फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   World ›   World News Hindi Updates Asia Europe US UK UN West Asia Syria Bangladesh Politics Crime and Global events

World: इस्राइल के विरोध में दूतावास के अधिकारी की नौकरी गई; सैन्य विमानों पर अरबों डॉलर खर्च करेगा न्यूजीलैंड

Thu, 21 Aug 2025 12:52 PM IST
ज्योति भास्कर वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला।
वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला। Published by: ज्योति भास्कर Updated Thu, 21 Aug 2025 12:52 PM IST
विज्ञापन
World News Hindi Updates Asia Europe US UK UN West Asia Syria Bangladesh Politics Crime and Global events
दुनिया की बड़ी खबरें - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स।

अमेरिका के नेतृत्व वाले गठबंधन ने उत्तर-पश्चिम सीरिया में इस्लामिक स्टेट (आईएस) के एक वरिष्ठ सदस्य को गिरफ्तार किया है। बुधवार को चलाए गए इस अभियान की पुष्टि सीरियाई मीडिया और एक युद्ध निगरानी संगठन ने की। अधिकारियों ने पहचान का खुलासा नहीं किया है, ऐसे में अभी यह स्पष्ट नहीं है कि पकड़ा गया शख्स आईएस का सर्वोच्च नेता है या कोई आम सदस्य। सूत्रों के अनुसार, इराकी नागरिक और आईएस कमांडर अबू हाफिज अल-कुरैशी को तुर्किये की सीमा के पास आतमेह कस्बे में हेलीकॉप्टर से उतरे सैनिकों ने पकड़ा। ब्रिटेन की संस्था- सीरियन ऑब्जर्वेटरी फॉर ह्यूमन राइट्स के मुताबिक, इस अभियान के दौरान एक अन्य इराकी नागरिक मारा गया। निगरानी समूह का दावा है कि गिरफ्तार शख्स के साथ फ्रेंच बोलने वाली एक महिला भी पकड़ी गई है। हालांकि यह स्पष्ट नहीं है कि उसे अमेरिकी बलों ने पकड़ा या बाद में सीरियाई सुरक्षा बलों ने। सीरिया के सरकारी टीवी चैनल के मुताबिक गिरफ्तार शख्स का नाम सलाह नोमान है। वह अपने परिवार के साथ एक अपार्टमेंट में रह रहा था। 

विज्ञापन


इस्राइल में वेस्ट बैंक सेटलमेंट परियोजना को मंजूरी
इस्राइल ने अपने कब्जे वाले वेस्ट बैंक में एक बस्ती बसाने की विवादास्पद परियोजना को अंतिम मंजूरी दे दी है। परियोजना लागू होने के बाद वेस्ट बैंक दो हिस्सों में बंट सकता है। इस मामले में फलस्तीनी और मानवाधिकार संगठनों ने चेतावनी दी है कि भविष्य में स्वतंत्र फलस्तीनी की संभावना लगभग समाप्त हो जाएगी। बुधवार को वित्त मंत्री बेजलेल स्मोट्रिच ने इस मंजूरी को पश्चिमी देशों के को इस्राइल का करारा जवाब बताया। स्मोट्रिच ने कहा, स्वतंत्र फलस्तीन अब नारेबाजी से नहीं बल्कि ठोस कदमों से मिटाया जा रहा है। हर बस्ती, हर मोहल्ला और हर मकान इस खतरनाक विचार के ताबूत में एक और कील है। इस्राइल के इस निर्णय को क्षेत्र में तनाव बढ़ाने और शांति प्रक्रिया के लिए गंभीर झटका माना जा रहा है। बता दें कि यरूशलम के पूर्व में 'ई1 क्षेत्र' में इस्राइल बस्ती विकसित करने की योजना बना रहा है। बीते दो दशकों से इस पर विचार हो रहा था, लेकिन अमेरिका के दबाव के कारण अब तक इस पर कार्यान्वयन नहीं हुआ है। अंतरराष्ट्रीय समुदाय वेस्ट बैंक में इस्राइली बस्तियों के निर्माण को अवैध और शांति प्रक्रिया में बाधा मानता है।

विज्ञापन

सैन फ्रांसिस्को की कोर्ट का आदेश, 60,000 प्रवासियों को मिला संरक्षण छिना
अमेरिका की एक संघीय अपील अदालत ने ट्रंप प्रशासन को मध्य अमेरिका और नेपाल के हजारों प्रवासियों के लिए दी गई अस्थायी सुरक्षा समाप्त करने की अनुमति दे दी है। सैन फ्रांसिस्को में 9वीं यूएस सर्किट कोर्ट ऑफ अपील्स ने निचली अदालत के आदेश पर रोक लगा दी। लोअर कोर्ट ने 60,000 प्रवासियों को मिले अस्थायी संरक्षण को बरकरार रखा था। अब अपील अदालत का ताजा निर्णय मुकदमे की सुनवाई पूरी होने तक प्रभावी रहेगा। बता दें कि अमेरिका के प्रवासी अधिकार संगठनों ने आरोप लगाया है कि होन्डुरास, निकारागुआ और नेपाल के लोगों को मिले टेंपरेरी प्रोटेक्टेड स्टेटस (TPS) खत्म करने का निर्णय ट्रंप प्रशासन ने अवैध रूप से लिया है।
विज्ञापन

कांगो और एम23 विद्रोहियों के बीच शांति समझौते की कोशिश
कांगो सरकार और रवांडा समर्थित विद्रोही संगठन एम23 के बीच एक शांति समझौते का मसौदा तैयार हुआ है। इस समझौते का मुख्य उद्देश्य- उन इलाकों पर फिर से सरकारी नियंत्रण लाना है, जिन पर फिलहाल एम23 का कब्जा है। यह समझौता कतर की पहल पर तैयार किया गया है और इसमें शांति कायम करने के लिए तीन चरणों वाली प्रक्रिया का जिक्र है। आने वाले दिनों में दोनों पक्ष कतर की राजधानी दोहा में बैठकर इस मसौदे पर चर्चा करेंगे। कांगो के राष्ट्रपति फेलिक्स त्सेसीकेदी अभी इस मसौदे से संतुष्ट नहीं हैं। वहीं, बेल्जियम के विदेश मंत्री मैक्सिम प्रीवोट ने कहा कि राष्ट्रपति का मानना है कि मसौदा अभी अधूरा और असंतोषजनक है। वहीं, एम23 के नेता बर्ट्रेंड बिसिमवा ने इस मसौदे पर कोई सीधी टिप्पणी नहीं की। उन्होंने कहा कि अभी उनका ध्यान युद्धविराम लागू करने और कैदियों की रिहाई पर है, जो पहले से तय किए गए दोहा घोषणापत्र का हिस्सा हैं।

विज्ञापन

बोलीविया में चुना जाएगा नया राष्ट्रपति 
बोलीविया में नया राष्ट्रपति चुना जाएगा। यह चुनाव देश में लगभग 20 साल से चल रही समाजवादी सरकार से बदलाव की ओर इशारा करता है। लेकिन आदिवासी समुदायों और पर्यावरण कार्यकर्ताओं को भरोसा नहीं है कि इससे अमेजन जंगलों की कटाई, आग या प्रदूषण जैसी समस्याएं रुकेंगी। 19 अक्तूबर को होने वाले चुनाव में दो नेता मध्यमार्गी रोड्रिगो पाज और दक्षिणपंथी जॉर्ज टूटो क्विरोगा आमने-सामने हैं। दोनों बदलाव का वादा कर रहे हैं, लेकिन उनका आर्थिक मॉडल वही है, जिसने अब तक पर्यावरण को नुकसान पहुंचाया है। अमेजन जंगल नौ देशों में फैला हुआ है और यह दुनिया की जलवायु और कार्बन संतुलन के लिए बहुत अहम है। इसका 8% हिस्सा बोलीविया में है। वैज्ञानिक चेतावनी दे रहे हैं कि जंगल की कटाई इतनी तेज है कि अमेजन के हिस्से घास के मैदान में बदल सकते हैं।

ब्राजील के पूर्व राष्ट्रपति बोल्सोनारो पर अर्जेंटीना भागने और शरण लेने की योजना बनाने का आरोप
ब्राजील की पुलिस ने पूर्व राष्ट्रपति जेयर बोल्सोनारो पर आरोप लगाया है कि वह अर्जेंटीना भागकर वहां के राष्ट्रपति जेवियर माइली से राजनीतिक शरण लेना चाहते थे। यह जानकारी पुलिस को उनके मोबाइल फोन में मिले संदेशों से मिली। पुलिस ने बुधवार को बोल्सोनारो और उनके एक बेटे पर 'न्याय में बाधा डालने' का औपचारिक आरोप लगाया। यह मामला उस मुकदमे से जुड़ा है, जिसमें उन पर तख्तापलट की कोशिश करने का आरोप पहले से चल रहा है। इस जांच की रिपोर्ट ब्राजील के सर्वोच्च न्यायालय को भेजी गई है। पुलिस ने बोल्सोनारो के करीबी सहयोगी और इंजील पादरी सिलास मालाफाइया को भी जांच में शामिल किया है और उनका पासपोर्ट जब्त कर लिया है।

श्रीलंका में पूर्व पुलिस प्रमुख देशबंधु तेनाकून गिरफ्तार
श्रीलंका के कोलंबो में पूर्व पुलिस प्रमुख देशबंधु तेनाकून को बुधवार को सीआईडी ने गिरफ्तार कर लिया। तेनाकून को 2022 में अरागालय जन विद्रोह को दबाने में उनकी भूमिका के लिए गिरफ्तार किया गया था। उन्होंने अदालत के हस्तक्षेप के जरिये गिरफ्तारी से बचने की कोशिश की, लेकिन मंगलवार को कोर्ट ने उनकी अग्रिम जमानत याचिका खारिज कर दी। दो हफ्ते पहले ही तेनाकून को उनके खिलाफ जांच के चलेत महानिरीक्षक पद से औपचारिक रूप से बर्खास्त कर दिया था। 

भारत और श्रीलंका में नौसैनिक अभ्यास का 12वां संस्करण खत्म
भारत-श्रीलंका नौसैनिक अभ्यास (स्लिनेक्स-25) के 12वां संस्करण का समापन कोलंबो के पश्चिमी समुद्र में हुआ। श्रीलंकाई नौसेना ने कहा, दोनों नौसेनाएं राष्ट्र व क्षेत्रीय समुद्री आकांक्षाएं पूरी करने के लिए महासागर क्षेत्र में व्यापक स्तर पर मुहिम चलाती हैं। ये नियमित समुद्री अभ्यास उनकी शक्ति-क्षमताएं बढ़ाकर, प्रौद्योगिकी उन्नत करके और पेशेवर कौशल को निखारकर उनकी परिचालन की तत्परता को बल देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

ईरान से लौट रहे 79 अफगानों की बस हादसे में मौत
उत्तर-पश्चिमी अफगानिस्तान में एक बस हादसे में ईरान से लौट रहे कम से कम 79 लोगों की मौत हो गई। इन मरने वाले लोगों में 19 बच्चे भी शामिल हैं। गृह मंत्रालय के प्रवक्ता अब्दुल मतीन कानी ने बताया कि दुर्घटना में दो लोग घायल भी हुए हैं। दुर्घटना मंगलवार रात हुई। बस की टक्कर एक ट्रक और एक मोटरसाइकिल से हो गई। इस दौरान जिससे भीषण आग लगने के चलते कई लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे का एक कारण खराब सड़कें मानी जा रही हैं। 

भारत की मदद से बने पुल का उद्घाटन
नेपाल के पंचथर जिले में हेवा खोला नदी पर भारत की मदद से बने 70 मीटर लंबे मॉड्यूलर पुल का बुधवार को उद्घाटन हुआ। भारतीय राजदूत नवीन श्रीवास्तव और नेपाल के परिवहन मंत्री देवेंद्र दहल ने इसे संयुक्त रूप से शुरू किया। यह नेपाल का अब तक का सबसे लंबा मॉड्यूलर पुल है, जो कोशी प्रांत के उत्तर व दक्षिण हिस्सों को जोड़ता है। भारतीय दूतावास के अनुसार, सितंबर 2024 की बाढ़ के बाद भारत ने 40 करोड़ नेपाली रुपये की लागत से नेपाल को 10 पूर्वनिर्मित स्टील पुल उपहार में दिए थे। हेवा खोला पुल कई बार ढह गया था। तीसरे प्रयास में भारतीय तकनीशियनों की मदद से पूरा हुआ। इसमें 21 भारतीय इंजीनियर सहित कुल 30 इंजीनियर लगाए गए थे।

समुद्री उत्सव के लिए एम्स्टर्डम की ओर बढ़े सैकड़ों जहाज
सैकड़ों ऐतिहासिक जहाजों का एक बेड़ा डच राजधानी के समुद्री इतिहास का जश्न मनाने वाले पांच दिनी उत्सव के लिए बुधवार को एम्स्टर्डम की ओर बढ़ा। दुनिया भर के जहाज, जिनके मस्तूल और रस्सियां झंडों से सजी हुई थीं, उत्तरी सागर के तटीय शहर इज्मुइडेन से रवाना हुए और उत्तरी सागर नहर से होते हुए एम्स्टर्डम के इज जलमार्ग में अपनी घंटों लंबी यात्रा शुरू की।

रवांडा के विद्रोहियों ने जुलाई में 140 लोगों की हत्या कर दी
मानवाधिकार निगरानी समूह ने कहा है कि रवांडा समर्थित विद्रोहियों ने जुलाई में पूर्वी कांगो के 140 लोगों की हत्या की। समूह ने प्रत्यक्षदर्शियों के हवाले से कहा, उत्तरी कीवु में विरुंगा राष्ट्रीय उद्यान के पास हुए हमलों में हुतु समुदाय के सभी लोग मारे गए या लापता हो गए। ये हत्याएं पूर्वी कांगो में नियंत्रण के लिए लड़ रहे 100 से अधिक सशस्त्र गुटों में सबसे प्रमुख एम-23 के खिलाफ चलाए गए सैन्य अभियान का हिस्सा प्रतीत होती हैं।

अमेरिकी सांसद से मिले भारतीय राजदूत क्वात्रा
अमेरिका में भारत के राजदूत विनय मोहन क्वात्रा ने बुधवार को अमेरिकी सांसद वॉरेन डेविडसन से मुलाकात की। क्वात्रा ने उन्हें भारत-अमेरिका साझेदारी के विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी और हालिया व्यापार व ऊर्जा से जुड़े विकासों पर चर्चा की।
हाल के घटनाक्रमों और व्यापार पर भारत के दृष्टिकोण के बारे में दी जानकारी डेविडसन अमेरिकी प्रतिनिधि सभा की नेशनल सिक्योरिटी, इलिसिट फाइनेंस और इंटरनेशनल फाइनेंशियल इंस्टिट्यूशंस पर बनी सब-कमिटी के अध्यक्ष हैं। इससे पहले उन्होंने कांग्रेस के सदस्य पीट सेशंस से भी बातचीत की। क्वात्रा ने ऊर्जा सुरक्षा और हाइड्रोकार्बन सहयोग को भविष्य की साझेदारी का अहम आधार बताया। राजदूत विनय मोहन क्वात्रा ने बुधवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लिखा, प्रतिनिधि सभा की सरकारी संचालन उप-समिति के अध्यक्ष पीट सेशंस के साथ सार्थक चर्चा हुई। उन्हें भारत के हाल के घटनाक्रमों और व्यापार पर भारत के दृष्टिकोण के बारे में जानकारी दी।

भारत ने पेरू को भेजी 32 टन मदद
भारत ने पेरू को 32 टन मानवीय सहायता भेजी है। इसमें 2,50,000 यूनिट फिजियोलॉजिकल सलाइन सॉल्यूशन भी शामिल है। यह दक्षिण अमेरिकी देश में निर्जलीकरण से पीड़ित मरीजों की मदद करेगा। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने लिखा, वैश्विक दक्षिण भागीदारों के रूप में एक-दूसरे का ख्याल रखते हुए भारत ने पेरू को 32 टन मानवीय मदद भेजी है। 2,50,000 यूनिट फिजियोलॉजिकल सलाइन सॉल्यूशन की एक खेप पेरू में निर्जलीकरण से पीड़ित मरीजों की मदद करेगी। मंत्रालय के मुताबिक, मंत्रालय के पूर्व सचिव पी कुमारन 21 से 26 अगस्त तक कोलंबिया और पेरू की यात्रा पर रहेंगे। यहां वे बढ़ते द्विपक्षीय संबंधों के अलग-अलग पहलुओं की समीक्षा करेंगे। 

इस्राइल के विरोध में अमेरिकी दूतावास के अधिकारी की नौकरी गई

यरूशलम स्थित अमेरिकी दूतावास की शिकायतों के बाद, अमेरिकी विदेश विभाग ने अपने एक प्रेस अधिकारी को नौकरी से निकाल दिया है। अधिकारी पर आरोप था कि उसने जो इस्राइल और गाजा के प्रति ट्रंप प्रशासन की नीतियों के बारे में चर्चा के बिंदुओं का मसौदा तैयार करने में गड़बड़ी की। नौकरी से निकाले गए कर्मचारी की पहचान शाहिद घोरेशी के रूप में हुई, जो ईरान-अमेरिकी मूल का व्यक्ति है। घोरेशी पर मध्य पूर्व में ट्रंप प्रशासन की नीतियों का पूरी तरह से समर्थन न करने का आरोप है। जिससे ट्रंप प्रशासन की नीतियों के प्रति उनकी निष्ठा पर सवाल उठाए गए थे। 

सैन्य विमानों पर 1.6 अरब डॉलर खर्च करेगा न्यूजीलैंड

न्यूजीलैंड सरकार ने अपना रक्षा बजट दोगुना करने का फैसला किया है, इसके तहत गुरुवार को न्यूजीलैंड की सेना ने अपने पुराने विमानों को बदलने के लिए 2.7 अरब न्यूज़ीलैंड डॉलर (1.6 अरब अमेरिकी डॉलर) के नए सैन्य खर्च की घोषणा की। वरिष्ठ अधिकारियों ने तेजी से बढ़ते वैश्विक तनाव और बिगड़ते सुरक्षा माहौल का हवाला देते हुए इस पैकेज का एलान किया। न्यूजीलैंड ने अगले दशक में अपने रक्षा खर्च को जीडीपी के 1 प्रतिशत से बढ़ाकर 2 प्रतिशत करने का फैसला किया है। इस खरीद में मौजूदा समुद्री बेड़े के स्थान पर पांच एमएच-60आर सीहॉक हेलीकॉप्टर और दो एयरबस ए321एक्सएलआर विमान शामिल हैं। जिससे 30 वर्ष से अधिक पुराने और खरीदे जाने के समय सेकेण्ड-हैंड बोइंग 757 विमानों को हटाया जा सकेगा।

धोखाधड़ी मामले में ट्रंप को अब नहीं देना होगा जुर्माना, कोर्ट ने खारिज किया आदेश
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को बड़ी राहत मिली है। एक अपील कोर्ट ने धोखाधड़ी के आरोप में उनके खिलाफ लगाए गए भारी जुर्माने को रद्द कर दिया है। यह फैसला न्यूयॉर्क राज्य की उस याचिका से जुड़ा है, जिसमें ट्रंप पर अपनी संपत्ति की कीमत बढ़ा-चढ़ाकर बताने का आरोप लगाया गया था। गुरुवार को पांच जजों की एक बेंच ने इस मामले पर सुनवाई करते हुए ट्रंप के पक्ष में फैसला सुनाया। यह फैसला ऐसे समय आया है, जब ट्रंप सात महीने पहले दोबारा व्हाइट हाउस लौटे हैं।

इससे पहले जो फैसला आया था, उसके तहत ट्रंप को 515 मिलियन डॉलर (यानी करीब 4,200 करोड़ रुपये) से ज्यादा का नुकसान हो सकता था और उनकी रियल एस्टेट संपत्ति को बड़ा झटका लग सकता था। अब कोर्ट के इस नए फैसले से ट्रंप को कानूनी और आर्थिक दोनों मोर्चों पर राहत मिली है।
 
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get latest World News headlines in Hindi related political news, sports news, Business news all breaking news and live updates. Stay updated with us for all latest Hindi news.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed