फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   World ›   World News Hindi Updates Asia Europe US UK UN West Asia Switzerland Haiti Politics Crime and Global events

World Updates:हंगरी में 240 स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी; नैशविले में छात्र ने छात्रा को मारी गोली

Thu, 23 Jan 2025 10:59 PM IST
ज्योति भास्कर वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला
वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला Published by: ज्योति भास्कर Updated Thu, 23 Jan 2025 10:59 PM IST
विज्ञापन
World News Hindi Updates Asia Europe US UK UN West Asia Switzerland Haiti Politics Crime and Global events
दुनिया की बड़ी खबरें - फोटो : amar ujala graphics
हंगरी के 240 स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी दी गई। इसके चलते स्कूल बंद कर दिए गए। पुलिस ने कहा कि धमकियों के बारे में जांच की जा रही है। पुलिस ने एक बयान में कहा कि धमकियां ईमेल से भेजी गईं थीं और यह एक ही तरह की थीं। पुलिस ने कहा कि स्कूलों की जांच की गई, तो कुछ भी नहीं मिला। प्रधानमंत्री विक्टर ओर्बन के चीफ ऑफ स्टाफ गेरगेली गुलियास ने कहा कि देश के अधिकांश स्कूल खुले हैं। 
विज्ञापन


नैशविले में छात्र ने छात्रा को गोली मारकर की आत्महत्या
अमेरिकी राज्य नैशविले में हुए इस घटना को लेकर पुलिस ने बताया कि बुधवार को नैशविले हाई स्कूल के कैफेटेरिया में हुई गोलीबारी में एक छात्रा की मौत हो गई और एक अन्य छात्र घायल हो गया। मेट्रो नैशविले पुलिस के प्रवक्ता डॉन आरोन ने बताया कि 17 वर्षीय शूटर, जो एंटिओक हाई स्कूल का छात्र भी था, ने बाद में खुद को गोली मारकर खुदकुशी कर ली।
विज्ञापन


पुलिस ने उसकी पहचान सोलोमन हेंडरसन के रूप में की। पुलिस प्रमुख जॉन ड्रेक ने बताया कि शूटर ने कैफेटेरिया में 16 वर्षीय छात्रा से 'बहस' के बाद गोली चलाई, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने उसकी पहचान जोसेलिन कोरिया एस्केलेंटे के रूप में की। ड्रेक ने बताया कि पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि क्या गोली मारने वाले छात्रों को निशाना बनाया गया था। ड्रेक ने बताया कि घायल हुए छात्र को खरोंच आई है और उसका इलाज किया गया और उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
विज्ञापन
विज्ञापन


पुलिस के प्रवक्ता ने बताया कि जब गोलीबारी सुबह 11 बजे (स्थानीय समयानुसार) हुई, तब इमारत में दो स्कूल संसाधन अधिकारी मौजूद थे। वे कैफेटेरिया के नजदीकी इलाके में नहीं थे और जब तक वे वहां पहुंचे, गोलीबारी खत्म हो चुकी थी और बंदूकधारी ने खुद को मार डाला था। ये स्कूल में लगभग 2,000 छात्र हैं और यह नैशविले शहर के दक्षिण-पूर्व में लगभग 16 किलोमीटर दूर एंटिओच में स्थित है।

6 जनवरी 2024 के दंगे में घायल पुलिसकर्मियों में भारी आक्रोश
6 जनवरी, 2021 को यूएस कैपिटल में दंगाइयों से लड़ने वाले दो पुलिस अधिकारियों ने कैपिटल में एक भावनात्मक समाचार सम्मेलन में कहा कि वे गुस्सा हैं और थके गए हैं, लेकिन अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप की तरफ से उनके हमलावरों को माफ करने के बाद भी वे अपनी बात कहना जारी रखेंगे।

मेट्रोपॉलिटन पुलिस अधिकारी डैनियल होजेस, जो दंगाइयों की तरफ से उनकी आंखें निकालने की कोशिश के दौरान दरवाजों के बीच कुचले गए थे, ने कहा कि वे शपथ समारोह के दौरान ट्रंप और उनके समर्थकों की सुरक्षा के लिए पिछले हफ्ते से 12 घंटे की शिफ्ट में काम कर रहे थे। वहीं अपनी भावनाओं को समेटने के बाद, होजेस ने कहा कि उन्हें 6 जनवरी, 2021 को 'पीटा गया, कुचला गया, लात मारी गई, मुक्का मारा गया। उन्होंने कहा कि, 'वे इसे फिर से आजमा सकते हैं, और वे जानते हैं कि उन्हें फिर से माफ कर दिया जाएगा। लेकिन इससे कोई फर्क नहीं पड़ता। मैं वहीं रहूंगा'। जबकि कैपिटल के पूर्व पुलिस अधिकारी हैरी डन ने कहा, 'मैं कहीं नहीं जा रहा हूं। वे चाहते हैं कि आप बात करना बंद कर दें, लेकिन हम ऐसा नहीं कर सकते।'

 पेंटागन US-मेक्सिको सीमा पर 1500 सक्रिय सैनिक भेजेगा
अमेरिकी रक्षा मंत्रालय- पेंटागन ने कहा है कि मेक्सिको की सीमा पर सुरक्षा बंदोबस्त को पुख्ता करने के मकसद से 1500 और सैनिक भेजे जाएंगे। बता दें कि 20 जनवरी को डोनाल्ड ट्रंप के राष्ट्रपति पद संभालने के बाद अमेरिकी प्रशासन इस क्षेत्र को लेकर अधिक गंभीर है। पेंटागन ने कहा, आने वाले दिनों में दक्षिणी सीमा की सुरक्षा में मदद के लिए 1,500 सक्रिय सैनिकों की तैनाती शुरू की जाएगी। बता दें कि आव्रजन पर नकेल कसने के लिए ट्रंप ने शपथ ग्रहण के तत्काल बाद कार्यकारी आदेश पर हस्ताक्षर किए हैं। पेंटागन के मुताबिक योजनाओं को अमल में लाया जाएगा। अमेरिका के कार्यवाहक रक्षा मंत्री रॉबर्ट सेलेसेस ने कहा, सैनिकों की तैनाती के आदेश पर बुधवार को हस्ताक्षर होने की उम्मीद थी। हालांकि, दक्षिणी सीमा की सुरक्षा में कौन से सैनिक या यूनिट तैनात किए जाएंगे, इसकी स्पष्टता के अभाव में हस्ताक्षर नहीं हुए हैं। उन्होंने कहा कि जमीनी हालात को देखते हुए 1500 सैनिकों की संख्या कम या अधिक हो सकती है। फिलहाल, मेक्सिको सीमा पर लगभग 2,500 अमेरिकी नेशनल गार्ड और रिजर्व बल पहले से ही मौजूद  हैं। हालांकि, सीमा पर कोई सक्रिय ड्यूटी सैनिक काम नहीं कर रहा है।

फिजी के पीएम राबुका बोले-नरेंद्र मोदी ही दुनिया के असली बॉस
सुवा (फिजी)। फिजी के पीएम सिटिवेनी राबुका ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को दुनिया का असली ‘बॉस’ बताया है। राज्यसभा सांसद और भारतीय अल्पसंख्यक महासंघ (आईएमएफ) के संयोजक सतनाम सिंह संधू व आईएमएफ संस्थापक प्रो. हिमानी सूद के साथ हुई बैठक में राबुका ने कहा, पीएम मोदी एक शीर्ष वैश्विक नेता हैं। राबुका ने कहा, सबका साथ सबका विकास एक बेहतरीन शासन मॉडल है जिसका मोदी पालन कर रहे हैं। यह सभी के लिए समावेशी विकास सुनिश्चित करता है। मुझे लगता है कि दुनिया को इसे रहने के लिए एक बेहतर स्थान बनाने के लिए अपनाना चाहिए। मोदी पूरी दुनिया में शांति और हिंदुओं के प्रतीक: फिजी के प्रधानमंत्री ने कहा, मोदी पूरी दुनिया में शांति और हिंदुओं के प्रतीक बन गए हैं। भारत में लोगों का विश्वास होना एक बड़ी बात है। मैं इसके लिए उन्हें बधाई देता हूं। दुनियाभर में हिंदुओं की उस यात्रा में एकता अंततः दुनिया के लोगों में एकता में तब्दील हो जाएगी।

अमेरिका से प्रतिस्पर्धा के बीच चीन की नौसेना में नई पीढ़ी का युद्धपोत
अमेरिका और अन्य क्षेत्रीय शक्तियों के साथ बढ़ती प्रतिस्पर्धा के बीच चीनी नौसेना ने एक नई पीढ़ी का युद्धपोत शामिल किया है। उसने कहा, यह जहाज उसकी सेनाओं की समग्र युद्ध प्रभावशीलता को बढ़ाने में अहम भूमिका निभाएगा। इससे अमेरिका समेत प्रतिद्वंदी देशों की चिंता बढ़ गई है। चीन के पास पहले से ही दुनिया की सबसे बड़ी नौसेना है। लुओहे नामक 054बी फ्रिगेट युद्धपोत, बुधवार को उत्तरी चीन के एक बंदरगाह शहर किंगदाओ में कमीशन किया गया। यहां पीएलएएन का उत्तरी बेड़ा है। जहाज में लगभग 5,000 टन का विस्थापन है और इसमें स्टील्थ तकनीक, लड़ाकू कमांड सिस्टम और फायरपावर एकीकरण शामिल है। रक्षा प्रकाशनों के अनुसार, लुओहे में विभिन्न प्रकार की मशीन गन और हवा-रोधी और जहाज-रोधी मिसाइलें शामिल हैं।

बांग्लादेश : 10 वर्ष पुराने तोड़फोड़ के मामले में जिया बरी
बांग्लादेश की एक अदालत ने 10 साल पहले दक्षिण-पूर्वी कमिला जिले में दर्ज तोड़फोड़ के एक मामले में बुधवार को बांग्लादेश नेशनल पार्टी (बीएनपी) की अध्यक्ष और पूर्व पीएम खालिदा जिया को बरी कर दिया है। अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश कमिला अफरोजा जेस्मिन ने आदेश पारित किया कि 79 वर्षीय जिया के खिलाफ कोई सबूत नहीं पाया गया है इसलिए उन्हें बरी किया जाता है। जिया का फिलहाल लंदन में इलाज चल रहा है। अदालत ने पाया कि मामला राजनीतिक आधार और उत्पीड़न पर दायर किया गया था। 

क्वाड का चीन को संदेश, यथास्थिति बदली तो होगा विरोध
चीन को कड़ा संकेत देते हुए भारत, ऑस्ट्रेलिया, जापान व अमेरिका के संगठन क्वाड ने साफ कर दिया है कि समुद्री क्षेत्र समेत किसी भी अंतरराष्ट्रीय कानून से संबंधित यथास्थिति में बदलाव का कड़ा विरोध किया जाएगा। अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो की मेजबानी में भारत के एस. जयशंकर, जापान के इवाया ताकेशी व ऑस्ट्रेलिया की विदेश मंत्री पेनी वोंग ने वैश्विक मसलों पर चर्चा की। बैठक के समापन पर, मंत्रियों ने इस साल के आखिर में भारत में होने जा रहे ‘क्वाड लीडरशिप समिट’ की पुन: पुष्टि की। बैठक के बाद कहा गया कि चारों देश समुद्र सहित सभी क्षेत्रों में वैशि्वक कानून समृद्धि का आधार पर कायम हैं।

चीन ने कहा- दक्षिण चीन सागर पर उसका दावा उचित
क्वाड के विदेश मंत्रियों के दावा पर चीन ने कहा कि दक्षिण चीन सागर में उसकी गतिविधियां और दावे पूरी तरह से वैध और उचित हैं। वाशिंगटन में मंगलवार को हुई बैठक में क्वाड के विदेश मंत्रियों ने हिंद प्रशांत क्षेत्र में बलपूर्वक यथास्थिति को बदलने की कोशिश करने वाली किसी भी एकतरफा कार्रवाई का जोरदार तरीके से विरोध किया। बुधवार को चीनी विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता माओ निंग ने क्वाड से जुड़े एक सवाल पर यह प्रतिक्रिया व्यक्त की। उन्होंने भारत, अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया और जापान के संगठन क्वाड का विरोध दोहराया। निंग ने कहा कि चीन हमेशा इस बात की वकालत करता है कि देशों के बीच सहयोग किसी तीसरे देश पर लक्षित नहीं होना चाहिए।

दक्षिण सूडान में सोशल मीडिया पर अस्थायी रोक
दक्षिण सूडान के अधिकारियों ने बुधवार को दूरसंचार कंपनियों को कम से कम 30 दिनों के लिए सोशल मीडिया तक पहुंच को रोकने का आदेश दिया है। यह कदम पड़ोसी सूडान में चल रही हिंसा से संबंधित ग्राफिक सामग्री के प्रसार को लेकर चिंता के कारण उठाया गया है, जिसमें दक्षिण सूडानी नागरिकों को निशाना बनाया गया है। इस अस्थायी रोक को 90 दिनों तक बढ़ाया जा सकता है, और बृहस्पतिवार की आधी रात से लागू होगा। राष्ट्रीय संचार प्राधिकरण (एनसीए) ने दूरसंचार कंपनियों को निर्देश दिया है कि यह उपाय जनता की सुरक्षा के लिए आवश्यक है।

कोलंबियाई राष्ट्रपति ने दक्षिणी हैती का दौरा किया
कोलंबियाई राष्ट्रपति गुस्तावो पेट्रो ने बुधवार को हैती का दौरा किया, ताकि हिंसा से प्रभावित देश के साथ संबंधों को मजबूत किया जा सके। यह यात्रा विशेष रूप से गैंग हिंसा में वृद्धि के बीच हुई है। राष्ट्रपति कार्यालय के अनुसार, पेट्रो अधिकारियों से मिलने और कृषि, प्रौद्योगिकी, और अर्थव्यवस्था जैसे क्षेत्रों में संभावित संयुक्त परियोजनाओं पर चर्चा करने की उम्मीद कर रहे थे। पेट्रो ने हैती की राजधानी पोर्ट-ऑ-प्रिंस के बजाय दक्षिणी तटीय शहर जैकमेल में प्रवेश किया, क्योंकि वहां का मुख्य अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पिछले नवंबर में गैंगों द्वारा हुई गोलीबारी के कारण वाणिज्यिक हवाई यातायात से वंचित है। यह यात्रा ऐसे समय में हुई है जब हैती के प्रधानमंत्री और एक संक्रमणकालीन राष्ट्रपति परिषद विभिन्न देशों से संपर्क कर रहे हैं। वहीं, हैती की पुलिस और केन्या के नेतृत्व में संयुक्त राष्ट्र समर्थित मिशन गैंग हिंसा को रोकने की कोशिश कर रहे हैं।

महाकुंभ में दक्षिण अफ्रीका से हजारों लोगों के आने की उम्मीद
उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में आयोजित महाकुंभ मेले में दक्षिण अफ्रीका से हजारों लोगों के आने की उम्मीद है। यह मेला 26 फरवरी को आधिकारिक रूप से समाप्त होगा। जोहान्सबर्ग में भारत के महावाणिज्यदूत महेश कुमार ने बताया कि 13 जनवरी को महाकुंभ के उद्घाटन के बाद से पहले कुछ दिनों में ही इस आयोजन में शामिल होने के इच्छुक लोगों के लिए सौ से अधिक वीजा जारी किए गए हैं। कई लोग इसमें शामिल होने के लिए अपने ओसीआई कार्ड का भी उपयोग कर रहे हैं। कुमार ने 'महाकुंभ 2025- जहां आध्यात्मिकता तकनीकी नवाचार से मिलती है' विषय पर एक सेमिनार की मेजबानी की। इस सेमिनार में विभिन्न वक्ताओं ने महाकुंभ के इतिहास और इसके आध्यात्मिक लाभों पर चर्चा की, जिससे सभी धर्मों के लोग लाभ उठा सकते हैं।

मिसौरी के एक अपार्टमेंट में आग लगने से दो बच्चों समेत चार की मौत
मिसौरी के कैनसस सिटी के उपनगर इंडिपेंडेंस में बुधवार सुबह छह बजे इंडी रिज अपार्टमेंट में आग लग गई। हादसे में तीन और आठ साल के दो बच्चों समेत चार लोगों की मौत हो गई। इंडिपेंडेंस फायर चीफ जिमी वॉकर ने मृतकों के नाम जारी करने से इनकार कर दिया। उन्होंने कहा कि मृतकों के रिश्तेदारों को सूचना दी जा रही है। उन्होंने बताया कि 32 अन्य लोग विस्थापित हो गए, जबकि दो अग्निशामक भी जल गए। रेड क्रॉस ने एक आपातकालीन आश्रय स्थापित किया है।

युद्ध अपराध के आरोपी लीबियाई सरदार की रिहाई, कटघरे में इटली सरकार
इटली में एक लीबियाई सरदार को तकनीकी आधार पर रिहा किया गया। सरदार की पहचान ओसामा अंजीम के रूप में हुई है, जिन्हें ओसामा अल-मसरी के नाम से भी जाना जाता है। मानवाधिकार समूहों और इतालवी संसद के विपक्षी सांसदों ने इस फैसले की आलोचना की है। सरदार को अंतरराष्ट्रीय अपराध न्यायालय के वारंट पर गिरफ्तार किया गया था। इतालवी न्याय मंत्री कार्लो नॉर्डियो ने रिहाई के फैसले पर सवालों के जवाब देने से इनकार कर दिया। अल-मसरी को रविवार को ट्यूरिन में गिरफ्तार किया गया, जहां कथित तौर पर वह पिछली रात जुवेंटस-मिलान फुटबॉल मैच देखने गया था।

अमेरिका की राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद में नियुक्त कर्मचारियों को दरकिनार किया गया
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के पदभार ग्रहण करने के बाद उनके राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार ने व्हाइट हाउस राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद में अस्थायी ड्यूटी पर तैनात लगभग 160 सरकारी कर्मचारियों को दरकिनार कर दिया है। उन्हें फिलहाल घर से काम करने को कहा गया है। अधिकारियों ने बताया कि जिन लोगों को दरकिनार किया गया है उन्हें कैरियर कर्मचारी या डिटेली के रूप में जाना जाता है। बता दें कि ट्रंप के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार माइक वाल्ट्ज ने शपथ ग्रहण से पहले ही संकेत दिया था कि वह राष्ट्रपति जो बाइडेन के प्रशासन के दौरान एनएससी में सेवा देने वाले बचे हुए सिविल सेवकों को उनकी मूल एजेंसियों में वापस भेजने पर विचार करेंगे।

असावधानी के कारण बिल्ली को विमान में 24 घंटे में तीन यात्राएं करनी पड़ीं
न्यूजीलैंड से एक अजीबो-गरीब मामला सामने आया है। वेलिंगटन में गलती से विमान में छूट गई बिल्ली 'मिटेंस' को 24 घंटे में तीन यात्राएं करनी पड़ीं। न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया के बीच उड़ान भरने वाले विमान में छूटी मिटेंस का पिंजरा कार्गो कर्मियों की नजर में नहीं आया और उसे उतारा नहीं जा सका। 8 वर्षीय मिटेन्स को उसके परिवार वाले न्यूजीलैंड के क्राइस्टचर्च से ऑस्ट्रेलिया के मेलबर्न ले जा रहे थे। मालिक मार्गो नेस ने बताया कि एयरपोर्ट पर तीन घंटे इंतजार के बाद भी बिल्ली का कोई पता नहीं चला। पूछताछ पर ग्राउंड स्टाफ ने बताया कि विमान न्यूजीलैंड लौट चुका है और मिटेन्स का बॉक्स सही सलामत है। बता दें कि वापसी की यात्रा में लगभग 7.5 घंटे लगते हैं। मार्गो नेस ने बताया कि लंबे इंतजार के बाद जब मिटेन्स मिली तो उसका वजन कम हो गया था लेकिन वह सुरक्षित थी।

तुर्किये-सीरिया के बीच 13 साल बाद वाणिज्यिक उड़ान शुरू
तुर्किये और सीरिया के बीच 13 साल बाद वाणिज्यिक उड़ान शुरू की गईं। बृहस्पितवार को तुर्किये एयरलाइंस की उड़ान इंस्ताबुल से दमिश्क पहुंची। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक तुर्किये में सीरियाई परिवार अपने राष्ट्रीय ध्वज में लिपटे हुए गीत गा रहे थे और जयकारे लगा रहे थे। साथ ही दमिश्क जाने वाली उड़ान पर चढ़ने की तैयारी कर रहे थे। विमान के अंदर भी यात्रियों ने जश्न मनाया। 12 साल तुर्किये में रह रहे फुआद अब्दुलहालिद ने कहा कि मुझे सीरिया की याद आ रही थी और वापस आकर मुझे खुशी हो रही है।

जापानी महिला और उसके बेटे पर हमला करने वाले चीनी युवक को मौत की सजा
चीन की एक अदालत ने जापानी महिला और उसके बेटे पर हमला करने और बस परिचारिका की हत्या करने वाले चीनी युवक को मौत की सजा सुनाई है। पिछले साल जून में शंघाई के निकट चीनी युवक ने चाकू से हमला कर एक जापानी मां और उसके बच्चे को घायल कर दिया था। इसके बाद मां और बेटे को बचाने की कोशिश कर रही एक चीनी बस परिचारिका की हत्या कर दी। मुख्य कैबिनेट सचिव योशिमासा हयाशी ने बताया कि 52 वर्षीय झोउ जियाशेंग ने तीनों को चाकू मार दिया क्योंकि वह कर्ज में डूबा हुआ था और अब और जीना नहीं चाहता था। अदालत ने युवक को मौत की सजा सुनाई। हयाशी ने कहा कि हमारा मानना है कि जिस अपराध में एक बच्चे सहित निर्दोष लोगों की मौत हुई और वे घायल हुए, वह पूरी तरह अक्षम्य था और हम इस फैसले को गंभीरता से लेते हैं।

लंदन में चाकू से हमला, पांच लोग घायल
दक्षिण लंदन में एस्डा सुपरमार्केट के पास एक युवक ने लोगों पर चाकू से हमला किया। लंदन एंबुलेंस सेवा का कहना है कि दक्षिण लंदन में चाकू मारने के बाद घायल पांच लोगों का इलाज किया गया। पुलिस का कहना है कि क्रॉयडन में व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया गया है। एंबुलेंस सेवा ने कहा कि एक व्यक्ति को लंदन के एक प्रमुख ट्रॉमा सेंटर में ले जाया गया और चार अन्य लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। अधिकारियों ने चाकू मारने का कोई कारण नहीं बताया।
 

इंग्लैंड में तीन लड़कियों की हत्या करने वाले किशोर को 50 साल से अधिक का कारावास
इंग्लैंड में एक नृत्य कक्षा में तीन युवतियों की चाकू घोंपकर हत्या करने वाले किशोर को 50 वर्ष से अधिक कारावास की सजा सुनाई गई है। न्यायाधीश जूलियन गूज ने कहा कि 18 वर्षीय एक्सल रुदाकुबाना निर्दोष, खुश युवा लड़कियों की सामूहिक हत्या करना चाहता था। वह पैरोल के बिना आजीवन कारावास की सजा नहीं दे सकते, क्योंकि अपराध के समय रुदाकुबाना की उम्र 18 वर्ष से कम थी। न्यायाधीश ने कहा कि पैरोल पर विचार किए जाने से पहले उसे 51 वर्ष से अधिक की सजा काटनी होगी। जुलाई में जब रुदाकुबाना ने साउथपोर्ट के समुद्र तटीय शहर में बच्चों पर हमला किया था तब उसकी उम्र 17 साल थी।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get latest World News headlines in Hindi related political news, sports news, Business news all breaking news and live updates. Stay updated with us for all latest Hindi news.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed