फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   World ›   World News Hindi Updates Morocco Asia Europe US UK UN West Asia Bangladesh Politics Crime and Global events

Updates: फ्रांस में रूसी टैंकर के दो क्रू गिरफ्तार, रूस-ईरान साझेदारी संधि लागू; लंदन में गांधी को श्रद्धांजलि

Thu, 02 Oct 2025 06:32 PM IST
ज्योति भास्कर वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला।
वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला। Published by: ज्योति भास्कर Updated Thu, 02 Oct 2025 06:32 PM IST
विज्ञापन
World News Hindi Updates Morocco Asia Europe US UK UN West Asia Bangladesh Politics Crime and Global events
दुनिया की बड़ी खबरें - फोटो : अमर उजाला
फ्रांस की पुलिस ने रूस से जुड़े एक तेल टैंकर के कप्तान और मुख्य अधिकारी को हिरासत में लिया है। यह टैंकर पश्चिमी तट पर रोका गया था। राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने आरोप लगाया कि यह जहाज रूस के 'शैडो फ्लीट' का हिस्सा है, जो पुराने और संदिग्ध जहाजों के जरिए पश्चिमी देशों के प्रतिबंधों को दरकिनार करता है। टैंकर का नाम कई बार बदला गया और यह बेनिन के झंडे के तहत चल रहा था। अधिकारियों ने बताया कि क्रू ने जांच में सहयोग नहीं किया और जहाज की वास्तविक राष्ट्रीयता साबित करने में विफल रहा। जहाज रूस के प्रिमोर्स्क टर्मिनल से चला था और अब फ्रांस के सेंट-नाजेयर तट पर रुका है। मामले की जांच जारी है।
विज्ञापन


जिनपिंग से मिलेंगे ट्रंप, सोयाबीन पर करेंगे चर्चा
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बुधवार को कहा कि करीब चार हफ्ते में वे चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग से मुलाकात करेंगे। उन्होंने कहा कि चीनी राष्ट्राध्यक्ष से मुलाकात के दौरान सोयाबीन पर चर्चा एक प्रमुख विषय रहेगा। ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर लिखा, हमारे देश के सोयाबीन किसानों को नुकसान हो रहा है क्योंकि चीन केवल 'बातचीत' कर रहा है और अमेरिकी किसानों से सोयाबीन नहीं खरीद रहा है।
विज्ञापन


फिलीपींस में भूकंप से 72 की मौत
मध्य फिलीपींस में भूकंप के बाद बचावकर्मी बैकहो (भारी मशीन) और खोजी कुत्तों की मदद से ध्वस्त हुए मकानों और अन्य क्षतिग्रस्त इमारतों में जीवित बचे लोगों की तलाश कर रहे हैं। इस भूकंप में 72 लोग मारे गए और 200 से अधिक घायल हुए हैं। मगंलवार  की रात करीब दस बजे 6.9 तीव्रता वाले इस भूकंप ने व्यापाक नुकसान पहुंचा। लोग सीबू प्रांत के बोगो शहर और आस-पास के ग्रामीण इलाकों में कई लोग फंस गए। लगातार बारिश और टूटे हुए पुल और रास्तों ने बचाव कार्यों को काफी मुश्किल बना दिया है।
विज्ञापन
विज्ञापन


बेलारूस के विपक्षी नेता और पूर्व राष्ट्रपति उम्मीदवार नौ सितंबर से गायब
बेलारूस के सत्तावादी शासन का विरोध करने वाले प्रमुख नेता मिकलाई स्टाटकेविच अचानक गायब हो गए हैं। वह अमेरिका की मदद से कैदियों की रिहाई के दौरान अपने देश छोड़ने से इनकार कर चुके थे। पिछले महीने बेलारूस के कई राजनीतिक कैदी लिथुआनिया की सीमा पार करने के लिए बस में बैठे थे, जो आजादी के कुछ ही कदम दूर थे। लेकिन स्टाटकेविच अचानक बस का दरवाजा खोलकर उतर गए थे। उन्होंने अपनी मातृभूमि को छोड़ने इनकार कर दिया था।  इन राजनीतिक कैदियों को राष्ट्रपति अलेक्जेंडर लुकाशेंको ने माफ किया था। नौ सितंबर के इस घटना के बाद से मिकलाई स्टाटकेविच को किसी ने नहीं देखा है। मानवाधिकार कार्यकर्ता बेलारूसी अधिकारियों से मांग कर रहे हैं कि वे 69 साल के इस विपक्षी नेता और पूर्व राष्ट्रपति उम्मीदवार की स्थिति बताएं।

रूसी तटों पर कोई परमाणु पनडुब्बी नहीं भेज पाया अमेरिकाः मेदवेदेव
रूस के पूर्व राष्ट्रपति दिमित्री मेदवेदेव ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का मजाक उड़ाते हुए कहा कि अमेरिका रूसी तटों पर कोई परमाणु पनडुब्बी नहीं भेज पाया, जिसका ट्रंप ने दंभ भरा था। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, कहते हैं कि अंधेरे कमरे में काली बिल्ली को ढूंढना मुश्किल है- खासकर अगर वह वहां हो ही ना। ट्रंप ने मंगलवार को मेदवेदेव को मूर्ख व्यक्ति बताया था और दावा किया कि अमेरिका ने रूस के तट पर एक-दो पनडुब्बियां तैनात की हैं।

सेना को आत्मनिर्भर बनाने के लिए रक्षा खर्च बढ़ाएगा दक्षिण कोरिया
दक्षिण कोरिया ने अपनी सेना को आत्मनिर्भर बनाने के लिए रक्षा खर्च में वृद्धि करने का संकल्प लिया है। अमेरिकी टैरिफ और राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के अमेरिका प्रथम एजेंडे से उपजी सुरक्षा चिंताओं के बीच राष्ट्रपति लीजे म्युंग ने बुधवार को यह घोषणा की। हालांकि, म्युंग ने दक्षिण कोरिया-अमेरिका सैन्य गठबंधन को मजबूत बताया। सशस्त्र सेना दिवस समारोह में म्युंग ने कहा, कोरिया गणराज्य में शांति और समृद्धि सुनिश्चित करने के लिए हमें किसी और पर निर्भर नहीं रहना होगा, बल्कि अपनी शक्ति को मजबूत करना होगा।

बहाई समुदाय के नेता रेमी रोहानी की सजा कतर की कोर्ट ने पलटा
पश्चिम एशियाई देश में कतर की एक अपीलीय अदालत ने बहाई समुदाय के नेता रेमी रोहानी की सजा को रद्द कर दिया है। 71 वर्षीय रोहानी को सोशल मीडिया पोस्ट से जुड़े आरोपों में अगस्त में पांच साल की सजा सुनाई गई थी। बहाई इंटरनेशनल कम्युनिटी ने इस फैसले का स्वागत किया और इसे न्याय की जीत बताया। रोहानी पर आरोप था कि उन्होंने बहाई धर्म से जुड़ी सामग्री एक्स और इंस्टाग्राम पर साझा की, जिसे कतर के अभियोजकों ने इस्लाम की शिक्षाओं पर संदेह फैलाने वाला बताया। संयुक्त राष्ट्र विशेषज्ञों ने भी इस गिरफ्तारी को धार्मिक स्वतंत्रता का उल्लंघन बताया था।

प्रसिद्ध संरक्षणवादी जेन गुडॉल का अमेरिका में निधन
प्रसिद्ध पर्यावरणविद् और चिंपैंजी पर शोध करने वाले विद्वान जेन गुडॉल का 91 वर्ष की आयु में निधन हो गया। अमेरिका के न्यूयॉर्क में जेन गुडॉल इंस्टीट्यूट ने बुधवार को उनके निधन की पुष्टि की। अफ्रीका में चिंपैंजियों के साथ रहते हुए उन्होंने उनके औजारों के उपयोग और अलग-अलग व्यक्तित्वों को दर्ज किया, जिससे जानवरों की सामाजिक और भावनात्मक जटिलता को लेकर दुनिया की सोच बदल गई। बाद के वर्षों में उन्होंने पर्यावरण संरक्षण और मानवीय मुद्दों पर वैश्विक स्तर पर जागरूकता फैलाई। अपनी सौम्य आवाज और आशावादी संदेशों के साथ वे जलवायु संकट के बीच भी उम्मीद की किरण बनी रहीं।

हैती में संयुक्त राष्ट्र के अनुमोदन वाले नए अंतरराष्ट्रीय बल का स्वागत
संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (UNSC) ने कैरेबियन देश हैती में गिरोहों पर नियंत्रण के लिए एक नई अंतरराष्ट्रीय बल की मंजूरी दी है। यह बल पहले से मौजूद केन्याई पुलिस के नेतृत्व वाले छोटे मिशन की जगह लेगा, जिसका कार्यकाल 2 अक्टूबर को समाप्त हो रहा है। राजधानी पोर्ट-ओ-प्रिंस का 90% हिस्सा अब गिरोहों के नियंत्रण में है, जो हत्या, अपहरण और यौन हिंसा जैसी घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। राष्ट्रपति जोवेनेल मोइस की 2021 में हत्या के बाद से हालात बिगड़ते गए हैं। हालांकि, हैती के लोग और विशेषज्ञ इस नई अंतरराष्ट्रीय पहल को लेकर सतर्क और आशंकित हैं।

सर्बिया में वुसिक के खिलाफ आक्रोश, निरंकुशता का आरोप लगाते हजारों लोग सड़कों पर उतरे
बाल्कन देश सर्बिया में राष्ट्रपति अलेक्जेंडर वूचिच के खिलाफ हजारों लोगों ने बुधवार को कई शहरों में शांतिपूर्ण प्रदर्शन किए। ये प्रदर्शन एक साल पहले नोवी साद में ट्रेन स्टेशन की छत गिरने से 16 लोगों की मौत की बरसी पर हुए, जिसे भ्रष्टाचार और लापरवाही का नतीजा माना जा रहा है। छात्र न्याय और समयपूर्व चुनाव की मांग कर रहे हैं। प्रदर्शनकारियों ने मोबाइल की रोशनी जलाकर पीड़ितों को श्रद्धांजलि दी। सरकार ने हाल के हफ्तों में आंदोलन को दबाने की कोशिश की है। वूचिच पर लोकतंत्र को कुचलने और भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने के आरोप लगे हैं, जिन्हें उन्होंने नकारा है।

गाजा शांति योजना के बाद इस्राइली हमलों में 16 मौतें
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और इस्राइली पीएम बेंजामिन नेतन्याहू द्वारा रखी गई गाजा शांति योजना के अगले ही दिन इस्राइल ने बुधवार को गाजा में हमले जारी रखे। इसमें 16 फलस्तीनी मारे गए। उधर, दुनिया गाजा के लिए अमेरिकी राष्ट्रपति की शांति योजना पर हमास की प्रतिक्रिया का इंतजार कर रही है। हमास ने कहा है कि वह अभी शांति योजना का अध्ययन कर रहा है। बुधवार को हुए हमलों के मृतकों में वे लोग भी शामिल हैं जिन्होंने गाजा शहर में विस्थापितों को आश्रय देने वाले एक स्कूल में शरण ली थी। उधर, पोप ने हमास द्वारा बंधक बनाए गए लोगों की रिहाई व युद्धविराम का आह्वान दोहराते हुए योजना मानने को कहा है।

नेपाल : तलेजू भवानी मंदिर के कपाट खुलने पर लंबी कतारों में जुटे भक्त
देवी तलेजू भवानी के मंदिर के कपाट साल में केवल एक दिन के लिए खुलने पर हजारों भक्त आशीर्वाद पाने के लिए लंबी कतारों में लगे रहे। गढ़ी बैठक के सामने खुले चौक पर बलि भी दी गई। महानवमी पर वर्ष में एक बार खुलने वाली तलेजू भवानी को नेवा की प्रमुख देवी और बच्चों की रक्षक माना जाता है। हनुमानधोका दरबार क्षेत्र स्थित तलेजू भवानी मंदिर में बुधवार को विशेष पूजा आयोजित की गई।

जर्मनी में नाटकों-गीतों के जरिये दुर्गोत्सव
जर्मनी में भारतीय राजदूत ने बर्लिन के गणेश मंदिर में दुर्गा पूजा समारोह में भाग लिया। यहां बच्चों और वयस्कों ने गीतों और नाटकों के माध्यम से देवी की पूजा की। दुर्गोत्सव के मौके पर भारतीय दूतावास ने कहा, राजदूत प्रीति गुप्ते भी पूजा समारोह में शामिल हुईं। बच्चों और वयस्कों ने नाटकों और गीतों के माध्यम से देवी दुर्गा द्वारा महिषासुर के वध की कथा सुनाई। दुर्गा पूजा 2 अक्तूबर को विजयदशमी पर समाप्त होगी।

मॉरीशस में सीजेआई गवई ने महात्मा गांधी को किया नमन
भारत के मुख्य न्यायाधीश भूषण रामकृष्ण गवई और उनके परिवार ने मॉरीशस के महात्मा गांधी संस्थान में गांधी जयंती समारोह में भाग लिया और राष्ट्रपिता को उनकी जयंती पर पुष्पांजलि अर्पित की।
 

कनाडा में भारतीय कंपनियों के सीईओ से द्विपक्षीय निवेश का आह्वान
कनाडा में भारत के उच्चायुक्त दिनेश के पटनायक ने कनाडा में काम कर रही प्रमुख भारतीय कंपनियों के मुख्य कार्यकारी अधिकारियों (सीईओ) के साथ चर्चा कर द्विपक्षीय निवेश का आह्वान किया। भारतीय वाणिज्य दूतावास की ओर से बुधवार को आयोजित भारतीय सीईओ फोरम में विशेष रूप से फार्मास्यूटिकल्स, महत्वपूर्ण खनिजों और फिनटेक के क्षेत्र में संयुक्त उद्यमों और प्रौद्योगिकी सहयोग के अवसरों पर जोर दिया गया। यह घटनाक्रम भारत और कनाडा के संबंधों में आए नए सुधार के कुछ हफ्ते बाद सामने आया है।

20 फीसदी टैरिफ के बीच अमेरिका में निवेश बढ़ाने की तैयारी में ताइवान
अपने निर्यात पर 20 फीसदी अमेरिकी टैरिफ लगने के बीच ताइवान, वाशिंगटन से साथ एक उच्च-तकनीकी रणनीतिक साझेदारी बनाने पर विचार कर रहा है। इसके जरिये ताइपे अमेरिका में अपना निवेश बढ़ाएगा। ताइवान के उप-प्रधानमंत्री और शीर्ष टैरिफ वार्ताकार चेंग ली-चिउन ने कहा, हमें उम्मीद है कि दोनों पक्ष ताइवान मॉडल के माध्यम से अमेरिका में निवेश बढ़ाने पर आम सहमति पर पहुंच सकते हैं।

मोरक्को में बढ़ रहा जनाक्रोश, सरकारी फंड के गलत इस्तेमाल का आरोप
मोरक्को में सरकार विरोधी प्रदर्शन लगातार चौथे दिन जारी रहे। युवा देश की बदहाल शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं के विरोध में सड़कों पर उतर आए हैं। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि बुनियादी सेवाओं की खराब स्थिति के बावजूद 2030 के विश्व कप की तैयारियों में भारी निवेश किया जा रहा है। आरोप लगाने वाले प्रदर्शनकारियों और सुरक्षा बलों के बीच मंगलवार को कई शहरों में झड़प भी हुई। इस आंदोलन को जेन-जी 212 नाम दिया गया है। लोगों ने शांतिपूर्ण प्रदर्शन की अपील की, लेकिन पूर्वी और दक्षिणी क्षेत्रों में हिंसा की खबर आई। इनजेगाने और ऐत अमीरा जैसे शहरों में वाहनों को आग लगाई गई और पत्थरबाजी भी हुई। ओउज्दा में पुलिस वाहन की टक्कर से एक व्यक्ति घायल हो गया। गृह मंत्रालय ने बताया कि 409 लोगों को हिरासत में लिया गया, 263 पुलिसकर्मी घायल हुए और 142 पुलिस वाहन क्षतिग्रस्त हुए। देश की सरकार ने प्रदर्शन को अवैध बताकर कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की बात कही है।

रूस-ईरान साझेदारी संधि लागू
रूस और ईरान के बीच हुई व्यापक रणनीतिक साझेदारी संधि आधिकारिक रूप से लागू हो गई है। यह संधि इस साल 17 जनवरी को राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेझेश्कियन ने मॉस्को में साइन की थी। संधि 20 साल तक लागू रहेगी और इसमें व्यापार, रक्षा, विज्ञान, शिक्षा और सांस्कृतिक सहयोग जैसे कई क्षेत्रों को शामिल किया गया है। रूस ने कहा कि यह समझौता दोनों देशों को बहुध्रुवीय विश्व व्यवस्था में मजबूत भूमिका देगा और क्षेत्रीय सुरक्षा को भी सहयोग मिलेगा। वहीं, संयुक्त राष्ट्र में रूस ने ईरान पर फिर से लगाए गए प्रतिबंधों को गैरकानूनी बताया है।

लंदन में गांधी जयंती, मूर्ति पर श्रद्धांजलि
लंदन के टैविस्टॉक स्क्वायर में महात्मा गांधी की प्रतिमा पर गांधी जयंती के अवसर पर पुष्पांजलि और भजनों का आयोजन हुआ। कुछ दिन पहले इस प्रतिमा को असामाजिक तत्वों ने नुकसान पहुँचाया था, लेकिन समय रहते इसकी मरम्मत कर दी गई। भारतीय उच्चायुक्त विक्रम दुरईस्वामी ने कहा कि यह घटना बताती है कि अहिंसा का संदेश आज भी ज़रूरी है। स्थानीय समुदाय और कैम्बडेन काउंसिल ने मिलकर प्रतिमा को साफ कर नई चमक दी। कार्यक्रम में भारतीय विद्या भवन के छात्रों ने भजन प्रस्तुत किए और बौद्ध भिक्षुओं ने शांति प्रार्थना की। यह आयोजन गांधी जी के 156वें जन्मदिवस और अंतरराष्ट्रीय अहिंसा दिवस पर हुआ।

तेहरान विश्वविद्यालय के लैब में विस्फोट; एक की मौत, चार घायल
ईरान की राजधानी तेहरान में तेहरान विश्वविद्यालय के इंजीनियरिंग और तकनीकी कॉलेज की लैब में गुरुवार को भीषण विस्फोट हुआ, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई और चार लोग घायल हो गए। स्थानीय मीडिया के अनुसार, यह धमाका हाइड्रोजन कैप्सूल फटने से हुआ। इस धमाके के बाद लैब में आग लग गई, हालांकि दमकल विभाग ने स्थिति पर नियंत्रण पा लिया है। तेहरान अग्निशमन विभाग के प्रवक्ता जलाल मालेकी ने बताया कि हादसे की जांच की जा रही है। बता दें कि पिछले कुछ महीनों में तेहरान में कई बार आगजनी और धमाके की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। ज्यादातर मामलों में वजह गैस रिसाव और बिजली की शॉर्ट सर्किट बताई गई है।

इटली के तारांतो बंदरगाह पहुंचा आईएनएस त्रिकंड
भारतीय नौसेना का स्टेल्थ फ्रिगेट आईएनएस त्रिकंड 28 सितंबर को इटली के तारांतो बंदरगाह पहुंचा। यह दौरा भूमध्य सागर में उसकी तैनाती के दौरान हुआ। नौसेना ने बताया कि इस दौरान दोनों देशों की सेनाओं ने पेशेवर बातचीत, क्रॉस-डेक विजिट और अनुभव साझा किए। जहाज के कमांडिंग ऑफिसर कैप्टन सचिन कुलकर्णी ने इटली की दूसरी नौसैनिक डिवीजन के कमांडर रियर एडमिरल आंद्रेया पेट्रोनी से शिष्टाचार भेंट भी की।

भारतीय नौसेना ने कहा कि यह दौरा भारत-इटली रक्षा सहयोग को मजबूत बनाने की दिशा में अहम कदम है। इससे दोनों देशों के बीच बढ़ती साझेदारी और समुद्री सहयोग की प्रतिबद्धता झलकती है। इससे पहले आईएनएस त्रिकंड ने 1 सितंबर को मिस्र के अलेक्जांड्रिया में बहुराष्ट्रीय युद्धाभ्यास ब्राइट स्टार 2025 में हिस्सा लिया था। यह अभ्यास अमेरिकी सेंट्रल कमांड की अगुवाई में हुआ, जिसमें भारत, अमेरिका, मिस्र, सऊदी अरब, कतर, ग्रीस, साइप्रस और इटली की सेनाओं ने भाग लिया। इसमें पारंपरिक और गैर-पारंपरिक समुद्री खतरों से निपटने के लिए साझा रणनीतियां विकसित की गईं।रक्षा मंत्रालय के अनुसार, इन अभ्यासों और दौरों का मकसद सहयोग बढ़ाना, बेहतर तालमेल बनाना और भूमध्य सागर क्षेत्र में भारत की भागीदारी को मजबूत करना है।

सूडान के दारफुर में 91 नागरिकों की मौत
सूडान के शहर एल-फाशेर में पिछले महीने 10 दिनों के भीतर 91 नागरिक मारे गए। संयुक्त राष्ट्र ने बताया कि यह हमला अर्धसैनिक बल रैपिड सपोर्ट फोर्सेज (आरएसएफ) ने किया। हमले में तोपखाना, ड्रोन और मिसाइलों का इस्तेमाल हुआ। हाल ही में एक मिसाइल हमले में 16 लोग, जिनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल थे, मारे गए।
दारफुर में आरएसएफ और सेना के बीच 2023 से लड़ाई जारी है, जिसमें अब तक 40 हजार से ज्यादा लोग मारे जा चुके हैं और करोड़ों लोग विस्थापित हो गए हैं। शहर में न तो पर्याप्त खाना है और न दवा। पत्रकारों और आम लोगों पर हमले हो रहे हैं। संयुक्त राष्ट्र ने चेतावनी दी है कि यहां बड़े पैमाने पर जातीय हिंसा और नरसंहार का खतरा है।

मालदीव पहुंची अमेरिकी शोध नौका
मालदीव के माले के पास अमेरिकी शोध नौका 'ओशन टाइटन' पहुंची है। यह नौका अमेरिकी नेशनल ओशनिक एंड एटमॉस्फेरिक एडमिनिस्ट्रेशन (एओएए) ने 1989 में बनाई थी और 2015 में पैसिफिक प्रशांत सर्वेक्षण समूह ने इसे हासिल किया। नौका समुद्री और मौसम संबंधी शोध के लिए इस्तेमाल होती है। अमेरिकी सरकार इसे समुद्री उपकरण और बुई मरम्मत मिशनों में भी इस्तेमाल करती रही है।

पाकिस्तान- खैबर पख्तूनख्वा में पुलिस पर हमला
पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में पेशावर शहर के बनामारा इलाके में पुलिस वैन पर बम ब्लास्ट हुआ। इसमें चार पुलिसकर्मी घायल हुए, जिनमें से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। जांच में यह पता लगाया जा रहा है कि धमाका रिमोट कंट्रोल या रोड साइड आईईडी से हुआ था। फिलहाल घटनास्थल से सबूत जुटाए जा रहे हैं।
 
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get latest World News headlines in Hindi related political news, sports news, Business news all breaking news and live updates. Stay updated with us for all latest Hindi news.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed