Updates: ब्राजील के पूर्व रक्षा मंत्री गिरफ्तार; जेलेंस्की का दावा- रूस ने उत्तर कोरियाई सैनिकों को तैनात किया
फैशन टाइकून के नाम से विख्यात स्पेन की प्रमुख फैशन कंपनी मैंगो के संस्थापक इसाक एंडिक की एक दुर्घटना में निधन हो गया है, यह जानकारी कंपनी ने शनिवार को दी। मैंगो के सीईओ टोनी रुइज़ ने एक बयान जारी कर एंडिक की विरासत को श्रद्धांजलि दी और उनके योगदान को सराहा।
मैंगो के सीईओ का बयान
जारी बयान में कहा गया इसाक एंडिक ने अपना जीवन मैंगो को समर्पित किया। उनकी रणनीतिक सोच, प्रेरक नेतृत्व और कंपनी के प्रति उनकी अडिग प्रतिबद्धता ने गहरी छाप छोड़ी। उन्होंने यह भी कहा उनकी विरासत सिर्फ एक व्यावसायिक सफलता नहीं, बल्कि उनके मानवीय गुणों, देखभाल और स्नेह का भी प्रतीक है, जिसे उन्होंने हमेशा पूरी टीम को दिया।
रुइज़ ने कहा कि एंडिक के निधन से एक "बहुत बड़ा शून्य" रह गया है और यह सबसे बड़ी श्रद्धांजलि होगी कि मैंगो उस परियोजना के रूप में आगे बढ़े, जिसे इसाक ने हमेशा अपनी आकांक्षाओं और गर्व से जोड़ा था।
अमेरिकी प्रतिनिधि सभा की पूर्व अध्यक्ष नैन्सी पेलोसी (84) ने लक्जमबर्ग में हिप रिप्लेसमेंट सर्जरी करवाई है। चिकित्सकों के मुताबिक अब वह ठीक हैं। शुक्रवार को उनके कार्यालय की ओर से जारी बयान में कहा गया कि लक्जमबर्ग की यात्रा के दौरान पेलोसी घायल हो गईं थीं।
इसके साथ ही जांच में पता चला की उन्हें हिप रिप्लेसमेंट सर्जरी करवाने की आवश्यकता है। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया और उनकी सफल सर्जरी हुई। बता दें पेलोसी निचले सदन की अध्यक्ष बनने वाली पहली अमेरिकी महिला थीं और वह लंबे समय तक सदन डेमोक्रेटिक कॉकस की नेता भी रहीं।
पाकिस्तानी संस्कृति के प्रेमी और फिल्म उत्साही पाकिस्तान के प्रसिद्ध कपूर हाउस में बॉलीवुड के महान फिल्म निर्माता और अभिनेता राज कपूर की 100वीं जयंती मनाने के लिए एकत्र हुए। इस कार्यक्रम का एक खास आकर्षण, सिनेमाई इतिहास में पेशावर के महत्व को दर्शाते हुए, राज कपूर की जन्म शताब्दी के मौके पर केक काटा गया।
बता दें कि राज कपूर हाउस दिलीप कुमार और शाहरुख खान के पैतृक घरों के पास स्थित है, जो भारतीय फिल्म उद्योग की दो पीढ़ियों को पेशावर से जोड़ते हैं। दिलीप कुमार जो अपने स्वाभाविक अभिनय के लिए प्रसिद्ध थे, और शाहरुख खान जो आज के बॉलीवुड सुपरस्टार हैं, दोनों भारतीय सिनेमा में शहर के ऐतिहासिक योगदान को उजागर करते हैं।
अमेरिकी सेना के बेस पर एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी गई
जॉर्जिया में एक अमेरिकी सेना प्रतिष्ठान को शनिवार को बंद कर दिया गया, क्योंकि वहां एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। यह घटना एक अलग मामले से जुड़ी हुई थी। अधिकारियों ने बताया कि हमलावर को पकड़ लिया गया और हिरासत में ले लिया गया, और फोर्ट आइजनहावर के बंद होने के एक घंटे से भी कम समय बाद उसे सब कुछ ठीक घोषित कर दिया गया।
अधिकारियों के अनुसार, गोलीबारी बेस पर स्थित आवास में हुई, जो जॉर्जिया के ऑगस्टा शहर के पास स्थित है। बेस ने कहा कि पीड़ित के बारे में जानकारी तब तक नहीं दी जाएगी जब तक उनके परिवार को सूचित नहीं किया जाता। कोई और विवरण उपलब्ध नहीं कराया गया।
विदेश मंत्रालय के आधिकारिक प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने एक्स पर जानकारी देते हुए बताया कि भारत ने जमैका को मानवीय सहायता भेजी है। लगभग 60 टन आपातकालीन चिकित्सा उपकरण, जेनसेट्स और अन्य उपयोगिताओं की एक खेप जमैका के लिए रवाना हो गई है। उन्होंने कहा कि यह सहायता स्वास्थ्य देखभाल आवश्यकताओं और चिकित्सा बुनियादी ढांचे के पुनर्वास के साथ-साथ तूफान के खिलाफ जमैका की आपदा तैयारियों को मजबूत करेगी।
जेल में बंद पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान ने पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) के प्रदर्शनकारियों के खिलाफ मौजूदा सरकार की कार्रवाई पर अपनी पीड़ा व्यक्त की है। खान ने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा कि जलियांवाला बाग हत्याकांड की तरह, न तो हम और न ही लोग इस्लामाबाद नरसंहार की त्रासदी को कभी भूल पाएंगे। सौ साल बाद भी लोग जनरल डायर द्वारा किए गए नरसंहार को याद करते हैं, हालांकि उस समय न तो कैमरे थे और न ही मीडिया।
ईरान से एक बड़ी खबर सामने आ रही है जहां बिना हिजाब पहने ऑनलाइन कॉन्सर्ट करने पर एक महिला यूट्यूबर को गिरफ्तार कर लिया गया। ईरानी वकील मिलाद पनाहिपुर ने बताया कि 27 वर्षीय पारस्तू अहमदी को शनिवार को उत्तरी प्रांत माज़ंदरान की राजधानी सारी शहर में गिरफ्तार किया गया।
गुरुवार को न्यायपालिका ने अहमदी के कॉन्सर्ट के बारे में मामला दर्ज किया था, जिसमें उसने एक लंबी काली स्लीवलेस और कॉलरलेस ड्रेस पहनी थी, लेकिन हिजाब नहीं पहना था। इसके साथ ही उसके चार पुरुष संगीतकार थे। अहमदी ने एक दिन पहले YouTube पर अपना कॉन्सर्ट पोस्ट करते हुए लिखा था मैं पारस्तू हूं, एक लड़की जो उन लोगों के लिए गाना चाहती है जिन्हें मैं प्यार करती हूं। यह मेरा अधिकार है जिसे मैं अनदेखा नहीं कर सकती, उस भूमि के लिए गाना जिसे मैं जुनून से प्यार करती हूं।
नई दिल्ली से रवाना होकर सऊदी अरब के जेद्दा जा रहे इंडिगो का एक विमान मेडिकल इमरजेंसी के कारण शनिवार को पाकिस्तान के कराची मेंे जिन्ना अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर आपातकालीन लैंडिंग के लिए मजबूर हुआ। प्राधिकरण (सीएए) सूत्रों के अनुसार, विमान में 55 वर्षीय भारतीय यात्री गंभीर रूप से बीमार पड़ गया। उसे ऑक्सीजन देकर भी जब हालत नहीं सुधरी तो पायलट ने कराची हवाई अड्डे से मदद मांगी। कराची में भारतीय को डॉक्टर ने देखा और राहत के बाद विमान ने यात्री को पहले नई दिल्ली लौटने का फैसला किया और उन्हें यहां छोड़कर अन्य यात्रियों के साथ जैद्दा के लिए रवाना हुआ। भारतीय यात्री को कराची में मानवीय आधार पर मदद की गई।
टीवी ब्रिक्स की रिपोर्ट के अनुसार, 11वें अंतरराष्ट्रीय क्रेमलिन चैरिटी कैडेट बॉल समारोह में 2,500 से अधिक अतिथि शामिल हुए। कार्यक्रम में गोस्टिनी ड्वोर ने कैडेट स्कूलों के विद्यार्थियों, युवा संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ-साथ वेनेजुएला, वियतनाम, भारत, ईरान, चीन समेत 35 देशों के युवाओं को जोड़ा गया।
म्यांमार के म्यावाडी में फर्जी नौकरी घोटाले में फंसे छह भारतीय नागरिकों को बचा लिया गया है। यांगून में भारतीय दूतावास ने शनिवार को सोशल मीडिया पोस्ट में बताया कि म्यावाडी में फंसे छह भारतीय नागरिकों को जल्द ही भारत वापस भेजे जाने की तैयारी की जा रही है। दूतावास ने बताया कि जुलाई 2024 से अब तक 101 भारतीयों को भारत वापस लाया जा चुका है। सभी को सलाह दी जाती है कि इस क्षेत्र में नौकरी की पेशकश करने वालों के झांसे में न आएं।
राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए खतरा बन जाने की आशंका के मद्देनजर प्रिंस एंड्रयू से व्यापारिक संबंध रखने वाले एक संदिग्ध चीनी जासूस को ब्रिटेन में प्रवेश से प्रतिबंधित कर दिया गया है। ब्रिटिश आव्रजन न्यायाधिकरण ने बृहस्पतिवार को एक फैसले में इस निर्णय को बरकरार रखा जिसमें कहा गया था कि चीनी नागरिक के एंड्रयू के साथ इतने निकट संबंध थे कि उसे राजकुमार की जन्मदिन की पार्टी में आमंत्रित किया गया था।
ब्रिटिश अधिकारियों का बयान
ब्रिटिश अधिकारियों का मानना है कि चीनी नागरिक (जिसका नाम उजागर नहीं किया गया है) यूनाइटेड फ्रंट वर्क डिपार्टमेंट की ओर से काम कर रहा था। यह चीनी कम्युनिस्ट पार्टी की एक शाखा है जिसका उपयोग विदेशी संस्थाओं को प्रभावित करने के लिए किया जाता है।
ब्राजील के पूर्व रक्षा मंत्री गिरफ्तार
जेलेंस्की बोले- रूस ने कुर्स्क में उत्तर कोरिया के सैनिकों को उतारा
जेलेंस्की ने कहा है कि हमारे पास यह शुरुआती डाटा है कि उत्तर कोरियाई सैनिकों को जंग में उतारा जा रहा है। रूस ने उन्हें अपनी सेना के साथ कुर्स्क में अभियान में शामिल कर लिया है।