फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   World ›   World Updates AI Danger US Trump Iran West Asia Russia Ukraine Tension PAK china Nepal Politics crime news

विदेश के समाचार: अमेरिकी विदेश मंत्री रूबियो बोले- हमने रूसी राष्ट्रपति पुतिन को दिया जी20 का न्योता

Wed, 23 Sep 2026 10:13 PM IST
ज्योति भास्कर वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला।
वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला। Published by: ज्योति भास्कर Updated Wed, 23 Sep 2026 10:13 PM IST
विज्ञापन
World Updates AI Danger US Trump Iran West Asia Russia Ukraine Tension PAK china Nepal Politics crime news
world updates - फोटो : अमर उजाला

अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने कहा, "हमने राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को जी20 में आमंत्रित किया है। हमारा मानना है कि यह उनके लिए न केवल राष्ट्रपति के साथ, बल्कि अन्य विश्व नेताओं के साथ भी बातचीत करने का एक अवसर है। हमें उम्मीद है कि वह इस निमंत्रण को स्वीकार करेंगे।"

विज्ञापन


हमास के वित्तीय नेटवर्क पर इस्राइली सेना की बड़ी कार्रवाई, खान यूनिस में प्रमुख कमांडर ढेर
इस्राइली सेना ने दक्षिणी गाजा शहर खान यूनिस में एक लक्षित अभियान के दौरान हमास के वित्त विभाग के प्रमुख मुहम्मद अबू अलवान को मार गिराया है। यह जानकारी इस्राइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और रक्षा मंत्री इस्राइल काट्ज ने दी। प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से जारी संयुक्त बयान में नेतन्याहू और काट्ज ने कहा कि यह लक्षित हमला इस्राइल डिफेंस फोर्सेज (आईडीएफ) और सुरक्षा एजेंसी के संयुक्त प्रयास से किया गया।
विज्ञापन


बयान में कहा गया, "कुछ समय पहले खान यूनिस में आईडीएफ ने हमास आतंकवादी संगठन के वित्त विभाग के प्रमुख मुहम्मद अबू अलवान को मार गिराया।" बयान में आगे कहा गया, "प्रधानमंत्री और रक्षा मंत्री ने इस सटीक अभियान और हमारे दुश्मनों को रोकने के लिए की गई आक्रामक कार्रवाई के लिए आईडीएफ और आईएसए की सराहना की।"

विज्ञापन
विज्ञापन

इथियोपिया एयरलाइंस ने तिग्रे की राजधानी के लिए उड़ानें रद्द कीं, सैनिकों ने हवाईअड्डे पर किया कब्जा
उत्तरी इथियोपिया के तिग्रे क्षेत्र में क्षेत्रीय बलों ने बुधवार सुबह हवाईअड्डे पर नियंत्रण कर लिया। इसके बाद सरकारी विमानन कंपनी इथियोपिया एयरलाइंस ने अशांत क्षेत्र के लिए अपनी उड़ानें रद्द कर दीं। इथियोपिया एयरलाइंस ने कहा कि उसने तिग्रे की राजधानी मेकेले और अक्सुम तथा शायर शहरों के लिए उड़ानें "मौजूदा स्थिति के कारण" निलंबित कर दी हैं। हालांकि, कंपनी ने इसके बारे में कोई और जानकारी नहीं दी।

एक टैक्सी चालक ने बताया कि आमतौर पर संघीय बलों के नियंत्रण में रहने वाले हवाईअड्डे पर तिग्रे पीपुल्स लिबरेशन फ्रंट के हल्के हथियारों से लैस सैनिकों ने कब्जा कर लिया। जवाबी कार्रवाई के डर से अपनी पहचान उजागर नहीं करने वाले चालक ने बताया कि एक कमांडर ने उसे हवाईअड्डे से जाने का आदेश दिया और कहा कि कोई उड़ान यहां नहीं उतरेगी। हवाईअड्डे पर कब्जा शांतिपूर्ण नजर आया। हवाईअड्डे के अंदर या आसपास गोलीबारी की कोई आवाज नहीं सुनी गई। तिग्रे पीपुल्स लिबरेशन फ्रंट ने तत्काल कोई बयान जारी नहीं किया। इस क्षेत्र के लिए किसी अन्य एयरलाइन की उड़ानें नहीं हैं। हालांकि, चार्टर्ड विमान से यहां पहुंचा जा सकता है।

सीरियाई नेता ने संयुक्त राष्ट्र में इस्राइल पर साधा निशाना
सीरिया के अंतरिम राष्ट्रपति अहमद अल-शरा ने बुधवार को संयुक्त राष्ट्र महासभा में अपने संबोधन के दौरान दक्षिणी सीरिया पर इस्राइल के कब्जे की कड़ी आलोचना की। उन्होंने कहा कि गोलन हाइट्स सीरिया का अभिन्न हिस्सा है। अल-शरा ने कहा कि करीब दो साल पहले सत्ता संभालने के बाद से इस्राइल ने सीरिया पर 500 से अधिक हवाई और तोपखाने के हमले किए हैं। उन्होंने कहा कि इस्राइल ने 1,200 बार जमीनी घुसपैठ भी की और करीब 300 लोगों को हिरासत में लिया।

अल-शरा ने गोलन हाइट्स पर इस्राइल के नियंत्रण की भी निंदा की। इस्राइल ने 1967 के मध्य-पूर्व युद्ध के दौरान सीरिया से इस क्षेत्र पर कब्जा किया था और 1981 में इसे अपने साथ मिला लिया था। 2019 में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने गोलन हाइट्स पर इस्राइल की संप्रभुता को मान्यता दी थी। इससे अमेरिका की कई दशकों से चली आ रही नीति बदल गई थी। संयुक्त राष्ट्र और अंतरराष्ट्रीय समुदाय का अधिकांश हिस्सा इस क्षेत्र को सीरिया की कब्जे वाली जमीन मानता है और गोलन के इस्राइल में विलय को मान्यता नहीं देता।

अल-शरा ने कहा, "यथास्थिति थोपने की कोई भी कोशिश हमारे देश की वैधता, हमारे कानून की संप्रभुता या अंतरराष्ट्रीय कानून की ताकत को कमजोर नहीं कर सकती। गोलन सीरिया की जमीन बना रहेगा।" असद को सत्ता से हटाए जाने के बाद से इस्राइल ने दक्षिणी सीरिया के एक हिस्से पर कब्जा कर रखा है। इस्राइल का कहना है कि यह उसके क्षेत्र पर संभावित हमलों को रोकने के लिए उठाया गया रक्षात्मक कदम है।

अमेरिका से बोइंग के 11 और विमान खरीदेगा बांग्लादेश
बांग्लादेश की सरकारी विमानन कंपनी बिमान बांग्लादेश एयरलाइंस के अधिकारियों ने बुधवार को बताया कि देश बोइंग से 11 और विमान खरीदने के लिए एक समझौता करने जा रहा है। अधिकारियों के अनुसार, इस समझौते पर गुरुवार को न्यूयॉर्क में हस्ताक्षर किए जाएंगे। यह समझौता प्रधानमंत्री तारिक रहमान की अमेरिका यात्रा के दौरान होगा। वह संयुक्त राष्ट्र महासभा के वार्षिक सत्र में हिस्सा लेने के लिए अमेरिका पहुंचे हैं।

नेपाल में भारी बारिश की चेतावनी, पीएम बालेंद्र शाह ने नागरिकों से सावधानी बरतने का किया आग्रह
नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह ने सप्ताहांत में भारी बारिश की आशंका को देखते हुए नागरिकों से सावधानी बरतने की अपील की है। यह चेतावनी शुक्रवार से रविवार तक देश के विभिन्न हिस्सों में भारी से अत्यंत भारी वर्षा, आंधी-तूफान, बिजली गिरने और बाढ़, भूस्खलन तथा सड़क अवरुद्ध होने के जोखिमों को लेकर जारी की गई है।

प्रधानमंत्री शाह, जो संयुक्त राष्ट्र महासभा के लिए अमेरिका की यात्रा पर हैं, ने 'एक्स' (पूर्व में ट्विटर) पर एक पोस्ट के माध्यम से यह जानकारी दी। उन्होंने मौसम विभाग के पूर्वानुमान का हवाला देते हुए बताया कि शुक्रवार से रविवार (25 से 27 सितंबर) के बीच देश के कई हिस्सों में बिजली कड़कने और आंधी-तूफान के साथ भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है।

इन प्रांतों में विशेष सतर्कता की आवश्यकता
मौसम विभाग के अनुसार, गंडकी और लुम्बिनी प्रांतों के कुछ स्थानों पर भारी से अत्यंत भारी वर्षा हो सकती है, जबकि एक-दो स्थानों पर अत्यधिक भारी वर्षा की भी संभावना है। इसके अलावा, कोशी, बागमती, मधेश, कर्णाली और सुदूरपश्चिम प्रांतों के कुछ हिस्सों में भी भारी से बहुत भारी वर्षा की आशंका जताई गई है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि मौसम प्रणालियों के प्रभाव के कारण, गंडकी प्रांत के पोखरा के आसपास के क्षेत्रों, लुम्बिनी के पहाड़ी और तराई क्षेत्रों, कोशी में ताप्लेजुंग सहित हिमालयी क्षेत्रों, बागमती के पहाड़ी हिस्सों, कर्णाली में जुम्ला के आसपास के क्षेत्रों और सुदूरपश्चिम के पहाड़ी क्षेत्रों में बाढ़, भूस्खलन, जलभराव और सड़क अवरुद्ध होने के जोखिमों के प्रति विशेष सतर्कता बरतने की आवश्यकता है।

हार्वे विंस्टीन को 2006 के यौन अपराध के मामले में न्यूयॉर्क में 15 साल की जेल
फिल्म निर्माता हार्वे विंस्टीन को 2006 में किए गए यौन अपराध के मामले में बुधवार को 15 साल जेल की सजा सुनाई गई। यह मामला मी टू अभियान के बाद यौन उत्पीड़न के आरोपों को लेकर चली लंबी कानूनी प्रक्रिया का हिस्सा रहा है। विंस्टीन की पहली दोषसिद्धि रद्द होने के बाद पिछले साल दोबारा मुकदमा चला, जिसमें जूरी ने उन्हें फिर एक गंभीर यौन अपराध का दोषी पाया।

विंस्टीन को टीवी प्रोडक्शन असिस्टेंट रह चुकी मिरियम हेली के साथ यौन हमला करने के मामले में सजा सुनाई गई। यह फैसला उस कानूनी प्रक्रिया के छह साल से अधिक समय बाद आया, जब उन्हें पहली बार 2020 में दोषी ठहराकर सजा सुनाई गई थी।

स्कूल गोलीबारी मामला: ओपनएआई और सैम ऑल्टमैन पर मुकदमा
कनाडा के ब्रिटिश कोलंबिया प्रांत ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस दिग्गज कंपनी ओपनएआई और उसके मुख्य कार्यकारी अधिकारी सैम ऑल्टमैन के खिलाफ अमेरिकी संघीय अदालत में मुकदमा दायर किया है। याचिका में आरोप लगाया गया है कि कंपनी फरवरी माह में देश के सबसे भीषण स्कूल गोलीबारी कांडों में से एक को अंजाम देने वाली 18 वर्षीय हमलावर की हिंसक चैटजीपीटी गतिविधियों के बारे में कानून प्रवर्तन एजेंसियों को सचेत करने में पूरी तरह विफल रही। सैन फ्रांसिस्को स्थित फेडरल डिस्ट्रिक्ट कोर्ट में दायर मुकदमे के अनुसार, ओपनएआई की ह्यूमन रिव्यू टीम द्वारा चिन्हित किए जाने के बावजूद कंपनी ने हमलावर की संदेहास्पद चैट के बारे में सुरक्षा अधिकारियों को कोई सूचना नहीं दी।

जून 2025 में ही सिस्टम ने पकड़ा था खाता, पुलिस को नहीं दी सूचना
मुकदमे में आरोप लगाया गया है कि ओपनएआई के स्वचालित निगरानी तंत्र (ऑटोमेटेड मॉनिटरिंग सिस्टम) ने जून 2025 में ही हमलावर के खाते को अपनी आंतरिक समीक्षा टीम के पास भेज दिया था। यह टीम ऐसे उपयोगकर्ताओं की निगरानी करती है जो "हिंसा की योजना बना रहे हों। समीक्षा टीम ने इस मामले को 'रॉयल कैनेडियन माउंटेड पुलिस' (आरसीएमपी) को संदर्भित करने की स्पष्ट सिफारिश की थी, लेकिन ओपनएआई के शीर्ष नेतृत्व ने इस सिफारिश को खारिज कर दिया।

प्रधानमंत्री मोदी के दिसंबर में कनाडा दौरा
कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दिसंबर में कनाडा दौरे पर आने की उम्मीद है।  दोनों देश 2026 के अंत तक व्यापार समझौते को अंतिम रूप देने की कोशिश कर रहे हैं। कनाडा के प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत के साथ व्यापार वार्ता में अच्छी प्रगति हो रही है। उन्होंने यह भी कहा कि विभिन्न क्षेत्रों में भारत-कनाडा द्विपक्षीय संबंध बेहद महत्वपूर्ण हैं। कार्नी ने मंगलवार (स्थानीय समय) को न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र महासभा के इतर एक प्रेस ब्रीफिंग के दौरान कहा, 'भारत के साथ हमारी व्यापार वार्ता में अच्छी प्रगति हो रही है। यह कई स्तरों पर बेहद महत्वपूर्ण संबंध है। वह (प्रधानमंत्री मोदी) कनाडा का दौरा करेंगे। मैं उनकी मेजबानी को लेकर बेहद उत्सुक हूं।'

एर्दोगन ने यूएन महासभा में उठाया कश्मीर का मुद्दा
संयुक्त राष्ट्र महासभा में तुर्किये के राष्ट्रपति रेचेप तैय्यप एर्दोगन ने एक बार फिर कश्मीर का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि दक्षिण एशिया के सभी विवादों का समाधान बातचीत के जरिये होना चाहिए। इसके लिए संयुक्त राष्ट्र चार्टर और उससे जुड़े प्रस्तावों को आधार बनाया जाना चाहिए। इसमें कश्मीर का मुद्दा भी शामिल है। एर्दोगन ने कहा कि दक्षिण एशिया में कश्मीर समेत सभी विवादों को बातचीत के जरिये सुलझाने की कोशिश होनी चाहिए और इसके लिए संयुक्त राष्ट्र चार्टर और संबंधित प्रस्तावों का पालन किया जाना चाहिए। एर्दोगन का यह बयान ऐसे समय आया है जब कश्मीर मुद्दे पर भारत और पाकिस्तान के रुख में कोई बदलाव नहीं आया है। यह पहली बार नहीं है जब एर्दोगन ने संयुक्त राष्ट्र में कश्मीर का जिक्र किया है। पिछले साल सितंबर में भी उन्होंने संयुक्त राष्ट्र में अपने संबोधन में कश्मीर मुद्दे के समाधान की बात कही थी। तब उन्होंने कहा था कि कश्मीर के लोगों के हित में संयुक्त राष्ट्र के प्रस्तावों और बातचीत के आधार पर इस मुद्दे का समाधान होना चाहिए।
**न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र महासभा के पास संदिग्ध पैकेज, जांच के बाद खतरा नहीं**

UNGA के पास मिला संदिग्ध पैकेज, जांच के बाद खतरा नहीं
न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र महासभा (UNGA) के 81वें सत्र के बीच शहर के 43वें स्ट्रीट और थर्ड एवेन्यू के पास मंगलवार दोपहर करीब 3 बजे (स्थानीय समय) को एक संदिग्ध पैकेज मिलने से हड़कंप मच गया। अमेरिकी सीक्रेट सर्विस और न्यूयॉर्क सिटी पुलिस विभाग ने तुरंत कार्रवाई की। जांच के बाद पैकेज को संदिग्ध नहीं पाया गया। सीक्रेट सर्विस ने बताया कि इससे सार्वजनिक सुरक्षा को कोई खतरा नहीं था। न्यूयॉर्क सिटी पुलिस विभाग ने X पर पोस्ट कर इसकी पुष्टि की। पुलिस ने पहले 42वें से 44वें स्ट्रीट तक के इलाके को बंद कर दिया था। एक स्थानीय व्यक्ति के मुताबिक हालात असामान्य दिखे। संदिग्ध पैकेज के कारण सड़कों को बंद करना पड़ा। एक अन्य व्यक्ति ने थर्ड एवेन्यू को बम की आशंका के बाद घंटों तक काफी समय तक बंद रखा गया। जांच पूरी होने के बाद इलाके को खोल दिया गया।

शरीर में चलेगी खाने योग्य बैटरी, काम के बाद खुद घुल जाएगी
वैज्ञानिकों ने ऐसी बैटरी विकसित की है, जो शरीर के अंदर कुछ समय तक छोटे मेडिकल उपकरणों को बिजली देने के बाद धीरे-धीरे खुद ही खत्म हो जाएगी। इससे बैटरी निकालने के लिए सर्जरी की जरूरत नहीं पड़ेगी। इसका शुरुआती परीक्षण सूअरों पर सफल रहा है। मैसाचुसेट्स इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी से जुड़े जियोवानी ट्रैवर्सो और उनकी टीम ने इसे विकसित किया है। शोध नेचर केमिकल इंजीनियरिंग में प्रकाशित हुआ है। बैटरी में मैग्नीशियम और मोलिब्डेनम ट्राइऑक्साइड का इस्तेमाल किया गया है।

73% अमेरिकियों को एआई से बड़े नुकसान का डर
अमेरिका में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) को लेकर लोगों की चिंता बढ़ रही है। 73% अमेरिकियों का मानना है कि एआई बनाने वाली कंपनियां इससे होने वाले गंभीर नुकसान को रोकने के लिए पर्याप्त कदम नहीं उठा रही हैं। रॉयटर्स-इप्सोस के सर्वेक्षण में 39% लोगों ने एआई को समाज के लिए नकारात्मक बताया, जो अब तक का सबसे ऊंचा आंकड़ा है। सर्वेक्षण में 55% लोगों ने एआई के विकास की रफ्तार धीमी करने को सही बताया, जबकि 13% ने इसे गलत कहा। वहीं 73% लोगों ने कहा कि दुनिया में एआई की दौड़ में आगे रहने से ज्यादा जरूरी इसका सुरक्षित और जिम्मेदार इस्तेमाल सुनिश्चित करना है।

क्रैश फॉर कैश घोटाले में भारतीय मूल के पूर्व ब्रिटिश पुलिस अधिकारी को जेल
ब्रिटेन में भारतीय मूल के एक पूर्व पुलिस अधिकारी को क्रैश फॉर कैश घोटाले में भूमिका के लिए दोषी ठहराए जाने के बाद चार साल और पांच महीने की जेल की सजा सुनाई गई है। इस घोटाले में चोट लगने के झूठे दावे करके पैसे ऐंठे जाते थे। 42 साल का कुलदीप सिंह मेट्रोपॉलिटन पुलिस में अधिकारी था। तब वह एक ऐसे गिरोह में शामिल हुआ जो गाड़ियों की पूर्वनिर्धारित टक्कर करवाता था और बीमा कंपनियों से मुआवजे के लिए झूठे दावे करता था। कुलदीप ने इस साल की शुरुआत में अपना अपराध स्वीकार कर लिया था। उसे पांच साल के लिए कंपनी डायरेक्टर बनने से भी रोक दिया गया।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get latest World News headlines in Hindi related political news, sports news, Business news all breaking news and live updates. Stay updated with us for all latest Hindi news.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed