Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   World ›   Hegseth awards soldier who scolded him and his aides at Tomb of Unknown Soldier

अमेरिका: जिस सैनिक ने हेगसेथ को लगाई थी फटकार, उसी को रक्षा मंत्री ने किया सम्मानित; जानिए क्या है मामला

Fri, 13 Nov 2026 02:16 AM IST
नितिन गौतम पीटीआई, वॉशिंगटन
पीटीआई, वॉशिंगटन Published by: नितिन गौतम Updated Fri, 13 Nov 2026 02:16 AM IST
सार

अमेरिका के रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ को वेटरन्स डे के मौके पर अज्ञात सैनिक की समाधि पर एक सैनिक ने डांट दिया था क्योंकि रक्षा मंत्री और उनके सहयोगी अज्ञात सैनिक की समाधि के पास हंस रहे थे और तस्वीरें खिंचवा रहे थे। अब रक्षा मंत्री ने उसी सैनिक को सम्मानित किया है। 

विज्ञापन
Hegseth awards soldier who scolded him and his aides at Tomb of Unknown Soldier
पीट हेगसेथ - फोटो : एक्स/पीट हेगसेथ

विस्तार

अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने उस सैनिक को बड़ा सैन्य सम्मान दिया है, जिसने अर्लिंगटन राष्ट्रीय कब्रिस्तान में अज्ञात सैनिक की समाधि पर उन्हें और उनके स्टाफ को फटकार लगाई थी। हेगसेथ ने गुरुवार को सोशल मीडिया पर कुछ तस्वीरें साझा कीं, जिनमें वह एक सैनिक को मेडल पहनाते और उससे हाथ मिलाते नजर आ रहे हैं। उन्होंने पोस्ट में लिखा, 'हम सैनिकों से प्यार करते हैं। हम अनुशासन और मानकों का सम्मान करते हैं। शाबाश, स्पेशलिस्ट।'
विज्ञापन


पेंटागन ने बताया कि हेगसेथ ने समाधि की सुरक्षा करने वाली अमेरिकी सेना की टुकड़ी को पेंटागन में आमंत्रित किया और स्पेशलिस्ट थॉमस इग्लेसियस को 'ज्वाइंट सर्विस कमेंडेशन मेडल' से सम्मानित किया। यह सम्मान उन्हें 11 नवंबर, 2026 को अज्ञात सैनिक की समाधि पर अपनी जिम्मेदारियों को निभाने के लिए दिया गया। 
विज्ञापन


क्या हुआ था, जिसके चलते चर्चा में आए हेगसेथ
बुधवार को राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और उपराष्ट्रपति जेडी वेंस की मौजूदगी में एक समारोह हुआ था। इसके बाद हेगसेथ और उनके स्टाफ ने समाधि स्थल पर तस्वीरें खिंचवाईं। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। वीडियो में हेगसेथ अपनी पत्नी जेनिफर, चीफ ऑफ स्टाफ रिकी बुरिया, डिप्टी चीफ ऑफ स्टाफ पैट्रिक वीवर और वरिष्ठ सलाहकार टैमी राडाबॉ के साथ समाधि के सामने खाली सीढ़ियों पर तस्वीरें खिंचवाते नजर आए थे। इसी दौरान जोर से हंसने की आवाज सुनाई देने पर सैनिक इग्लेसियस ने हेगसेथ और उनके साथ मौजूद कर्मचारियों को फटकार लगाई थी।
विज्ञापन
विज्ञापन

 
अमेरिका के सबसे सम्मानित युद्ध स्मारकों में से एक माना जाता है अज्ञात सैनिक स्मारक
अज्ञात सैनिक की समाधि को अमेरिका के सबसे सम्मानित युद्ध स्मारकों में से एक माना जाता है। यहां प्रथम विश्व युद्ध, द्वितीय विश्व युद्ध और कोरियाई युद्ध में मारे गए उन सैनिकों के पार्थिव अवशेष रखे गए हैं, जिनकी पहचान नहीं हो सकी थी। इस समाधि की सुरक्षा 1948 से अमेरिकी सेना की तीसरी इन्फैंट्री रेजिमेंट का एक सैनिक चौबीसों घंटे करता है। इस रेजिमेंट को 'द ओल्ड गार्ड' के नाम से भी जाना जाता है। सैनिक मौसम की परवाह किए बिना हर समय यहां पहरा देते हैं। 

पेंटागन ने क्या कहा?
'ज्वाइंट सर्विस कमेंडेशन मेडल' को अमेरिकी सेना के बड़े सम्मानों में गिना जाता है। आमतौर पर यह मेडल शुरुआती रैंक के सैनिकों को नहीं दिया जाता। पेंटागन के मुख्य प्रवक्ता सीन पार्नेल ने रक्षा मंत्री को फटकार का वीडियो सामने आने के तुरंत बाद कहा था कि सैनिक ने सभी को मर्यादा बनाए रखने की सही और सम्मानजनक तरीके से याद दिलाई थी। 

हेगसेथ के खिलाफ महाभियोग चलाने की हुई थी कोशिश
इस घटना के बाद एक बार फिर विवादों में घिरे रक्षा मंत्री हेगसेथ चर्चा में आ गए हैं। इससे एक दिन पहले ही उनके खिलाफ महाभियोग चलाने की कोशिश हुई थी। इस कोशिश की अगुवाई रिपब्लिकन सांसद थॉमस मैसी ने की थी, जिसे डेमोक्रेटिक पार्टी के सांसदों का समर्थन मिला था। मंगलवार को हुए मतदान में हेगसेथ के आलोचक सफल नहीं हो सके और महाभियोग की कोशिश को फिलहाल टाल दिया गया। जनवरी में डेमोक्रेटिक पार्टी के प्रतिनिधि सभा और सीनेट का नियंत्रण संभालने की संभावना के बीच हेगसेथ के खिलाफ महाभियोग की कोशिश दोबारा शुरू हो सकती है।


हेगसेथ ने मंगलवार को कई महीनों बाद आयोजित अपनी पहली प्रेस कॉन्फ्रेंस में इस कदम की आलोचना की थी। उन्होंने कहा था कि उन्होंने ऐसा कोई गंभीर अपराध नहीं किया है, जिसके आधार पर संविधान के तहत उन्हें पद से हटाया जा सके। उन्होंने महाभियोग की इस कोशिश को देश के सैनिकों और उनकी उपलब्धियों पर हमला बताया।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get latest World News headlines in Hindi related political news, sports news, Business news all breaking news and live updates. Stay updated with us for all latest Hindi news.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed