World: पाकिस्तान में सुरक्षा बलों की कार्रवाई में पांच आतंकी ढेर; रूस पर यूक्रेन ने दागे ड्रोन, चार की मौत
ब्रिटेन की राजधानी लंदन में शनिवार को दो अलग-अलग बड़ी रैलियां हुईं। एक रैली आव्रजन के खिलाफ थी, जबकि दूसरी रैली फलस्तीन के समर्थन में हुई। पुलिस का अनुमान है कि इन रैलियों में 80 हजार से ज्यादा लोग शामिल थे। पुलिस ने राजधानी के बाहर से बुलाए गए अतिरिक्त बलों सहित 4,000 अधिकारियों को तैनात किया। पुलिस ने रैलियों में 80 हजार से अधिक लोगों के शामिल होने का अनुमान लगाया। प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर ने यूनाइट द किंगडम मार्च के आयोजकों पर स्पष्ट रूप से नफरत और विभाजन फैलाने का आरोप लगाया। यह मार्च इस्लाम विरोधी कार्यकर्ता स्टीफन यैक्सली-लेनन, जिन्हें टॉमी रॉबिन्सन के नाम से जाना जाता है द्वारा आयोजित किया गया था।
ऑस्ट्रेलिया: अमेरिका जा रहे विमान में नशे में धुत यात्री की वजह से बदलना पड़ा मार्ग
ऑस्ट्रेलिया की क्वांटास एयरलाइन को फ्लाइट अटेंडेंट को काट खाने वाले नशे में धुत एक उपद्रवी यात्री की वजह से अमेरिका जाने वाली अपनी उड़ान का मार्ग बदलना पड़ा। मेलबर्न से डलास जा रही क्वांटास उड़ान क्यूएफ21 का मार्ग बदलकर शुक्रवार को उसे फ्रेंच पोलिनेशिया की राजधानी पापीते की ओर मोड़ा गया। एएफपी ने रविवार को क्वांटास के एक प्रवक्ता के हवाले से लिखा है कि एयरलाइन के कर्मचारियों की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है और हम अपनी उड़ानों में किसी भी प्रकार के व्यवधानकारी या धमकी भरे व्यवहार को बिल्कुल बर्दाश्त नहीं करते। एयरलाइन ने इस यात्री के क्वांटास के सभी विमानों में उड़ान भरने पर प्रतिबंध लगा दिया।
यह हालात नशे में धुत यात्री के एक फ्लाइट अटेंडेंट को काटने और चालक दल के साथ ही अन्य यात्रियों के साथ दुर्व्यवहार के बाद पैदा हुए। हालांकि, बाद में साथी यात्रियों ने नशेड़ी यात्री को काबू में कर लिया।राष्ट्रीय प्रसारक ऑस्ट्रेलियाई ब्रॉडकास्टिंग कॉर्पोरेशन के मुताबिक, यात्री ने क्वांटास के एक कर्मचारी को काट लिया था। विमान के शनिवार सुबह डलास आगमन पर स्थानीय अधिकारियों ने उपद्रवी यात्री से मुलाकात की और उस पर क्वांटास के सभी विमानों में उड़ान भरने पर रोक लगा दी।
नेपाल: बालेंद्र सरकार के खिलाफ विशाल प्रदर्शन, 22 जिलों के झुग्गीवासियों ने निकाली रैली
दक्षिण नेपाल के लुंबिनी प्रांत में रविवार को हजारों भूमिहीन झुग्गीवासियों ने सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया है। यह विरोध प्रदर्शन जारी बेदखली की कार्रवाई के खिलाफ किया गया। लोगों ने एक विशाल रैली निकाली। प्रदर्शनकारियों का दावा है कि इस अभियान के कारण पूरे देश में, खासकर काठमांडू में, लाखों लोग बेघर हो गए हैं।
नेपाल, खासकर राजधानी काठमांडू, में अप्रैल से लगातार विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं। प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह के नेतृत्व वाली सरकार ने शहर को सुंदर बनाने और पर्यावरण संरक्षण के नाम पर अतिक्रमण हटाने और ढांचों को तोड़ने का अभियान शुरू किया था। विरोध प्रदर्शन के आयोजकों के अनुसार, नेपाल के 22 जिलों से लगभग 25 हजार झुग्गीवासियों ने लुंबिनी प्रांत के बुटवल शहर में आयोजित इस रैली में हिस्सा लिया।
चीन में ट्रक पुल से गिरा, एक की मौत, नौ लापता
दक्षिण-पश्चिम चीन में शनिवार को एक पिकअप ट्रक पुल से नीचे गिर गया। इस हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई और नौ लोग लापता हो गए। ट्रक में कुल 15 लोग सवार थे, जो दक्षिणी गुआंग्शी क्षेत्र में शकरकंद के खेत पर मजदूरों को ले जा रहा था। पांच लोगों को बचा लिया गया है, जबकि बाकी लापता लोगों की तलाश रविवार को भी जारी रही।
स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, वाहन हुआनजियांग माओनान स्वायत्त क्षेत्र में एक कम पानी वाले पुल को पार करते समय नदी में गिर गया। बचाव कार्य में 700 से अधिक राहतकर्मी, ड्रोन, नाव और अंडरवाटर सोनार उपकरणों का इस्तेमाल किया जा रहा है। भारी बारिश और भूस्खलन के खतरे के कारण बचाव अभियान में दिक्कतें आ रही हैं।
यूएई: ड्रोन हमले के बाद परमाणु ऊर्जा संयंत्र के बाहर लगी आग
संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के अबू धाबी में रविवार को एक ड्रोन हमले के कारण परमाणु ऊर्जा संयंत्र के बाहर आग लग गई। अधिकारियों के अनुसार, यह आग बाराका परमाणु संयंत्र के बाहरी विद्युत जनरेटर में लगी। अधिकारियों ने बताया कि इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है और विकिरण स्तर पर भी कोई असर नहीं पड़ा है।
यह ड्रोन हमला ऐसे समय हुआ है, जब अमेरिका और ईरान के बीच अस्थायी युद्धविराम जारी है। लेकिन क्षेत्र में तनाव बना हुआ है और यह स्थिति पश्चिम एसिया में संघर्ष बढ़ाने के साथ-साथ वैश्विक ऊर्जा संकट को भी प्रभावित कर सकती है।
विश्वविद्यालयों में छात्र संघों पर प्रतिबंध के खिलाफ राजधानी में व्यापक प्रदर्शन
काठमांडो। विश्वविद्यालयों में छात्र संघ पर प्रतिबंध के खिलाफ बड़ी संख्या में छात्रों ने नेपाल की राजधानी काठामांडो में प्रदर्शन किया। प्रधानमंत्री बलेंद्र शाह के नेतृत्व वाली सरकार ने हाल ही में 100 सूत्री कार्य योजना की घोषणा की है, जिसके तहत विश्वविद्यालयों में छात्र संघों के कामकाज पर रोक लगा दी गई है। सरकार का कहना है कि शिक्षण संस्थानों को राजनीतिक दलों के औजार के रूप में इस्तेमाल नहीं किया जाना चाहिए। प्रदर्शनकारियों ने छात्र संघों पर प्रतिबंध का विरोध करें जैसे नारे लगाते हुए सरकार के इस कदम की आलोचना की। नेपाली छात्रों के 62वें छात्र दिवस के अवसर पर आयोजित यह प्रदर्शन त्रिचंद्र कैंपस से शुरू होकर काठमांडो के आरआर कैंपस में समाप्त हुआ। प्रदर्शनकारियों ने विश्वविद्यालय की स्वायत्तता की रक्षा, छात्रों के अधिकारों की गारंटी और संगठन बनाने की स्वतंत्रता के संरक्षण की मांग करते हुए नारे भी लगाए। नेपाल छात्र संघ, अखिल नेपाल स्वतंत्र छात्र संघ और अन्य समूहों ने इसमें हिस्सा लिया।
रवांडा नरसंहार के संदिग्ध फेलिसियन काबुगा की हिरासत में मौत
रवांडा नरसंहार के संदिग्ध फेलिसियन काबुगा की 91 साल की आयु में मौत हो गई। काबुगा की मृत्यु नीदरलैंड के हेग में अस्पताल में हिरासत के दौरान हुई। संयुक्त राष्ट्र की एक अदालत ने शनिवार को बताया कि 91 वर्षीय काबुगा पर 1994 के नरसंहार में तुत्सी अल्पसंख्यक के सामूहिक नरसंहार को बढ़ावा देने और आर्थिक मदद मुहैया कराने का आरोप था। एक अनुमान के मुताबिक इस नरसंहार में आठ लाख लोग मारे गए थे। काबुगा पर मुकदमा 2022 में शुरू हुआ था। 2023 में, न्यायाधीशों ने उसे डिमेंशिया के कारण मुकदमा चलाने के लिए अयोग्य घोषित कर दिया था। दोषी पाए जाने पर काबुगा को आजीवन कारावास की सजा हो सकती थी। कोर्ट ने अस्पताल में हुई मौत के बाद परिस्थितियों की जांच का आदेश दिया है।
इतालवी शहर में चालक ने पैदल यात्रियों को रौंदा, आठ घायल, चार गंभीर
उत्तरी इतालवी शहर मोडेना में शनिवार को एक चालक ने पैदल यात्रियों को रौंद दिया। इस घटना में आठ लोग घायल हो गए, जिनमें से चार की हालत गंभीर है। स्थानीय अधिकारियों ने बताया कि दुर्घटना में कोई मौत नहीं हुई। महापौर मास्सिमो मेज़ेटी के अनुसार, एक महिला दुकान की खिड़की से दब गई, जिसके दोनों पैर काटने पड़े। 31 वर्षीय चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। अधिकारी जांच कर रहे हैं कि उसने नशे में या जानबूझकर यह कृत्य किया। चालक ने भागने का प्रयास किया लेकिन नागरिकों और पुलिस ने उसे पकड़ लिया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि उसके पास चाकू था, पर उसने किसी को नहीं मारा। इतालवी प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने घटना को 'बेहद गंभीर' बताया।
कोलंबिया के मध्य क्षेत्र में राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार एबेलार्डो दे ला एस्प्रिएला से जुड़े एक पूर्व महापौर की शनिवार को गोली मारकर हत्या कर दी गई। उनके एक सहयोगी की भी हत्या हुई। स्थानीय अधिकारियों के मुताबिक रोजर्स देविया और उनके कर्मचारी एडेर कार्डोना की हत्या राजनीतिक हिंसा की नवीनतम घटना है। यह क्षेत्र दो आतंकवादी समूहों और FARC के एक अलग समूह के बीच विवादित है। देविया की हत्या क्यूबरल के ग्रामीण इलाके में बंदूकधारियों के हमले में हुई। उन्होंने 2020 से 2023 तक इस शहर पर शासन किया था, जो राजधानी बोगोटा से 170 किलोमीटर दक्षिण में है। पब्लिक डिफेंडर कार्यालय ने कहा कि ये हत्याएं 31 मई को होने वाले राष्ट्रपति चुनावों से पहले लोकतांत्रिक भागीदारी को नुकसान पहुंचा सकती हैं। आंतरिक मंत्री आर्मंडो बेनेडेटी ने बताया कि हमले का कारण अज्ञात है। पुलिस ने हाल ही में उसी शहर में एक अन्य उम्मीदवार के कर्मचारी पर हमले को रोका था।
वेनेजुएला सरकार ने निकोलस मादुरो के करीबी सहयोगी एलेक्स साब को अमेरिका निर्वासित किया है, जहां उसे न्यायिक कार्रवाई का सामना करना होगा। यह कैदी अदला-बदली में राष्ट्रपति जो बाइडेन द्वारा माफी दिए जाने के तीन साल बाद हुआ। सरकार ने निर्वासन का स्थान नहीं बताया, पर यह अमेरिकी आपराधिक जांचों पर आधारित है। एसोसिएटेड प्रेस ने फरवरी में बताया कि अभियोजक साब की भूमिका की जांच कर रहे हैं। यह जांच वेनेजुएला के खाद्य आयात ठेकों से जुड़ी रिश्वतखोरी की साजिश से संबंधित है। साब ने सरकारी ठेकों से संपत्ति अर्जित की थी, जिसे अमेरिकी अधिकारी मादुरो का 'बैग मैन' बताते थे। नए वेनेजुएला नेतृत्व के सत्ता में आने के बाद साब का प्रभाव कम हो गया। उससे अपने पूर्व संरक्षक के खिलाफ गवाही देने के लिए कहा जा सकता है।
कांगो के पूर्वी इटुरी प्रांत में इबोला बीमारी के नए प्रकोप से कम से कम 80 लोगों की मौत हो चुकी है। अधिकारियों ने बताया कि स्वास्थ्यकर्मी बीमारी को रोकने के लिए स्क्रीनिंग और संपर्क ट्रेसिंग तेज कर रहे हैं। शुक्रवार को इस प्रकोप की घोषणा की गई थी, तब 65 मौतें और 246 संदिग्ध मामले थे। कांगो के स्वास्थ्य मंत्री सैमुअल-रोजर काम्बा ने आठ प्रयोगशाला-पुष्टि मामलों की जानकारी दी, जिनमें चार मौतें शामिल हैं। परीक्षणों में बंडिबुग्यो वायरस की पुष्टि हुई है। यह कांगो में इबोला का 17वां प्रकोप है। इबोला अत्यधिक संक्रामक और अक्सर घातक होता है। युगांडा ने 14 मई को कंपाला में कांगो से आए एक इबोला मामले की पुष्टि की थी। केन्या ने भी क्षेत्रीय यात्रा के कारण मध्यम जोखिम बताया है। कांगो को प्रकोपों के प्रबंधन का अनुभव है, लेकिन उसे अक्सर रसद संबंधी चुनौतियों का सामना करना पड़ता है।
एक फ्रांसीसी न्यायाधीश को पत्रकार जमाल खशोगी की 2018 में हुई हत्या का मामला सौंपा गया है। वे सऊदी क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान के खिलाफ शिकायत की जांच करेंगे। शनिवार को सामने आए इस अपडेट के मुताबिक यह शिकायत ट्रायल इंटरनेशनल और रिपोर्टर्स विदाउट बॉर्डर्स ने दायर की है। समूह क्राउन प्रिंस पर खशोगी की यातना और जबरन गायब करने में मिलीभगत का आरोप लगाते हैं। खशोगी की अक्टूबर 2018 में इस्तांबुल में सऊदी वाणिज्य दूतावास के अंदर हत्या कर दी गई थी। उनका शव कभी नहीं मिला। पेरिस अपील न्यायालय ने 11 मई के फैसले में शिकायतों को स्वीकार्य माना। न्यायालय ने मामले को मानवता के खिलाफ अपराध के रूप में वर्गीकृत करने की संभावना को खारिज नहीं किया। जांच का मतलब यह नहीं कि प्रिंस मोहम्मद पर आरोप लगा है, बल्कि न्यायाधीश आगे की कार्रवाई की संभावना देखेंगे। प्रिंस मोहम्मद ने हत्या का आदेश देने से इन्कार किया है, पर कहा कि यह उनकी देखरेख में हुआ।
भारतीय नौसेना का जहाज सुनयना शुक्रवार को तीन दिवसीय यात्रा पर कोलंबो बंदरगाह पहुंचा। यह यात्रा हिंद महासागर क्षेत्र में इसकी वर्तमान परिचालन तैनाती का हिस्सा है। श्रीलंकाई नौसेना के अनुसार, यह जहाज आईओएस सागर पहल के तहत पहुंचा है। इस बहुराष्ट्रीय अभियान में भारत के साथ श्रीलंका सहित 16 मित्र देशों का संयुक्त चालक दल शामिल है।
मालदीव में शनिवार को गोताखोरों ने पानी के नीचे एक गहरी गुफा में लापता इटली के चार गोताखोरों की तलाश फिर शुरू की। खराब मौसम के कारण शुक्रवार को इस अभियान में बाधा आई थी। यह समूह को वावू एटोल में करीब 50 मीटर की गहराई पर एक गुफा की खोज के दौरान हादसे का शिकार हो गया। पीड़ितों की पहचान मोंटेफाल्कोन, उनकी बेटी जियोर्जिया सोमाकल, फेडेरिको गुआल्टिएरी, मूरियल ओडेनिने और इंस्ट्रक्टर जियानलूका बेनेडेटी के रूप में की है। बेनेडेटी का शव बरामद कर लिया गया है।
नेपाल के अनुभवी पर्वतारोही कामी रीता शेरपा ने रविवार को इतिहास रच दिया। उन्होंने दुनिया की सबसे ऊंची चोटी माउंट एवरेस्ट पर 32वीं बार चढ़ाई पूरी की। इसके साथ ही उन्होंने सबसे ज्यादा बार एवरेस्ट फतह करने का अपना ही विश्व रिकॉर्ड तोड़ दिया। 56 साल के कामी रीता रविवार सुबह 10:12 बजे 8,849 मीटर ऊंची चोटी पर पहुंचे। वह '14 पीक्स एक्सपीडिशन' दल का नेतृत्व कर रहे थे। पर्यटन विभाग ने इस सफलता पर उन्हें बधाई दी। कामी रीता का जन्म जनवरी 1970 में सोलुखुम्बु जिले में हुआ था। उन्होंने 1992 में पर्वतारोहण को पेशे के रूप में चुना और पहली बार 1994 में एवरेस्ट फतह किया। इससे पहले 27 मई 2025 को उन्होंने अपनी 31वीं चढ़ाई पूरी की थी। इसी रविवार को 'माउंटन क्वीन' ल्हाकपा शेरपा ने भी नया कीर्तिमान बनाया। वह 11वीं बार एवरेस्ट की चोटी पर पहुंचीं। उन्होंने महिलाओं में सबसे ज्यादा बार चढ़ाई करने का अपना ही रिकॉर्ड तोड़ा। ल्हाकपा सुबह 9:30 बजे चोटी पर पहुंचीं। इन दोनों पर्वतारोहियों की उपलब्धि ने नेपाल का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ऊंचा किया है।
रूस पर यूक्रेन ने बड़ा ड्रोन हमला किया है। स्थानीय अधिकारियों के मुताबिक, रात भर चले इस हमले में चार लोगों की जान चली गई। इनमें से तीन लोगों की मौत मॉस्को के पास हुई है। स्थानीय गवर्नर आंद्रेई वोरोब्योव ने बताया कि मॉस्को के उत्तर-पश्चिम में स्थित खिमकी शहर में एक ड्रोन घर से टकरा गया। इस हादसे में एक महिला की मौत हो गई। राजधानी के उत्तर में स्थित पोगोरेल्की गांव में भी दो पुरुषों की जान चली गई।
मॉस्को शहर में इस हमले के कारण कम से कम 12 लोग घायल हुए हैं। मेयर सर्गेई सोबयानिन ने जानकारी दी कि इनमें से ज्यादातर लोग शहर की तेल रिफाइनरी के प्रवेश द्वार के पास घायल हुए। इसके अलावा, सीमावर्ती क्षेत्र बेलगोरोद में भी एक व्यक्ति की मौत हुई है। रूसी रक्षा मंत्रालय ने बताया कि उनकी वायु रक्षा प्रणालियों ने रूस के ऊपर कुल 556 ड्रोन नष्ट किए हैं। यह हमला युद्ध की शुरुआत के बाद से रूस पर हुए सबसे बड़े हमलों में से एक माना जा रहा है। अधिकारियों ने हमले के बाद सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी है।
पाकिस्तान के उत्तर-पश्चिम इलाके में सुरक्षा बलों ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच आतंकवादियों को मार गिराया है। पुलिस ने रविवार को इस मुठभेड़ की जानकारी दी। यह ऑपरेशन शनिवार देर रात खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के अशांत बन्नू जिले में चलाया गया। क्षेत्रीय पुलिस अधिकारी (RPO) सज्जाद खान ने बताया कि यह कार्रवाई खुफिया जानकारी के आधार पर की गई। हाल ही में जिले के फतेह खेल इलाके में एक पुलिस चौकी पर हमला हुआ था। 10 मई को हुए उस हमले में 15 सुरक्षाकर्मी मारे गए थे और कई घायल हुए थे। हालांकि, किसी भी समूह ने उस हमले की जिम्मेदारी नहीं ली थी।
RPO खान ने कहा कि मारे गए आतंकवादी सुरक्षा बलों, आतंकवाद विरोधी विभाग (CTD) और आम नागरिकों पर हमलों में शामिल थे। संघीय गृह मंत्री मोहसिन नकवी ने आतंकवादियों को खत्म करने के लिए खैबर पख्तूनख्वा पुलिस की तारीफ की है। साल 2025 की एक रिपोर्ट के मुताबिक, पाकिस्तान में आतंकवाद का सबसे ज्यादा असर खैबर पख्तूनख्वा प्रांत पर ही पड़ा है। सुरक्षा बल अब भी इलाके में तलाशी अभियान चला रहे हैं।