फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   World ›   World News Hindi Updates Hawaii Hurricane Israel Supreme Court Asia Europe US UK UN West Asia Politics Crime

World: ट्रंप ने विदेशी सहायता रोकने पर कोर्ट से मांगा आदेश; मेक्सिको में ट्रेन-बस की टक्कर से आठ की मौत

Mon, 08 Sep 2025 10:24 PM IST
नितिन गौतम वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला।
वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला। Published by: नितिन गौतम Updated Mon, 08 Sep 2025 10:24 PM IST
विज्ञापन
World News Hindi Updates Hawaii Hurricane Israel Supreme Court Asia Europe US UK UN West Asia Politics Crime
दुनिया की बड़ी खबरें। - फोटो : अमर उजाला
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्रशासन ने विभिन्न देशों को दी जाने वाली अरबों डॉलर की सहायता पर रोक लगाने के लिए सोमवार को सुप्रीम कोर्ट से आपातकालीन आदेश जारी करने की अपील की है। इस कानूनी लड़ाई का मूल मुद्दा अमेरिकी संसद द्वारा स्वीकृत लगभग पांच अरब डॉलर की सहायता है, जिसके बारे में राष्ट्रपति ट्रंप ने पिछले महीने कहा था कि वह इसे खर्च नहीं करेंगे। 
विज्ञापन


उन्होंने उस विवादित प्राधिकार का हवाला देते हुए यह कहा, जिसका पिछली बार उपयोग लगभग 50 वर्ष पहले तत्कालीन राष्ट्रपति द्वारा किया गया था। पिछले हफ्ते, अमेरिकी जिला न्यायाधीश आमिर अली ने फैसला सुनाया कि रिपब्लिकन प्रशासन का धनराशि रोकने का निर्णय संभवतः अवैध है। ट्रंप ने 28 अगस्त को अमेरिकी संसद के निचले सदन प्रतिनिधि सभा के अध्यक्ष माइक जॉनसन को लिखे एक पत्र में बताया कि वह संसद द्वारा स्वीकृत 4.9 अरब डॉलर की विदेश सहायता राशि खर्च नहीं करेंगे।
विज्ञापन


मेक्सिको में ट्रेन और बस की टक्कर से आठ की मौत, 45 घायल 
मेक्सिको सिटी के उत्तर-पश्चिम में एटलाकोमुल्को कस्बे में सोमवार तड़के एक ट्रेन ने दो मंजिला बस को जोरदार टक्कर मार दी। इस दर्दनाक हादसे में कम से कम आठ लोगों की मौत हो गई और 45 यात्री घायल हुए हैं। मैक्सिको राज्य की सिविल डिफेंस एजेंसी ने बताया कि दुर्घटना औद्योगिक इलाके में हुई, जहां बड़े गोदाम और फैक्ट्रियां स्थित हैं। फिलहाल राहत और बचाव कार्य जारी है और घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। हादसे के कारणों को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी अब तक सामने नहीं आई है।
विज्ञापन
विज्ञापन


अमेरिका में कमजोर पड़ा तूफान 'कीको'
अमेरिका में तूफान 'कीको' के कमजोर पड़ने की खबर है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक आने वाले दिनों में कीको हवाई द्वीप के उत्तरी भाग से गुजरेगा, ऐसी संभावना है। इस कारण तेज हवाओं और भारी वर्षा का खतरा घट गया है। हालांकि, समुद्र में खतरनाक और ऊंची लहरों का खतरा बरकरार रहेगा। रविवार को (अमेरिकी समयानुसार) कीको बिग आइलैंड के हीलो से लगभग 1,025 किमी पूर्व में था। मंगलवार-बुधवार तक ये तूफान उत्तर से गुजरेगा। रविवार को हवा की अधिकतम रफ्तार 175 किमी/घंटा दर्ज की गई, जो पहले दर्ज की गई गति 195 किमी/घंटा से काफी कम है। इस तूफान के असर के कारण समुद्र में 10-15 फीट ऊंची लहरों की चेतावनी जारी की गई है। हालांकि द्वीपों पर खतरे को लेकर अलर्ट जारी नहीं किया गया है।

कैनसस सिटी में 50 साल के कैदी की मौत को कोर्ट ने हत्या माना
अमेरिका के कैनसस सिटी में वायंडॉट काउंटी जेल में इसी साल 5 जुलाई को हिरासत में लिए गए 50 वर्षीय कैदी चार्ल्स अडैर की मौत हो गई थी। कोर्ट ने इसे हत्या करार दिया है। खबरों के मुताबिक उसे ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने के मामले में गिरफ्तार किया गया था। पोस्टमार्टम में मौत का कारण 'मैकेनिकल एस्फिक्सिया' यानी सांस रुकना पाया गया। मृतक हृदय रोग और शराबजनित लीवर सिरोसिस ने भी पीड़ित था। रिपोर्ट के अनुसार, जेल में स्टाफ से संघर्ष के बाद उसे सेल में लिटाया गया, लेकिन कुछ ही मिनटों बाद वह बेहोश पाया गया, जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया गया। अब यह मामला अभियोजक कार्यालय के अधीन है।

अंतरराष्ट्रीय आपराधिक न्यायालय ने डुटर्टे की सुनवाई टाली, स्वास्थ्य पर उठे सवाल
अंतरराष्ट्रीय आपराधिक न्यायालय  ने पूर्व फिलीपींस राष्ट्रपति रोड्रिगो डुटर्टे की प्री-ट्रायल सुनवाई स्वास्थ्य कारणों से स्थगित कर दी है। 80 वर्षीय डुटर्टे के वकीलों ने अगस्त में याचिका दायर कर कहा था कि उनका मुवक्किल मुकदमे का सामना करने की स्थिति में नहीं है। डुटर्टे पर मादक पदार्थ विरोधी अभियानों के दौरान बड़े पैमाने पर हुई हत्याओं को लेकर मानवता विरोधी अपराध का आरोप है। अदालत ने सीमित समय के लिए सुनवाई टाली है ताकि यह तय किया जा सके कि डुटर्टे मुकदमे में शामिल होने योग्य हैं या नहीं।

अल-कायदा से जुड़े समूह ने माली में ईंधन ट्रकों को आग लगाई
अल-कायदा से संबद्ध सशस्त्र संगठन ने माली में ईंधन आयात पर रोक लगाने के तहत आइवरी कोस्ट से आ रहे कई टैंकरों को आग के हवाले कर दिया। यह हमला दक्षिण माली के सिकासो क्षेत्र में हुआ। हमलावर समूह जमात नुसरत अल-इस्लाम वल-मुस्लिमीन ने हाल ही में घोषणा की थी कि वे माली में ईंधन आपूर्ति रोक देंगे। विशेषज्ञों का कहना है कि यह कदम माली की अर्थव्यवस्था पर गंभीर असर डालेगा क्योंकि यह देश पूरी तरह पड़ोसी देशों से आयात पर निर्भर है। विश्लेषकों ने चेताया कि यह रणनीति पूरे क्षेत्र में फैल सकती है।

खुद के आतंकियों से पस्त पाकिस्तान 
पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में सुरक्षा बलों ने एक संयुक्त अभियान में आठ आतंकियों को मार गिराया। सेना और स्थानीय पुलिस की इस संयुक्त कार्रवाई में रविवार को उत्तरी वज़ीरिस्तान जिले के खरसिन, डोगा माचा और दत्ता खेल क्षेत्रों में आतंकियों के ठिकानों को निशाना बनाया गया। मारे गए आतंकियों में हाफिज गुलबहार बहादुर ग्रुप और जैश-ए-महदी कारवां से जुड़े सदस्य शामिल हैं। इनमें आईईडी विशेषज्ञ हामिदुल्लाह उर्फ "गुड", क्वाडकॉप्टर विस्फोटक विशेषज्ञ नूर मोहम्मद और टीटीपी का अनुभवी सदस्य उमर खान भी था। स्थानीय लोगों का दावा है कि लगभग 30 से 35 आतंकी आसपास के घरों में छिपे हैं और वे महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को मानव ढाल बना रहे हैं ताकि हवाई हमलों से बच सकें। पुलिस ने बताया कि ऑपरेशन अभी जारी है और अंतिम आतंकी के मारे जाने तक कार्रवाई चलती रहेगी।

तीसरी बार एमी अवॉर्ड विजेता बने बराक ओबामा
पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने 76वें क्रिएटिव आर्ट्स एमी अवॉर्ड्स में लगातार तीसरी बार एमी जीता है। उन्हें नेटफ्लिक्स की डॉक्यूमेंट्री अवर ओशन्स में नरेटर की भूमिका के लिए आउटस्टैंडिंग नरेटर श्रेणी में सम्मानित किया गया। यह पांच-भाग की श्रृंखला पृथ्वी के महासागरों के रहस्यों को दर्शाती है। ओबामा का मुकाबला सर डेविड एटनबरो, इदरीस एल्बा, टॉम हैंक्स और फोएबे वालर-ब्रिज जैसे दिग्गजों से था। अवॉर्ड लेने के लिए वे लॉस एंजिल्स में मौजूद नहीं थे और जॉर्डन क्लेपर ने उनकी ओर से यह पुरस्कार ग्रहण किया।
 

जेलों में भुखमरी पर इस्राइल की सुप्रीम कोर्ट की कड़ी टिप्पणी
पश्चिम एशिया में बीते 23 माह से अधिक समय से हिंसक संघर्ष हो रहा है। गाजा पट्टी में रहने वाले लोग भुखमरी और अभूतपूर्व मानवीय संकट का सामना कर रहे हैं। भारी गोलाबारी के बीच फलस्तीनी जनता तक राहत सामग्री पहुंचाने में भी चुनौतियां सामने आ रही हैं। ताजा घटनाक्रम में इस्राइल की सुप्रीम कोर्ट ने रविवार को एक अहम फैसले में कड़ी टिप्पणी की। अदालत ने कहा कि देश की सरकार ने फलस्तीनी कैदियों को 'जीवन-निर्वाह करने के लिए पर्याप्त भोजन उपलब्ध नहीं कराया।' कोर्ट ने पोषण की स्थिति में तत्काल सुधार लाने का आदेश दिया। सुप्रीम कोर्ट के इस फैसले को लगभग दो साल से चल रहे युद्ध के दौरान प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के नेतृत्व वाली सरकार की कार्यप्रणाली में दुर्लभ हस्तक्षेप की तरह देखा जा रहा है।

इरफान अली दूसरी बार बने गुयाना के राष्ट्रपति, शपथ ली
गुयाना की सत्तारूढ़ पीपुल्स प्रोग्रेसिव पार्टी के इरफान अली ने रविवार को तेल-समृद्ध दक्षिण अमेरिकी देश के राष्ट्रपति के रूप में दूसरी बार शपथ ली। चुनाव आयोग ने उनकी जीत की पुष्टि कर दी है। देश की अपेक्षाकृत हालिया तेल संपदा से प्राप्त राजस्व को लोकप्रिय सामाजिक कार्यक्रमों में लगाने के बाद अली ने रविवार को संकल्प लिया कि वह एक विविध अर्थव्यवस्था का निर्माण करेंगे, जो रोजगार पैदा करेगी। 

थाइलैंड के पीएम पद के लिए अनुतिन को मिली शाही मंजूरी
थाइलैंड के अनुभवी राजनीतिज्ञ अनुतिन चार्नवीराकुल को रविवार को देश के नए प्रधानमंत्री के रूप में शाही मंजूरी मिल गई। दो दिन पहले संसद ने उन्हें इस पद के लिए चुना था। 58 वर्षीय अनुतिन, फ्यू थाई पार्टी के पैतोंगटार्न शिनावात्रा का स्थान लिया। शिनावात्रा को पिछले सप्ताह नैतिकता के उल्लंघन का दोषी पाए जाने पर पद से बर्खास्त कर दिया गया था।

सिंगापुर: दीपावली कार्यक्रम में मणिपुर के कलाकारों ने मन मोहा
मणिपुर के एक सांस्कृतिक दल ने सिंगापुर में शनिवार को लिटिल इंडिया परिसर में दीपावली लाइटअप कार्यक्रम में प्रस्तुति दी। इस वार्षिक कार्यक्रम में सिंगापुर के राष्ट्रपति थर्मन षण्मुगरत्नम और विभिन्न समूहों के 700 प्रतिभागियों ने शिरकत की। इसी के साथ देश में दो महीने तक चलने वाले दीपोत्सव की शुरुआत हुई। 

काठमांडू : नेपाल और चीन का संयुक्त सैन्य अभ्यास शुरू
नेपाल सेना और चीन की पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (पीएलए) के बीच संयुक्त सैन्य अभ्यास सागरमाथा फ्रेंडशिप का पांचवां संस्करण रविवार को काठमांडू में शुरू हुआ। नेपाल सेना के अनुसार, 10 दिन चलने वाले इस अभ्यास में आपदा प्रबंधन, संयुक्त राष्ट्र शांति मिशन और आतंकवाद-रोधी अभियानों सहित कई विषयों पर दोनों सेनाओं के बीच अनुभव साझा किए जाएंगे। नेपाल और चीन के बीच यह संयुक्त सैन्य अभ्यास 2017 से शुरू हुआ है और इसे बारी-बारी से दोनों देशों में आयोजित किया जाता है।

अगस्त में 145200 अफगान पाकिस्तान से स्वदेश लौटे
पाकिस्तान से अफगानिस्तान लौटने वाले शरणार्थियों की संख्या में पिछले माह जबर्दस्त वृद्धि दर्ज की गई है। एक रिपोर्ट के मुताबिक, अगस्त में 1,45,200 अफगानी स्वदेश लौटे। इनमें से लगभग 55,000 ने अंतिम चार दिनों में वापसी की। संयुक्त राष्ट्र शरणार्थी एजेंसी ने रिपोर्ट में कहा कि अगस्त में अफगानों की वापसी में 254% बढ़ोतरी हुई जबकि जुलाई की तुलना में निर्वासन में 191% की वृद्धि हुई। चार सितंबर तक 5,31,700 अफगान पाकिस्तान से लौट गए।

लंदन में फलस्तीन समर्थकों का प्रदर्शन, 900 गिरफ्तार
फलस्तीन एक्शन नामक संगठन को आतंकवादी समूह घोषित किए जाने के विरोध में शनिवार को लंदन की सड़कों पर सैकड़ों लोगों ने प्रदर्शन किया। पार्लियामेंट स्क्वाॅयर पर प्रदर्शनकारियों की पुलिस के साथ झड़प भी हुई, जिसके बाद लगभग 900 से ज्यादा लोगों को पुलिस पर हमले और अन्य सार्वजनिक व्यवस्था उल्लंघन के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने बताया कि अधिकारियों को असहनीय दुर्व्यवहार का सामना करना पड़ा। उन्हें लात-घूंसों से मारा गया।

लड़की के कपड़े पहनकर टिकटॉक वीडियो बनाने के आरोप में पाकिस्तानी युवक गिरफ्तार

पाकिस्तान में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। उस पर आरोप है कि वह लड़कियों के कपड़े पहनकर टिकटॉक पर वीडियो पोस्ट करता था। घटना पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत की है, जहां के स्वाबी जिले में रहने वाला एक युवक महिलाओं के कपड़े पहनकर वीडियो शूट करता था और बाद में उन्हें सोशल मीडिया पर पोस्ट करता था। युवक की पहचान अब्दुल मुगीज के रूप में हुई है। 

आरोप है कि अब्दुल टिकटॉक वीडियो में महिलाओं के कपड़े पहनकर आपत्तिजनक हरकतें करता था, जिसे लेकर लोगों में भारी गुस्सा था। शिकायतें मिलने के बाद पुलिस ने कई जगह छापेमारी की और अब जाकर आरोपी को पकड़ सकी। आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। 

चीन के शिनजियांग में भूकंप के झटके

चीन के शिनजियांग प्रांत में सोमवार को भूकंप के झटके महसूस किए गए। रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 4.2 रही। नेशनल सेंटर फॉर सिस्मोलॉजी ने बताया कि भूकंप का केंद्र जमीन के भीतर 50 किलोमीटर नीचे था। इससे पहले रविवार को भी शिनजियांग में 4.2 तीव्रता के भूकंप के झटके महसूस किए गए और भूकंप का केंद्र जमीन के 10 किलोमीटर नीचे था। हालांकि इन भूकंप के जान-माल के नुकसान की खबर नहीं है। 

चीन दो विशाल सीस्मिक बेल्ट के मध्य स्थित है, जिसके चलते चीन भूकंप के लिहाज से संवेदनशील है। 20वीं सदी में चीन में 800 से ज्यादा बार भूकंप के झटके लगे, जिनमें साढ़े पांच लाख लोगों की मौत हुई। यह इस अवधि में पूरी दुनिया में भूकंप से हुई मौतों का 53 प्रतिशत है।  
 

तुर्किए में पुलिस थाने पर हमला, दो पुलिस अधिकारियों की मौत

सोमवार को पश्चिमी तुर्किये के एक पुलिस स्टेशन पर नकाबपोश हमलावर ने हमला कर दिया। इस हमले में दो पुलिस अधिकारियों की मौत हो गई, साथ ही छह अन्य लोग घायल हो गए। हमलावर एक 16 साल का किशोर है, जिसे गिरफ्तार कर लिया गया। घटना बालकोवा जिले के इजमिर इलाके की है। यह तुर्किये का तीसरा सबसे बड़ा शहर है। हमलावर से पूछताछ कर हमले की वजह का पता लगाया जा रहा है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, हमलावर कुछ दिन पहले ही पुलिस हिरासत से छूटा था और माना जा रहा है कि पुलिस द्वारा हिरासत में किए गए कथित उत्पीड़न के बदले के लिए किशोर ने हमले को अंजाम दिया। 

भूटान में भी भूकंप के झटके

भूटान में सोमवार को भूकंप के झटके महसूस किए गए। भूकंप के इन झटकों की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 4.2 रही। भूकंप से किसी तरह का नुकसान नहीं हुआ। भूकंप का केंद्र जमीन के 10 किलोमीटर नीचे था। भूकंप हिमालयी क्षेत्र में स्थित है और भूकंप के लिए संवेदनशील है। 
 
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get latest World News headlines in Hindi related political news, sports news, Business news all breaking news and live updates. Stay updated with us for all latest Hindi news.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed