फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   World ›   World News Hindi Updates Asia Europe US UK UN West Asia south africa Bangladesh Politics Crime Global events

World: यूएस ने भारत-पाकिस्तान संघर्ष विराम का फिर लिया श्रेय; कोस्टा रिका में पांच कैपीबार्स और ड्रग्स जब्त

Fri, 23 May 2025 10:09 AM IST
नितिन गौतम वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला।
वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला। Published by: नितिन गौतम Updated Fri, 23 May 2025 10:09 AM IST
विज्ञापन
World News Hindi Updates Asia Europe US UK UN West Asia south africa Bangladesh Politics Crime Global events
दुनिया की बड़ी खबरें - फोटो : अमर उजाला

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्रशासन ने हार्वर्ड यूनिवर्सिटी की विदेशी छात्रों को दाखिला देने की पात्रता रद्द कर दी है। होमलैंड सिक्योरिटी सचिव क्रिस्टी नोएम ने हार्वर्ड को पत्र लिखकर इसकी जानकारी दी। सरकार का आरोप है कि हार्वर्ड में विदेशी छात्रों द्वारा हिंसक और यहूदी विरोधी गतिविधियाँ बढ़ीं हैं, जिससे राष्ट्रीय सुरक्षा खतरे में है। प्रशासन ने कहा कि विश्वविद्यालय “प्रो-हमास” विचारधारा को बढ़ावा दे रहा है। हार्वर्ड पर यह भी आरोप है कि उसने विदेशी छात्रों की गतिविधियों की पूरी जानकारी नहीं दी। अब जब तक हार्वर्ड रिपोर्टिंग मानकों को पूरा नहीं करता, वह विदेशी छात्रों को दाखिला नहीं दे सकेगा।

विज्ञापन


पनामा और वेनेजुएला के बीच एक साल बाद फिर शुरू होंगी उड़ानें
पनामा और वेनेजुएला के बीच लगभग एक साल से बंद पड़ी वाणिज्यिक उड़ानें फिर से शुरू होने जा रही हैं। पनामा की सिविल एविएशन अथॉरिटी ने इस बात की पुष्टि की है। दोनों देशों के बीच जुलाई 2024 में राजनयिक तनाव के चलते संबंध टूट गए थे, जब पनामा के राष्ट्रपति ने वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो के पुनः चुनाव को मान्यता देने से इनकार कर दिया था। इसके बाद वेनेजुएला ने अपनी राजनयिक टीम को पनामा से वापस बुला लिया था। अब संबंधों में सुधार के संकेत के तौर पर उड़ानों की बहाली एक सकारात्मक कदम माना जा रहा है।

विज्ञापन

अफ्रीका में पहली बार वैश्विक लघु व्यवसाय मंत्रिस्तरीय बैठक
दक्षिण अफ्रीका इस साल पहली बार वैश्विक एसएमई मंत्रिस्तरीय बैठक की मेजबानी करेगा। मेजबानी अंतरराष्ट्रीय व्यापार केंद्र (आईटीसी) के साथ साझेदारी में होगी। बता दें कि अफ्रीका जी-20 की अध्यक्षता भी करने वाला है। एसएमई मंत्रिस्तरीय बैठक जी-20 के दौरान अफ्रीका में की गई पहलों की श्रृंखला का हिस्सा होगा। वैश्विक अर्थव्यवस्था की रीढ़ माने जाने वाले लाखों छोटे व्यवसायों के प्रति समर्पित विश्व भर के मंत्रियों के इस बैठक में भाग लेने की उम्मीद है। प्रस्तावित कार्यक्रम के मुताबिक यह बैठक 22 से 24 जुलाई तक जोहान्सबर्ग में आयोजित की जाएगी।
विज्ञापन

ट्रंप प्रशासन ने प्रवासी बच्चों की सुरक्षा खत्म करने की कोशिश की
ट्रंप प्रशासन ने 'फ्लोरेस सेटलमेंट' खत्म करने की मांग करते हुए अदालत में याचिका दायर की है। यह समझौता 1990 के दशक से अमेरिका में पकड़े गए प्रवासी बच्चों को सुरक्षित और साफ-सुथरे माहौल में रखने की गारंटी देता है और 72 घंटे से ज्यादा हिरासत में रखने से रोकता है। यह दूसरी बार है जब ट्रंप सरकार ने इसे खत्म करने की कोशिश की है, पिछली बार 2020 में कोर्ट ने इसे खारिज कर दिया था। इस समझौते के तहत अदालत द्वारा नियुक्त मॉनिटर निरीक्षण करते हैं। 300 बच्चों को खराब हालात में पाए जाने पर टेक्सास के एक केंद्र से हटाया गया था।
 
विज्ञापन

बांग्लादेशी विदेश मंत्रालय में नौकरशाह बदले
बांग्लादेश की अंतरिम सरकार ने विदेश मंत्रालय के शीर्ष नौकरशाह को बदल दिया है। मोहम्मद यूनुस की अंतरिम सरकार ने बृहस्पतिवार को बड़ा बदलाव करते हुए एक वरिष्ठ राजनयिक को अस्थायी रूप से नियमित कर्तव्यों का निर्वहन करने की जिम्मेदारी सौंपी। सरकार की तरफ से जारी एक बयान के मुताबिक विदेश सचिव जशीम उद्दीन ने अपनी जिम्मेदारियों से इस्तीफा दे दिया है। अब अगले आदेश तक एम रूहुल आलम सिद्दीकी विदेश सचिव के नियमित कार्यों का निर्वहन करेंगे।

भूकंप से कांपी नेपाल की धरती, रिक्टर स्केल पर तीव्रता 4.3
नेपाल में भूकंप के झटके महसूस किए गए। गुरुवार-शुक्रवार की दरम्यानी रात करीब 1.33 बजे आए भूकंप के संबंध में राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (National Centre for Seismology) ने बताया कि रिक्टर पैमाने पर भूकंप की तीव्रता 4.3 मापी गई। फिलहाल जानमाल के नुकसान की कोई खबर नहीं है।

अमेरिका में तीन हत्याओं के दोषी को दी गई मौत की सजा
टेनेसी राज्य में ऑस्कर स्मिथ को 1989 में अपनी पत्नी और दो सौतेले बेटों की हत्या के मामले में मौत की सजा दी गई। 75 वर्षीय स्मिथ को गुरुवार सुबह इंजेक्शन के जरिए फांसी दी गई। उन्होंने मरते वक्त खुद को निर्दोष बताया और कहा, 'मैंने उन्हें नहीं मारा।' उन्होंने यह भी कहा कि न्याय व्यवस्था ठीक से काम नहीं करती। हालांकि, अदालत ने उनके खिलाफ सबूतों को ठोस माना था। 2022 में फांसी टाल दी गई थी क्योंकि जहरीले इंजेक्शन की जांच अधूरी थी। नई फांसी नीति भी विवादों में है और इस पर एक मुकदमा जनवरी 2026 में सुना जाएगा।

उत्तर कोरिया : नौसैनिक विध्वंसक जलावतरण के दौरान क्षतिग्रस्त
उत्तर कोरिया के नौसैनिक विध्वंसक को इस हफ्ते असफल जलावतरण के दौरान बड़ा नुकसान पहुंचा है। उत्तर कोरियाई नौसेना के 5,000 टन वजनी नए विध्वंसक युद्धपोत को क्षतिग्रस्त होते हुए देश के नेता किम जोंग-उन ने भी देखा, जो घटना के बाद से काफी नाराज हैं। उन्होंने इसे आपराधिक कृत्य कहा।

सीआईए भवन के बाहर व्यक्ति को मारी गोली
वर्जीनिया के लैंगली में सीआईए मुख्यालय भवन के बाहर बृहस्पतिवार को सुरक्षा करि्मयों ने एक व्यक्ति को गोली मार दी। माडिया रिपोर्ट के मुताबिक फेयरफैक्स पुलिस के प्रवक्ता ने बताया कि यह घटना सुबह 4 बजे के आसपास हुई। वहीं, खुफिया एजेंसी ने कहा कि गोलीबारी की यह घटना इस्राइली दूतावास के दो कर्मचारियों की हत्या के दो दिन बाद हुई, लेकिन ये घटनाएं आपस में जुड़ी नहीं हैं, दोनों घटनाएं अलग-अलग हैं।

बल प्रयोग, धमकी से कोई पाक को मजबूर नहीं कर सकता : मुनीर
भारत के साथ हाल के संघर्ष के बाद बृहस्पतिवार को पहली बैठक में पाकिस्तान के फील्ड मार्शल आसिम मुनीर ने कहा कि कोई भी पाकिस्तान को बल प्रयोग या धमकी के जरिये मजबूर नहीं कर सकता। सैन्य मुख्यालय में 270वें कोर कमांडरों के सम्मेलन के दौरान मुनीर ने कहा कि उनका देश अपने महत्वपूर्ण हितों की रक्षा के लिए सभी जरूरी उपाय करने में सक्षम है।

पूर्वी ऑस्ट्रेलिया में बारिश-बाढ़, 24 घंटों में एक माह की वर्षा
ऑस्ट्रेलिया के पूर्वी तट पर रिकॉर्ड बाढ़ के पानी में तीन लोगों की मौत हो गई और एक लापता है। अभी क्षेत्र में और भारी बारिश का पूर्वानुमान है। मंगलवार से ही इस क्षेत्र में भारी बारिश हो रही है। आपातकालीन सेवा मंत्री जिहाद दीब ने कहा, 24 घंटों में एक माह की बारिश हुई है। छतों-में फंसे लोगों के लिए हेलिकॉप्टरों का इस्तेमाल किया गया है।

चीन ने कहा- राष्ट्रीय सुरक्षा पर श्वेत पत्र में कहा भारत से सभी मुद्दे सुलझेंगे; भारत व भूटान से सीमा वार्ता सार्थक दिशा में
चीन की राष्ट्रीय सुरक्षा पर एक नए श्वेत पत्र में कहा गया है कि भारत और भूटान के साथ सीमा मुद्दे को सुलझाने के लिए वार्ता सर्थक दिशा में आगे बढ़ रही है। मंदारिन भाषा में जारी 23 पेज के श्वेत पत्र में देश और इसकी एकदलीय राजनीतिक प्रणाली के समक्ष मौजूद आंतरिक और बाहरी खतरों का भी जिक्र किया गया है। ‘नए युग में चीन की राष्ट्रीय सुरक्षा’ शीर्षक वाले श्वेत पत्र में कहा गया है कि चीन ने अपने 14 में से 12 पड़ोसी देशों के साथ सीमा संबंधी मुद्दों को सुलझा लिया है तथा सीमा विवादों को सुलझाने के लिए भारत और भूटान के साथ बातचीत जारी है। खासतौर पर भारत से सभी मुद्दे सुलझाए जाएंगे। इसमें कहा गया है कि बीजिंग ने चीन और वियतनाम के बीच बेइबू खाड़ी के जल क्षेत्र का सीमांकन पूरा कर लिया है। नौ पड़ोसी देशों के साथ सीमा रक्षा सहयोग समझौतों पर हस्ताक्षर किए हैं और 12 देशों के साथ सीमा रक्षा वार्ता तथा बैठक तंत्र स्थापित किए हैं। साथ ही नियमित रूप से मैत्रीपूर्ण दौरे, कार्य वार्ता, संयुक्त गश्त और संयुक्त सीमापार अपराध अभ्यास किए हैं।

कोस्टा रिका पुलिस ने पांच कैपीबार्स और ड्रग्स जब्त की

कोस्टा रिका पुलिस ने एक गाड़ी से पांच कैपीबार्स, कोकीन और मारीजुआना जब्त की है। पुलिस ने हाइवे पर एक गाड़ी का पीछा कर इन्हें जब्त किया। कैपीबार्स अर्ध-जलीय इलाकों में रहने वाले जानवर हैं, लेकिन ये कोस्टा रिका में नहीं पाए जाए। ऐसे में कोस्टा रिका में इन जानवरों को लाना-ले जाना अवैध है और इनकी तस्करी कानूनन अपराध है। पुलिस ने इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया है। कैपीबार्स कोस्टा रिका में नहीं पाए जाते हैं, ऐसे में इन जानवरों को पर्यावरण संरक्षण केंद्रों पर रखा जा सकता है। 

अमेरिका ने भारत-पाकिस्तान के बीच संघर्ष विराम का फिर लिया श्रेय

अमेरिका ने एक बार फिर भारत और पाकिस्तान के बीच संघर्ष विराम का श्रेय लेने की कोशिश की है। अमेरिका विदेश विभाग की प्रवक्ता टैमी ब्रूस ने गुरुवार को मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि भारत और पाकिस्तान युद्ध के कगार पर थे, उत्साहजनक बात ये है कि अमेरिका की मदद से संघर्ष विराम हुआ, जो अभी तक जारी है। हालांकि जैसा की दुनिया ने देखा है कि एक मुद्दा है, जो हल नहीं हुआ है, लेकिन इसके हल होने की संभावना बढ़ गई है।


 

चालीस मिनट की देरी मॉस्को पहुंचा विमान

भारतीय सांसदों के एक प्रतिनिधिमंडल सहित अन्य यात्रियों को लेकर जा रहा एक विमान करीब 40 मिनट की देरी से मॉस्को  पहुंचा। घटनाक्रम की जानकारी रखने वाले लोगों ने बताया कि रातभर हुए ड्रोन हमलों के मद्देनजर मॉस्को के हवाई अड्डों को कुछ देर के लिए बंद कर दिया गया था, जिसके चलते विमान देरी से उतरा। रूसी अधिकारियों ने कहा कि अस्थायी उड़ान प्रतिबंधों के कारण 153 उड़ानें प्रभावित हुईं। यूक्रेन ने रूस की राजधानी पर बड़े पैमाने पर ड्रोन हमले किए, जिसके चलते यहां स्थित सभी हवाई अड्डों को कुछ समय के लिए बंद करना पड़ा। उन्होंने कहा कि कुछ उड़ानों को दूसरे हवाई अड्डों की तरफ मोड़ दिया गया। हालांकि, रूसी अधिकारियों ने उड़ानों में देरी की वजहों पर कोई आधिकारिक बयान नहीं जारी किया है।

पाकिस्तान: स्कूल बस धमाके में मरने वालों की संख्या बढ़कर आठ हुई, अब भी गंभीर हालत में कई बच्चे 
पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में स्कूल बस में धमाके से मरने वालों की संख्या बढ़कर आठ हो गई है। यह संख्या पहले पांच थी, लेकिन गंभीर रूप से घायल तीन और बच्चों की भी मौत हो गई। पाकिस्तानी सेना ने यह जानकारी दी। बता दें कि बलूचिस्तान प्रांत के खुजदार शहर में बस पर यह हमला हुआ था। हमले में कुल 53 लोग घायल हुए, जिनमें 39 बच्चे शामिल हैं। मृतकों में बस में सवार दो सैनिक भी शामिल थे। ये बच्चे आर्मी पब्लिक स्कूल जा रहे थे, जब धमाका हुआ।

सेना के प्रवक्ता लेफ्टिनेंट जनरल अहमद शरीफ ने कहा कि कई घायल बच्चे अब भी गंभीर हालत में हैं। शुरुआती जांच में पता चला है कि यह बम हमला प्रतिबंधित बलूच लिबरेशन आर्मी (बीएलए) के उग्रवादियों ने किया हो सकता है। अमेरिका ने इस संगठन को 2019 में आतंकी संगठन घोषित किया था।

रूस-यूक्रेन युद्ध: दोनों देशों ने 390 की कैदियों की अदला-बदली की 
रूस और यूक्रेन ने शुक्रवार को 390-390 कैदियों की रिहाई की और कहा कि आने वाले दिनों में और कैदियों को रिहा किया जाएगा। यह युद्ध शुरू होने के बाद अब तक का सबसे बड़ा कैदी आदान-प्रदान कार्यक्रम बताया जा रहा है। प्रत्येक पक्ष की ओर से 1,000 कैदियों की अदला-बदली का समझौता पिछले सप्ताह इस्तांबुल में दो घंटे की वार्ता के बाद हुआ। यह तीन साल से अधिक समय में दोनों पक्षों के बीच पहली प्रत्यक्ष वार्ता थी। इस दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ओर से प्रस्तावित युद्धविराम पर सहमति नहीं बन सकी।

रूसी रक्षा मंत्रालय ने बताया कि दोनों पक्षों ने शुक्रवार को 270 सैनिकों और 120 नागरिकों को रिहा किया। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने 390 कैदियों की रिहाई की पुष्टि करते हुए कहा कि शनिवार और रविवार को और रिहाइयां होंगी। ट्रंप ने शुक्रवार को ट्रुथ सोशल पर लिखा, समझौते के लिए दोनों पक्षों को बधाई। क्या यह और बड़ा हो सकता है??? रूस की ओर से 2022 में यूक्रेन पर आक्रमण के बाद शुरू हुए इस युद्ध में दोनों पक्षों के लाखों सैनिकों की मौत एवं घायल हो चुके हैं। हालांकि, इसके सटीक आंकड़े उपलब्ध नहीं हैं। रूसी की ओर से यूक्रेनी शहरों की घेराबंदी और बमबारी में हजारों नागरिकों की भी मौत हुई है। रूसी रक्षा मंत्रालय ने कहा कि रिहा किए गए लोगों में वे नागरिक शामिल हैं, जिन्हें पिछले साल यूक्रेनी सेना ने रूस के कुर्स्क क्षेत्र में घुसपैठ के दौरान पकड़ा था।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get latest World News headlines in Hindi related political news, sports news, Business news all breaking news and live updates. Stay updated with us for all latest Hindi news.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed