फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   World ›   world updates in hindi 18 dec tibet earthquake global news srilanka flood israel america gaza china

World: ताइवान में भूकंप से हिली धरती; अमेरिका में विमान दुर्घटना की जांच कर रहा संघीय विमानन प्रशासन

Thu, 18 Dec 2025 02:18 AM IST
हिमांशु चंदेल वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला
वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला Published by: हिमांशु चंदेल Updated Thu, 18 Dec 2025 02:18 AM IST
विज्ञापन
world updates in hindi 18 dec tibet earthquake global news srilanka flood israel america gaza china
दुनिया की बड़ी खबरें - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स

तिब्बत में बुधवार को भूकंप के दो झटके दर्ज किए गए। नेशनल सेंटर फॉर सिस्मोलॉजी के अनुसार, देर रात 9:34 बजे 3.8 तीव्रता का भूकंप आया, जिसका केंद्र 90 किलोमीटर की गहराई पर था। इससे पहले सुबह 10:19 बजे 4.2 तीव्रता का एक और भूकंप दर्ज किया गया, जिसकी गहराई मात्र 10 किलोमीटर थी, जिससे क्षेत्र में आफ्टरशॉक की आशंका बनी रही। विशेषज्ञों के अनुसार, तिब्बती पठार भूकंपीय रूप से बेहद सक्रिय है क्योंकि यहां भारतीय और यूरेशियन प्लेटों का टकराव होता है। इसी टकराव से हिमालय का निर्माण हुआ है और समय-समय पर भूकंप आते रहते हैं। उथले भूकंप ज्यादा खतरनाक माने जाते हैं क्योंकि इनके झटके सतह पर ज्यादा तीव्रता से महसूस होते हैं। हालांकि, इन भूकंपों से किसी तरह के जान-माल के नुकसान की तत्काल सूचना नहीं है।

विज्ञापन


म्यांमार में 4.4 तीव्रता का भूकंप
म्यांमार में गुरुवार को 4.4 तीव्रता का भूकंप आया। यह भूकंप 100 किलोमीटर की गहराई में महसूस किया गया। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (एनसीएस) के बयान के अनुसार, भूकंप तीव्रता की तीव्रता 4.4 थी। यह सुबह छह बजकर चार मिनट पर आया। इसके पहले 13 दिसंबर को इस क्षेत्र में 3.9 तीव्रता का भूकंप आया था, जिसकी गहराई 115 किलोमीटर थी। 
विज्ञापन


पुलित्जर पुरस्कार विजेता संवाददाता पीटर अर्नेट का निधन
वियतनाम के धान के खेतों से लेकर इराक के रेगिस्तानों तक युद्धों की प्रत्यक्ष रिपोर्टिंग दुनिया तक पहुंचाने वाले, गोलियों और बमों से बचते हुए दशकों तक काम करने वाले पुलित्जर पुरस्कार विजेता पत्रकार पीटर अर्नेट का 91 वर्ष की आयु में निधन हो गया।
विज्ञापन
विज्ञापन


एसोसिएटेड प्रेस के लिए वियतनाम युद्ध की रिपोर्टिंग पर 1966 में अंतरराष्ट्रीय रिपोर्टिंग का पुलित्जर पुरस्कार जीतने वाले अर्नेट का बुधवार को न्यूपोर्ट बीच में निधन हुआ। उनके बेटे एंड्रयू अर्नेट ने बताया कि उस समय वे दोस्तों और परिवार से घिरे हुए थे। प्रोस्टेट कैंसर से पीड़ित अर्नेट शनिवार को अस्पताल में भर्ती हुए थे।

वायर सेवा संवाददाता के रूप में अर्नेट 1962 से 1975 में युद्ध समाप्त होने तक वियतनाम में रिपोर्टिंग करते रहे और उस दौरान वे मुख्य रूप से अन्य पत्रकारों के बीच ही जाने जाते थे। हालांकि 1991 में सीएनएन के लिए पहले खाड़ी युद्ध की लाइव रिपोर्टिंग करने के बाद वे आम लोगों के बीच भी एक जाना-पहचाना नाम बन गए।

अमेरिका: रिहायशी इलाके में विमान दुर्घटनाग्रस्त, पायलट घायल, जांच कर रहा एफएए
अमेरिका के न्यू हैम्पशायर राज्य के दक्षिणी हिस्से में एक रिहायशी इलाके में एक छोटा विमान  बुधवार को दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में पायलट घायल हुआ और उसे अस्पताल ले जाया गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। 

