फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   World ›   World News Tsunami Hindi Updates Asia Europe US UK UN West Asia Bangladesh Politics Crime and Global events

Updates: लिथुआनिया के पीएम का इस्तीफा; ट्रंप ने मैक्सिको के साथ 90 दिन की वार्ता की घोषणा की, टैरिफ जारी रहेगा

Thu, 31 Jul 2025 10:46 PM IST
ज्योति भास्कर न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली।
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली। Published by: ज्योति भास्कर Updated Thu, 31 Jul 2025 10:46 PM IST
विज्ञापन
World News Tsunami Hindi Updates Asia Europe US UK UN West Asia Bangladesh Politics Crime and Global events
दुनिया की बड़ी खबरें - फोटो : amar ujala graphics
लिथुआनिया के प्रधानमंत्री गिंतौतास पलुकास ने गुरुवार को अपने पद से इस्तीफा दे दिया। उनके कारोबारी लेन-देन की जांच और जनता के विरोध प्रदर्शनों के बाद उन्होंने यह फैसला लिया। पलुकास हाल ही में केंद्र-वामपंथी सोशल डेमोक्रेट पार्टी के नेता बने थे और पिछले साल अक्तूबर के चुनाव के बाद गठबंधन सरकार में प्रधानमंत्री बने थे।
विज्ञापन


उन पर पुराने एक घोटाले के आरोप भी लगे थे, जिसमें 2012 में विलनियस शहर के 'चूहा मार अभियान' की निविदा में गड़बड़ी का आरोप साबित हुआ था। उन्हें उस समय 16,500 यूरो जुर्माना और दो साल की सजा (जिसे निलंबित किया गया) दी गई थी। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, उन्होंने अब तक वह जुर्माना नहीं चुकाया। अब पूरा मंत्रिमंडल भी इस्तीफा दे सकता है, जिससे रूस-बेलारूस संयुक्त सैन्य अभ्यास से पहले लिथुआनिया बिना सरकार के रह सकता है।
विज्ञापन


सिंगापुर की राष्ट्रपति से मिलेंगे सात भारतीय मजदूर
सिंगापुर में हाल ही में एक सिंकहोल हादसे में महिला ड्राइवर की जान बचाने वाले सात भारतीय प्रवासी मजदूरों को राष्ट्रपति थर्मन षणमुगरत्नम ने 3 अगस्त को इस्ताना प्रेसिडेंशियल पैलेस में होने वाले ओपन हाउस कार्यक्रम में आमंत्रित किया है। इन सभी की बहादुरी की प्रशंसा राष्ट्रपति, मंत्रालय और आम जनता ने की है। इनके लिए 72,241 सिंगापुर डॉलर की राशि दान स्वरूप भी जुटाई गई है।
विज्ञापन
विज्ञापन


नाबालिग से दुष्कर्म करने वाले भारतीय को सिंगापुर में सजा 
सिंगापुर हाईकोर्ट ने भारतीय नागरिक रामलिंगम सेल्वशेखरन (58) को 11 वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म और छेड़छाड़ के तीन मामलों में दोषी पाते हुए 14 साल, तीन महीने और दो सप्ताह की जेल की सजा सुनाई है। उसकी उम्र 50 से अधिक होने के कारण उसे बेंत की सजा नहीं दी गई, लेकिन उसके स्थान पर अतिरिक्त कारावास दिया गया। अदालत ने उसके सभी बचाव तर्कों को खारिज कर सजा को सही ठहराया।

इस्राइल में 16 वांछित आतंकी पकड़े गए
इस्राइली सुरक्षा बलों ने यहूदिया और सामरिया में रातोंरात 16 वांछित आतंकवादियों को गिरफ्तार किया है। इनमें से नौ संदिग्ध यहूदिया में इस्राली नागरिकों पर पत्थरबाजी में शामिल थे। इसके अलावा इस्राइल की आतंकवाद-रोधी सामान्य सुरक्षा सेवा एजेंसी- शिन बेट और इस्राइल डिफेंस फोर्स (आईडीएफ) ने संयुक्त अभियान चलाकर सामरिया के जाबा गांव में हथियार और गोला-बारूद बरामद किए।
 

रूस ने इंटरनेट की चिंता के चलते Ookla के स्पीडटेस्ट पर रोक लगाई
रूस ने अमेरिका की एक कंपनी द्वारा बनाए गए इंटरनेट स्पीड जांचने वाले टूल Ookla स्पीडटेस्ट पर प्रतिबंध लगा दिया है। इसका कारण यह बताया गया है कि इंटरनेट की धीमी गति और सुरक्षा खतरों को देखते हुए यह टूल रूस के लिए खतरा बन सकता है। रूस के संचार नियामक रोस्कोम्नाडज़ोर (RKN) का कहना है कि स्पीडटेस्ट जैसे टूल से इंटरनेट की स्पीड और डिले का पता चल जाता है, और यह जानकारी दुश्मन देशों द्वारा इस्तेमाल की जा सकती है- जैसे कि दूर से कंट्रोल किए जाने वाले ड्रोन के लिए। रिपोर्ट के अनुसार, स्पीडटेस्ट कंपनी Ookla पर पहले भी जुर्माना लगाया जा चुका है क्योंकि उसने रूसी यूजर्स का डेटा रूस के अंदर स्टोर नहीं किया था। अब, रूस सरकार ने लोगों को चेतावनी दी है कि मोबाइल इंटरनेट की स्पीड और कमजोर हो सकती है, खासकर यूक्रेन के ड्रोन हमलों की वजह से। लोगों को सलाह दी गई है कि मोबाइल इंटरनेट की जगह वाई-फाई या केबल इंटरनेट का इस्तेमाल करें।

ट्रंप के लिए सीडीसी की निदेशक नियुक्त हुईं सुसान मोनारेज
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के लिए सीनेट ने अमेरिकी रोग नियंत्रण एवं रोकथाम केंद्र (सीडीसी) के निदेशक पद के लिए सुसान मोनारेज की नियुक्ति की पुष्टि कर दी है। 50 वर्षीय मोनारेज को जनवरी में कार्यवाहक निदेशक नियुक्त किया गया था और फिर मार्च में ट्रंप द्वारा अपनी पहली पसंद डेविड वेल्डन को अचानक वापस लेने के बाद उन्हें नामित किया गया। इस संघीय एजेंसी का काम बीमारियों पर नजर रखना और स्वास्थ्य संबंधी खतरों से निपटना है। उन्हें 51-47 वोट मिले।

सिंगापुर में नौकरी के लिए पैसे मांगे भारतीय को जेल
सिंगापुर की एक अदालत ने भारत के चरणजीत सिंह (20) को धोखाधड़ी और जाली दस्तावेजों का इस्तेमाल करने का दोषी पाया है। उस पर घरेलू कामगार को उसके रिश्तेदारों के लिए फर्जी नौकरी के प्रस्ताव के लिए 3,700 सिंगापुरी डॉलर मांगने का आरोप लगा था। सिंह को 13 हफ्ते जेल की सजा सुनाई गई है। उसने अक्तूबर 2024 में भारतीय घरेलू कामगार से रिश्तेदारों को नौकरी की अर्जी के लिए रकम मांगी। 

भारत-फिजी में साझेदारी व द्विपक्षीय रिश्ते बढ़ाने पर जोर
छठे भारत-फिजी विदेश कार्यालय परामर्श (एफओसी) में द्विपक्षीय रिश्तों की समीक्षा के साथ साझेदारी को गहरा और विविधतापूर्ण बनाने पर जोर दिया गया। इसके लिए स्वास्थ्य, शिक्षा, क्षमता निर्माण, व्यापार, निवेश, कृषि, नवीकरणीय ऊर्जा, जलवायु परिवर्तन, लोगों से लोगों के बीच और सांस्कृतिक आदान-प्रदान में द्विपक्षीय सहयोग को मजबूत करने के तरीकों पर चर्चा की गई। दोनों पक्ष नियमित उच्च-स्तरीय वार्ता और राजनीतिक परामर्श पर सहमत हुए। भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व विदेश मंत्रालय की सचिव (दक्षिण) नीना मल्होत्रा ने किया और फिजी पक्ष का नेतृत्व विदेश मामलों की स्थायी सचिव रायजेली तागा ने किया।

नेपाल के सांसदों ने विक्रम मिस्री से की मुलाकात
नेपाल के सांसदों के एक बहुदलीय प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को विदेश सचिव विक्रम मिस्री से मुलाकात की। विदेश मंत्रालय (एमईए) ने बताया कि इस दौरान दोनों पक्ष ने बहुआयामी द्विपक्षीय साझेदारी के विस्तार के अवसरों पर चर्चा की। सोशल मीडिया पोस्ट में, विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बैठक की कुछ तस्वीरें साझा कीं। उन्होंने कहा, विदेश सचिव ने बुधवार को नेपाल के सांसदों के एक बहुदलीय प्रतिनिधिमंडल के साथ बातचीत की और पारस्परिक लाभ के लिए बहुआयामी भारत-नेपाल साझेदारी के विस्तार के अवसरों पर चर्चा की। प्रतिनिधिमंडल की यह यात्रा नेपाल के प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली की भारत यात्रा से पहले हो रही है। नेपाल के विदेश मंत्रालय ने रविवार को कहा कि ओली सितंबर के मध्य में भारत की आधिकारिक यात्रा पर आएंगे और इसकी तैयारियां चल रही हैं।

नेब्रास्का के बायोफ्यूल प्लांट में धमाका, दो लड़कियों समेत एक कर्मचारी की मौत
नेब्रास्का के एक बायोफ्यूल प्लांट में मंगलवार को जोरदार धमाका हुआ, जिसमें दो लड़कियों और एक कर्मचारी की मौत हो गई। दोनों लड़कियां अपने किसी रिश्तेदार का इंतजार कर रही थीं, जो वहीं काम कर रहा था। हादसे के बाद से फैक्ट्री में आग लगी हुई है, जो बुधवार तक भी बुझ नहीं पाई थी। फ्रेमोंट शहर के मेयर जॉय स्पेलरबर्ग ने बताया कि लड़कियां डॉक्टर के पास जाने से पहले इस फैक्ट्री में आई थीं। उनकी उम्र लगभग 12 साल से कम बताई गई है। डॉज काउंटी के एक पुलिस अधिकारी ने पुष्टि की कि तीनों लोग एक ही परिवार के सदस्य थे।

लेबनान के राष्ट्रपति ने हिज्बुल्ला से हथियार छोड़ने की अपील की, अमेरिका का दबाव बढ़ा
लेबनान के राष्ट्रपति जोसेफ औन ने एक बार फिर चरमपंथी संगठन हिज्बुल्लाह से हथियार छोड़ने की अपील की है। उनका यह बयान तब आया, जब हिज्बुल्लाह प्रमुख  नईम कासिम ने अपने हथियार न छोड़ने की बात दोहराई।

राष्ट्रपति औन ने यह बात गुरुवार को लेबनान के सेना दिवस के मौके पर दिए गए भाषण में कही। यह बयान ऐसे समय आया है जब अमेरिका की ओर से हिज्बुल्ला को निष्क्रिय करने के लिए दबाव बढ़ रहा है। राष्ट्रपति औन ने कहा, अमेरिका ने हमें कुछ शुरुआती प्रस्ताव भेजे हैं, जिनमें हमने कई अहम बदलाव किए हैं। ये संशोधित प्रस्ताव अगले हफ्ते की शुरुआत में कैबिनेट के सामने रखे जाएंगे।

औन के अनुसार, लेबनान की ओर से जो प्रस्ताव दिया गया है, उसमें कुछ महत्वपूर्ण शर्तें रखी गई हैं- लेबनान में इस्राइल की सैन्य कार्रवाई (जैसे हवाई हमले और लक्षित हत्याएं) तुरंत रोकी जाए।

इस्राइली सेना पूरी तरह से दक्षिणी लेबनान से हटे और इस्राइल में कैद लेबनानी नागरिकों को रिहा किया जाए। इसके बदले में लेबनान सरकार यह सुनिश्चित करेगी कि सभी सशस्त्र समूहों, जिनमें हिज्बुल्ला भी शामिल है, अपने हथियार छोड़ें और इन्हें लेबनानी सेना को सौंप दें।

हांगकांग: मकाउ पुलिस ने लोकतंत्र समर्थक नेता को किया गिरफ्तार 
मकाउ पुलिस ने एक लोकतंत्र समर्थक नेता औ काम सान को गिरफ्तार किया है। उस पर आरोप है कि उसने राष्ट्रीय सुरक्षा कानून का उल्लंघन करते हुए विदेशी ताकतों के साथ मिलीभगत की। स्थानीय मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, औ काम सान पहले विधायक रह चुके हैं। 

पुलिस ने गुरुवार को जारी बयान में कहा कि मकाउ निवासी औ ( 68 वर्षीय) ने शहर के बाहर स्थित एक चीन विरोधी समूह के साथ मिलकर काम किया और गलत व भड़काऊ सामग्री ऑनलाइन और विदेश में सार्वजनिक रूप से प्रसारित की।

पुलिस के मुताबिक, इस व्यक्ति ने लंबे समय से कई चीन विरोधी संगठनों से संपर्क बनाए रखा था और बिना सबूत के जानकारियां उन्हें या उनके मीडिया चैनलों को भेजी थीं, ताकि वह उन्हें प्रकाशित कर सकें। पुलिस ने कहा, इसका मकसद मकाउ के लोगों और उन विदेशियों में चीन और मकाउ सरकार के खिलाफ नफरत फैलाना था, जो असल सच्चाई नहीं जानते। 

लंदन में ब्रिटिश सिख युवक की चाकू मारकर हत्या

ब्रिटेन के पूर्वी लंदन में एक 30 वर्षीय ब्रिटिश सिख युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। गुरमुख सिंह, जिन्हें 'गैरी' कहा जाता था, की मौत 23 जुलाई को इलफोर्ड इलाके की एक सड़क पर हुई। मेट्रोपोलिटन पुलिस ने गुरुवार को उनकी पहचान सार्वजनिक की। पुलिस ने 27 वर्षीय अमरदीप सिंह को हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया है। उसे लंदन की अदालत 'ओल्ड बेली' में 5 जनवरी 2026 को पेश किया जाएगा। पुलिस का कहना है कि यह हमला आपसी जान-पहचान वाले लोगों के बीच हुआ। घटना के बाद 29 वर्षीय एक पुरुष और 29, 30 और 54 वर्ष की तीन महिलाओं को भी गिरफ्तार किया गया, जिन्हें बाद में अक्तूबर तक जमानत पर रिहा कर दिया गया। पुलिस जांच अब भी जारी है।

ट्रंप ने मैक्सिको के साथ 90 दिन की वार्ता की घोषणा की, टैरिफ जारी रहेगा
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने घोषणा की है कि मैक्सिको के साथ 90 दिन की वार्ता अवधि शुरू की गई है, लेकिन इस दौरान 25% टैरिफ (आयात शुल्क) जारी रहेगा। उन्होंने यह जानकारी मैक्सिकन राष्ट्रपति क्लाउडिया शीनबाउम से फोन पर बातचीत के बाद ट्रुथ सोशल पर दी। ट्रंप ने कहा कि दोनों नेताओं के बीच बातचीत सफल रही और अब वे एक-दूसरे को बेहतर समझने लगे हैं। टैरिफ को ट्रंप ने फेंटानिल जैसे नशीले पदार्थों की तस्करी से जोड़ा है। इसके तहत मैक्सिको से अमेरिका आने वाली कारों पर 25% शुल्क लगेगा, जबकि तांबा, एल्यूमिनियम और स्टील जैसी धातुओं पर 50% तक टैक्स लगाया जाएगा।

जलवायु परिवर्तन के कारण ‘जेट स्ट्रीम’ में परिवर्तन की घटना आम
उड़ान के दौरान वायुमंडलीय विक्षोभ के कारण गंभीर चोटें लगना दुर्लभ मामला है, लेकिन वैज्ञानिकों का कहना है कि जलवायु परिवर्तन के कारण ‘जेट स्ट्रीम’ में परिवर्तन होने के कारण इस तरह की घटनाएं अधिक आम हो सकती हैं। एयरबस ए-330-900 (जिसमें 250 से अधिक लोग बैठ सकते हैं) को बुधवार शाम लगभग 7:45 बजे उतारा गया। हवाई अड्डे के अग्निशमन विभाग और चिकित्साकर्मियों ने विमान का मुआयना किया। एयरलाइन ने बताया कि 25 यात्रियों को जांच और इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया।

एक यात्री ने बताया कि जिन लोगों ने सीट बेल्ट नहीं पहनी थी, वे केबिन में इधर-उधर टकराए। लीन क्लेमेंट-नैश ने बताया कि वे छत से टकराए और फिर जमीन पर गिर पड़े। कई कार्ट भी छत से टकराकर जमीन पर गिर गईं और लोग घायल हो गए। ऐसा कई बार हुआ, इसलिए यह वाकई डरावना था। डेल्टा ने एक बयान में कहा, 'हम सभी आपातकालीन प्रतिक्रियाकर्ताओं के सहयोग के लिए आभारी हैं।'

मई 2024 में सिंगापुर एयरलाइन की एक उड़ान के वायुमंडलीय विक्षोभ की चपेट में आ जाने से एक व्यक्ति की मौत हो गई थी। यह कई दशकों में किसी प्रमुख एयरलाइन के विमान के विक्षोभ की चपेट में आने के कारण किसी व्यक्ति के मरने का पहला मामला था।

रूस ने रातभर यूक्रेन पर दागे ड्रोन और मिसाइल
यूक्रेन की राजधानी कीव के सैन्य प्रशासन के प्रमुख टी. तकाचेंको ने बताया कि इस हमले से नौ मंजिला आवासीय इमारत का एक बड़ा हिस्सा ढह गया। उन्होंने बताया कि बचाव दल मलबे में फंसे लोगों को बचाने में जुटी है। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने सोशल मीडिया मंच 'टेलीग्राम' पर लिखा, 'मिसाइल हमला। सीधे एक रिहायशी इमारत पर। लोग मलबे के नीचे हैं। सभी सेवाएं घटनास्थल पर हैं।'

घटनास्थल की तस्वीरों में आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त इमारत से धुंए का गुबार निकलता हुआ तथा जमीन पर मलबा बिखरा हुआ दिखाई दे रहा है। तकाचेंको ने बताया कि कीव में कम से कम 27 स्थानों पर हमला हुआ, जिसमें सबसे अधिक नुकसान सोलोमिंस्क्यी और स्वियातोशिनस्क्यी जिलों में हुआ। यूक्रेन की वायुसेना ने कहा कि रूस ने रातभर में ड्रोन और मिसाइल से हमला किया। यूक्रेनी वायु रक्षा प्रणाली ने 288 ड्रोन और तीन मिसाइल को रोककर उन्हें निष्क्रिय कर दिया। इस बीच, रूस के रक्षा मंत्रालय ने गुरुवार को कहा कि उसने रात में 32 यूक्रेनी ड्रोन को मार गिराया है।

जून में खुदरा मुद्रास्फीति में वृद्धि हुई- अमेरिका
अमेरिकी वाणिज्य विभाग ने आज बताया कि जून महीने में उपभोक्ता मूल्य आधारित खुदरा मुद्रास्फीति सालाना आधार पर 2.6 प्रतिशत बढ़ी जबकि मई में यह वृद्धि दर 2.4 प्रतिशत रही थी। खाद्य और ऊर्जा खंड को छोड़कर मुख्य मुद्रास्फीति 2.8 प्रतिशत रही जो अमेरिकी केंद्रीय बैंक फेडरल रिजर्व के दो प्रतिशत लक्ष्य से अधिक है।

महंगाई में इस बढ़ोतरी को ही ध्यान में रखते हुए फेडरल रिजर्व ने इस सप्ताह ब्याज दरों में कटौती नहीं की। फेड प्रमुख जेरोम पावेल ने संकेत दिया है कि यह तय करने में समय लगेगा कि यह मूल्य वृद्धि अस्थायी है या दीर्घकालिक। मासिक आधार पर मुद्रास्फीति में 0.3 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई जबकि प्रमुख उत्पादों में भी 0.3 प्रतिशत की तेजी रही। इन आंकड़ों के आधार पर विश्लेषकों का मानना है कि ट्रंप के कई देशों से आयात पर शुल्क बढ़ाने का असर अब महंगे आयात और उसके नतीजों के रूप में नजर आना शुरू हो गया है।

वेल्स चर्च का आर्कबिशप बने चेरी वैन
बिशप चेरी वैन को वेल्स चर्च का आर्कबिशप चुना गया है। इस तरह वह ब्रिटेन के किसी भी एंग्लिकन चर्च का नेतृत्व करने वाली पहली महिला और समलैंगिक (एलजीबीटीक्यू प्लस) पादरी बन गई हैं। यद्यपि अंतरराष्ट्रीय एंग्लिकन समुदाय में पहले भी खुले तौर पर समलैंगिक बिशप रहे हैं, लेकिन वैन विश्व स्तर पर आर्कबिशप के रूप में सेवा करने वाली पहली समलैंगिक महिला होंगी। वेल्स चर्च 1920 में चर्च ऑफ इंग्लैंड से अलग हो गया था।

बांग्लादेश: शेख हसीना और 99 अन्य पर आवासीय भूखंड घोटाले के 6 मामलों में अभियोग
बांग्लादेश की दो अलग-अलग अदालतों ने गुरुवार को अपदस्थ प्रधानमंत्री शेख हसीना और 99 अन्य के खिलाफ एक आवासीय परियोजना में भूखंडों के आवंटन में अनियमितताओं के छह मामलों में आरोप तय किए। इन छह मामलों में से, ढाका विशेष न्यायाधीश कोर्ट-4 के न्यायाधीश रबीउल आलम ने तीन मामलों में आरोप तय किए: एक मामला हसीना और उनकी बहन शेख रेहाना सहित 17 लोगों के खिलाफ; एक मामला हसीना और अजमीना सिद्दीक सहित 18 लोगों के खिलाफ; और एक अन्य मामला हसीना और रदवान मुजीब सिद्दीक के खिलाफ, सरकारी समाचार एजेंसी बीएसएस ने बताया। अदालत ने इन मामलों में गवाही दर्ज करने के लिए 13 अगस्त की तारीख तय की और आरोपियों के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किए।

पूर्व पीएम हसीना बांग्लादेश में कई मामलों का सामना कर रही हैं। पिछले साल 5 अगस्त को देश में छात्रों के नेतृत्व वाले बड़े पैमाने पर आंदोलन के बाद उन्हें बेदखल कर दिया गया था, जिसके कारण उन्हें ढाका से भागना पड़ा था।

अमेरिका ने फलस्तीनी प्राधिकरण और PLO के अधिकारियों पर प्रतिबंध लगाए
अमेरिका ने फलस्तीनी प्रशासन और फलस्तीनी मुक्ति संगठन के कुछ अधिकारियों पर वीजा प्रतिबंध लगाए हैं। अमेरिकी विदेश विभाग का कहना है कि PLO और PA ने 1989 के PLO प्रतिबद्धता अनुपालन कानून और 2002 के मध्य पूर्व शांति प्रतिबद्धता कानून का उल्लंघन किया है। अमेरिका ने संदेश दिया है कि अगर कोई संगठन शांति की प्रतिबद्धताओं का पालन नहीं करता और आतंकवाद को बढ़ावा देता है, तो उस पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get latest World News headlines in Hindi related political news, sports news, Business news all breaking news and live updates. Stay updated with us for all latest Hindi news.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed