{"_id":"6575180fe9fdd7c1e00c730a","slug":"world-news-update-six-teenagers-found-guilty-of-beheading-a-teacher-in-france-kansas-provincial-senate-2023-12-10","type":"story","status":"publish","title_hn":"World News: फ्रांस में टीचर का सिर कलम करने वाले छह किशोर दोषी; कंसास प्रांतीय सीनेट के लिए उषा फिर मैदान में","category":{"title":"World","title_hn":"दुनिया","slug":"world"}}
World News: फ्रांस में टीचर का सिर कलम करने वाले छह किशोर दोषी; कंसास प्रांतीय सीनेट के लिए उषा फिर मैदान में
Sun, 10 Dec 2023 07:14 AM IST
यशोधन शर्मा
वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला, पेरिस
वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला, पेरिस
Published by: यशोधन शर्मा
Updated Sun, 10 Dec 2023 07:14 AM IST
सार
अन्य किशोरों पर पूर्व-निर्धारित आपराधिक साजिश में भाग लेने और घात लगाने की तैयारी में सहायता करने से संबंधित आरोप लगे। 47 साल के पैटी पर पेरिस उपनगर में उनके स्कूल के बाहर चेचन मूल के 18 वर्षीय हमलावर ने जानलेवा हमला किया था। इसके अलावा अमेरिका, दक्षिण कोरिया व जापान के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकारों ने शनिवार को उत्तर कोरिया द्वारा रूस को हथियार भेजे जाने पर चिंता जताई।
विज्ञापन
Samuel Paty Murder
- फोटो : सोशल मीडिया
विस्तार
फ्रांस की एक अदालत ने 2020 में इतिहास के शिक्षक सैमुअल पैटी का सिर कलम करने के मामले में छह किशोरों को दोषी ठहराया है। इस चौंकाने वाली घटना ने पूरे फ्रांस को झकझोर कर रख दिया था। शिक्षक ने अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर एक कक्षा में एक मुस्लिम धर्मगुरु के व्यंग्यचित्र प्रदर्शित किए थे, जिससे कुछ मुस्लिम अभिभावकों में नाराजगी फैल गई।
विज्ञापन
प्रतिवादियों में एक किशोर लड़की भी शामिल थी, जिसने आरोप लगाया कि शिक्षक सैमुअल पैटी ने मुस्लिम छात्रों को कैरिकेचर दिखाने से पहले कमरे से बाहर जाने के लिए कहा था। सीएनएन के अनुसार, उसे झूठे आरोपों और निंदनीय टिप्पणियों का दोषी पाया गया। यह स्थापित हुआ कि वह उस समय कक्षा में मौजूद ही नहीं थी।
विज्ञापन
अन्य किशोरों पर पूर्व-निर्धारित आपराधिक साजिश में भाग लेने और घात लगाने की तैयारी में सहायता करने से संबंधित आरोप लगे। 47 साल के पैटी पर पेरिस उपनगर में उनके स्कूल के बाहर चेचन मूल के 18 वर्षीय हमलावर ने जानलेवा हमला किया था, जिसे बाद में पुलिस ने गोली मार दी थी। अदालत ने किशोरों को पैटी के बारे में हत्यारे को जानकारी देने का दोषी पाया।
विज्ञापन
कंसास प्रांतीय सीनेट के लिए उषा फिर मैदान में
अमेरिका के कंसास राज्य की सीनेटर भारतीय-अमेरिकी उषा रेड्डी ने 22वें जिले से चुनाव लड़ने के लिए पर्चा दाखिल किया है। उनका कार्यकाल जनवरी 2025 तक खत्म होने की उम्मीद है। उन्होंने एक्स पर लिखा, 2024 के चुनाव में कंसास के प्रांतीय सीनेट के लिए नामांकन किया। सार्वजनिक सेवा मेरे जीवन का बड़ा हिस्सा है। मैं प्रांतीय सीनेटर के रूप में काम जारी रखने के लिए समर्पित हूं।
रूस को हथियार भेजने पर चिंता
अमेरिका, दक्षिण कोरिया व जापान के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकारों ने शनिवार को उत्तर कोरिया द्वारा रूस को हथियार भेजे जाने पर चिंता जताई। उन्होंने उत्तर कोरिया द्वारा परमाणु हथियारों व मिसाइलों का विकास करने व अन्य देशों के साथ सैन्य सहयोग पर अंकुश के लिए मजबूत अंतरराष्ट्रीय सहयोग का आह्वान किया है।
लंबे समय तक रुकने के बाद रूस ने यूक्रेन पर दागीं क्रूज मिसाइलें
सीएनएन ने यूक्रेनी अधिकारियों के हवाले से बताया कि रूस ने यूक्रेनी ठिकानों पर करीब 80 दिनों से रुके संघर्ष के बाद एक बार फिर क्रूज मिसाइलों की बौछार कर दी। कीव के सैन्य प्रशासन प्रमुख सेरही पोपको ने कहा, राजधानी में हवाई हमला करीब 2 घंटे चला। इस दौरान दो लोगों के मारे जाने व तीन के घायल होने की खबरें हैं। कई मकान और कारें क्षतिग्रस्त हो गईं। पोपको ने कहा कि रूस ने 19 मिसाइलों से अलग-अलग जगहों पर हमले किए। सर्दियों के मौसम में नागरिक ठिकानों को निशाना बनाने की आशंका है।
चीन ने ताइवानी राष्ट्रपति चुनाव में दखल के प्रयास तेज किए
ताइवान के आगामी राष्ट्रपति चुनाव में चीन ने दखल के प्रयास तेज कर दिए हैं। ताइवान के सर्वेक्षणों में वहां डेमोक्रेटिक प्रोग्रेसिव पार्टी के प्रत्याशी उपराष्ट्रपति लाई चिंग-ते को बढ़त दिख रही है। बीजिंग डीपीपी के विरोध में है। यही कारण है कि चीन ने ताइवान पर सैन्य व आर्थिक दबाव बढ़ा दिया है। सीएनएन ने एक ताइवानी सुरक्षा अधिकारी के हवाले से बताया कि चीनी कम्युनिस्ट पार्टी में चौथे शीर्ष नेता व ताइवान मामलों के प्रमुख वांग हुनिंग ने 13 जनवरी के चुनाव को प्रभावित करने के लिए पिछले हफ्ते बैठक की थी।