बुधवार दोपहर आपातकालीन टीमों ने नाशुआ शहर में एक रिहायशी परिसर के पार्किंग क्षेत्र में विमान को बर्फ में उल्टा पड़ा हुआ पाया। यह इलाका जंगल से घिरा हुआ है। पुलिस के मुताबिक, विमान में केवल पायलट ही मौजूद था और वही अकेला व्यक्ति घायल हुआ है। इस मामले की जांच संघीय विमानन प्रशासन (एफएए) कर रहा है।

एफएए ने बताया कि वेलोसिटी वी-ट्विन विमान पास के नाशुआ हवाई अड्डे से स्थानीय समय के अनुसार करीब 2:10 बजे उड़ान भरने के थोड़ी देर बाद ही कैननगेट कॉन्डोमिनियम इलाके में दुर्घटनाग्रस्त हो गया।

इस्राइल ने गाजा के रिहायशी इलाके में दागे मोर्टार, 10 लोग घायल
इस्राइल की सेना ने बुधवार को गाजा पट्टी के एक फलस्तीनी रिहायशी इलाके में मोर्टार गोला दागा। इस घटना में कम से कम 10 लोगों के घायल होने की पुष्टि स्वास्थ्य अधिकारियों ने की है। इस्राइली सेना ने कहा कि यह फायरिंग संघर्षविराम समझौते में तय की गई तथाकथित ‘येलो लाइन’ के पास एक सैन्य अभियान के दौरान हुई। सेना के मुताबिक मोर्टार अपने तय लक्ष्य से भटक गया, हालांकि यह नहीं बताया गया कि लक्ष्य क्या था। सेना ने घटना की जांच शुरू कर दी है। गाजा सिटी के अल-अहली अस्पताल के निदेशक फादेल नईम ने बताया कि घायल सभी लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गौरतलब है कि 10 अक्टूबर से लागू संघर्षविराम के बाद यह पहली घटना नहीं है, जब येलो लाइन के बाहर इस्राइली फायरिंग से नागरिक हताहत हुए हों। फलस्तीनी स्वास्थ्य अधिकारियों के अनुसार संघर्षविराम के बाद अब तक इस्राइली कार्रवाई में 370 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। इस्राइल का कहना है कि उसने हमास की उल्लंघनों के जवाब में कार्रवाई की है, जबकि फलस्तीनी पक्ष का आरोप है कि लाइन के स्पष्ट रूप से चिन्हित न होने के कारण आम नागरिक निशाना बन रहे हैं।

श्रीलंका को भारत ने भेजी और राहत सामग्री
भारत ने बाढ़ और भूस्खलन से प्रभावित श्रीलंका को राहत पहुंचाने के प्रयास तेज करते हुए 50 टन से अधिक अतिरिक्त सूखा राशन भेजा है। भारतीय उच्चायोग के मुताबिक 'ऑपरेशन सागर बंधु' के तहत अब तक श्रीलंका को कुल 1,134 टन से ज्यादा मानवीय सहायता दी जा चुकी है। इसमें सूखा राशन, टेंट, तिरपाल, स्वच्छता किट, कपड़े, जल शुद्धिकरण प्रणाली और 14.5 टन दवाइयां व सर्जिकल उपकरण शामिल हैं। भारत की ओर से एनडीआरएफ की दो टीमें, सेना का फील्ड अस्पताल और बीएचआईएसएचएम आरोग्य मैत्री क्यूब्स के जरिए प्रभावित इलाकों में इलाज और राहत कार्य किया गया। अब तक 7,000 से अधिक मरीजों को चिकित्सा सहायता दी गई है। इसके अलावा, कनेक्टिविटी बहाल करने के लिए बेली ब्रिज के उपकरण और इंजीनियर भेजे गए। चक्रवाती तूफान डिटवाह के कारण श्रीलंका में आई भीषण आपदा के बीच भारत की यह मदद दोनों देशों के मजबूत रिश्तों को दर्शाती है।

एमआईटी के प्रोफेसर की घर में घुसकर हत्या
मैसाचुसेट्स इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (एमआईटी) के एक प्रोफेसर की मैसाचुसेट्स के ब्रूकलिन में उनके घर पर गोली मारकर हत्या कर दी गई। पीड़ित की पहचान नूनो एफ. जी. लौरिरो (47) के रूप में हुई है, जो एमआईटी के प्लाज्मा साइंस एंड फ्यूजन सेंटर के निदेशक थे। ब्रूकलिन पुलिस को सोमवार देर रात एक प्राइवेट घर में एक ऐसे आदमी के बारे में रिपोर्ट मिली जिसे गोली लगी थी। एजेंसी

म्यांमार सेना ने कहा, आंग सान सू ची स्वस्थ, बेटे ने मांगा प्रमाण
 म्यांमार की सेना ने कहा कि पूर्व नेता आंग सान सू ची (80) स्वास्थ्य स्थिति में हैं। लेकिन उनके बेटे किम एरिस ने उनकी हालत को लेकर गंभीर चिंता जताई है। एरिस ने कहा कि पिछले कई साल से मेरा मेरी मां से कोई संपर्क नहीं हुआ और न ही हमारे निजी डॉक्टर की उनसे मुलाकात हुई है। मुझे आशंका है कि उन्हें नेपीतॉ में सबसे अलग रखा गया है। अगर ऐसा नहीं है, तो वह सेना उनके स्वस्थ होने का प्रमाण दें।

रैपर के फ्लॉक को गोलीबारी मामलों में 30 साल की सजा
अमेरिकी रैपर के फ्लॉक (केविन पेरेज) को ब्रॉन्क्स में 2020-21 के बीच हुई कई गोलीबारी घटनाओं में दोषी पाए जाने पर 30 साल की सजा सुनाई गई है। 22 वर्षीय रैपर पर चार अलग-अलग घटनाओं में कई लोगों को घायल करने और एक गैंग का मुखिया बनने का आरोप था। जज लुइस लिमन ने कहा कि पेरेज ने सोशल मीडिया पर हिंसा को बढ़ावा दिया और युवा प्रशंसकों को गलत संदेश दिया। मार्च में उन्हें रैकेटियरिंग साजिश और हत्या के प्रयास सहित कई आरोपों में दोषी ठहराया गया था।

कोलंबिया में विद्रोहियों के हमले में दो पुिलस अफसरों की मौत
कोलंबिया के काली में नेशनल लिबरेशन आर्मी (ईएलएन) विद्रोहियों के हमले में दो पुलिस अधिकारियों की मौत हो गई। दोनों अधिकारी बाइक पर गश्त कर रहे थे, तभी सड़क किनारे लगाए बम से निशाना बनाया गया। घटना से पहले ईएलएन ने कैरेबियन में अमेरिकी सैन्य तैनाती के विरोध में 72 घंटे का आर्म्ड स्ट्राइक शुरू किया। अधिकारियों के मुताबिक, सप्ताहांत में पुलिस स्टेशन व सैन्य ठिकानों पर भी हमले हुए, जिनमें एक एंबुलेंस चालक की मौत हुई।

बक रॉजर्स स्टार गिल जेरार्ड का 82 साल की उम्र में कैंसर से निधन
अमेरिकी अभिनेता गिल जेरार्ड का 82 साल की उम्र में निधन हो गया। उन्होंने 1979 की साइ-फाई सीरीज बक रॉजर्स इन 25 सेंचुरी में मुख्य भूमिका निभाई थी। जेरार्ड की पत्नी जेनेट ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में बताया कि जेरार्ड को कैंसर था। पिछले कुछ दिनों से उनकी तबीयत ज्यादा बिगड़ने लगी थी। उनके साथ बिताया गया समय मेरे लिए कभी पर्याप्त नहीं हो सकता। जेरार्ड के आधिकारिक फेसबुक पेज पर साझा एक संदेश में अभिनेता ने अपनी जीवन यात्रा को अद्भुत बताया था। उन्होंने लोगों से केवल वही करने की अपील की जिससे उन्हें प्रेम व उत्साह की अनुभूति हो।

ताइवान में भूकंप से हिली धरती, रिक्टर स्केल पर 5.1 रही तीव्रता; कोई हताहत नहीं

ताइवान के मौसम विभाग ने बताया कि गुरुवार को पूर्वी ताइवान के हुआलियन शहर से 18 किलोमीटर दूर 5.1 तीव्रता का भूकंप आया, लेकिन तत्काल किसी प्रकार के नुकसान की कोई रिपोर्ट नहीं है।

भूकंप से राजधानी ताइपे में इमारतें कुछ देर के लिए हिल गईं। मौसम विभाग के अनुसार, भूकंप की गहराई 31.6 किलोमीटर थी। ताइवान भूकंपों के प्रति संवेदनशील है। 2016 में दक्षिणी ताइवान में आए भूकंप में 100 से अधिक लोग मारे गए थे, जबकि 1999 में 7.3 तीव्रता के भूकंप में 2,000 से अधिक लोग मारे गए थे। 
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get latest World News headlines in Hindi related political news, sports news, Business news all breaking news and live updates. Stay updated with us for all latest Hindi news.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed