फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   World ›   World News Hindi Updates Asia Europe US UK UN West Asia Switzerland WEF Davos Politics Crime and Global events

Updates: FBI निदेशक के लिए काश पटेल के नाम लग सकती है मुहर; कराची जेल में भारतीय मछुआरे की मौत

Fri, 24 Jan 2025 10:30 PM IST
दीपक कुमार शर्मा वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला
वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला Published by: दीपक कुमार शर्मा Updated Fri, 24 Jan 2025 10:30 PM IST
विज्ञापन
World News Hindi Updates Asia Europe US UK UN West Asia Switzerland WEF Davos Politics Crime and Global events
दुनिया की बड़ी खबरें - फोटो : amar ujala graphics

अमेरिका में संघीय जांच ब्यूरो (एफबीआई) के अगले निदेशक के रूप में अपने नाम पर पुष्टि की सुनवाई के लिए काश पटेल 30 जनवरी को सीनेट समिति के समक्ष पेश होंगे। पटेल (44) राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्रशासन में नामित सर्वोच्च रैंक वाले भारतीय-अमेरिकी हैं। अगर इस पद के लिए उनके नाम की पुष्टि हो जाती है तो वह सबसे शक्तिशाली अमेरिकी जांच एजेंसी का नेतृत्व करने वाले पहले भारतीय अमेरिकी होंगे।

विज्ञापन


सीनेट न्यायपालिका समिति ने गुरुवार को घोषणा की कि संघीय जांच ब्यूरो के निदेशक के रूप में कश्यप प्रमोद पटेल का नामांकन 30 जनवरी के लिए निर्धारित किया गया है। पटेल क्रिस्टोफर रे की जगह लेंगे। पटेल को ट्रंप का वफादार समर्थक माना जाता है। पूर्व संघीय अभियोजक पटेल ने इस सप्ताह की शुरुआत में ट्रंप के शपथ ग्रहण समारोह के दौरान कहा कि मुझे अमेरिका के लिए सपने देखना बहुत पसंद है। मेरी कहानी बहुत सरल है, यह अनोखी है और आप में से कुछ लोग इसमें भागीदार हैं।
विज्ञापन


उन्होंने कहा कि मेरे माता-पिता पूर्वी अफ्रीका में जन्मे और पले-बढ़े। मेरे पिता ने 1970 के दशक में युगांडा में हुए नरसंहारकार और तानाशाही के बाद देश छोड़ दिया था, जहां उन्होंने अपने 3,00,000 देशवासियों की हत्या देखी थी और यह भी देखा था कि अगर संवैधानिक न्याय प्रणाली को तोड़ने की अनुमति दी गई तो अराजकता क्या कर सकती है।
विज्ञापन
विज्ञापन


कराची जेल में भारतीय मछुआरे की मौत
काना के बेटे भारतीय मछुआरे बाबू की कराची जेल में मौत हो गई। उन्हें 2022 में पाकिस्तानी अधिकारियों द्वारा गिरफ्तार किया गया था। उनकी सजा पूरी होने और उनके भारतीय होने की पुष्टि के बावजूद उन्हें पाकिस्तान अधिकारियों द्वारा रिहा नहीं किया गया था। पिछले दो साल में वे 8वें भारतीय मछुआरे हैं, जिसकी पाकिस्तान में मौत हुई है। अपनी सजा पूरी कर चुके 180 भारतीय मछुआरे पाकिस्तानी जेल से रिहाई का इंतजार कर रहे हैं। भारत लगातार कैदियों की जल्द रिहाई का मुद्दा पाकिस्तान के समक्ष उठाता रहा है। 

नेपाल में मिला भारतीय युवक का शव
नेपाल के बारा जिले में एक प्रतीक्षालय में भारतीय युवक का शव मिला। महाराष्ट्र के निवासी रुद्रा गिरि का शव चुरियामाई मंदिर के पास एक पहाड़ी पर स्थित एक सामुदायिक प्रतीक्षालय में मिला। उनकी मौत के कारण की जानकारी नहीं है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। 



हूती विद्रोहियों ने जहाज के चालक दल को रिहा किया
यमन के हूती विद्रोहियों ने नवंबर 2023 में लाल सागर इलाके से जब्त किए जहाज के चालक दल को रिहा कर दिया है। ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों का यह कदम ऐसे समय सामने आया है, जब इस्राइल और हमास के बीच शांति समझौता हो चुका है। हूती विद्रोहियों ने इस्राइल के गाजा में हमलों के विरोध में ही लाल सागर इलाके में वाणिज्यिक और सैन्य जहाजों पर हमले शुरू किए थे। हालांकि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने अपने पूर्व कार्यकाल के अंत में हूती विद्रोहियों पर लगाए प्रतिबंधों को फिर से बहाल कर दिया है। इससे फिर से तनाव की स्थिति बन सकती है। 

हूतियों ने कहा कि उन्होंने अरब प्रायद्वीप के पूर्वी किनारे पर ओमान द्वारा मध्यस्थता के बाद नाविकों को रिहा किया है। रिहा किए गए नाविक ओमान की राजधानी मस्कट पहुंच चुके हैं। रिहा किए गए नाविकों में फिलीपींस, बुल्गारिया, रोमानिया, यूक्रेन और मैक्सिको के नाविक शामिल थे। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, हूती विद्रोहियों ने एक बयान में कहा कि, 'यह कदम गाजा में युद्धविराम समझौते के समर्थन में उठाया गया है।'

यूएस कैपिटल में बंदूक लेकर घुसने वाला व्यक्ति गिरफ्तार
यूएस कैपिटल में बंदूक लेकर घुसने वाले व्यक्ति को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने बताया कि 27 वर्षीय व्यक्ति मैसाचुसेट्स का निवासी है। कैपिटल पुलिस ने उसे लाइब्रेरी ऑफ कांग्रेस से बाहर निकलते समय और अपनी कार की ओर जाते हुए देखा। जब पुलिस ने उसकी तलाशी ली, तो उसके कमरबंद में एक हैंडगन मिली। हालांकि, पुलिस ने कहा कि उन्हें इस बात का कोई सबूत नहीं मिला कि वह व्यक्ति कांग्रेस को नुकसान पहुंचाने के लिए आ रहा था। इसके अलावा, जिस पुलिस अधिकारी ने उसे कैपिटल में प्रवेश करने दिया, उसे विभागीय जांच के दौरान निलंबित कर दिया गया है। 

इटली की शीर्ष अदालत ने अमांडा नॉक्स की सजा को बरकरार रखा
इटली की शीर्ष अदालत ने बृहस्पतिवार को अमेरिकी प्रतिवादी अमांडा नॉक्स के खिलाफ मानहानि के आरोप में सुनाई गई सजा को बरकरार रखा। उसने 2007 में अपने ब्रिटिश फ्लैटमेट की हत्या में एक निर्दोष व्यक्ति पर आरोप लगाया था। यह मामला अमेरिका और यूरोप दोनों में काफी चर्चा का विषय रहा। नॉक्स ने यूरोपीय मानवाधिकार न्यायालय के फैसले के आधार पर सजा की अपील की थी। न्यायाधीश मोनिका बोनी ने अदालत में फैसला सुनाया, लेकिन वहां केवल कुछ पत्रकार और गार्ड मौजूद थे। 

हेगसेथ के खिलाफ वोट करेंगी अमेरिकी सीनेटर लिसा मुर्कोव्स्की 
अमेरिकी सीनेटर लिसा मुर्कोव्स्की ने बृहस्पतिवार को बताया कि वह पेंटागन का नेतृत्व करने के लिए पीट हेगसेथ के खिलाफ वोट करेंगी। इस तरह, वह राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के कैबिनेट के चयन का विरोध करने वाली पहली रिपब्लिकन बन गई हैं। अलास्का से रिपब्लिकन सीनेटर का यह निर्णय हेगसेथ के नामांकन को पुष्टि की दिशा में बढ़ाने से पहले एक महत्वपूर्ण परीक्षण वोट के पहले आया है।

अमेरिकी विदेश मंत्री रुबियो पनामा और अन्य देशों की यात्रा करेंगे
अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो अगले सप्ताह के अंत में पनामा और अन्य देशों की यात्रा पर जा रहे हैं। यह जानकारी उनके प्रवक्ता ने दी। विदेश विभाग की प्रवक्ता टैमी ब्रूस ने बताया कि विदेश मंत्री रुबियो पनामा, ग्वाटेमाला, अल साल्वाडोर, कोस्टा रिका और डोमिनिकन गणराज्य की यात्रा करेंगे। 53 वर्षीय रुबियो ने मंगलवार को विदेश मंत्री के रूप में शपथ ली थी। उन्होंने अपने पहले बहुपक्षीय बैठक में क्वाड देशों- ऑस्ट्रेलिया, भारत और जापान के विदेश मंत्रियों से मुलाकात की और एस जयशंकर के साथ अपनी पहली द्विपक्षीय बैठक की। 

क्यूबेक में अमेजन बंद करेगा सात गोदाम, जाएंगी 17,000 लोगों की नौकरियां
ऑनलाइन रिटेलर अमेजन ने एक महत्वपूर्ण फैसला लिया है कि वह आने वाले 2 महीने में कनाडा के क्यूबेक में अपने सभी 7 गोदामों को बंद कर देगा। इससे ग्रेटर मॉन्ट्रियल क्षेत्र में लगभग 1,700 लोगों की नौकरियां प्रभावित होंगी, जिनमें से 250 कर्मचारी अस्थायी तौर पर काम कर रहे हैं। अमेजन के मुताबिक, इस फैसले के बाद लंबे समय तक उनके कस्टमर्स की बचत होगी। हालांकि, कनाडाई संघ ने अमेजन पर आरोप लगाया है कि उसने क्षेत्र में अपनी कोशिशों को रोकने के कारण गोदामों को बंद करने का निर्णय लिया है। संघ ने यह भी कहा कि उन्होंने एक गोदाम को सफलतापूर्वक संघबद्ध किया है। कंपनी की तरफ से जानकारी दी गई कि पैकेज को बांटने के लिए स्थानीय और तीसरे पक्ष की कंपनियों को नियुक्त करेगी। अमेजन की ओर से 2020 से पहले क्यूबेक में जिस बिजनेस मॉडल को फॉलो किया गया था, वो उसे फिर से इस्तेमाल करेगा।

कनाडा बोला ऐसे नहीं होता कारोबार
अमेजन के फैसले पर कनाडा की नई तकनीकी मंत्री, फ्रांस्वा शैम्पेन ने कहा, कनाडा में इस तरह से कारोबार नहीं किया जाता है। 

एआई बदलेगी दुनिया, मौजूदा सीईओ श्रमिक प्रबंधन करने वाली अंतिम पीढ़ी : बेनिओफ
विश्व आर्थिक मंच की बैठक में भविष्य में प्रौद्योगिकी पर एक सत्र के दौरान सेल्सफोर्स के प्रमुख मार्क बेनिओफ ने वहां मौजूद तमाम कंपनी दिग्गजों से कहा कि वे सीईओ की ऐसी आखिरी पीढ़ी हैं जो केवल मनुष्यों का प्रबंधन करेंगे। उन्होंने आगे कहा कि भले ही यह अविश्वसनीय लगे लेकिन आने वाले समय में न केवल मानव श्रमिकों, बल्कि डिजिटल श्रमिकों का भी प्रबंधन करना होगा। बेनिओफ ने बताया कि उनकी कंपनी सेल्सफोर्स विश्व आर्थिक मंच की सूचना प्रबंधन प्रणाली को मजबूती देती है और उसने इसकी एप के भीतर एक एआई-संचालित डिजिटल सहायक जोड़ा है। उपयोगकर्ता जिन सत्र में हिस्सा लेते हैं, उनके आधार पर अपनी सिफारिशें देता है।

दिल, दिमाग और हाथ की जरूरत रहेगी
बुद्धिमान युग के लिए पुनः कौशलीकरण पर एक सत्र में हिस्सा लेने के दौरान केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी ने कहा कि कृत्रिम मेधा (एआई) भले ही काफी काम कर रहा है, लेकिन दुनिया को अभी भी मानव मस्तिष्क, दिल और हाथ की जरूरत है। उन्होंने हल्के-फुल्के अंदाज में कहा कि वह एआई को आकारहीन ही कहेंगे।

एपल, गूगल के एप स्टोर और ब्राउजर की ब्रिटेन में जांच शुरू
ब्रिटेन के प्रतिस्पर्धा और बाजार प्राधिकरण (सीएमए) ने अमेरिका की दिग्गज टेक कंपनियों एपल और गूगल के स्मार्टफोन ऑपरेटिंग सिस्टम, एप स्टोर और ब्राउजर की जांच शुरू कर दी है। बाजार प्राधिकरण इस बात का आंकलन करेगा कि क्या एपल और गूगल को मोबाइल इकोसिस्टम (पारिस्थितिकी तंत्र) में 'रणनीतिक बाजार का दर्जा' प्राप्त है। इसका उपभोक्ताओं के अलावा बिजनेस बढ़ाने वाले कंटेंट और सेवाओं पर क्या प्रभाव है। सीएमए की मुख्य कार्यकारी सारा कार्डेल ने कहा कि अधिक प्रतिस्पर्धी मोबाइल इकोसिस्टम के जरिये लाखों लोगों के उपयोग की जाने वाली सेवाओं में नए इनोवेशन (नवाचार) और नए अवसरों को बढ़ावा मिल सकता है। स्वस्थ और बेहतर प्रतिस्पर्धा से ब्रिटेन में भी विकास को बढ़ावा मिल सकता है।

भारत के तीन स्टार्टअप के साथ वॉलमार्ट के रणनीतिक कार्यक्रम
खुदरा क्षेत्र की प्रमुख बहुराष्ट्रीय कंपनी वॉलमार्ट ने अपनी अमेरिकी आपूर्ति शृंखला तथा ‘सोर्सिंग’ परिचालन के लिए समाधान प्रदान करने के मकसद से भारत स्थित तीन स्टार्टअप के साथ शुरुआती स्तर के रणनीतिक कार्यक्रमों की घोषणा की है। इस शुरुआती कार्यक्रमों के लिए तीन स्टार्टअप पुणे स्थित केबीकोल्स साइंसेज, चेन्नई स्थित ग्रीनपॉड लैब्स और बेंगलुरु स्थित क्रॉपिन का चुना गया है।

बांग्लादेश : बीएनपी गुटों के बीच झड़पों में 22 लोग घायल
बांग्लादेश के सतखीरा जिले में बुधवार को बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) के दो गुटों में हुई हिंसक झड़प में पुलिस व सुरक्षा कर्मियों समेत 22 लोग घायल हो गए। घटना तब हुई जब अधिकारियों ने क्षेत्र में धारा 144 लागू थी। जुलूस में उपजिला अधिकारी व सहायक आयुक्त (भूमि) ने पुलिस, सुरक्षा कर्मियों की मदद से दखल का प्रयास किया, लेकिन हिंसा जारी रही। घटना में जानबूझकर हिंसा भड़काने के आरोप लगे हैं।

एवरेस्ट चढ़ाई शुल्क परमिट 11 से 15 हजार डॉलर किया, नेपाल सरकार का फैसला
नेपाल ने माउंट एवरेस्ट पर चढ़ने के लिए परमिट शुल्क 36 प्रतिशत तक बढ़ाने का फैसला किया है। ऐसे कई कदम दुनिया की सबसे ऊंची चोटी पर कचरा फैलने से रोकने के लिए उठाए गए हैं। साथ ही चढ़ाई अवधि 75 दिनों से घटाकर 55 दिन कर दी है।  संशोधित पर्वतारोहण नियमों के तहत वसंत ऋतु (मार्च-मई) में सामान्य दक्षिण मार्ग से एवरेस्ट पर चढ़ने वाले विदेशियों के लिए परमिट शुल्क मौजूदा 11,000 डॉलर प्रति व्यक्ति से बढ़ाकर 15,000 डॉलर कर दिया गया है। इसमें आखिरी बार संशोधन 1 जनवरी 2015 को हुआ था। इसी तरह, शरद ऋतु (सितंबर-नवंबर) के लिए चढ़ाई का शुल्क 5,500 डॉलर से बढ़ाकर 7,500 डॉलर कर दिया गया है। वहीं, सर्दियों (दिसंबर-फरवरी) और मानसून (जून-अगस्त) के लिए प्रति व्यक्ति परमिट शुल्क 2,750 डॉलर से बढ़कर 3,750 डॉलर हो गया है। पर्यटन बोर्ड की निदेशक आरती न्यूपाने ने कहा, इस संबंध में कैबिनेट का निर्णय पहले ही हो चुका है, हालांकि आधिकारिक घोषणा अभी बाकी है। नई दरें एक सितंबर 2025 से प्रभावी होंगी। 

विरोध के बावजूद सीनेट में पीट हेगसेथ का नाम बरकरार, आगे बढ़ी प्रक्रिया
अमेरिका में पीट हेगसेथ को रक्षा मंत्री बनाने की तैयारी हो रही है। संगीन आरोपों के बावजूद सीनेट ने रिपब्लिकन खेमे से मिले समर्थन के आधार पर उनका नाम आगे बढ़ा दिया है। डेमोक्रेट्स की ओर से इस पर कड़ी आपत्ति जताई गई है। अलास्का की सीनेटर लिसा मुर्कोव्स्की और मेन की सीनेटर सुसान कोलिन्स ने ट्रंप का समर्थन किया है। अमेरिका में पूर्व सैनिक और फॉक्स न्यूज के होस्ट रह चुके हेगसेथ पर अत्यधिक शराब पीने और महिलाओं के प्रति आक्रामक व्यवहार करने के आरोप हैं। हालांकि, उन्होंने इसका खंडन किया है।

अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट ने लघु व्यवसाय पंजीकरण नियम को प्रभावी करने की अनुमति दी
सुप्रीम कोर्ट ने लाखों छोटे व्यवसायों के मालिकों के लिए नई व्यवस्था बनाई है। नए नियमों के तहत अब वे ट्रेजरी विभाग की उस शाखा में पंजीकरण कराएंगे जिसका काम धन शोधन और अन्य वित्तीय अपराधों से लड़ना है। न्यायाधीशों ने जिस याचिका को स्वीकार कर पंजीकरण नियम को प्रभावी करने की अनुमति दी इसे बाइडन के कार्यकाल में ही दाखिल किया गया था। बता दें कि पूर्व राष्ट्रपति जो बाइडन प्रशासन के अंतिम दिनों में न्याय विभाग द्वारा कॉर्पोरेट पारदर्शिता अधिनियम को लागू करने की अनुमति देने के लिए आपातकालीन याचिका दाखिल की गई थी। कॉरपोरेट पारदर्शिता कानून 2021 में गुमनाम शेल कंपनियों के अवैध उपयोग पर नकेल कसने के लिए लागू किया गया था।

समलैंगिक विवाह: 1800 से अधिक कपल्स ने शादी का पंजीकरण कराया 
थाईलैंड दक्षिण-पूर्व एशिया में समलैंगिक विवाह को वैध बनाने वाला पहला देश बन गया है। ऐसा करने वाले ताइवान और नेपाल के बाद थाईलैंड एशिया का तीसरा देश है। कानूनी मान्यता मिलने के बाद अब देश के सैकड़ों एलजीबीटीक्यू+ जोड़ों को विवाह पंजीकरण का अधिकार मिल गया है। पहले दिन ही कई जोड़ों ने अपनी शादी को कानूनी रूप से पंजीकृत करा लिया। गुरुवार के अंत तक देश भर में लगभग 1,832 समलैंगिक जोड़ों ने विवाह किया। जिला कार्यालयों में 1,000 से अधिक लोगों ने पंजीकरण कराया, जबकि 185 जोड़ों ने सेंट्रल बैंकॉक के एक शॉपिंग मॉल में आयोजित समारोह में अपने विवाह का पंजीकरण कराया। इन जोड़ों में अभिनेता अपीवात "पोर्श" अपीवात्सैरी और सप्पन्यू "आर्म'"पनाटकोल भी शामिल रहे। उन्होंने बैंकॉक के फ्रा नाकोर्न जिला कार्यालय में विवाह किया। दोनों कार्यालय की छत पर खड़े होकर फूलों का गुलदस्ता पकड़े हुए मुस्कुराते भी दिखे।

ट्रंप ने अमेरिका में केवल दो ही लिंग- पुरुष और महिला होने की बात दोहराई

अपने बेबाक बयानों के लिए चर्चित राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अमेरिका में केवल दो ही लिंग- पुरुष और महिला होने की बात कही है। उन्होंने कहा कि आज कल 'ट्रांसजेंडर ऑपरेशन' काफी लोकप्रिय हो चुका है, लेकिन आने वाले दिनों में इस पर नकेल कसेगी। किसी भी पुरुष को महिलाओं के खेलों में भाग लेने की अनुमति नहीं दी जाएगी। केवल दो ही लिंग- महिला और पुरुष अमेरिका की आधिकारिक नीति है। ट्रंप ने यह बयान वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए विश्व आर्थिक मंच की वार्षिक बैठक को संबोधित करने के दौरान दिया।

मैसेडोनिया में संसद पर हमले के 4 दोषियों को रिहाई
दक्षिणपूर्वी यूरोप में बसे देश मैसेडोनिया में अदालत ने चौंकाने वाला फैसला सुनाया है। इसके तहत 2017 में संसद पर हिंसक हमले के चार दोषियों को रिहा किया जाएगा।  रूढ़िवादी वीएमआरओ-डीपीएमएनई पार्टी के चार पूर्व अधिकारियों को रिहा किए जाने के संबंध में राजधानी स्कोप्जे की अदालत ने कहा कि इस मामले में 2018 का माफी कानून लागू होगा। बता दें कि अप्रैल 2017 में लगभग 200 प्रदर्शनकारियों ने अल्बानियाई स्पीकर के चुनाव और प्रस्तावित गठबंधन सरकार के खिलाफ़ गुस्से में संसद पर धावा बोल दिया था। अराजकता और उपद्रव के दौरान सांसदों और पत्रकारों सहित दर्जनों लोग घायल हो गए थे। रिहा किए गए अधिकारियों में पूर्व संसदीय अध्यक्ष ट्रेजको वेलजानोवस्की, पूर्व कैबिनेट मंत्री स्पिरो रिस्तोव्स्की और माइल जानकीस्की और राष्ट्रीय सुरक्षा के पूर्व प्रमुख व्लादिमीर अटानासोवस्की के नाम शामिल हैं। बता दें कि 2021 में चारों को दोषी पाया गया था। अदालत ने इन्हें देश की संवैधानिक व्यवस्था और सुरक्षा को खतरे में डालने के लिए छह से साढ़े छह साल की जेल की सजा सुनाई थी। गौरतलब है कि 1991 में यूगोस्लाविया से आजाद हुए मैसेडोनिया में राजनीतिक स्थिरता की खबरें आए दिन आती हैं।

अफगानी शरणार्थियों ने पाकिस्तान से की वीजा नियमों में ढील देने की मांग
अमेरिका में शरणार्थी कार्यक्रम पर रोक लगने के बाद अफगानी शरणार्थियों ने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री से मानवीय आधार पर वीजा व्यवस्था में ढील देने की अपील की है। अफगान यूएसआरएपी शरणार्थी वकालत समूह के सदस्य अहमद शाह ने कहा कि हमें ठीक से पता नहीं है कि अमेरिकी शरणार्थी कार्यक्रम से रोक कब हटाई जाएगी, लेकिन हम पाकिस्तान से अनुरोध करते हैं कि वह हमारे वीजा की समाप्ति के बाद कम से कम छह महीने के लिए हमारे प्रवास को बढ़ा दे। वर्तमान में 20,000 अफगानी अमेरिकी सरकार के कार्यक्रम के माध्यम से अमेरिका में पुनर्वास के लिए मंजूरी मिलने का इंतजार कर रहे हैं। वहीं पाकिस्तान का कहना है कि शरणार्थी कार्यक्रम के निलंबन के बारे में उसे अभी तक अमेरिका से कोई आधिकारिक सूचना नहीं मिली है। 
 

व्यापार टैरिफ न लगाने के लिए ट्रंप से बात करेगा ब्रिटेन
ब्रिटिश सरकार ने शुक्रवार को कहा कि वह व्यापार टैरिफ न लगाने के लिए अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से बात करेगी। ब्रिटेन के व्यापार एवं वाणिज्य मंत्री जोनाथन रेनॉल्ड्स ने बताया कि विनिर्मित वस्तुओं के मामले में अमेरिका का ब्रिटेन के साथ कोई व्यापार घाटा नहीं है। इसके चलते टैरिफ लगाना अनावश्यक होगा। हमारी अर्थव्यवस्था सेवा आधारित है। अमेरिका के पास हमारे बराबर घाटा नहीं है, इसलिए हमारे पास इस पर विचार करने के लिए एक तर्क है। रेनॉल्ड्स ने कहा कि हम यूरोपीय संघ के साथ व्यापार की शर्तों में सुधार कर सकते हैं कि सीमा शुल्क संघों या एकल बाजारों या ब्रेक्सिट के तर्कों पर दोबारा विचार न करना पड़े। हम ऐसा करते हुए दुनिया भर में घनिष्ठ व्यापार संबंध बना सकते हैं। ब्रिटेन पृथ्वी पर सबसे अधिक जुड़ा हुआ बाजार है और हम दुनिया की ओर देखने वाले अभिनव व्यवसायों के लिए घर बने रहेंगे। उन्होंने कहा कि मैं तब तक चैन से नहीं बैठूंगी जब तक ब्रिटेन की अर्थव्यवस्था नहीं बढ़ जाती ब्रिटेन में निवेश करने का समय अभी है।

दक्षिण अफ्रीका में बाढ़ से बचाए गए कछुए
दक्षिण अफ्रीका के दक्षिणी मेडागास्कर में एक समुदाय ने बाढ़ में अपने अभयारण्य से बह गए लुप्तप्राय कछुओं को बचाया। लावावोलो कछुआ केंद्र में रखे गए 12,000 रेडिएटेड और स्पाइडर कछुए बाढ़ के चलते बह गए थे। अभयारण्य के कर्मचारी, समुदाय के सदस्य और पुलिस ने बचाव अभियान चलाया। उन्होंने बड़े कंटेनरों के साथ पानी में घुसकर कछुओं को इकट्ठा किया। अभयारण्य चलाने वाले टर्टल सर्वाइवल संगठन के मेडागास्कर निदेशक हेरी रजाफिमामोनजीराइबे ने कहा कि उन्होंने 10,000 से ज़्यादा कछुओं को बचाया है। उन्होंने कहा कि यह आसान नहीं है, क्योंकि कछुए जब चाहें तो आपकी सोच से ज़्यादा तेज़ चल सकते हैं और शायद ही कभी सहयोग करते हैं। बचावकर्मियों ने अब तक लगभग 700 मृत कछुओं को बरामद किया है। वे बाढ़ के चलते चट्टानों और मलबे में फंस गए थे। टर्टल सर्वाइवल संगठन ने कहा कि अधिकांश कछुए अभयारण्य में वापस आ गए हैं, लेकिन बाढ़ से केंद्र को बहुत नुकसान हुआ है। 
 

गूगल लगाएगा ऑनलाइन फर्जी समीक्षाओं पर लगाम
गूगल ऑनलाइन फर्जी समीक्षाओं पर लगाम लगाएगा। साथ ही इन समीक्षाओं से लाभ कमाने की कोशिश करने वाले व्यवसायों पर कड़ा दंड लगाएगा। ब्रिटिश नियामक प्रतिस्पर्धा एवं बाजार प्राधिकरण ने कहा कि गूगल ने फर्जी समीक्षाओं का पता लगाने और उन्हें हटाने के लिए कठोर कदम उठाने की प्रतिबद्धता जताई है। ताकि वह फर्जी पोस्ट से लाभ उठाने की कोशिश कर रहे व्यवसायों और समीक्षकों की जांच कर सके। नियामक ने कहा कि गूगल उन सभी समीक्षाओं को हटाएगा जो यूके के व्यवसायों के लिए बार-बार फर्जी या भ्रामक समीक्षाएं लिखते हैं। इन समीक्षकों को नई समीक्षाएं पोस्ट करने से भी प्रतिबंधित कर दिया जाएगा। इसके अलावा जो व्यवसाय कृत्रिम रूप से अपनी स्टार रेटिंग बढ़ाने की कोशिश करेंगे, उन्हें भी परिणाम भुगतने होंगे। उनके गूगल प्रोफाइल पर चेतावनी अलर्ट जारी किए जाएंगे। अगर वे बार-बार फर्जी समीक्षा गतिविधि में शामिल होते हैं, तो पिछले छह महीने या उससे ज्यादा समय की उनकी सभी समीक्षाएं हटा दी जाएंगी। निगरानी संस्था की सीईओ सारा कार्डेल ने कहा कि हमने गूगल से जो बदलाव हासिल किए हैं, वे सुनिश्चित करते हैं कि मजबूत प्रक्रियाएं मौजूद हैं, ताकि लोगों को समीक्षाओं पर भरोसा हो और वे सर्वोत्तम संभव विकल्प चुन सकें।

यूक्रेन में रूसी ड्रोन ने किया हमला, तीन लोगों की मौत
यूक्रेन की राजधानी कीव में रूस के ड्रोन ने हमला किया। इस हमले में तीन लोगों की मौत हो गई। साथ ही एक आवासीय इमारत, आठ घर, एक वाणिज्यिक भवन और कई कारें क्षतिग्रस्त हो गईं। मध्य क्षेत्र में हुए हमले में ड्रोन के मलबे में दो पुरुष और एक महिला की मौत हुई। इससे पहले रूस ने कहा कि यूक्रेन की ओर से लॉन्च किए गए 121 ड्रोन को रोक दिया गया। 
 
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get latest World News headlines in Hindi related political news, sports news, Business news all breaking news and live updates. Stay updated with us for all latest Hindi news.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed