World: ऑस्ट्रेलिया में अब तक का सबसे बड़ा सैन्य अभ्यास; लाल सागर में डूबे जहाज में लापता लोगों की तलाश बंद हुई
कैमरून के 92 वर्षीय राष्ट्रपति पॉल बिया ने सोमवार (स्थानीय समयानुसार) को घोषणा की है कि वह इस साल अक्तूबर में होने वाले चुनावों में फिर से खड़े होंगे। वह पहले ही सात बार राष्ट्रपति रह चुके हैं, और अब आठवीं बार चुनाव लड़ना चाहते हैं। यह एलान तब हुआ जब कई लोग सोच रहे थे कि उनकी उम्र और सेहत को देखते हुए वह अब चुनाव नहीं लड़ेंगे। पॉल बिया, जो अफ्रीका के सबसे लंबे समय तक राज करने वाले नेताओं में से एक हैं, अक्सर बीमार रहते हैं और देश के बाहर रहते हैं। पिछले साल उनके बारे में अफवाह फैली थी कि उनकी मौत हो गई है, जिसे सरकार ने गलत बताया। 1960 में फ्रांस से स्वतंत्रता के बाद कैमरून के दूसरे राष्ट्रपति, बिया 1982 से सत्ता में हैं।
पाकिस्तान में 20 सीवेज नमूनों में फिर मिला पोलियो वायरस
पाकिस्तान में पोलियो का खतरा अभी भी बना हुआ है। एआरवाई न्यूज ने रविवार को राष्ट्रीय संदर्भ प्रयोगशाला के हवाले से बताया कि देश के अलग-अलग इलाकों से लिए गए 20 सीवेज नमूनों में पोलियो वायरस पाया गया है। राष्ट्रीय संदर्भ प्रयोगशाला ने इस्लामाबाद समेत 20 जिलों से कुल 28 सीवेज नमूने लेकर जांच की। इनमें से 20 नमूनों में पोलियो वायरस मिला है। इन नमूनों में वाइल्ड पोलियोवायरस टाइप 1 (WPV1) की पुष्टि हुई है। ये नमूने 8 मई से 17 जून के बीच लिए गए थे।
मंगल के उल्कापिंड की न्यूयॉर्क में होगी नीलामी
धरती पर अब तक मिला मंगल ग्रह का 25 किलो वजनी सबसे बड़ा उल्कापिंड न्यूयॉर्क के सोथबी में नीलामी के लिए रखा गया है। इसकी कीमत 20 लाख डॉलर से 40 लाख डॉलर तक लगाई गई है। एनडब्ल्यूए 16788 नाम का यह उल्कापिंड बुधवार को प्राकृतिक इतिहास पर आधारित नीलामी के तहत नीलाम किया जाएगा। इसके साथ ही एक 6 फीट ऊंचा और लगभग 11 फीट लंबे किशोर सेराटोसॉरस डायनासोर के कंकाल भी नीलामी की जाएगी। मशहूर नीलामी घर सोथबी के मुताबिक, बुधवार की यह नीलामी सोथबी की गीक वीक 2025 का हिस्सा है। इसमें उल्कापिंड, जीवाश्म और कीमती खनिज समेत कुल 122 वस्तुएं शामिल हैं। यह पत्थर एक विशाल क्षुद्रग्रह टकराव के बाद मंगल से उड़कर 14 करोड़ मील का सफर तय कर सहारा में गिरा। इसे नवंबर 2023 में नाइजर में एक उल्कापिंड खोजी ने ढूंढा था। यह लाल, भूरा और स्लेटी रंग का पत्थर अब तक पाए गए मंगल के किसी भी टुकड़े से 70 फीसदी बड़ा है।
दक्षिण अफ्रीका में भारतवंशी फिरोज कचालिया पुलिस मंत्री नियुक्त
दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामफोसा ने रविवार (स्थानीय समयानुसार) को भारतीय मूल के वरिष्ठ कार्यकर्ता फिरोज कचालिया को देश का नया पुलिस मंत्री नियुक्त किया है। यह फैसला मौजूदा पुलिस मंत्री सेन्जो मचुनु को विशेष अवकाश पर भेजे जाने के बाद लिया गया है। राष्ट्रपति रामफोसा ने एक राष्ट्रीय स्तर पर प्रसारित संबोधन में इसकी घोषणा की, क्योंकि लेफ्टिनेंट जनरल नहलानहला मखवानाजी, जो क्वाजुलु-नताल प्रांत के पुलिस प्रमुख हैं, ने मचुनु और कुछ अन्य बड़े पुलिस अधिकारियों पर आपराधिक गिरोह के नेताओं के साथ मिलीभगत के गंभीर आरोप लगाए थे। राष्ट्रपति रामफोसा ने कहा कि एक जांच आयोग का गठन किया गया है, जो इन आरोपों की जांच करेगा और तीन महीने में रिपोर्ट देगा। जांच का नेतृत्व कार्यवाहक उप मुख्य न्यायाधीश म्बुइसेली मदलंगा करेंगे।
अमेरिका में ग्रैंड कैन्यन के जंगल में लगी आग, ऐतिहासिक लॉज और कई इमारतें नष्ट
अमेरिका में ग्रैंड कैन्यन के उत्तरी हिस्से में जंगल में लगी भीषण आग ने एक पुराने ऐतिहासिक लॉज और कई अन्य इमारतों को नष्ट कर दिया है। इस वजह से अधिकारियों को पूरे गर्मियों के मौसम के लिए उत्तरी रिम को आम लोगों के लिए बंद करना पड़ा है। यह जानकारी पार्क के अधिकारियों ने रविवार को दी। ग्रैंड कैन्यन के इस हिस्से में एकमात्र लॉज- ग्रैंड कैन्यन लॉज आग में जल गया। पार्क के प्रभारी अधिकारी एड केबल ने बताया कि इस आग में आगंतुक केंद्र, पेट्रोल पंप, एक पानी साफ करने वाला संयंत्र, ऑफिस बिल्डिंग और कर्मचारियों के घर जैसी 50 से 80 इमारतें जल चुकी हैं। इनमें कुछ पुरानी और ऐतिहासिक झोपड़ियां भी शामिल हैं।
21 माह के इस्राइल-हमास संघर्ष में हताहतों का आंकड़ा 58000 पार
गाजा पट्टी में रविवार (स्थानीय समयानुसार) को इस्राइली हमलों में कम से कम 32 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में छह बच्चे भी शामिल हैं। स्थानीय स्वास्थ्य अधिकारियों ने बताया कि 21 महीने के युद्ध के बाद फलस्तीनी मृतकों की संख्या 58,000 के पार हो गई है। इस्राइल का कहना है कि वह युद्ध तभी समाप्त करेगा, जब हमास आत्मसमर्पण कर करके हथियार डाल देगा। हालांकि, हमास ने ऐसा करने से इनकार किया है। हमास का कहना है कि वह युद्ध समाप्ति और इस्राइली सेना की पूर्ण वापसी के बदले में शेष 50 बंधकों को रिहा करने के लिए तैयार है, जिनमें लगभग 20 बंधक जीवित बताए जाते हैं।
ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामनेई ने गाजा में इस्राइली सहायता वितरण प्रणाली की कड़ी आलोचना की और उसे नरसंहार का घटिया रूप बताया। खामनेई ने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, इस्राइल ने गाजा में फलस्तीनियों के सामने एक गंभीर विकल्प रखा है-या तो वे भूखे मर जाएं, या भोजन का पैकेट प्राप्त करने की कोशिश में गोली खा लें। बता दें कि गाजा में सहयाता केंद्रों के पास इस्राइली गोलीबारी की कई घटनाएं हो चुकी हैं।
अल्पसंख्यकों के लिए कत्लगाह के रूप में कुख्यात पाकिस्तान में हिंदू समुदाय के आख्यानों का मंचन रोमांचित से ज्यादा आश्चर्यचकित करता है। एक पाकिस्तानी नाटक मंडली सिंध प्रांत के कराची शहर में रामायण का मंचन कर हलचल मचा रही है। कराची कला परिषद में रामायण का मंचन कर रहे नाटक समूह मौज को एआई संवर्द्धन का उपयोग करके महाकाव्य को जीवंत बनाने के प्रयासों के लिए सराहना मिली है। निर्देशक योहेश्वर करेरा ने कहा कि उन्हें कभी नहीं लगा कि रामायण का मंचन करने से लोग उन्हें नापसंद करेंगे या किसी खतरे का सामना करेंगे। उन्होंने कहा, नाटक का लोग आनंद ले रहे हैं और आलोचक प्रदर्शन व अभिनय की तारीफ कर रहे हैं। कला और फिल्म समीक्षक ओमैर अलवी ने कहा कि वह कहानी कहने की ईमानदारी से प्रभावित हुए। गतिशील प्रकाश व्यवस्था, लाइव संगीत, रंग-बिरंगे परिधान व भावपूर्ण डिजाइनों ने शो की भव्यता में चार चांद लगा दिए।
अमेरिका के न्याय मंत्रालय ने विशेष वकील जैक स्मिथ द्वारा राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के विरुद्ध की गई अभियोजन कार्रवाइयों में शामिल अतिरिक्त वकीलों व सहयोगी कर्मचारियों को नौकरी से बर्खास्त कर दिया है। मामले से परिचित दो लोगों ने यह जानकारी दी। हालांकि यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है कि कुल कितने लोगों को बर्खास्त किया गया है, लेकिन यह कार्रवाई जैक स्मिथ द्वारा शुरू की गई गोपनीय दस्तावेज और चुनाव हस्तक्षेप से जुड़ी दोनों अभियोजन कार्रवाइयों में शामिल लोगों के खिलाफ की गई है। सूत्रों ने यह जानकारी पहचान गोपनीय रखने की शर्त पर दी, क्योंकि बर्खास्तगी की अभी सार्वजनिक रूप से घोषणा नहीं की गई है।
ऑस्ट्रेलिया में अब तक का सबसे बड़ा सैन्य अभ्यास
मलेशिया और वियतनाम भी पर्यवेक्षक देश के रूप में इस युद्धाभ्यास में भाग ले रहे हैं। यह अभ्यास ऑस्ट्रेलिया के निकटतम पड़ोसी देश पापुआ न्यू गिनी में भी आयोजित किया जाएगा। यह पहली बार है जब टैलिसमैन सेबर गतिविधियां ऑस्ट्रेलिया के बाहर आयोजित की गई हैं। ऑस्ट्रेलिया के रक्षा उद्योग मंत्री पैट कॉनरॉय ने कहा कि चीनी निगरानी जहाजों ने पिछले चार टैलिसमैन सेबर अभ्यासों के दौरान ऑस्ट्रेलियाई तट पर नौसैनिक अभ्यासों की निगरानी की है और उम्मीद है कि वे वर्तमान अभ्यास की भी निगरानी करेंगे।
हूतियों द्वारा यह हमला गाजा पट्टी में इस्राइल-हमास युद्ध के विरोध में किया गया। हूतियों के हमले के चलते लाल सागर में जहाजों की आवाजाही बुरी तरह से प्रभावित चल रही है। लाल सागर से आमतौर पर एक साल में 1 खरब डॉलर का माल गुजरता है।