फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   World ›   World News Hindi Updates Asia Europe US UK UN West Asia Austria Gaza Iran Politics Crime and Global events

World: फिलीपींस में ज्वालामुखी फटने से स्कूल बंद; कनाडा में भारतीय की मौत पर महावाणिज्य दूतावास का आया बयान

Tue, 08 Apr 2025 02:17 PM IST
नितिन गौतम वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला
वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला Published by: नितिन गौतम Updated Tue, 08 Apr 2025 02:17 PM IST
विज्ञापन
World News Hindi Updates Asia Europe US UK UN West Asia Austria Gaza Iran Politics Crime and Global events
दुनिया की बड़ी खबरें - फोटो : अमर उजाला

अमेरिका ने जीवन रक्षक खाद्य सहायता बंद करने का एलान किया है। ट्रंप प्रशासन ने संयुक्त राष्ट्र विश्व खाद्य कार्यक्रम (यूएनडब्ल्यूपी) को फंड देना बंद कर दिया है। इससे अफगानिस्तान, सीरिया, यमन और 11 अन्य गरीब देशों पर बुरा असर पड़ेगा। इस फैसले के बाद डब्ल्यूएफपी ने कहा, अत्यधिक भूख और भुखमरी का सामना कर रहे लाखों लोगों के लिए यह फैसला मौत की सजा के समान हो सकता है।

विज्ञापन


इस्राइल पर पत्रकार की हत्या का आरोप, गाजा में अस्पताल के बाहर हुआ हमला
पश्चिम एशिया बीते डेढ़ साल से अधिक समय से अशांति की मार झेल रहा है। इस्राइल पर मीडिया सेंटर पर हमला कर पत्रकार की हत्या करने का आरोप लगा है। इस्राइल ने गाजा पट्टी में दो प्रमुख अस्पतालों के बाहर टेंटों पर रात भर हमला किया, जिसमें एक स्थानीय रिपोर्टर सहित दो लोगों की मौत हो गई और छह रिपोर्टरों सहित नौ अन्य घायल हो गए। अस्पतालों के अनुसार, पूरे क्षेत्र में अलग-अलग हमलों में 15 अन्य लोग भी मारे गए। खान यूनिस में नासिर अस्पताल के बाहर इस्राइली सेना ने मीडिया टेंट पर हमले में फलस्तीन टुडे के रिपोर्टर यूसुफ अल-फकावी की मौत हुई। हमले में छह रिपोर्टर घायल हो गए। इस्राइली सेना ने कहा, उसने हमास के एक लड़ाके पर हमला किया, लेकिन कोई और जानकारी नहीं दी। सेना ने कहा, हमास आवासीय क्षेत्रों में गहराई से घुसा हुआ है, इसलिए आम लोग चपेट में आ जाते हैं। 

विज्ञापन

खैबर-पख्तूनख्वा में घुस रहे 9 आतंकी मार गिराए गए 
अशांत खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के उत्तरी वजीरिस्तान जिले में पाकिस्तान-अफगानिस्तान सीमा पर घुसपैठ की कोशिश कर रहे 9 आतंकवादियों को पाकिस्तान के सुरक्षा बल ने मार गिराया है। इस दौरान चार आतंकी घायल हो गए।  सेना की मीडिया मामलों की शाखा ने कहा, प्रतिबंधित तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (टीटीपी) के साथ 2022 में सरकार के साथ संघर्ष विराम खत्म होने के बाद गत एक वर्ष में खैबर पख्तूनख्वा और बलूचिस्तान में आतंकी गतिविधियां बढ़ी हैं। इंटर-सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस (आईएसपीआर) ने कहा, इस मुठभेड़ में 4 अन्य आतंकी घायल हो गए। उधर, पाकिस्तान अंतरिम अफगान सरकार से सीमा के अपने हिस्से पर प्रभावी सीमा प्रबंधन सुनिश्चित करने के लिए लगातार कह रहा है। ऐसे में घुसपैठ की आशंका बढ़ रही है। मार्च के अंत में उत्तरी वजीरिस्तान में भी ऐसे ही प्रयास के दौरान सुरक्षा बलों ने 16 आतंकियों को मार गिराया गया था। बता दें कि शहबाज सरकार की नाकामी से खैबर पख्तूनख्वा में कानून व्यवस्था के हालात लगातार बिगड़ते जा रहे हैं।
विज्ञापन

बैसाखी के लिए पाकिस्तान ने भारतीय तीर्थयात्रियों को जारी किए 6,500 वीजा
पाकिस्तान उच्चायुक्त ने 10 से 19 अप्रैल आयोजित होने वाले बैसाखी पर्व को लेकर भारतीय तीर्थयात्रियों को 6,500 से अधिक वीजा जारी किए हैं। पाकिस्तानी कूटनीतिक मिशन ने सोमवार को एक बयान में कहा, भारत-पाकिस्तान के बीच 1974 के धार्मिक स्थलों पर यात्रा प्रोटोकॉल के तहत वाजा जारी किए गए हैं। यहां गुरुद्वारों में आयोजित होने वाले धार्मिक आयोजनों में हर साल सैकड़ों भारतीय श्रद्धालु शामिल होते हैं। पाकिस्तानी मिशन के अनुसार, इस बार श्रद्धालु गुरुद्वारा पंजा साहिब, गुरुद्वारा ननकाना साहिब और गुरुद्वारा करतारपुर साहिब जैसे पवित्र स्थलों का दर्शन करेंगे। पाकिस्तान के भारत में कार्यवाहक राजदूत साद अहमद वरैच ने कहा, इतनी बड़ी संख्या में वीजा जारी करना हमारी उस नीति का हिस्सा है, जो लोगों, संस्कृतियों और धर्मों के बीच सौहार्द बढ़ाने पर केंद्रित है। पाकिस्तान ऐसी धार्मिक यात्राओं को सुगम बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। 
विज्ञापन

भारत और चीन के साथ व्यापार बढ़ाने पर विचार कर रहा दक्षिण अफ्रीका 
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा 30 फीसदी टैरिफ लगाए जाने के बाद दक्षिण अफ्रीका अब भारत और चीन के साथ अपने व्यापार को बढ़ाने पर फोकस कर रहा है। उप राष्ट्रपति पॉल माशटाइल ने व्यापारिक समुदाय के नेताओं से बात करते हुए कहा कि दक्षिण अफ्रीका को अन्य देशों के साथ व्यापारिक संबंधों को मजबूत करना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि दक्षिण अफ्रीका G20 अध्यक्षता के दौरान अफ्रीका महाद्वीप के विकास को बढ़ावा देने के लिए काम करेगा और अफ्रीकी महाद्वीपीय मुक्त व्यापार समझौते को लागू करने का प्रयास करेगा। दक्षिण अफ्रीका ने अमेरिका पर जवाबी टैरिफ न लगाने का निर्णय लिया है, लेकिन अमेरिका के साथ निरंतर बातचीत जारी रखने की योजना बनाई है।

म्यांमार में भूकंप के बाद बचाव कार्य समाप्त, मृतकों की संख्या 3600 तक पहुंची
म्यांमार में 28 मार्च को आए भूकंप के बाद बचाव कार्य अब खत्म हो रहा है और राहत व पुनर्निर्माण का काम आगे बढ़ रहा है। इस आपदा में अब तक 3,600 लोगों की जान जा चुकी है और मृतकों की संख्या लगातार बढ़ रही है। राजधानी नेपीडॉ में लोग अपनी क्षतिग्रस्त इमारतों के मलबे को हटा रहे हैं, जबकि सैनिक कुछ बौद्ध मठों से मलबा हटा रहे हैं। म्यांमार के दमकल विभाग ने सोमवार को बताया कि मांडले में एक इमारत के मलबे से 10 शवों को निकाला गया। अंतरराष्ट्रीय बचाव दल अपना कार्य पूरा करने के बाद अपने-अपने देशों को लौट चुके हैं। इसमें सिंगापुर, मलेशिया और भारत के दल शामिल थे। नेपीडॉ के आवासीय क्षेत्रों में बचाव दलों की संख्या घट रही है।

7.7 तीव्रता के इस भूकंप ने म्यांमार में भारी तबाही मचाई, जिससे बिजली, टेलीफोन आदि बाधित हो गए और सड़कें व पुल भी क्षतिग्रस्त हो गए। म्यांमार की सैन्य सरकार के प्रवक्ता मेजर जनरल जाव मिन तुन ने सोमवार को बताया कि भूकंप में 3,600 लोगों की मौत हो चुकी है, 5017 लोग घायल हुए हैं और 160 लोग लापता हैं। भारी बारिश और हवाओं ने शनिवार को बचाव और राहत कार्यों में रुकावट डाली और बेघर लोगों के लिए खुले में सोने की स्थिति को और भी कठिन बना दिया। इस सप्ताह के मौसम पूर्वानुमान में देशभर में हल्की बारिश और तूफान की संभावना जताई गई है।

गार्थ ग्रीनवेल के उपन्यास 'स्मॉल रेन' को मिला पेन पुरस्कार 
गार्थ ग्रीनवेल के उपन्यास 'स्मॉल रेन' को सोमवार को पेन/फॉकनर पुरस्कार से सम्मानित किया गया। इस उपन्यास में एक कवि की बीमारी, मृत्यु का सामना, कला का अर्थ और स्वास्थ्य देखभाल की असफलताओं का वर्णन किया गया है। जूरी ने अपनी टिप्पणी में कहा, 'गार्थ ग्रीनवेल ने बीमारी और पहचान की एक गहरी और सजीव कहानी लिखी है, जिसे शब्दों की सटीकता से प्रस्तुत किया गया है, जो दिल को छू लेता है। यह पुरस्कार 1981 में शुरू किया गया था और इसे प्रसिद्ध नोबेल पुरस्कार विजेता विलियम फॉकनर के नाम पर रखा गया है।

ग्रीनवेल को इस पुरस्कार के साथ 15,000 डॉलर की राशि प्रदान की गई। पुरस्कार के फाइनलिस्ट में पेमी अगुडा की 'घोस्टरूट्स', सान मुअद्दी दरराज की 'बिहाइंड यू इज द सी', पर्सीवल लियोनार्ड एवरेट की 'जेम्स' और डेंजी सेना की किताब 'कलर्ड टेलीविज' शामिल हैं। 

जॉर्जिया: चार लोगों की मौत के मामले में पुलिस ने संदिग्ध से की पूछताछ
जॉर्जिया के शहर पेरी में तीन वयस्कों और एक बच्चे के मृत मिलने के बाद पुलिस ने एक संदिग्ध व्यक्ति से पूछताछ शुरू की है। सभी मृतक आपस में रिश्तेदार थे। पुलिस का मानना है कि संदिग्ध व्यक्ति परिवार को जानता था। मृतकों की उम्र 2 से 82 साल के बीच थी।

पुलिस ने बताया कि ये शव शनिवार शाम को टिम्बरलाइन मोबाइल होम पार्क में तब मिले, जब अधिकारियों को उनकी हालत की जांच करने भेजा गया था। पुलिस विभाग ने कहा कि यह एक अलग घटना थी और पेरी समुदाय को फिलहाल कोई खतरा नहीं है। पुलिस कप्तान जेसन जोन्स ने बताया कि मृतकों की मौत चाकू से हमले के कारण हुई। उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें लगता है कि यह हमला उस व्यक्ति ने किया, जो पीड़ितों में से किसी एक से पहले से परिचित था।

जोन्स ने कहा, 'हमारे पास कई अहम सबूत हैं, जिनकी जांच अभी चल रही है। अभी तक किसी के खिलाफ आरोप नहीं लगाए गए हैं, लेकिन हम मामले की तह तक पहुंचने के लिए काम कर रहे हैं।' पेरी अटलांटा से लगभग 106 मील (171 किलोमीटर) दूर स्थित है। इस छोटे से शहर की आबादी करीब 24,000 है।

जेपी मॉर्गन के सीईओ ने ट्रंप की टैरिफ नीति को लेकर दी चेतावनी
जेपी मॉर्गन के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) जैमी डिमोन ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की टैरिफ नीति को लेकर चेतावनी दी। डिमोन ने कहा कि व्यापारिक उपायों में वृद्धि से महंगाई में इजाफा हो सकता है, वैश्विक विकास धीमा पड़ सकता है और अमेरिका की रणनीतिक स्थिति को नुकसान हो सकता है।

अपने वार्षिक पत्र में डिमोन ने कहा कि हाल की टैरिफ की लहर महंगाई बढ़ा सकती है और इसे लेकर कई लोग मंदी की संभावना को अधिक मानने लगे हैं। हालांकि, उन्होंने मंदी का पूर्वानुमान नहीं लगाया, लेकिन माना कि टैरिफ का आर्थिक गति पर नकारात्मक असर हो सकता है। डिमोन ने लिखा, क्या टैरिफ की सूची मंदी का कारण बनेगी, यह सवाल बना हुआ है, लेकिन इससे विकास की गति धीमी होगी।

डिमोन ने यह भी कहा कि अमेरिका की ताकत इसके आर्थिक विकास, सैन्य शक्ति और नैतिक नेतृत्व का मिश्रण है। उन्होंने चेतावनी दी कि ट्रंप की व्यापार नीतियां और 'अमेरिका फर्स्ट' नीति इस बुनियाद को खतरे में डाल रही हैं। उन्होंने कहा, अमेरिका फर्स्ट ठीक है, जब तक कि इसका मतलब अमेरिका अकेला नहीं हो जाता।उन्होंने कहा कि पश्चिमी गठबंधनों का विखंडन चाहे वह सैन्य हो या आर्थिक,आखिरकार अमेरिका को ही कमजोर कर सकता है।

ट्रंप के 90 दिन के टैरिफ स्थगन की योजना अफवाह: व्हाइट हाउस  
व्हाइट हाउस ने सोमवार को उस रिपोर्ट को खारिज किया, जिसमें दावा किया गया था कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप 90 दिन के लिए टैरिफ स्थगित करने पर विचार कर रहे हैं। व्हाइट हाउस ने इसे 'फेक न्यूज' बताया और कहा कि ट्रंप ने किसी 90 दिन के टैरिफ स्थगन का विचार नहीं किया है। 
 

अमेरिका के विदेश मंत्री ने पाकिस्तानी समकक्ष से की बात, अफगानिस्तान में छोड़े गए हथियारों पर चर्चा
अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने अफगानिस्तान से 2021 में पूर्ण वापसी के दौरान छोड़े गए अमेरिकी सैन्य उपकरणों को लेकर पाकिस्तान से बात की। पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय के अनुसार, रूबियो ने पाकिस्तान के उप प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री मोहम्मद इशाक डार से एक फोन पर बातचीत की। रुबियो और डार के बीच हुई इस बातचीत में दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय संबंधों, क्षेत्रीय सुरक्षा, और आर्थिक सहयोग पर चर्चा की गई। इस दौरान डार ने पाकिस्तान की अमेरिका के साथ साझेदारी को मजबूत करने की प्रतिबद्धता जताई और व्यापार, निवेश और आतंकवाद-रोधी सहयोग को बढ़ाने पर जोर दिया। रुबियो ने कहा कि अफगानिस्तान में छोड़े गए अमेरिकी सैन्य उपकरणों के मुद्दे को हल करने की आवश्यकता पर है। उन्होंने कहा कि भविष्य में दोनों देशों के संबंधों में व्यापार और निवेश एक प्रमुख बिंदु होंगे, विशेष रूप से महत्वपूर्ण खनिजों के क्षेत्र में। 
 

कोलंबो पहुंचा भारतीय नौसैनिक पोत INS सह्याद्रि
हिंद महासागर क्षेत्र (आईओआर) में तैनात भारतीय नौसेना का युद्धपोत आईएनएस सह्याद्रि सोमवार को श्रीलंका के कोलंबो बंदरगाह पहुंचा। नैबरहुड फर्स्ट नीति और महासागर पहल के तहत इसकी यात्रा का उद्देश्य भारत व श्रीलंका के बीच समुद्री साझेदारी को नई गति देना, सुरक्षा एवं विकास के लिए सहयोग को मजबूती देना है। भारतीय नौसेना के प्रवक्ता ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मार्च में मॉरिशस में विजन महासागर की घोषणा करते हुए कहा था कि यह वैश्विक दक्षिण के लिए सुरक्षा और समृद्धि का मार्ग प्रशस्त करेगी। यह यात्रा क्षेत्रीय सहयोग में एक महत्वपूर्ण पड़ाव है, जो समुद्री सुरक्षा और पर्यावरण संरक्षण के प्रति दोनों देशों की प्रतिबद्धता को रेखांकित करती है। इस दौरान भारतीय और श्रीलंकाई नौसेना के जवान पेशेवर चर्चाएं, ज्ञान साझाकरण सत्र और संयुक्त गतिविधियों में हिस्सा लेंगे। इससे दोनों देशों की नौसेनाओं के बीच परिचालन तालमेल बढ़ेगा। प्रवक्ता ने कहा कि यह पहल समुद्री डकैती, अवैध मछली पकड़ने और प्राकृतिक आपदाओं जैसी चुनौतियों से निपटने में सहयोग को गति देगी। गौरतलब है कि आईएनएस सह्याद्रि भारत की पूर्वी नौसेना बेड़े का अहम युद्धपोत है। यह पनडुब्बी रोधी और बहुउद्देशीय युद्धक क्षमताओं से लैस है।

अमेरिका: सुप्रीम कोर्ट ने वेनेजुएला के प्रवासियों को निर्वासित करने की दी अनुमति
अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट ने सोमवार को डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन को 18वीं सदी के युद्धकालीन कानून का उपयोग करके वेनेजुएला के प्रवासियों को निर्वासित करने की अनुमति दी। हालांकि, कोर्ट ने यह भी कहा कि इन प्रवासियों को अमेरिका से बाहर निकालने से पहले उन्हें एक न्यायिक सुनवाई का अवसर दिया जाएगा।

शीर्ष कोर्ट का यह बंटा हुआ फैसला आया। कोर्ट ने कहा कि प्रशासन को यह सुनिश्चित करना होगा कि जिन वेनेजुएला के प्रवासियों पर गिरोह के सदस्य होने का आरोप है, उन्हें कोर्ट में अपील करने का 'उचित समय' दिया जाए। हालांकि, कोर्ट के बहुमत ने यह कहा कि सुनवाई टेक्सास में होनी चाहिए, न कि वाशिंगटन में। तीन लिबरल जजों ने असहमति जताते हुए कहा कि प्रशासन ने इस मामले में न्यायिक समीक्षा से बचने की कोशिश की है और कोर्ट अब सरकार के इस व्यवहार को पुरस्कृत कर रहा है।  

अमेरिका: 14 जून को भव्य सैन्य परेड आयोजित करने की योजना बना रहा ट्रंप प्रशासन
अमेरिकी सरकार इस गर्मी में वाशिंगटन में एक भव्य सैन्य परेड आयोजित करने के बारे में चर्चाएं कर रहा है। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का यह एक पुराना सपना रहा है। वॉशिंगटन डीसी के मेयर म्यूरियल बाउजर ने सोमवार को कहा कि ट्रंप प्रशासन ने वाशिंगटन से बात की है और 14 जून को वर्जीनिया के अरलिंगटन से वॉशिंगटन तक एक परेड आयोजित करने की योजना बनाई है। 

सैन्य अधिकारियों के मुताबिक, सेना अपनी स्थापना को 250 साल पूरे होने के मौके पर 14 जून को आयोजित होने वाले महोत्सव में एक परेड जोड़ने पर विचार कर रही है। अधिकारी ने नाम न छापने की शर्त पर यह जानकारी दी, क्योंकि चर्चाएं अभी शुरुआती चरण में हैं और कोई अंतिम निर्णय नहीं लिया गया है। 14 जून को ट्रंप का 79वां जन्मदिन भी है। व्हाइट हाउस ने एक बयान में कहा कि कोई सैन्य परेड तय नहीं की गई है।  

ज्वालामुखी फटने से चार किलोमीटर इलाके में फैली राख

फिलीपींस में एक अशांत ज्वालामुखी के फटने से चार किलोमीटर इलाके में राख फैल गई। इसके चलते प्रशासन को स्कूल बंद करने का आदेश देना पड़ा। हालांकि ज्वालामुखी फटने से किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। ज्वालामुखी विस्फोट फिलीपींस के अशांत माउंट कानलोन ज्वालामुखी में हुआ। इससे पहले बीते साल दिसंबर में भी इस ज्वालामुखी में विस्फोट हुआ था, जिसके चलते इसके आसपास रहने वाले हजारों लोगों को वहां से निकालना पड़ा था। अब फिर से ज्वालामुखी के फटने पर प्रशासन ने लोगों को सतर्क रहने और ज्वालामुखी के आसपास के छह किलोमीटर इलाके में न जाने की सलाह दी है। 

 

मरीजों के रिकॉर्ड में सेंधमारी का आरोप, भारतीय मूल की महिला पर जुर्माना

सिंगापुर में एक भारतीय मूल की महिला को मरीजों के रिकॉर्ड में सेंधमारी करने के आरोप में जुर्माना लगाया गया है। आरोप है कि सिंगापुर के नेशनल यूनिवर्सिटी अस्पताल में काम करने वाली भारतवंशी पुबनेश्वरी पुबालन ने अस्पताल के एसएपी सिस्टम में सेंधमारी की और मरीजों के रिकॉर्ड की जानकारी हासिल की। इस मामले में अब भारतवंशी महिला पर 3800 सिंगापुर डॉलर का जुर्माना लगाया गया है। 

कनाडा में भारतीय नागरिक की मौत पर भारत के महावाणिज्य दूत ने सोशल मीडिया पर साझा एक पोस्ट में लिखा कि 'हम भारतीय नागरिक आयुष शर्मा की मौत से दुखी हैं। हम पीड़ित परिजनों के संपर्क में हैं और उन्हें हरसंभव मदद देने का प्रयास कर रहे हैं।'
 

डोमिनिकन गणराज्य में डिस्को की छत गिरने से 13 की मौत
डोमिनिकन गणराज्य से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। जहां एक डिस्को में मंगलवार को एक दुखद घटना घटी, जब क्लब की छत गिरने से कम से कम 13 लोगों की मौत हो गई और 70 से अधिक लोग घायल हो गए। अधिकारियों ने बताया कि हादसा राजधानी सेंटो डोमिंगो के एक प्रसिद्ध नाइट क्लब में हुआ। घायलों में कई की हालत गंभीर बताई जा रही है और उन्हें नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। बचाव और राहत कार्य जारी है। फिलहाल हादसे के कारणों का पता नहीं चल पाया है, लेकिन अनुमान है कि छत का गिरना पुरानी और कमजोर संरचना के कारण हुआ हो सकता है।

 

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get latest World News headlines in Hindi related political news, sports news, Business news all breaking news and live updates. Stay updated with us for all latest Hindi news.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed