश और आंधी-तूफान से जुड़ी घटनाओं में 19 लोगों की मौत हो गई और कई लोग घायल हैं। बुधवार रात भारी बारिश होने और तेज हवाएं चलने के कारण मकानों की छतें तथा दीवारें ढह गईं, जगह-जगह पेड़ और साइनबोर्ड गिर गए। पाकिस्तान मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक, बृहस्पतिवार को और भी अधिक बारिश और तेज हवाएं चलीं। तेज हवाओं, आंधी-तूफान व बारिश से सईदबाद के मोचको गोठ में एक इमारत ढह गई। कोरांगी के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संगहार मलिक ने कहा, दूरभाष केंद्र की छत और दीवार ढह जाने से 12 लोगों की मौत हो गई। ये लोग वहां चाय पी रहे थे। बचाव दल अब भी मलबा हटा रहा है तथा मलबे के नीचे और भी लोग हो सकते हैं।

युद्ध के चलते बढ़ती तेल और गैस कीमतें नियंत्रित करने में जुटा यूरोपीय संघ
पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के चलते तेल और गैस की बढ़ती कीमतों के बीच यूरोपीय संघ के नेताओं ने ऊर्जा लागत को नियंत्रित करने के लिए आपातकालीन उपाय करने पर बैठक की। यूरोपीय संघ के कई नेताओं ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की होर्मुज जलडमरूमध्य को सुरक्षित करने के लिए सैन्य साजोसामान भेजने के आग्रह को नकार दिया है। बेल्जियम के प्रधानमंत्री बार्ट डी वेवर ने यूरोपीय संघ के 27 देशों के नेताओं के यूरोपीय परिषद शिखर सम्मेलन से पहले कहा कि हम ऊर्जा संकट को लेकर बहुत चिंतित हैं। युद्ध से पहले ऊर्जा की कीमतें बहुत अधिक थीं, लेकिन इस संघर्ष ने इनमें और तेजी ला दी है। यह खतरनाक है।

पूर्व उपराष्ट्रपति हुसैन देहघान ईरान के राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के सचिव बनाए गए
ईरान में बड़े सत्ता परिवर्तन और क्षेत्रीय तनाव के बीच ब्रिगेडियर जनरल हुसैन देहघान को सर्वोच्च राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद (एसएनएससी) का नया सचिव नियुक्त किया गया है। यह फैसला 17 मार्च को एक इस्राइली हवाई हमले में पूर्व सचिव अली लारीजानी की मौत के बाद लिया गया है। नवनियुक्त सचिव देहघान 2013 से 2017 तक रक्षा मंत्री और 2004 से 2009 तक ईरान के उपराष्ट्रपति रहे हैं। उपराष्ट्रपति बनने से पहले वे इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर (आईआरजीसी) में कमांडर भी रहे हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि नए सर्वोच्च नेता मुजतबा खामनेई ने देश की रक्षा और सुरक्षा नीतियों को मजबूती देने के लिए देहघान के अनुभव पर भरोसा जताया है। जानकारी के अनुसार, यह नियुक्ति अस्थिरता के दौर में ईरान की सैन्य रणनीति को और अधिक आक्रामक बना सकती है।

भारत संग रूस करेगा सम्मेलन द्विपक्षीय सहयोग पर होगी वार्ता
रूस 23 मार्च को दूसरे अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन की मेजबानी करेगा। भारत-रूस : द्विपक्षीय संबंधों के लिए एक नए एजेंडे की ओर नामक विषय पर आजोजित इस सम्मेलन में दोनों देशों के वरिष्ठ राजनयिक, नीति निर्माता और विशेषज्ञ रणनीतिक सहयोग को मजबूत करने के लिए एक साथ आएंगे। सम्मेलन का उद्घाटन रूसी विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव और भारतीय विदेश मंत्री एस. जयशंकर करेंगे। यह सम्मेलन भारत-रूस द्विपक्षीय संबंधों को गहरा करने के लिए दिए जाने वाले महत्व को दर्शाता है। सम्मेलन के दौरान इगोर इवानोव, भारत में रूसी राजदूत डेनिस अलीपोव और रूस में भारत के चार्ज डी’अफेयर्स निखिलेश गिरी शामिल होंगे। रूसी अंतरराष्ट्रीय मामलों की परिषद और रूस में भारतीय दूतावास बहुध्रुवीय विश्व को आकार देने में भारत-रूस की भूमिका को लेकर यह सम्मेलन करने जा रहे हैं। भारत और रूस के द्विपक्षीय व्यापार में उल्लेखनीय वृद्धि देखी गई है, जो 2024-2025 वित्तीय वर्ष में रिकॉर्ड 68.7 अरब डॉलर तक पहुंच गया है।

आयरलैंड में फंसे यात्री विशेष विमान से लाए गए दिल्ली
आयरलैंड के शैनन में फंसे एअर इंडिया के यात्री और चालक दल के सदस्य आखिरकार तीन दिन बाद स्वदेश लौट आए हैं। इन्हें एक विशेष विमान से बृहस्पतिवार को दिल्ली लाया गया। एक अधिकारी ने बताया कि इस विमान में 220 से अधिक यात्री थे और प्रत्येक को सद्भावना स्वरूप 20-20 हजार रुपये की पेशकश की गई। न्यूयॉर्क से दिल्ली आ रहे एयरलाइन के ए350 विमान में सोमवार को तकनीकी खराबी गई थी, जिसके बाद उड़ान को शैनन की ओर मोड़ना पड़ा था। उड़ान शैनन हवाईअड्डे में सुरक्षित रूप से उतरी और सभी यात्री वहां फंस गए थे। अधिकारी ने बताया कि बोइंग 787 की ओर से संचालित विशेष उड़ान ज्यूरिख से शैनन पहुंची और बुधवार दोपहर को दिल्ली के लिए रवाना हुई।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get latest World News headlines in Hindi related political news, sports news, Business news all breaking news and live updates. Stay updated with us for all latest Hindi news.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed