World: पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा में मोर्टार शेल फटने से पांच की मौत; इराक के बसरा बंदरगाह पर हमला
अमेरिकी राजदूत ने दक्षिण अफ्रीका सरकार के ईरान के साथ उनके कूटनीतिक संबंधों और अश्वेत समुदाय को आगे बढ़ाने के लिए लागू सकारात्मक भेदभाव (अफर्मेटिव एक्शन) कानूनों पर सवाल उठाए। इन कानूनों का उद्देश्य अश्वेत लोगों को अन्य नस्लों की तुलना में अधिक अवसर प्रदान करना है। अमेरिका और दक्षिण अफ्रीका के बीच मतभेद तब से बढ़ गए हैं जब राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप दोबारा सत्ता में लौटे हैं। ट्रंप दक्षिण अफ्रीका की अश्वेत नेतृत्व वाली सरकार की नीतियों की आलोचना करते रहे हैं।
ट्रंप का आरोप है कि दक्षिण अफ्रीका की विदेश नीति अमेरिका विरोधी है, जबकि देश की घरेलू नीतियां श्वेत समुदाय के खिलाफ हैं। रूढ़िवादी कार्यकर्ता और ट्रंप द्वारा नियुक्त लियो ब्रेंट बोजेल तृतीय ने पिछले महीने प्रिटोरिया में अमेरिकी राजदूत के रूप में अपना कार्यभार संभाला था।
इराक के बसरा बंदरगाह पर हमला, तेल केंद्रों पर कामकाज रुका
इराक के बसरा बंदरगाह पर एक बड़ा हमला हुआ है। इस हमले में एक व्यक्ति की जान चली गई। अधिकारियों ने गुरुवार को बताया कि इस घटना के बाद देश के सभी तेल केंद्रों पर कामकाज रोक दिया गया है। इराक की सरकारी पोर्ट कंपनी के महानिदेशक फरहान अल-फरतौसी ने एक बयान में इसकी पुष्टि की। उन्होंने बताया कि यह हमला फारस की खाड़ी में बसरा बंदरगाह के पास एक जहाज पर हुआ। जिस समय हमला हुआ, उस समय जहाज से सामान दूसरे जहाज पर भेजा जा रहा था। अभी यह साफ नहीं है कि हमला ड्रोन से हुआ या मिसाइल से। यह भी पता नहीं चला है कि हमला हवा से हुआ या पानी से। बचाव दल ने मौके से एक शव बरामद किया है और 38 अन्य लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है। अधिकारियों के अनुसार इराक के व्यापारिक बंदरगाह अभी खुले हैं। लेकिन तेल से जुड़े सभी टर्मिनलों को बंद कर दिया गया है।
अफगानिस्तान सीमा के पास मोर्टार शेल फटने से एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत
पाकिस्तान के उत्तर-पश्चिमी प्रांत खैबर पख्तूनख्वा में बुधवार रात एक दर्दनाक हादसा हुआ। अफगानिस्तान सीमा से सटे खैबर जिले की तिराह घाटी में एक मोर्टार का गोला रिहायशी इलाके में आकर गिरा। इस धमाके में एक ही परिवार के पांच सदस्यों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान नियाज बादशाह, उनके दो बेटों, एक भतीजे और एक पोते के रूप में हुई है। यह मोर्टार किस दिशा से दागा गया था, इसकी जानकारी अभी तक नहीं मिल पाई है। इस घटना के बाद पूरे इलाके में डर और दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने इस घटना पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने प्रशासन से मामले की तुरंत जांच करने और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। यह घटना ऐसे समय में हुई है जब पाकिस्तानी सेना अफगान तालिबान के खिलाफ बड़ा सैन्य अभियान चला रही है। पाकिस्तान ने बुधवार को बताया कि पिछले दो हफ्तों से जारी इस कार्रवाई में अब तक 641 अफगान तालिबान लड़ाके मारे गए हैं और 855 से ज्यादा घायल हुए हैं। पाकिस्तानी सेना ने 26 फरवरी को 'ऑपरेशन गजब लिल-हक' शुरू किया था। यह कार्रवाई तब शुरू हुई जब अफगान पक्ष ने सीमा पर 53 जगहों पर हमले किए थे। अक्टूबर 2025 के बाद से पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच रिश्तों में काफी कड़वाहट आ गई है।
नेपाल के सुप्रीम कोर्ट ने गुरुवार को मधेस प्रांत के एक निर्वाचन क्षेत्र से राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी (RSP) के उम्मीदवार को वित्तीय ब्लैकलिस्ट से हटाने का आदेश जारी किया। 5 मार्च को हुए चुनाव में धनुषा 1 निर्वाचन क्षेत्र से किशोरी साह की उम्मीदवारी चुनाव आयोग ने चुनाव से दो दिन पहले रद्द कर दी थी, क्योंकि उनका नाम ब्लैकलिस्ट में शामिल था। सर्वोच्च न्यायालय के प्रवक्ता अर्जुन प्रसाद कोइराला के अनुसार, साह ने इस फैसले के खिलाफ रिट याचिका दायर की, जिस पर अदालत ने अंतरिम आदेश जारी कर उन्हें ब्लैकलिस्ट से हटा दिया। चुनाव आयोग ने बुधवार को नेपाली कम्युनिस्ट पार्टी (RSP) की मत्रिका यादव को धनुषा 1 निर्वाचन क्षेत्र से विजेता घोषित किया। साह की उम्मीदवारी रद्द होने के बावजूद, RSP के चुनाव चिन्ह को इस निर्वाचन क्षेत्र में काफी संख्या में वोट मिले। अब अदालत शुक्रवार को अंतिम फैसला सुनाएगी कि विजेता कौन है, यादव या साह, जिन्हें सबसे अधिक वोट मिले।
कतर में फंसे 500 से अधिक भारतीयों को बुधवार को नई दिल्ली और अन्य गंतव्यों के लिए सुरक्षित निकाला गया। भारतीय दूतावास ने यह जानकारी देते हुए पश्चिम एशियाई देश में फंसे लोगों को किसी भी अज्ञात वस्तु, मलबे या टुकड़े के पास जाने से बचने की चेतावनी दी। सोशल मीडिया पर जारी बयान में कहा, कतर में फंसे 500 से अधिक भारतीय 11 मार्च को कतर एयरवेज की उड़ानों से नई दिल्ली और अन्य गंतव्यों के लिए रवाना हुए। दूतावास ने कहा कि भारतीय समुदाय की किसी भी पूछताछ के लिए उसकी चौबीसों घंटे चलने वाली तीन हेल्पलाइन उपलब्ध हैं और साथ ही यह भी कहा कि भारतीय नागरिकों के लिए पासपोर्ट शीघ्र जारी करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। वर्तमान स्थिति के कारण, हम पासपोर्ट आवेदन लेने के लिए सप्ताह के सभी दिन खुले हैं।
नेपाल के संसदीय चुनावों में राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी (आरएसपी) ने ऐतिहासिक जीत दर्ज की है। चुनाव आयोग की तरफ से गुरुवार को जारी अंतिम परिणामों के अनुसार आरएसपी ने 275 सदस्यीय प्रतिनिधि सभा (एचओआर) में कुल 182 सीटें जीतकर स्पष्ट बहुमत हासिल कर लिया है। पार्टी ने प्रत्यक्ष मतदान (एफपीटीपी) के तहत 125 और समानुपातिक प्रणाली (पीआर) के तहत 57 सीटें अपने नाम की हैं। नेपाल के संविधान की धारा 76(1) के तहत अब आरएसपी अपनी सरकार बनाने के लिए तैयार है। पार्टी ने पहले ही काठमांडो के पूर्व मेयर बालेंद्र शाह बालेन को प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित किया था। 35 वर्षीय बालेन नेपाल के इतिहास के सबसे युवा और मधेसी समुदाय से आने वाले पहले प्रधानमंत्री होंगे। चुनाव आयोग के आंकड़ों के मुताबिक नेपाली कांग्रेस को कुल 58 सीटें (38 प्रत्यक्ष और 20 समानुपातिक) मिली हैं।
आरएसपी नेतृत्व बोला-जनादेश परिवर्तन की जीत
चुनाव में सीपीएन-यूएमएल को 41, एनसीपी को 26, श्रम संस्कृति पार्टी (एसएसपी) को 11 और राप्रपा को 9 सीटें प्राप्त हुई हैं। चुनाव आयोग अब अपनी अंतिम रिपोर्ट राष्ट्रपति को सौंपेगा, जिसके बाद नई सरकार के गठन की आधिकारिक प्रक्रिया शुरू होगी। आरएसपी नेतृत्व ने इस जनादेश को परिवर्तन की जीत बताया है, जबकि आयोग ने निष्पक्ष चुनाव संपन्न होने पर संतोष व्यक्त किया है।