फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   World ›   World News Hindi Updates Sudan Africa Asia Europe US UK West Asia Politics Crime and Global events

World: फ्रांस से ब्रिटेन जाने की कोशिश कर रहीं दो महिलाओं की मौत; चीन में 5.6 तीव्रता का भूकंप, 11 घायल

Sat, 27 Sep 2025 05:55 PM IST
शिव शुक्ला वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला
वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला Published by: शिव शुक्ला Updated Sat, 27 Sep 2025 05:55 PM IST
विज्ञापन
World News Hindi Updates Sudan Africa Asia Europe US UK West Asia Politics Crime and Global events
दुनिया की बड़ी खबरें - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स

फ्रांस से ब्रिटेन जाने की कोशिश कर रही दो महिलाओं की शनिवार सुबह नाव हादसे में मौत हो गई। यह नाव 60 से ज्यादा प्रवासियों को लेकर इंग्लिश चैनल पार कर रही थी। फ्रांसीसी प्रशासन ने बताया कि दोनों महिलाओं को बचाया नहीं जा सका। इस दौरान कई प्रवासियों को हाइपोथर्मिया की हालत में अस्पताल पहुंचाया गया। रिपोर्ट के मुताबिक, इस साल अब तक 17 प्रवासियों की मौत हो चुकी है। हाल ही में ब्रिटेन और फ्रांस ने अवैध प्रवासन रोकने के लिए "वन इन, वन आउट" कार्यक्रम शुरू किया है।

विज्ञापन


चीन में 5.6 तीव्रता का भूकंप, 11 घायल
शनिवार सुबह चीन के गांसू प्रांत में 5.6 तीव्रता का भूकंप आया, जिससे कई घर ढह गए और 11 लोग घायल हो गए। सरकारी मीडिया के अनुसार, झांगशियन और लोंग्शी काउंटी में करीब 7,800 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भेजा गया है। भूकंप का केंद्र लानझोउ से 140 किमी दूर था। 3,500 से ज्यादा मकानों को नुकसान पहुंचा है। बचावकर्मी मलबा हटाने में जुटे हैं और प्रभावित इलाकों में यातायात धीरे-धीरे बहाल किया जा रहा है।
विज्ञापन


ओबामा-क्लिंटन के वकील बार्नेट का निधन
अमेरिका में बराक ओबामा और मिशेल ओबामा, हिलेरी क्लिंटन समेत दर्जनों नेताओं का प्रतिनिधित्व कर चुके वाशिंगटन के एक प्रभावशाली वकील रॉबर्ट बी. बार्नेट का 79 वर्ष की आयु में निधन हो गया। बार्नेट की कार्यकारी सहायक एश्ले डफी ने बताया कि बृहस्पतिवार की रात उनका निधन हो गया। बार्नेट उच्चस्तरीय लॉ फर्म विलियम्स एंड कोनोली में साझेदार थे और 20 से अधिक वर्षों तक वाशिंगटन के अभिजात वर्ग और न्यूयॉर्क के प्रकाशकों के बीच मध्यस्थ के रूप में उनकी हैसियत के आसपास भी कोई नहीं पहुंचा। 1990 के दशक की शुरुआत से ओबामा प्रशासन के अंत तक, 2017 में बार्नेट ने लगातार तीन राष्ट्रपतियों और प्रथम महिलाओं - क्लिंटन, जॉर्ज डब्ल्यू और लॉरा बुश और ओबामा और शेष ए-सूची के अधिकांश राजनीतिक खिलाड़ियों का प्रतिनिधित्व किया।

विज्ञापन
विज्ञापन

 भारतीय राजदूत ने कनाडा के गवर्नर जनरल को परिचय पत्र प्रस्तुत किए
कनाडा में भारतीय उच्चायुक्त दिनेश पटनायक ने कनाडा की गवर्नर जनरल मैरी साइमन को अपने परिचय पत्र प्रस्तुत किए और द्विपक्षीय संबंधों को मज़बूत करने पर विचारों का आदान-प्रदान किया। कनाडा स्थित भारतीय मिशन ने इस बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पटनायक 1990 बैच के भारतीय विदेश सेवा अधिकारी हैं। वे इससे पहले स्पेन में भारत के राजदूत रह चुके हैं।

बता दें कि बीते महीने, भारत और कनाडा ने दोनों देशों में अपने राजदूत नियुक्त किए थे। 2023 में तत्कालीन प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो द्वारा निज्जर की हत्या में भारत का हाथ होने के आरोपों के बाद भारत-कनाडा संबंध चरमरा गए।

टिकटॉक डील पर हाउस कमेटी के चेयरमैन ने व्हाइट हाउस से मांगी ब्रीफिंग
अमेरिकी हाउस की समिति के अध्यक्ष जॉन मोलिनार ने टिकटॉक डील पर व्हाइट हाउस से तत्काल ब्रीफिंग की मांग की है। गौरतलब है कि एक दिन पहले ही राष्ट्रपति ट्रंप ने टिक टॉक को अमेरिकी स्वामित्व में लाने वाले प्रस्तावित समझौते पर अपने हस्ताक्षर किए थे।

मोलिनार ने कहा कि यह कदम टिकटॉक को अमेरिकी हाथों में लाने की दिशा में महत्वपूर्ण है, लेकिन कानून के अन्य प्रावधानों का पालन भी आवश्यक है। उन्होंने साफ किया कि बाइटडांस और नए टिकटॉक उद्यम के बीच एल्गोरिदम पर कोई सहयोग नहीं होना चाहिए।

बता दें कि व्हाइट हाउस ने अभी तक इस मांग पर प्रतिक्रिया नहीं दी। समझौते के अनुसार अमेरिकी निवेशक समूह टिकटॉक का लगभग 80% नियंत्रण रखेंगे, जबकि बाइटडांस का हिस्सा 20% से कम होगा। बाइटडांस को बोर्ड में प्रतिनिधित्व मिलेगा, लेकिन सुरक्षा मामलों में उसका कोई हस्तक्षेप नहीं होगा। 

खैबर पख्तूनख्वा में दुर्घटना, एक ही परिवार के 11 लोगों की मौत
 बचाव अधिकारियों ने शुक्रवार को बताया कि उत्तर-पश्चिमी पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा में एक सड़क हादसे में एक ही परिवार के 11 सदस्यों की मौत हो गई और तीन अन्य घायल हो गए। यह हादसा डेरा इस्माइल खान जिले में एक वाहन के ब्रेक फेल हो जाने से हुआ। वाहन झोब जिले से डेरा इस्माइल खान जा रहा था। घटनास्थल से सात शव बरामद हुए हैं, जिनमें पांच महिलाएं, एक पुरुष और एक बच्चा शामिल है। तीन घायल अस्पताल भेजे गए।

माइक्रोसॉफ्ट ने इस्राइल में घटाई क्लाउड और एआई उत्पादों की सेवा
 माइक्रोसॉफ्ट ने इस्राइली सेना की एक यूनिट को अपनी कुछ सेवाएं देनी बंद कर दी हैं। कंपनी ने दावा किया है कि इस्राली सेना उसकी क्लाउड कंप्यूटिंग और एआई का इस्तेमाल गाजा में फलस्तीनियों के सर्विलांस के लिए कर कर रहा था। माइक्रोसॉफ्ट ने कहा, इस्राइल गाजा में कई बार हमले करने के लिए उसकी तकनीक का इस्तेमाल करता है ऐसे में इन सेवाओं पर रोक लगा देना जरूरी है। अध्यक्ष ब्रैड स्मिथ ने कहा, सेवाओं के नियमों के लिए ही यह कदम उठाया गया है। 

नेपाल में सुरक्षाबलों की गोलियों से मारे गए थे 33 लोग
नेपाल में इस महीने हुए भ्रष्टाचार विरोधी प्रदर्शनों पर बड़ा खुलासा हुआ है। त्रिभुवन विश्वविद्यालय के इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिसिन की फॉरेंसिक रिपोर्ट में पता चला कि 33 प्रदर्शनकारियों की मौत गोली लगने से हुई थी, जो घातक हथियारों से चलाई गई थीं। यह पहला आधिकारिक प्रमाण है कि सुरक्षाबलों ने प्रदर्शनकारियों पर असली गोलियों का इस्तेमाल किया था।

संस्थान के महाराजगंज मेडिकल कैंपस में 47 शवों का पोस्टमार्टम हुआ। फॉरेंसिक विभाग के सदस्य ने बताया कि 34 शवों में गोलियों के जख्म पाए गए। इनमें 10 को सिर में, 18 को सीने में, चार को पेट में और दो को गले में गोली लगी थी। केवल एक व्यक्ति को रबर बुलेट लगी थी। हिंसक प्रदर्शनों में 74 लोगों की मौत हुई थी। 

भारतीय कारोबारी का सिंगापुर से सीमा पार सहयोग का आह्वान
 सिंगापुर स्थित भारतीय कारोबारी ने दुनिया में सीमा पार सहयोग और मूल्यों, दूरदर्शिता एवं जिम्मेदारी के नेतृत्व का आह्वान किया है। इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (आईसीएआई) के सिंगापुर चैप्टर की चेयरपर्सन अनुराधा श्रॉफ ने कहा, हम बड़े बदलाव के दौर से गुजर रहे हैं जो प्रौद्योगिकी परिवर्तन, स्थिरता की अनिवार्यताओं, नई भू-राजनीतिक वास्तविकताओं, बदलती जनसांख्यिकी के आह्वान से प्रेरित है। उन्होंने ‘बिजनेस लीडर्स फोरम 2.0’ में 150 से अधिक चार्टर्ड अकाउंटेंट को संबोधित करते हुए यह बात कही। उन्होंने कहा कि इसके लिए केवल बदलाव ही काफी नहीं है। एक पेशेवर के तौर पर एक संगठन के तौर पर और एक वैश्विक समुदाय के तौर पर हमारी प्रतिक्रिया असल में मायने रखती है। इस मंच के माध्यम से हमारा लक्ष्य बदलाव की वास्तविक कहानियों को सामने लाना, दुनियाभर की सर्वोत्तम प्रथाओं को साझा करना है। साथ ही क्षेत्रों एवं सीमाओं से परे में नेतृत्व को मजबूत करना और चार्टर्ड अकाउंटेंट एवं पेशेवरों को रणनीतिक सलाहकार, नवाचार समर्थक आदि बनने के लिए सशक्त बनाना है। 

सिंगापुर : मस्जिद में अपवित्र मांस का पार्सल आने से तनाव
सिंगापुर के सेरांगून आवासीय परिसर की अल-इस्तिकामा मस्जिद को मिले एक पार्सल में अपवित्र मांस पाए जाने से तनाव है। इसके सूअर का मांस होने का संदेह है। गृह मंत्री के. षणमुगम ने कहा, यह कृत्य बहुजातीय समुदाय में आग से खेलने के समान है। चैनल न्यूज एशिया ने मंत्री के हवाले से कहा कि यह कोई अकेली घटना नहीं है, हाल ही में अन्य मस्जिदों में भी मांस भेजे जाने के ऐसे ही और मामले सामने आए हैं, जिनकी पुलिस जांच कर रही है। राष्ट्रीय सुरक्षा समन्वय मंत्री षणमुगम ने कहा, अगर यह सूअर का मांस है और इसे मस्जिद में भेजा गया है तो यह काफी बुरा कृत्य है। वह बोले, मकसद चाहे जो भी हो, लेकिन यह आग से खेलने जैसा है।

तिब्बती कार्यकर्ताओं ने चीन को तिब्बत से बाहर करने के लिए यूएन के बाहर किया प्रदर्शन
तिब्बती कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को न्यूयॉर्क स्थित संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने चीन के खिलाफ नारे लगाए और तिब्बत की स्वतंत्रता के लिए वैश्विक समर्थन की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने 'तिब्बत को आजाद करो, चीन को बाहर करो, चीन अब तिब्बत से बाहर हो' जैसे नारे लगाए। समूह की ओर से बोलते हुए न्यूयॉर्क और न्यू जर्सी के क्षेत्रीय तिब्बती युवा कांग्रेस के उपाध्यक्ष ताशी टुंडुप ने कहा, 'हम यहां संयुक्त राष्ट्र प्रतिनिधियों और विश्व नेताओं से अपील करने आए हैं कि वे तिब्बत का समर्थन करें, तिब्बत की स्वतंत्रता का समर्थन करें।' यह विरोध प्रदर्शन संयुक्त राष्ट्र महासभा (यूएनजीए) के 80वें सत्र के साथ-साथ हुआ, जहां विश्व के नेता महत्वपूर्ण वैश्विक मुद्दों पर चर्चा के लिए एकत्रित हुए थे। यूएनजीए के चौथे दिन, चीन के राज्य परिषद के प्रधानमंत्री ली कियांग ने सभा को संबोधित किया। ली ने राष्ट्रपति शी जिनपिंग की ओर से बात की, जो इस कार्यक्रम में शामिल नहीं हुए थे।

सूडान में युद्ध समाप्ति के प्रयास में जुटे कई प्रभावशाली देशों के नेता
सूडान में चल रहे संघर्ष पर अंतरराष्ट्रीय संकट समूह के परियोजना निदेशक एलन बॉस्वेल ने कहा कि सूडान में चल रहे युद्ध को खत्म करने के लिए प्रमुख देश और क्षेत्रीय संगठन लगातार प्रयास में लगे हैं। इस वर्ष की उच्च स्तरीय महासभा बैठक में कहा, सोमवार को खत्म होने वाली इस साल की उच्च स्तरीय महासभा की बैठक इस संघर्ष को रोकने के लिए निर्णायक साबित हो सकती है। युद्ध शुरू हुए दो साल से अधिक का समय हो गया है। 

इंडोनेशिया : मुस्लिम समुदाय  में खसरे के टीके का विरोध
इंडोनेशिया के सुमेनैप शहर में मुस्लिम समुदाय बच्चों को खसरे के टीका लगाने का विरोध कर रहा है। इनमें कुछ माता-पिता ऐसे हैं जो बच्चों को इसकी खुराक दिलाने से मना कर रहे हैं। उनका मानना है कि कुछ टीकों में सुअर से प्राप्त जिलेटिन का इस्तेमाल किया जाता है, जो इस्लाम में हराम है। कई धार्मिक विद्वान मानते हैं कि कुछ परिस्थितियों में सुअर से बने चिकित्सा उत्पादों का उपयोग किया जा सकता है। देश में इस साल अब तक 2,600 से अधिक बच्चे खसरे से संक्रमित हो चुके हैं। 

अफ्रीका में ऑनलाइन रोमांस धोखाधड़ी में 260 गिरफ्तार
 इंटरनेशनल क्रिमिनल पुलिस ऑर्गेनाइजेशन (इंटरपोल) की एक शाखा ने 14 अफ्रीकी देशों में ऑनलाइन रोमांस और जबरन वसूली के धोखाधड़ी मामले में 260 संदिग्धों को गिरफ्तार किया है। जुलाई से अगस्त तक चलाए गए विशेष अभियान के तहत ये गिरफ्तारियां हुई हैं। अंतरराष्ट्रीय पुलिस संगठन ने बताया कि इसमें अपराधी लोगों से पैसे ऐंठने के लिए ऑनलाइन रोमांटिक रिश्ते बनाकर उन्हें फंसाते हैं। इसके बाद निजी तस्वीरों से उन्हें ब्लैकमेल करते हैं। कम से कम 28 लाख लोग इसके शिकार हो चुके हैं 

तिब्बत समर्थक गतिविधियों में सक्रिय चीनी छात्रा चीन में हिरासत में
यूरोप में पढ़ाई के दौरान तिब्बत समर्थक गतिविधियों में सक्रिय रही 22 वर्षीय चीनी छात्रा झांग यादी को चीन में सुरक्षा एजेंसियों ने हिरासत में ले लिया है। उन पर अलगाववाद भड़काने का आरोप लगाया गया है। झांग इस साल गर्मियों में अपने परिवार से मिलने चीन गई थीं और उसके बाद से संपर्क में नहीं थीं। बाद में पता चला कि उन्हें 31 जुलाई को गिरफ्तार कर लिया गया। वे फ्रांस में पढ़ाई कर चुकी हैं और जल्द ही लंदन के SOAS विश्वविद्यालय में स्नातकोत्तर कार्यक्रम शुरू करने वाली थीं। ह्यूमन राइट्स वॉच ने उनकी तुरंत और बिना शर्त रिहाई की मांग की है और पश्चिमी देशों से भी चीन पर दबाव बनाने की अपील की है।

यूएनएससी ने ईरान से संबंधित प्रस्ताव खारिज किया
संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद ने शुक्रवार को ईरान पर प्रतिबंधों को फिर से लागू करने में देरी करने के एक और आखिरी प्रयास को समय सीमा से एक दिन पहले खारिज कर दिया। पश्चिमी देशों ने दावा किया कि अधिकारियों के साथ हफ्तों की बैठकों के बावजूद कोई ‘ठोस’ समझौता नहीं हो पाया। यह कदम ऐसे समय उठाया गया है जब संयुक्त राष्ट्र के प्रतिबंधों की एक शृंखला लागू होने वाली है, जैसा कि विश्व शक्तियों के साथ ईरान के 2015 के परमाणु समझौते में उल्लिखित है।

ब्रिटेन ने मनाई रेल क्रांति की 200वीं वर्षगांठ
ब्रिटेन ने शनिवार को उस ऐतिहासिक रेल यात्रा की 200वीं वर्षगांठ मनाई, जिसने दुनिया की दिशा बदल दी थी। 27 सितंबर 1825 को जॉर्ज स्टीफेंसन की ‘लोकोमोशन नंबर-1’ ने इंग्लैंड के स्टॉकटन-डार्लिंगटन रेलमार्ग पर 26 मील लंबी यात्रा की थी। इस अवसर पर हजारों लोग मार्ग पर जुटे, जहां इंजन की प्रतिकृति ने ऐतिहासिक यात्रा को दोहराया। ब्रिटेन के प्रिंस एडवर्ड भी इसमें शामिल हुए। यह यात्रा न केवल परिवहन बल्कि उद्योग, व्यापार और समाजिक जीवन में क्रांति का प्रतीक बनी।

2024 जीवन का सबसे कठिन वर्ष: प्रिंस विलियम

प्रिंस विलियम ने अभिनेता यूजीन लेवी के शो द रिलक्टेंट ट्रैवलर में खुलासा किया कि 2024 उनके जीवन का सबसे कठिन वर्ष रहा। उन्होंने कहा, पत्नी केट मिडलटन (प्रिंसेस ऑफ वेल्स) और पिता किंग चार्ल्स III दोनों कैंसर उपचार से गुजर रहे थे। इसलिए ये दौर भावनात्मक रूप से चुनौतीभरा रहा। विलियम ने कहा कि जीवन हमें परखता है और इन चुनौतियों को पार करना ही हमें मजबूत बनाता है। शो के प्रीव्यू में वे लेवी को विंडसर कैसल दिखाते और पब में बातचीत करते नजर आए। केट की बीमारी अब रीमिशन में है और वे सार्वजनिक कार्यक्रमों में सक्रिय हैं, जबकि चार्ल्स भी उपचार के बाद कर्तव्यों पर लौट आए हैं।

पाकिस्तानी जीवनसाथी होने पर अफगान नागरिकों के निर्वासन पर अस्थायी रोक: पेशावर हाईकोर्ट
पेशावर हाईकोर्ट ने 40 अफगान नागरिकों को बड़ी राहत दी है। इनकी शादी पाकिस्तानी महिलाओं से हुई है। निर्वासन प्रक्रिया पर रोक लगाते हुए अदालत ने कहा कि इन्हें तब तक नहीं निकाला जा सकता जब तक राष्ट्रीय डाटाबेस एवं पंजीकरण प्राधिकरण (NADRA) उनकी पाकिस्तान ओरिजिन कार्ड (POC) की अर्जी पर फैसला नहीं करता या छह माह की अवधि पूरी नहीं हो जाती। POC से पाकिस्तान में स्थायी निवास का दर्जा मिलता है। याचिकाकर्ताओं का तर्क था कि अफगान पति, पाकिस्तानी बच्चों के पिता होने के नाते कानूनी रूप से POC के हकदार हैं और पारिवारिक जीवन का अधिकार संविधान द्वारा संरक्षित है। अदालत ने नोटिस जारी कर सरकार को जवाब दाखिल करने का निर्देश दिया। वकीलों ने कहा कि कानून प्रवर्तन एजेंसियां POC के पात्र अफगानों को भी प्रताड़ित कर रही हैं, जबकि उनकी अर्जी सुरक्षा जांच के कारण लंबित है। नवंबर 2023 से अब तक 10 लाख से अधिक अफगान पाकिस्तान छोड़ चुके हैं।

पूर्वी बांग्लादेश में स्कूली छात्रा के साथ दुष्कर्म, आदिवासी बहुल इलाके में विरोध प्रदर्शन के बाद अर्धसैनिक बल तैनात
बांग्लादेश के दक्षिण-पूर्वी पहाड़ी जिले खगराछड़ी में आठवीं कक्षा की एक छात्रा के कथित तौर पर सामूहिक दुष्कर्म किया गया। इससे आक्रोशित लोगों ने विरोध में शनिवार को जनजातीय समुदायों ने उग्र प्रदर्शन किया। चाकमा बहुल प्रदर्शनकारियों ने "जुमा छात्र-जनता" के बैनर तले सड़कों पर टायर जलाकर और पेड़ के तनों, ईंटों से बैरिकेड लगाकर जिला मुख्यालय व मार्गों को अवरुद्ध कर दिया। हालात बेकाबू होने पर प्रशासन ने दंड प्रक्रिया संहिता की धारा 144 लागू कर सभाओं, रैलियों व पांच से अधिक लोगों के जुटान पर रोक लगा दी। साथ ही, सीमा रक्षक बल (BGB) के सात प्लाटून (लगभग 250 जवान) तैनात किए गए।

इस अपराध की जांच कर रही पुलिस ने एक संदिग्ध शख्स शोयोन शील को गिरफ्तार कर पांच दिन की रिमांड पर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। शुक्रवार को भी महिलाओं के खिलाफ बढ़ती हिंसा को लेकर रैली निकाली गई थी। तनाव के बीच पर्यटक इलाका छोड़ने लगे और यात्री बसें व वाहन हाईवे पर फंसे रहे। बता दें कि खगराछड़ी सहित चिटगांव हिल ट्रैक्ट्स (CHT) क्षेत्र लंबे समय से जातीय व साम्प्रदायिक तनाव का केंद्र रहा है। यहां 1997 में शांति समझौते से दो दशक पुरानी उग्रवाद समस्या समाप्त हुई थी, फिर भी विभिन्न जनजातीय गुटों के बीच संघर्ष जारी रहता है।

जेन-जी आंदोलन पर बोले पूर्व PM ओली, हमने फायरिंग के आदेश नहीं दिए
नेपाल के पूर्व प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली ने शनिवार को पहली बार सार्वजनिक रूप से कहा कि उन्होंने ‘जेन जी’ आंदोलनकारियों पर गोली चलाने के आदेश नहीं दिए थे। ओली को 9 सितंबर को सोशल मीडिया प्रतिबंध और भ्रष्टाचार के खिलाफ हुए प्रदर्शनों के बाद पद से हटाया गया था। आंदोलन में दो दिनों में 75 लोगों की मौत हुई। ओली ने दावा किया कि असल आंदोलनकारियों के बीच घुसपैठ हुई थी और आगजनी व हिंसा उन्हीं के कारण हुई। उन्होंने नई सुशीला कार्की सरकार को असंवैधानिक बताया और अपनी सुरक्षा की मांग की। नए चुनाव 5 मार्च 2026 को होंगे।

'घरेलू आतंकियों' से निपटने पोर्टलैंड, ओरेगन जाएगी अमेरिकी सेना: राष्ट्रपति ट्रंप
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शनिवार को कहा, वह पोर्टलैंड, ओरेगन में “घरेलू आतंकवादियों” से निपटने के लिए सैनिक भेजेंगे, और आवश्यकता पड़ने पर “पूर्ण बल” का प्रयोग भी करेंगे। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि उन्होंने रक्षा विभाग को निर्देश दिया है कि वह “युद्ध प्रभावित पोर्टलैंड की सुरक्षा के लिए सभी आवश्यक सैनिक उपलब्ध कराए।” ट्रंप ने कहा कि यह कदम अमेरिकी इमीग्रेशन और कस्टम्स इन्फोर्समेंट (ICE) सुविधाओं की सुरक्षा के लिए जरूरी है, जिन्हें उन्होंने एंटिफा और अन्य घरेलू आतंकवादियों से खतरा बताया। इस कदम के तहत उन्होंने पहले लॉस एंजिल्स और वॉशिंगटन डीसी में भी नेशनल गार्ड और एक्टिव-ड्यूटी मरीन तैनात किए हैं। पोर्टलैंड के मेयर कीथ विल्सन ने कहा कि शहर ने अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता सुरक्षित रखते हुए हिंसा और संपत्ति नष्ट होने की घटनाओं को नियंत्रित किया है और उन्हें फेडरल हस्तक्षेप की जरूरत नहीं है। ट्रंप के इस कदम से देश में राजनीतिक तनाव और बढ़ने की संभावना है, जबकि मेम्फिस में भी नेशनल गार्ड की तैनाती की तैयारी की जा रही है।

अटलांटिक महासागर में तेजी से बदल रहा मौसम, कैरेबियन सागर से टकराने के बाद दक्षिण-पूर्वी अमेरिका में दिखेगा असर

अटलांटिक महासागर में शनिवार को खतरनाक उष्णकटिबंधीय तूफान के कारण मौसम तेजी से बदल रहा है। तूफान को मौसम विभाग ने ह्यूबरटो (Humberto) नाम दिया है। वैज्ञानिकों के मुताबिक तूफान अमेरिका के दक्षिण-पूर्वी तट तरफ बढ़ रहा है। साउथ कैरोलिना में चार्ल्सटन के मेयर ने हालात की गंभीरता को भांपते हुए आपातकाल घोषित किया है। उन्होंने बताया कि ड्रेनेज साफ किए जा रहे हैं, पंप और बैरिकेड तैयार किए जा रहे हैं। कर्मचारियों को अलर्ट रखा गया है। गवर्नर हेनरी मैकमास्टर ने लोगों से भी तूफान को लेकर सतर्क रहने को कहा है। ह्यूबरटो के असर के कारण हवाओं की रफ्तार 230 किमी/घंटा दर्ज की गई। तूफान के असर से उत्तरी लीवर्ड द्वीप, वर्जिन आइलैंड्स, प्यूर्टो रिको और बरमूडा में जानलेवा लहरों की आशंका है। बहामास और क्यूबा के कुछ हिस्सों में भी असर दिखेगा। मौसम विभाग ने भारी बारिश और बाढ़ की चेतावनी जारी की है। फ्लोरिडा के अटलांटिक तट पर आने के बाद ह्यूबरटो उष्णकटिबंधीय तूफान में बदलने सकता है। डोमिनिकन रिपब्लिक में भारी बारिश के कारण अधिकारियों ने सैकड़ों लोगों को सुरक्षित जगहों पर भेजा है। कई प्रांतों में रेड अलर्ट जारी किया गया है।

हंगरी में प्रधानमंत्री विक्टर ओर्बन का विरोध, आलीशान संपत्ति पर प्रदर्शनकारियों की रैली

यूरोपीय देश हंगरी में प्रधानमंत्री विक्टर ओर्बन का विरोध हो रहा है। शनिवार को ग्रामीण क्षेत्र में सैकड़ों प्रदर्शनकारियों ने हाटवानपुस्ता नामक की हवेली के बाहर विरोध प्रदर्शन किया। प्रधानमंत्री विक्टर से जुड़े कथित भ्रष्टाचार का प्रतीक बनती जा रही यह ऐतिहासिक हवेली बुडापेस्ट के पश्चिम छोर पर है। ओर्बन के बचपन के गांवों अल्क्सुटडोबोज और फेल्सकूट के पास हाटवानपुस्ता को मॉडल फार्म के रूप में भी इस्तेमाल किया जाता था। अब इसका पुनर्निर्माण कराया गया है। ओर्बन इसे अधूरा बताते हैं, लेकिन प्रदर्शनकारी इसे भव्य हवेली बताते हैं। स्वतंत्र विधायक और भ्रष्टाचार विरोधी कार्यकर्ता आकॉस हाधाजी ने हवेली से जुड़ी अहम जानकारियां जमा की हैं। उनके मुताबिक इसमें दो स्विमिंग पूल, विशाल डाइनिंग हॉल, लाइब्रेरी, भूमिगत सुरंगें और अतिथि गृह जैसी चीजें शामिल हैं। ओर्बन पर आरोप है कि उनके पिता ने स्थानीय खदानों और सरकार समर्थित परियोजनाओं से बड़ी संपत्ति अर्जित की है। ओर्बन पर करीबियों को लाभ पहुंचाने के भी आरोप हैं। बता दें कि वर्तमान में हंगरी में मुद्रास्फीति, बढ़ते खर्च, आर्थिक विकास में ठहराव के बीच हवेली प्रमुख बहस का विषय बन गया है। माना जा रहा है कि अप्रैल में होने वाले चुनावों में ओर्बन को कड़े मुकाबले का सामना करना पड़ सकता है। उनके मुख्य विरोधी पीटर मग्यार भ्रष्टाचार और सामाजिक समस्याओं पर जोर दे रहे हैं।

बर्लिन की सड़कों पर 50 हजार फलस्तीन समर्थक, प्रदर्शकारियों ने सीजफायर की अपील की
पश्चिम एशिया में बीते करीब 24 महीने से जारी हिंसक संघर्ष थमने का नाम नही ले रहा है। कई देश शांति की अपील कर रहे हैं, लेकिन इस्राइल के हमले थमने का नाम नहीं ले रहे। ताजा घटनाक्रम में जर्मनी में रहने वाले हजारों लोग युद्धविराम की अपील करते हुए सड़कों पर उतरे। शनिवार को राजधानी बर्लिन में हजारों लोग फलस्तीनियों के समर्थन में सड़कों पर उतरे और गाजा में बढ़ते मानवीय संकट के खिलाफ नारे लगाए। फलस्तीन को मुक्त करने की मांग करने वाले प्रदर्शनकारियों के बारे में पुलिस ने बताया कि मार्च में लगभग 50,000 लोग शामिल हुए। 1,800 अधिकारियों को निगरानी के लिए तैनात किया गया था। प्रदर्शनकारियों ने जर्मनी से इस्राइल को भेजे जाने वाले हथियार पर रोक की मांग की। लोगों ने निर्यात रोकने के अलावा यूरोपीय संघ से इस्राइल पर प्रतिबंध लगाने की भी मांग की। बता दें कि पिछले महीने जर्मन चांसलर फ्रेडरिक मर्ज ने कहा था कि जर्मनी गाजा में इस्तेमाल होने वाले किसी भी सैन्य उपकरण का इस्राइल को निर्यात नहीं करेगा। इसके अलावा इस्राइल के समर्थन में भी रैली हुई। बता दें कि इस्राइल और हमास का हिंसक संघर्ष 7 अक्तूबर, 2023 को शुरू हुआ था। इस्राइल पर हमास के हमले से शुरू हुई इस लड़ाई के जवाब में इस्राइल की सेना (IDF) ने हमास के ठिकानों पर ताबड़तोड़ हमले किए। गाजा में अब तक 65 हजार से अधिक लोग मारे जा चुके हैं। लगभग 90 प्रतिशत लोग विस्थापित हो चुके हैं। व्यापक मानवीय संकट और भुखमरी के कारण गाजा की त्रासदी पूरी दुनिया में चिंता का सबब बनी हुई है।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get latest World News headlines in Hindi related political news, sports news, Business news all breaking news and live updates. Stay updated with us for all latest Hindi news.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed