Updates: इंडोनेशिया में भूस्खलन से 27 की मौत; मानवीय चूक से डूबा न्यूजीलैंड नौसेना का जहाज, रिपोर्ट में दावा
इंडोनेशिया के सुमात्रा प्रांत में कई स्थानों पर आई बाढ़ और भूस्खलन के बाद एक मिनीबस के कीचड़ में दबने से 27 लोगों की मौत हो गई। इंडोनेशिया की आपदा एजेंसी ने कहा कि पिछले हफ्ते से प्रांत में मूसलाधार बारिश के कारण चार अलग-अलग जिलों में बाढ़ और भूस्खलन के हालात अभी भी बने हुए हैं।
पिछले महीने 'मानवीय चूक' के कारण डूबा था न्यूजीलैंड नौसेना का जहाज, जांच में खुलासा
पिछले महीने समोआ के तट पर रॉयल न्यूजीलैंड नौसेना का एक जहाज फंसने के बाद डूब गया था। हालांकि, जहाज पर सवार 75 यात्री और चालक दल सुरक्षित बचा लिए गए थे। अब एक जांच में खुलासा हुआ है कि नौसेना का एक जहाज 'मानवीय भूल' के कारण फंस गया था।
नौसेना का विशेषज्ञ गोताखोर और हाइड्रोग्राफिक जहाज एचएमएनजेडएस मनावानुई पांच अक्तूबर को सर्वेक्षण कार्य करते समय समोआ के दक्षिणी किनारे पर एक चट्टान पर फंस गया था। न्यूजीलैंड की नौसेना के प्रमुख रियर एडमिरल गेविन गोल्डिंग ने शुक्रवार को बताया, 'जमीन पर फंसने का सीधा कारण मानवीय भूल है, जिसका मतलब है कि जहाज का ऑटोपायलट उस समय बंद नहीं हुआ जब उसे बंद होना चाहिए था।'
चालक दल को एहसास नहीं हुआ कि जहाज ऑटोपायलट में था और परिणामस्वरूप सोचा कि दिशा परिवर्तन का जवाब देने में इसकी नाकामयाबी थ्रस्टर नियंत्रण विफलता का परिणाम थी। गोल्डिंग ने कहा कि चालक दल द्वारा गलती को नोटिस न करने के कारणों का पता एक व्यापक जांच का हिस्सा होगा, जिसे अगले साल की पहली तिमाही में पूरा होने की उम्मीद है।
भारतीय विदेश सेवा के अधिकारी वीएसडीएल सुरेंद्र को गैबॉन गणराज्य में भारत का अगला उच्चायुक्त नियुक्त किया गया है। यह जानकारी विदेश मंत्रालय ने गुरुवार को दी। भारत और गैबॉन के बीच ऐतिहासिक रूप से अच्छे संबंध रहे हैं, जो गैबॉन के स्वतंत्रता से पहले के समय से जुड़े हुए हैं। भारत में गैबॉन का दूतावास 2008 में नई दिल्ली में स्थापित किया गया था। गैबॉन ने अंतर्राष्ट्रीय मंचों पर हमेशा भारत का समर्थन किया है और भारत की उम्मीदवारी का समर्थन भी किया है। गैबॉन, अंतर्राष्ट्रीय सौर गठबंधन (आईएसए) के समझौते पर हस्ताक्षर करने वाला पहला देश था।
भारत और गैबॉन दोनों ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के अस्थायी सदस्य के लिए एक-दूसरे का समर्थन किया। गैबॉन में लगभग 1,000-1,200 भारतीय रहते हैं, जो विभिन्न क्षेत्रों में काम कर रहे हैं। भारत ने हाल ही में कई देशों में नए भारतीय मिशन खोलने की योजना बनाई है, जिसमें गैबॉन भी शामिल है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वैश्विक दक्षिण के देशों को एकजुट होने और एकजुट ताकत के साथ आगे बढ़ने की आवश्यकता पर जोर दिया है।
उत्तरी सुमात्रा स्थित डेली सेरडांग के एक गांव में भूस्खलन से सात लोगों की मौत हो गई और 20 घायल हो गए। वहीं, कई लोग लापता भी हैं, जिनकी तलाश की जा रही है। सरकारी प्रवक्ता ने बताया कि वह प्रभावित लोगों की संख्या का अनुमान नहीं दे सकते। भूस्खलन और बाढ़ से घरों, मस्जिदों और चावल के खेतों को भारी नुकसान पहुंचा है। मैदानी इलाकों में बाढ़ के चलते कुछ मतदान केंद्रों पर क्षेत्रीय चुनाव के लिए मतदान में देरी हुई।
अमेरिका में भारतीय मूल के न्यूरोसर्जन डॉ. राजेश बिंदल (53) पर मेडिकेयर धोखधड़ी में 20 लाख डॉलर (16.89 करोड़ रुपये) का जुर्माना लगा है। उन पर इलेक्ट्रो-एक्यूपंक्चर उपकरणों को प्रत्यारोपित करने के लिए मरीजों की सर्जरी का दावा करने का आरोप साबित हुआ। बिंदल ने उपकरणों के लिए गलत बिल तैयार किए।
पाकिस्तान: अदालत के आदेश के बाद बुशरा बीबी की गिरफ्तारी की कोशिशें तेज
पाकिस्तान के अधिकारियों ने जेल में बंद पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की पत्नी बुशरा बीबी को गिरफ्तार करने के प्रयास तेज कर दिए हैं। बुशरा बीबी पर 190 मिलियन पाउंड के कथित भ्रष्टाचार मामले में अदालत में पेश न होने का आरोप है। आरोप है कि बुशरा बीबी ने आठ बार लगातार अदालत में पेशी से बचने की कोशिश की। अदालत ने उनकी पेशी से छूट की याचिका को खारिज कर दिया था। 22 अगस्त को एक जवाबदेही अदालत ने उनके खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी किया था।
अदालत के आदेश के बाद राष्ट्रीय जवाबदेही ब्यूरो (एनएबी) ने अपनी रावलपिंडी टीम को बुशरा बीबी को गिरफ्तार करने के लिए पेशावर भेजा, जो खैबर पख्तूनख्वा प्रांत की राजधानी है और जहां उनकी पार्टी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) सत्ता में है। एनएबी की टीम और पुलिस ने23 नवंबर को पेशावर का दौरा किया, लेकिन उन्हें खाली हाथ लौटना पड़ा। क्योंकि जब उन्होंने गिरफ्तारी वारंट दिखाए, तो उन्हें बताया गया बुशरा बीबी घर पर मौजूद नहीं हैं।
सीरियाई लड़ाकों ने शुक्रवार को सीरिया के दूसरे सबसे बड़े शहर अलेप्पो में प्रवेश किया। यह घुसपैठ उस समय हुई जब दो कार में बम धमाके हुए। एसोसिएटेड प्रेस के मुताबिक यह जानकारी एक युद्ध निगरानी समूह और लड़ाकों ने दी है। ये लड़ाके कई दिनों से अलेप्पो की ओर बढ़ रहे थे और रास्ते में कई शहरों व गांवों पर कब्जा कर चुके थे। सीरियन ऑब्जर्वेटरी फॉर ह्यूमन राइट्स ने बताया कि विद्रोहियोंन ने आज अलेप्पो के पश्चिमी किनारे पर दो कार बम विस्फोट किए।
बांग्लादेश ने शुक्रवार को कोलकाता में अपने मिशन पर हुए कथित हिंसक विरोध प्रदर्शनों को लेकर गहरी चिंता जताई और भारत से अपने सभी कूटनितिक मिशनों की सुरक्षा सुनिश्चित करने का आग्रह किया। बांग्लादेशी विदेश मंत्रालय ने एक बयान में दावा किया कि इस विरोध प्रदर्शन के दौरान उनके देश का राष्ट्रीय ध्वज जलाया गया और अंतरिम सरकार के प्रमुख मोहम्मद यूनुस का पुतला जलाया गया। बांग्लादेश में हिंदू समुदाय पर हुए हमलों और चिन्मय कृष्ण दास की गिरफ्तार को लेकर कोलकाता में प्रदर्शन किया गया। रिपोर्ट के मुताबिक, प्रदर्शनकारी बांग्लादेशी मिशन की सीमा के पास पहुंचे और उन्होंने कथित तौर पर बांग्लादेश के राष्ट्र ध्वज को जलाया और यूनुस का पुतला भी जलाया। बांग्लादेश ने इसकी निंदा की और इसे एक शर्मनाक घटना बताया।
ब्रिटिश सांसद बॉब ब्लैकमैन ने बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे हमलों और चिन्मय कृष्ण दास की गिरफ्तारी पर चिंता जताते हुए हाउस ऑफ कॉमन्स में आवाज उठाई। ब्रिटिश हिंदू समुदाय के लिए बनाए गए सर्वदलीय समूह (एपीपीजी) के अध्यक्ष बॉब ने बांग्लादेश में धार्मिक अल्पसंख्यकों खासकर हिंदुओं पर हो रहे अत्याचारों की निंदा की। उन्होंने चिन्मय कृष्ण दास की गिरफ्तारी का विरोध करते हुए कहा कि दास इस्कॉन के प्रमुख हैं, उन्हें बांग्लादेश में जेल में डाला गया है और बांग्लादेश के विभिन्न हिस्सों में हिंदू समुदाय पर हमले हो रहे हैं। ब्लैकमैन ने कहा, दास को बांग्लादेश में गिरफ्तार किया गया है और देशभर में हिंदुओं को मौत के घाट उतारा जा रहा है, उनके घरों और मंदिरों को जलाया जा रहा है। उन्होंने यह भी जिक्र किया कि बांग्लादेश में इस्कॉन को प्रतिबंधित करना का प्रयास किया जा रहा है, जो कि हिंदुओं पर सीधा हमला है।
ब्लैकमैन ने यह भी कहा, भारत की ओर से अब कार्रवाई की चेतावनी दी गई है और हमारी भी जिम्मेदारी बनती है, क्योंकि हमने भी बांग्लादेश को आजाद करने में मदद की थी। उन्होंने कहा कि धार्मिक अल्पसंख्यकों पर इस तरह का अत्याचार अस्वीकार्य है और दुनियाभर में धार्मिक आजादी की रक्षा की जानी चाहिए। वहीं, ब्रिटेन सरकार की ओर से लूसी पॉवेल ने ब्लैकमैन के बयान का समर्थन किया और कहा, हम हर जगह धर्म या विश्वास की आजादी का समर्थन करते हैं और यह बांग्लादेश पर भी लागू होता है। मैं विदेश मंत्रालय से आग्रह करूंगी कि वह बांग्लादेश में हिंदुओं के खिलाफ हो रहे अत्याचारों पर एक बयान जारी करे।
उत्तरी नाइजीरिया में नाइजर नदी में एक नौका पलट जाने के बाद कम से कम 100 लोग लापता हो गए हैं। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
यूरोपीय आयोग और यूरोपीय सुरक्षा एजेंसी ने पाकिस्तान इंटरनेशनल एयरलाइंस (पीआईए) पर लगी पाबंदी हटा दी है, जिसे पाकिस्तान की बड़ी कामयाबी के रूप में देखा जा रहा है। यह जानकारी पाकिस्तान के विमानन मंत्री ख्वाजा आसिफ ने शुक्रवार को दी। यह पाबंदी 2020 में कराची में एक विमान दुर्घटना के बाद सुरक्षा कारणों से लगाई गई थी, जिसमें करीब सौ लोग मारे गए थे। आसिफ ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, यह एक ऐतिहासिक दिन है, क्योंकि यूरोपीय आयोग और ईएएसए ने पीआईए की यूरोप के लिए उड़ानों पर लगी पाबंदी हटा दी है।
ब्रिटिश परिवहन मंत्री लुइस हैग ने एक दशक पहले सेलफोन धोखाधड़ी मामले में शुक्रवार को इस्तीफा दे दिया। द टाइम्स ऑफ लंदन अखबार के अनुसार हैग ने 2013 में कहा था कि उनके साथ लूटपाट के बाद उनका सेलफोन चोरी हो गया था। बाद में उन्होंने कहा कि उन्होंने गलती से सेलफोन को चोरी हुई वस्तुओं में सूचीबद्ध कर दिया था। जब उन्हें फोन मिला और उन्होंने इसे वापस चालू किया, तो पुलिस ने उन्हें पूछताछ के लिए बुलाया। हैग ने गलत बयानी करके धोखाधड़ी करने का अपराध स्वीकार किया और उन्हें सशर्त रिहाई दे दी गई। शुक्रवार को प्रधानमंत्री कीर स्टारमर को लिखे पत्र में हैग ने कहा, मैं अपने राजनीतिक जिम्मेदारियों के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हूं, लेकिन अब मेरा मानना है कि सरकार के बाहर से आपका समर्थन करना ही मेरे लिए उचित होगा।