फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   World ›   World News Hindi Updates Asia Europe US Politics UK UN West Asia Unrest Crime and Global events

World: क्वाड समिट से पहले जयशंकर ने ऑस्ट्रेलियाई समकक्ष से की बात; नाइजीरिया में 14 सैनिकों की मौत

Thu, 26 Jun 2025 02:53 PM IST
नितिन गौतम वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला
वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला Published by: नितिन गौतम Updated Thu, 26 Jun 2025 02:53 PM IST
विज्ञापन
World News Hindi Updates Asia Europe US Politics UK UN West Asia Unrest Crime and Global events
world updates - फोटो : अमर उजाला

विदेश मंत्री एस जयशंकर ने ऑस्ट्रेलियाई समकक्ष पेनी वोंग के साथ फोन पर बातचीत की। उन्होंने एक सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, ऑस्ट्रेलिया की विदेश मंत्री वोंग के साथ आज सुबह अच्छी चर्चा हुई। उनके साथ हमारे द्विपक्षीय सहयोग और हिंद-प्रशांत क्षेत्र पर विचारों का आदान-प्रदान हुआ। इसके अलावा, जयशंकर ने कतर के प्रधानमंत्री मोहम्मद बिन अब्दुलरहमान अल थानी से भी फोन पर बातचीत की। उन्होंने कहा कि कतर के पीएम के साथ क्षेत्रीय स्थिति के आकलन के अलावा द्विपक्षीय एजेंडे पर भी चर्चा हुई। यह बातचीत इसलिए भी अहम है क्योंकि अगले सप्ताह वाशिंगटन डीसी में ‘क्वाड’ समूह की महत्वपूर्ण बैठक होने वाली है। इसमें जयशंकर के अलावा वोंग, जापान के विदेश मंत्री ताकेशी इवाया और अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो भी शामिल होंगे। इस बैठक के दौरान नवंबर में भारत में होने वाले क्वाड शिखर सम्मेलन की तैयारियों को लेकर व्यापक वार्ता होगी। क्वाड में भारत, अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया और जापान शामिल हैं। यह समूह मुख्य रूप से हिंद-प्रशांत क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और स्थिरता पर ध्यान देता है।

विज्ञापन


नाइजीरिया में बंदूकधारियों से झड़प में 14 सैनिकों की मौत
नाइजीरिया की सेना ने बताया कि देश के उत्तर-मध्य इलाके के नाइजर राज्य में सैकड़ों बंदूकधारियों के साथ हुई झड़पों में कम से कम 14 सैनिकों की मौत हो गई। सेना की प्रवक्ता अपोलोनिया एनेले ने बताया कि यह घटना मंगलवार को हुई, जब करीब 300 से ज्यादा हथियारबंद लोग मारिगा इलाके के जंगल से निकलकर गांव पर हमला करने की तैयारी कर रहे थे। तभी सेना ने सटीक हमला किया और उन्हें रोकने के लिए अपने सैनिक भेजे। इस झड़प में 10 सैनिक घायल हो गए। सेना ने कहा कि इस ऑपरेशन में दुश्मनों को भी काफी नुकसान हुआ है। 

विज्ञापन

पाकिस्तान-अमेरिका व्यापार वार्ता अगले हफ्ते खत्म होने की उम्मीद: वित्त मंत्रालय
पाकिस्तान और अमेरिका के बीच चल रही व्यापार वार्ता अगले हफ्ते खत्म हो सकती है। यह जानकारी पाकिस्तान के वित्त मंत्री मुहम्मद औरंगजेब और अमेरिका के वाणिज्य सचिव हॉवर्ड लुटनिक के बीच ऑनलाइन बैठक के बाद बुधवार को जारी एक आधिकारिक बयान में दी गई। इस बैठक में दोनों देशों ने व्यापार समझौते को तेजी से पूरा करने पर सहमति जताई। यह समझौता रणनीतिक और निवेश से जुड़े मुद्दों पर आधारित होगा और दोनों देशों के साझा हितों को ध्यान में रखेगा। वित्त मंत्रालय ने कहा, 'दोनों देशों ने अब तक की बातचीत पर संतोष जताया और फैसला किया कि व्यापार वार्ता अगले हफ्ते खत्म हो जाएगी।' साथ ही यह भी बताया गया कि दोनों देशों के बीच लंबे समय की रणनीतिक और निवेश साझेदारी पर भी बातचीत चल रही है।

मॉस्को में रूसी विदेश मंत्री लावरोव से मिले कांग्रेस नेता थरूर
कांग्रेस नेता शशि थरूर ने बुधवार को रूस की राजधानी मॉस्को में रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव से मुलाकात की। यह मुलाकात वहां एक कार्यक्रम के दौरान हुई। रूस की यात्रा पर गए थरूर ने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, 'मॉस्को में ‘प्रिमाकोव रीडिंग्स’ कार्यक्रम के दौरान पुराने दोस्त, रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव से मिलकर अच्छा लगा।' थरूर भारतीय संसद की विदेश मामलों की स्थायी समिति के प्रमुख हैं। उन्होंने रूस के पूर्व राजदूत एंड्री डेनिसोव से भी मुलाकात की। डेनिसोव अब रूस की संसद की अंतरराष्ट्रीय मामलों की समिति के उपाध्यक्ष हैं। थरूर ने एक और पोस्ट में लिखा, 'संयुक्त राष्ट्र और चीन में रूस के पूर्व राजदूत और अब रूसी संसद की अंतरराष्ट्रीय समिति के उपाध्यक्ष, मेरे पुराने मित्र एंड्री डेनिसोव से मिलकर अच्छा लगा।'

विज्ञापन

केन्या में प्रदर्शन के दौरान पुलिस से झड़प में आठ लोगों की मौत
केन्या में बुधवार को विरोध प्रदर्शन के दौरान पुलिस से झड़प में कम से कम आठ लोगों की मौत हो गई और 80 से ज्यादा लोग घायल हो गए। इनमें से कई को गोली लगी है और उनका इलाज चल रहा है। यह प्रदर्शन केन्या में पुलिस की बर्बरता और सरकार की खराब नीतियों के खिलाफ किया गया। केन्या की राष्ट्रीय मानवाधिकार संस्था, जो सरकार द्वारा चलाई जाती है, ने बताया कि देश के 47 में से 23 जिलों में ये प्रदर्शन हुए। इसमें 400 से ज्यादा लोग घायल हुए और 60 से ज्यादा लोगों को गिरफ्तार किया गया। ये प्रदर्शन पिछले साल हुए टैक्स विरोध प्रदर्शनों की बरसी पर आयोजित किए गए थे। उस समय 60 लोगों की मौत हो गई थी और 20 लोग अब तक लापता हैं।

बांग्लादेश के पूर्व चुनाव प्रमुख हबीबुल गिरफ्तार
बांग्लादेश के पूर्व मुख्य चुनाव आयुक्त काजी हबीबुल अवल को बुधवार को गिरफ्तार कर लिया गया। अवल इस हफ्ते गिरफ्तार होने वाले चुनाव आयोग के दूसरे पूर्व प्रमुख हैं। रविवार रात को उनके पूर्ववर्ती केएम नूरुल हुदा गिरफ्तार हुए थे। पुलिस उपायुक्त तालेबुर रहमान ने कहा, जासूसी शाखा ने अवल को ढाका के मोगबाजार से गिरफ्तार किया। ये गिरफ्तारियां पूर्व पीएम खालिदा जिया की पार्टी बीएनपी की ओर से हुदा समेत 19 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कराए जाने के बाद की गईं। इन पर शेख हसीना शासन के तहत 2014, 2018 व 2024 में जनादेश के बगैर आम चुनाव कराने का आरोप है। हसीना ने इन सभी चुनावों में जीत हासिल की थी।

उत्तर-पश्चिमी पाकिस्तान में तीन सरकारी अधिकारी लापता
उत्तर-पश्चिमी पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में बुधवार को जिला लेखा अधिकारी समेत तीन सरकारी अधिकारी अपने वाहन के साथ लापता हो गए। सूत्रों ने बताया कि जिला लेखा अधिकारी नवीद जफर खान और दो अन्य सरकारी कर्मचारी टैंक रोड पर हथला इलाके के पास लापता हो गए।

अधिकारी कथित तौर पर डेरा इस्माइल खान से ड्यूटी के लिए टैंक जिले की ओर जा रहे थे। पारिवारिक सूत्रों ने पुष्टि की कि खान अपने सहकर्मियों के साथ सरकारी वाहन में यात्रा कर रहे थे, जब उनका संपर्क टूट गया। उनका मोबाइल बंद हो गया है और वे टैंक कार्यालय नहीं पहुंचे। पुलिस और आतंकवाद निरोधी विभाग (सीटीडी) के अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू की। आमतौर पर खैबर पख्तूनख्वा के दक्षिणी जिलों में यात्रा करने वाले सरकारी अधिकारियों को क्षेत्र में आतंकवादी संगठन के गुर्गों द्वारा अपहरण किए जाने का खतरा रहता है।

नेपाल के पूर्व PM माधव को भूमि हेराफेरी मामले में जमानत
नेपाल की एक अदालत ने बुधवार को पतंजलि योगपीठ से जुड़े भूमि गबन के एक मामले में पूर्व प्रधानमंत्री माधव नेपाल को 3.5 मिलियन नेपाली रुपये की जमानत पर रिहा करने का आदेश दिया। नेपाल की कम्युनिस्ट पार्टी (एकीकृत समाजवादी) के अध्यक्ष माधव भूमि गबन के मामले से संबंधित अपनी दलीलें पेश करने के लिए विशेष अदालत में उपस्थित थे। एक अधिकारी ने बताया कि अदालत ने आदेश दिया कि वह 3.5 मिलियन नेपाली रुपये की जमानत राशि जमा करने के बाद जा सकते हैं। इस महीने की शुरुआत में प्राधिकरण के दुरुपयोग की जांच के लिए आयोग (सीआईएए) ने पतंजलि भूमि सौदा मामले में उनकी कथित संलिप्तता के लिए उनके और 93 अन्य के खिलाफ एक विशेष अदालत में मामला दर्ज किया था। सीआईएए ने आरोप लगाया कि भारतीय समूह पतंजलि योगपीठ ने भूमि सीलिंग छूट के तहत कावरेपालनचोक जिले में जमीन खरीदी थी। हालांकि, सरकारी रियायत के तहत अधिग्रहित भूमि को 2009 में माधव के प्रधानमंत्री के कार्यकाल के दौरान कैबिनेट स्तर की मंजूरी के साथ बेचा गया था। एक बयान में पतंजलि ने कहा, उसने नेपाल के कानूनों के अनुसार उचित प्रक्रिया से भूमि खरीदी थी।

स्वास्थ्य सेवाओं में कटौती के मुद्दे पर सीनेट में अटक सकता है ट्रंप का बिग बिल

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के महत्वकांक्षी बिग ब्यूटीफुल बिल को पारित होने के लिए सीनेट में परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। दरअसल बिल में स्वास्थ्य सेवाओं में भारी कटौती का प्रावधान किया गया है, जिस पर सीनेट के कई सदस्य सहमत नहीं हैं। ऐसे में सरकार के लिए इस बिल को सीनेट से पारित कराना काफी चुनौतीपूर्ण हो सकता है। बिल में स्वास्थ्य सेवाओं में कटौती से अमेरिका के करीब एक करोड़ लोग स्वास्थ्य कवरेज से बाहर हो सकते हैं। कई रिपब्लिकन सांसद इसका समर्थन कर रहे हैं तो कई इसके खिलाफ हैं। 

थाईलैंड फिर गांजे पर लगाएगा प्रतिबंध

थाईलैंड की सरकार ने साल 2022 में गांजे की खेती को अपराध की श्रेणी से बाहर कर दिया था। इसका नतीजा ये हुआ कि थाईलैंड में गांजे की खेती और पर्यटन में बढ़ोतरी हुई और देश में हजारों दुकानों पर गांजे की बिक्री होनी शुरू हो गई। हालांकि थाईलैंड की जनता इसका विरोध कर रही है। लोगों का कहना है कि सरकार के कदम से गांजा बच्चों को भी उपलब्ध हो गया और वे इसके आदी हो रहे हैं। ऐसे में थाईलैंड की सरकार फिर से गांजे पर प्रतिबंध लगाने जा रही है। इसे लेकर नियमों में बदलाव किया जा रहा है। 

चीन में बाढ़ से छह की मौत

चीन के दक्षिण पश्चिमी गुइझोउ प्रांत में बाढ़ के चलते छह लोगों की मौत हो गई। भारी बारिश और नदियों का जलस्तर बढ़ने से रोंगजियांग और कोंगजियांग काउंटी भारी बाढ़ से जूझ रही हैं। बाढ़ प्रभावित इलाकों से 80 हजार लोगों को निकाला गया है। प्रशासन बाढ़ प्रभावित इलाकों में राशन और रसद की आपूर्ति कर रहा है, जिनमें पानी और खाने के लिए नूडल्स के पैकेट शामिल हैं। बाढ़ के चलते कई जगह भूस्खलन हुआ है, जिससे बुनियादी ढांचे को नुकसान पहुंचा है। 
 

रूस के ड्रोनों में ईरानी तकनीक का उपयोग
यूक्रेन के शहरों में हाल में रूस के हमलों के बाद मलबे से एक ऐसा रूसी ड्रोन मिला है जो बाकियों से अलग है और इसमें ईरान निर्मित एक नई प्रौद्योगिकी भी पाई गई है। यूक्रेन के एक ड्रोन विशेषज्ञ के अनुसार, इस ड्रोन में एक आधुनिक कैमरा, कृत्रिम मेधा (एआई) से संचालित कम्प्यूटिंग प्लेटफॉर्म और एक रेडियो लिंक है, जिससे कोई व्यक्ति रूस में बैठा-बैठा ही दूर तक इसे संचालित कर सकता है। इसमें ईरान द्वारा निर्मित नई जैमिंग-रोधी प्रौद्योगिकी भी है। इलेक्ट्रॉनिक विशेषज्ञ सेरही बेस्क्रेस्तनोव ने कहा, ज्यादातर रूसी ड्रोन काले हैं लेकिन जो यह नया ड्रोन मिला है, वह सफेद रंग का है। इनमें काफी महंगे उपकरण लगे हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get latest World News headlines in Hindi related political news, sports news, Business news all breaking news and live updates. Stay updated with us for all latest Hindi news.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed