वर्ल्ड अपडेट्स: अमेरिका-रूस वार्ता से पहले यूक्रेन में फिर तबाही, बिजली-पानी की सप्लाई ठप; पांच लोग घायल
यूरोप में डेटा सेंटर विरोधी आंदोलन तेज हो गया है। एम्स्टर्डम में माइक्रोसॉफ्ट के नए डेटा सेंटर के निर्माण स्थल पर प्रदर्शनकारी घुस गए। कुछ क्रेन पर चढ़कर फ्लेयर जलाए, वहीं अन्य पुलिस से भिड़ गए। यह यूरोप में बढ़ते डेटा सेंटर विरोधी आंदोलन की नई लहर है। शुक्रवार को प्रदर्शनकारी समूह गीफ टेगेंगास के नाथन टिमर ने कहा कि आंदोलन में शामिल जनता डेटा सेंटर निर्माण रोकने का प्रयास कर रही है। टिमर ने कहा, इसकी जरूरत नहीं है, इसका निर्माण एआई के युद्ध और जनता की निगरानी के मकसद से हो रहा है। डच पुलिस ने 150-200 लोगों को हिरासत में लिया। माइक्रोसॉफ्ट ने शांतिपूर्ण विरोध का सम्मान किया, लेकिन अवैध कार्यों का समर्थन नहीं किया। जर्मनी, पोलैंड, इटली समेत 15 यूरोपीय देशों में शुक्रवार व शनिवार को डेटा सेंटरों के खिलाफ प्रदर्शन हुए। इटली में 10 अक्तूबर को मिलान में 1,000 से अधिक लोगों ने नए प्रोजेक्टों पर रोक की मांग के साथ राष्ट्रीय प्रदर्शन किया। पीडब्ल्यूसी के अनुसार, यूरोप में 2026-2050 तक डेटा सेंटर पर 5.6 ट्रिलियन डॉलर का निवेश अनुमानित है।
20 साल में दाढ़ी पहुंची 5 फीट पार, बना विश्व रिकॉर्ड
अमेरिका के 54 वर्षीय मैथ्यू हे ने 5 फीट 3 इंच लंबी प्राकृतिक दाढ़ी से गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया है। कंसास के रहने वाले मैथ्यू ने करीब 20 साल से दाढ़ी नहीं कटवाई। बच्चों के कहने पर उन्होंने इसकी चोटी बनाई थी, जो धीरे-धीरे प्राकृतिक रूप से एक लट में बदल गई। दाढ़ी हर साल तीन से चार इंच बढ़ती रही और अब जमीन तक पहुंचती है। इसे वह मोड़कर बांध लेते हैं। इससे पहले यह रिकॉर्ड 3 फीट 6 इंच लंबी दाढ़ी वाले रूडोल्फ के नाम था। मैथ्यू की फिलहाल दाढ़ी कटवाने की कोई योजना नहीं है। अब ये उनकी दिनचर्या का हिस्सा बन चुका है।
डोनाल्ड ट्रंप ने व्हाइट हाउस में मनाई दिवाली, 2003 में शुरू हुई थी परंपरा
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शुक्रवार को व्हाइट हाउस में दिवाली समारोह में भाग लिया। इस अवसर पर अमेरिका में भारत के राजदूत विनय क्वात्रा ओवल ऑफिस में मौजूद थे। व्हाइट हाउस में दिवाली मनाने की यह परंपरा 2003 में राष्ट्रपति जॉर्ज डब्ल्यू बुश ने शुरू की थी। शुरुआत में, ये समारोह आइजनहावर एक्जीक्यूटिव ऑफिस बिल्डिंग में होते थे। इनमें भारतीय अमेरिकी समुदाय के सदस्य और भारतीय राजनयिक शामिल होते थे। 2009 में राष्ट्रपति बराक ओबामा व्हाइट हाउस में दीया जलाने वाले पहले राष्ट्रपति बने। यह समारोह ईस्ट रूम में आयोजित किया गया था। तब से, दीया जलाने के समारोह व्हाइट हाउस के विभिन्न स्थानों पर होते रहे हैं। इनमें ओवल ऑफिस और रूजवेल्ट रूम भी शामिल हैं।
ह्यूस्टन ICE से सहयोग सीमित करेगा, नया आव्रजन मॉडल लागू
अमेरिका के ह्यूस्टन में पहली बार डेमोक्रेट्स के हाथों में प्रशासन है। मेयर जॉन व्हिटमायर ने घोषणा की है कि ह्यूस्टन संघीय आव्रजन अधिकारियों (ICE) के साथ सहयोग सीमित करेगा। दशकों में पहली बार टेक्सास में डेमोक्रेट्स को सत्ता मिली है। मध्यावधि चुनाव में जीत के बाद ये आव्रजन प्रवर्तन का ये "नया मॉडल" है। शुक्रवार को (अमेरिकी समय) मेयर व्हिटमायर ने कहा कि शहर केवल खतरनाक प्रवासियों पर कार्रवाई करेगा। पारिवारिक कारोबार, काम और शिक्षा में लगे लोगों पर नहीं। मामूली यातायात घटनाओं पर ICE से कोई संपर्क नहीं होगा, खासकर अहिंसक और गैर-जमानती अपराधों के लिए। इससे प्रवासियों में भय और चिंता कम होगी। यह कदम ICE की शक्तियों पर अंकुश लगाने के शुरुआती प्रयासों में से एक है। ट्रंप प्रशासन की आव्रजन कार्रवाई के खिलाफ ह्यूस्टन में विरोध प्रदर्शन हुए थे। एक ICE अधिकारी मारियो अल्बर्टो मोरालेस पर मिगुएल पार्रा हर्नांडेज को कार से टक्कर मारने का आरोप लगा, जिससे उनका पैर टूट गया था। गौरतलब है कि ट्रंप प्रशासन के साथ संघीय आव्रजन कानूनों को लागू करने में सहयोग कर रहे टेक्सास के गवर्नर ग्रेग एबॉट डेमोक्रेट जीना हिनोजोसा से हार गए।
यमन: हवाई हमले में 30 लोगों की मौत, 8 घायल
यमन के दक्षिण-पश्चिमी हिस्से में शुक्रवार को हुए हवाई हमलों में एक बाजार को निशाना बनाया गया। ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों के एक अधिकारी के अनुसार, इन हमलों में कम से कम 30 लोग मारे गए और आठ अन्य घायल हो गए। यह हूतियों और सऊदी समर्थित सरकारी बलों के बीच लड़ाई फिर से शुरू होने के बाद सबसे घातक हमलों में से एक है। ताइज प्रांत के अल-वाजिया में स्थित इस बाजार पर हुए हमले की जिम्मेदारी को लेकर यमन की सऊदी समर्थित सेना और हूती विद्रोहियों ने एक-दूसरे पर आरोप लगाए। हूती सैन्य प्रवक्ता याह्या सारी ने सऊदी अरब को दोषी ठहराया, जबकि ताइज में यमनी सरकार से जुड़े अधिकारियों ने हूतियों को जिम्मेदार बताया। ताइज का अधिकांश हिस्सा हूतियों के नियंत्रण में है और उन्होंने प्रांतीय राजधानी को घेर रखा है, जिससे नागरिकों को पानी और भोजन की कमी का सामना करना पड़ रहा है।
यूरोप में बम की नई धमकियां, उड़ानों और ब्रॉडकास्टरों के बीच चिंता बढ़ी
यूरोप में धमकियों का नया मामला सामने आया है। शुक्रवार को कई उड़ानों और तीन ब्रॉडकास्टरों को बम की नई धमकियां मिलें। इन धमकियों ने चिंता बढ़ा दी है, हालांकि कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली और कोई घायल नहीं हुआ। यूरोपीय हवाई यातायात प्राधिकरण के अनुसार, विमानन में न्यूनतम व्यवधान आया। यूरोकंट्रोल ने गुरुवार को 14 उड़ानों और मंगलवार को 7 उड़ानों को धमकी मिलने की पुष्टि की। यूरोपीय संघ के परिवहन आयुक्त अपोस्टोलोस त्ज़ित्ज़िकोस्टास ने शुक्रवार को 11 और धमकियों की सूचना दी। ब्रिटेन के रॉबर्ट जॉर्डन ने कहा कि एयरलाइंस यात्रियों की सुरक्षा के लिए हर धमकी को गंभीरता से लेती हैं। उन्होंने बताया कि सुरक्षित मैसेजिंग एप के कारण धमकियां देना अब आसान हो गया है। त्ज़ित्ज़िकोस्टास ने ब्रुसेल्स में कहा कि सुरक्षा विशेषज्ञ अगले सप्ताह उपायों पर चर्चा करेंगे। यात्रियों की सुरक्षा और यूरोपीय विमानन का सुचारु संचालन हमारी प्राथमिकता है।
रूस का कीव पर मिसाइल हमला, पांच लोग घायल
यूक्रेन की राजधानी कीव पर शनिवार तड़के रूस ने मिसाइल हमला किया, जिसमें कम से कम पांच लोग घायल हो गए। हमले में कई घरों और व्यावसायिक इमारतों को नुकसान पहुंचा। बिजली और पानी की आपूर्ति भी प्रभावित हुई। इस बीच, रूस, यूक्रेन और अमेरिका के प्रतिनिधि मंगलवार को अबू धाबी में युद्ध खत्म करने के लिए बातचीत करेंगे। यह ट्रंप प्रशासन की मध्यस्थता में चौथे दौर की वार्ता होगी। वहीं, दक्षिणी यूक्रेन के कोमिशुवाखा गांव में रूसी हमले के बाद राहत अभियान जारी है। यहां एक पूर्व स्कूल पर बमबारी में 55 लोगों की मौत हुई थी और कई अब भी लापता हैं।